डेली कर्रेंट अफेयर्स
दुर्लभ और सामरिक रूप से महत्वपूर्ण खनिज पदार्थों की नीलामी शुरू
सरकार दुर्लभ और सामरिक रूप से महत्वपूर्ण खनिज पदार्थों की नीलामी शुरू की है. नीलामी का उद्देश्य अर्थव्यवस्था के साथ साथ स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देना है.
केन्द्रीय कोयला और खान मंत्री प्रहलाद जोशी ने 29 नवंबर को इस नीलामी प्रक्रिया के पहले चरण की शुरुआत की थी. इस चरण में 20 ब्लॉकों की बिक्री शुरू हुई है. इस नीलामी में लिथियन और ग्रेफाइट जैसे मिनरल्स के लिए बोली मंगाई गई है.
मुख्य बिन्दु
- बिक्री के लिए रखे ये 20 ब्लॉक देश भर में फैले हुए हैं. ये खनिज देश के आर्थिक विकास और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से अहम माने जाते हैं.
- खान मंत्रालय के अनुसार यह एक ऐतिहासिक पहल है जो भारतीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देगी, राष्ट्रीय सुरक्षा को बढ़ाएगी और स्वच्छ ऊर्जा भविष्य की ओर हमारे संक्रमण का समर्थन करेगी.
- भारत वर्ष 2030 तक गैर-जीवाश्म स्रोतों से 50 प्रतिशत बिजली उत्पादन हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध है. ऊर्जा क्षेत्र में इस महत्वाकांक्षी योजना से इलेक्ट्रिक कारों, वायु और सौर ऊर्जा परियोजनाओं तथा बैटरी भण्डारण प्रणालियों की माँग बढेगी और इन खनिज पदार्थों की मांग में भी वृद्धि होगी.
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली सरकार ने भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का सपना देखा है, इस कारण देश में पहली बार ‘महत्वपूर्ण और रणनीतिक खनिजों’ की ऑनलाइन नीलामी का ऐलान एक बेहद महत्वाकांक्षी कदम है.
- दरअसल, लिथियम की बढ़ती जरूरतों के मद्देनजर भारत सरकार इसकी सप्लाई चेन सुरक्षित करने के तरीके तलाश रही है. इसी क्रम में विदेशों में खानों की खुदाई और उनसे निकले महत्वपूर्ण खनिजों की प्रोसेसिंग के लिए खनिज विदेश इंडिया लिमिटेड (KABIL) की स्थापना वर्ष 2019 में की गई.
- इस संयुक्त उद्यम कंपनी की स्थापना तीन केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों- नैशनल एल्युमीनियम कंपनी लिमिटेड (NALCO), हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (HCL) और मिनरल एक्सप्लोरेशन कंपनी लिमिटेड की भागीदारी के साथ की गई.
- यह उद्यम विदेशों में रणनीतिक खनिजों की पहचान, अधिग्रहण, विकास और प्रसंस्करण का काम देखता है.
- भारत, दुनिया के टॉप ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जकों में से एक है, जो ऑस्ट्रेलिया, अर्जेंटीना और चिली जैसे संसाधन संपन्न देशों में प्रमुख खनिजों को सुरक्षित करने के लिए विदेशी समझौते कर रहा है.
नीलामी के लिए जारी 20 खनिज भंडारों की लिस्ट
ओडिसा, छत्तीसगढ़, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, झारखंड, बिहार, तमिलनाडु और गुजरात स्थित इन ब्लॉकों में ग्रेफाइट, लिथियम, मॉलिबेडनम, निकल, कॉपर और पोटाश के खान शामिल हैं.
