डेली कर्रेंट अफेयर्स
संसद ने केंद्रीय विश्वविद्यालय (संशोधन) विधेयक 2023 पारित किया
संसद ने हाल ही में केंद्रीय विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक (Central Universities Amendment Bill) 2023 पारित किया है. राज्यसभा ने 14 दिसम्बर को इसे मंजूरी दी जबकि लोकसभा ने इसे पहले ही पारित कर चुका था.
मुख्य बिन्दु
- यह विधेयक विभिन्न राज्यों में शिक्षण और अनुसंधान के लिए केंद्रीय विश्वविद्यालयों की स्थापना से सम्बंधित है.
- इसमें तेलंगाना के लिए केंद्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय की स्थापना का प्रावधान है. इसका नाम सम्मक्का-सरक्का केन्द्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय होगा.
- इससे जनजातीय समुदाय के लोगों को उच्च शिक्षा और अनुसंधान की सुविधाएं प्राप्त होगी.
राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में नए मुख्यमंत्री
राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम विधानसभा के लिए हाल ही में चुनाव कराए गए थे. इन चुनाव परिणाम के बाद इन राज्यों में नए मुख्यमंत्रियों ने शपथ ली.
चुनाव परिणाम में मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भाजपा ने जबकि तेलंगाना में कांग्रेस ने पूर्ण बहुमत हासिल किया था. मिजोरम विधानसभा में जेडपीएम को बहुमत प्राप्त हुआ था.
मुख्य बिन्दु
- तेलंगाना में कांग्रेस के ए. रेवंत रेड्डी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. राज्यपाल तमिलिसाई सौन्दर्यराजन ने उन्हें पद तथा गोपनीयता की शपथ दिलाई. यहाँ कांग्रेस ने 119 में से 64 सीटों पर जीत हासिल की थी. तेलंगाना में कांग्रेस के गद्दाम प्रसाद कुमार को निर्विरोध विधानसभा का अध्यक्ष चुना गया है.
- मिजोरम में जोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) के नेता ललदूहोमा ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. राज्यपाल डॉ हरीबाबू कम्भापति श्री ललदूहोमा को शपथ दिलाई. जेडपीएम नेता और पूर्व आईपीएस अधिकारी ललदूहोमा को की पाटी को 40 सदस्यीय विधानसभा में 27 सीटे मिली थी.
- भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. यहाँ के कुल 90 सीटों में से भाजपा ने 54 सीटों पर जीत हासिल की थी. विष्णुदेव साय राज्य में कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए हैं.
- मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहन यादव ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने उन्हें शपथ दिलाई. राजेंद्र शुक्ला और जगदीश देवड़ा को उप मुख्यमंत्री बनाया गया है.
- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी नेता भजन लाल शर्मा ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. राज्यपाल कलराज मिश्र ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. दीया कुमारी और प्रेम चन्द बैरवा को उप-मुख्यमंत्री बनाया गया है.
पहला भारतीय कला, वास्तुकला और डिजाइन द्विवार्षिक महोत्सव
पहला भारतीय कला, वास्तुकला और डिजाइन द्विवार्षिक महोत्सव 8 से 15 दिसम्बर तक दिल्ली के लालकिला में आयोजित किया गया था. इस महोत्सव का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था.
मुख्य बिन्दु
- इस अवसर पर श्री मोदी आत्मनिर्भर भारत डिजाइन केन्द्र और विद्यार्थी समुन्नति महोत्सव का भी उद्घाटन किया था.
- इसका उद्देश्य कलाकारों, वास्तुविदो, फोटोग्राफरों, कला विशेषज्ञों और आम लोगों के बीच सांस्कृतिक संवाद को मजबूत बनाना था. इस कार्यक्रम में प्रदशर्नियां भी लगाई गई.
- इस महोत्सव का आयोजन देश में एक प्रमुख वैश्विक सांस्कृतिक पहल विकसित करने और इसे संस्थागत स्वरूप देने के प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण के अंतर्गत किया गया था.
दिल्ली में निवेश संवर्धन एजेसियों का 27वां अंतर्राष्ट्रीय निवेश सम्मेलन
निवेश संवर्धन एजेसियों का 27वां अंतर्राष्ट्रीय निवेश सम्मेलन (World Investment Conference) 11 से 14 दिसम्बर तक नई दिल्ली में आयोजित किया गया था. सम्मेलन का आयोजन नई दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल कॉन्वेंशन एण्ड एक्सपो सेंटर ‘यशोभूमि’ में किया गया था. अंतर्राष्ट्रीय निवेश सम्मेलन भारत में पहली बार आयोजित किया गया था.
मुख्य बिन्दु
- इस सम्मेलन का आयोजन सरकार की राष्ट्रीय निवेश संवर्धन और सुविधा एजेंसी तथा विश्व निवेश संवर्धन एजेंसी संघ ने संयुक्त रूप से किया था.
- उद्योग संवर्धन तथा आंतरिक व्यापार विभाग के अंतर्गत यह सम्मेलन अब तक का सबसे बडा अंतर्राष्ट्रीय निवेश सम्मेलन था.
- केंद्रीय वाणिज्य तथा उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल ने डेकेड ऑफ एक्शन में व्यापार तथा निवेश की भूमिका पर मुख्य भाषण दिए थे.
नई दिल्ली में आर्टिफिशियल इंटेलीजैंस पर वैश्विक साझेदारी का शिखर सम्मेलन
आर्टिफिशियल इंटेलीजैंस पर वैश्विक साझेदारी (Global Partnership on Artificial Intelligence) शिखर सम्मेलन 2023 नई दिल्ली के भारत मण्डपम में 12 से 14 दिसम्बर तक आयोजित किया गया था. सम्मेलन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया था.
GPAI सम्मेलन: मुख्य बिन्दु
- आर्टिफिशियल इंटेलीजैंस के क्षेत्र में असाधारण काम करने वाले विश्व के दिग्गजों ने इस सम्मेलन में भाग लिया.
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि भारत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उत्तरदायी (रिस्पांसिबल) और नैतिक (एथिकल) उपयोग के लिए प्रतिबद्ध है. प्रधानमंत्री ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विकास के लिए महत्वपूर्ण है.
- GPAI शिखर सम्मेलन के दौरान, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और वैश्विक स्वास्थ्य, शिक्षा और कौशल, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डेटा गवर्नेंस जैसे विषयों पर कई सत्र आयोजित किए गए.
- सम्मेलन में शामिल सभी 29 सदस्य देशों ने सर्वसम्मति से नई दिल्ली घोषणा को स्वीकार किया. इस घोषणापत्र में स्वास्थ्य सेवा और कृषि में कृत्रिम बुद्धिमत्ता अनुप्रयोगों को सहयोग के लिए विकसित करने के साथ-साथ विकासशील देशों की आवश्यकताओं के अनुरूप कृत्रिम बुद्धिमत्ता के विकास को शामिल करने पर भी सहमति व्यक्त की गई है.
- GPAI की शुरुआत जून 2020 में हुई थी. जिसमें 15 सदस्य देश शामिल थे. आज यह संख्या बढ़कर 29 हो गई है. जिसमें 28 सदस्य देश और यूरोपीय संघ शामिल है. भारत GPAI का संस्थापक देश है.
14 दिसम्बर: राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस, विश्व ऊर्जा संरक्षण दिवस
प्रत्येक वर्ष 14 दिसम्बर को ‘राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस’ (National Energy Conservation Day) मनाया जाता है. ऊर्जा दक्षता ब्यूरो (Bureau of Energy Efficiency- BEE) द्वारा इस दिवस का आयोजन ऊर्जा दक्षता और संरक्षण में भारत की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए किया जाता है.
- उर्जा दक्षता ब्यूरो (BEE) विद्युत मंत्रालय के अधीन कार्य करता है. इसकी स्थापना उर्जा संरक्षण अधिनियम, 2001 के तहत की गयी थी, यह एक वैधानिक संस्था है. उर्जा दक्षता ब्यूरो विद्युत् के उचित उपयोग के लिए सरकार की सहायता करता है.
- इसी दिन विश्व ऊर्जा संरक्षण दिवस (World Energy Conservation Day) भी मनाया जाता है. जलवायु परिवर्तन, ग्लोबल वार्मिंग और ऊर्जा स्रोतों की बचत करने के प्रयासों के बारे में जागरूक करने तथा प्रोत्साहित करने पर ध्यान देने के लिए यह दिवस मनाया जाता है.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
अक्तूबर में औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि दर 11.7 प्रतिशत
अक्टूबर 2023 में भारत के औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि दर 16 महीने के उच्चतम स्तर 11.7 प्रतिशत पर पहुँच गयी है. पिछले वर्ष इसी अवधि में इसमें 4.1 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गयी थी. राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के आकडों के अनुसार अक्टूबर 2023 में विनिर्माण क्षेत्र का उत्पादन बढकर 10.4 प्रतिशत और खनन क्षेत्र में 13.1 प्रतिशत तक बढ गया है.
नवंबर 2023 में खुदरा मुद्रास्फीति 5.55 प्रतिशत
नवंबर 2023 में उपभोक्ता मूल्य सूचकांक पर आधारित खुदरा मुद्रास्फीति वार्षिक आधार पर 5.55 प्रतिशत बढ़ी है. अक्तूबर 2023 में खुदरा मुद्रास्फीति 4.87 प्रतिशत थी. सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार नवंबर में खाद्य मुद्रास्फीति 8.70 प्रतिशत रही. रिजर्व बैंक ने दिसंबर की बैठक में मुद्रास्फीति लक्ष्य को 5.4 प्रतिशत पर अपरिवर्तित रखा है.
गांधी नगर में वैश्विक शिखर सम्मेलन ‘भविष्य में रहने लायक शहर’
गुजरात के गांधी नगर में 15 से 17 दिसम्बर तक वैश्विक शिखर सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है. इसका विषय है- भविष्य में रहने लायक शहर. मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल के साथ केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य राज्य मंत्री कौशल किशोर शिखर सम्मेलन का उद्धाटन करेंगे.
भारत- इंग्लैंड महिला क्रिकेट टेस्ट मैच
मुंबई में खेले जा रहे महिला क्रिकेट टेस्ट मैच में पहले दिन भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ सात विकेट पर 410 रन बनाए. महिला क्रिकेट टेस्ट मैच में भारत एक दिन में चार सौ से अधिक रन बनाने वाली दूसरी टीम बन गई है. इससे पहले इंग्लैंड ने एक ही दिन में चार सौ रन बनाए थे.
मथुरा में शाही ईदगाह परिसर के सर्वेक्षण की अनुमति
इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने मथुरा में श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर से सटे शाही ईदगाह परिसर के न्यायालय की निगरानी में सर्वेक्षण की अनुमति दे दी है. याचिकाकर्ताओं का दावा है कि ऐसी शिल्पकृतियां हैं जिससे ये साबित होता है कि यह एक समय पर हिंदू मंदिर था.