| ब्लॉक का नाम | खनिज | राज्य |
| चुटिया-नौहट्टा ग्लूकोनाइट ब्लॉक | ग्लूकोनाइट | बिहार |
| पिपराडीह-भुरवा ग्लूकोनाइट ब्लॉक | ग्लूकोनाइट | बिहार |
| गेनजाना निकेल, क्रोमियम और पीजीई ब्लॉक | निकेल, क्रोमियम | बिहार |
| कुंडोल निकेल और क्रोमियम ब्लॉक | निकेल और क्रोमियम | गुजरात |
| मुस्कनिया-गारेरियातोला-बरवाड़ी पोटाश ब्लॉक | पोटाश | झारखंड |
| दुधियासोल पूर्व निकेल और तांबा ब्लॉक | निकेल और तांबा | ओडिशा |
| बाबजा ग्रेफाइट और मैंगनीज ब्लॉक | ग्रेफाइट और मैंगनीज अयस्क | ओडिशा |
| बिरपल्ली ग्रेफाइट और मैंगनीज ब्लॉक | ग्रेफाइट और मैंगनीज | ओडिशा |
| अखरखटा ग्रेफाइट ब्लॉक | ग्रेफाइट | ओडिशा |
| वेल्लाक्कल सेंट्रल (सेगमेंट-ए) मोलिब्डेनम ब्लॉक | मोलिब्डेनम अयस्क | तमिलनाडु |
| नोचिपट्टी मोलिब्डेनम ब्लॉक | मोलिब्डेनम अयस्क | तमिलनाडु |
| वेलम्पट्टी उत्तर ए और बी मोलिब्डेनम ब्लॉक | मोलिब्डेनम अयस्क | तमिलनाडु |
| कुरुंजकुलाम ग्रेफाइट ब्लॉक | ग्रेफाइट | तमिलनाडु |
| इलुप्पाकुडी ग्रेफाइट ब्लॉक | ग्रेफाइट | तमिलनाडु |
| मन्नादीपट्टी सेंट्रल मोलिब्डेनम ब्लॉक | मोलिब्डेनम | तमिलनाडु |
| मरुदिपट्टी (सेंट्रल) मोलिब्डेनम ब्लॉक | मोलिब्डेनम | तमिलनाडु |
| कुर्चा ग्लूकोनाइट ब्लॉक | ग्लूकोनाइट | उत्तर प्रदेश |
| पहाड़ी कलां-गोरा कलां फॉस्फोराइट ब्लॉक | फॉस्फोराइट | उत्तर प्रदेश |
| सालल-हैमना लिथियम, टाइटेनियम और बॉक्साइट (एल्यूमिनस लेटेराइट) ब्लॉक | लिथियम, टाइटेनियम और बॉक्साइट (एल्यूमिनस लेटेराइट) | जम्मू और कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश |
| कटघोरा लिथियम और आरईई ब्लॉक | लिथियम और आरईई | छत्तीसगढ़ |
भारत और श्रीलंका के बीच नौवां ‘मित्र-शक्ति’ संयुक्त अभ्यास पुणे में आयोजित किया गया
भारत और श्रीलंका के बीच 16 से 29 नवंबर 2023 तक संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘मित्र शक्ति-2023’ आयोजित किया गया था. यह मित्र शक्ति का नौवां संस्करण था जिसे औंध (पुणे) में आयोजित किया गया था.
मित्र शक्ति: मुख्य बिन्दु
- भारतीय टुकड़ी का प्रतिनिधित्व मुख्य रूप से की मराठा लाइट इन्फैंट्री रेजिमेंट के सैनिकों द्वारा किया गया था. श्रीलंकाई पक्ष का प्रतिनिधित्व 53 इन्फैंट्री डिवीजन के सैनिकों ने किया.
- अभ्यास का उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अध्याय VII के तहत उप पारंपरिक संचालन का संयुक्त रूप से पूर्वाभ्यास करना था.
- अभ्यास के दायरे में आतंकवाद विरोधी अभियानों के दौरान संयुक्त प्रतिक्रियाओं का समन्वय शामिल था. दोनों पक्ष छापेमारी, खोज और मिशन को नष्ट करने, हेलिबोर्न ऑपरेशन आदि जैसी सामरिक कार्रवाइयों का अभ्यास किया.
- ‘मित्र शक्ति’-2023 में हेलीकॉप्टरों के अलावा ड्रोन और काउंटर मानव रहित हवाई प्रणालियों का उपयोग भी शामिल था.
- मित्र शक्ति अभ्यास की शुरुआत 2012 में दक्षिण एशिया तथा हिन्द महासागर क्षेत्र में चीन के प्रभाव को कम करने के उद्देश्य से हुई थी.
प्रधानमंत्री ने महिला किसान ड्रोन केंद्र ‘ड्रोन दीदी योजना’ का शुभारंभ किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 30 नवंबर को महिला किसान ड्रोन केंद्र ‘ड्रोन दीदी योजना’ का शुभारंभ किया था. इस पहल के अंतर्गत महिला स्व-सहायता समूहों को ड्रोन प्रदान किए जाएंगे, ताकि इस प्रौद्योगिकी का उपयोग आजीविका के लिए किया जा सके.
मुख्य बिन्दु
- इस योजना के तहत 1261 करोड़ रुपये के कुल व्यय के साथ महिलाओं को 15 हजार ड्रोन वितरित किए जाएंगे. महिलाओं को ड्रोन की उडान और इसके उपयोग से संबंधित आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाएगा.
- प्रधानमंत्री ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए चल रहे अभियान को ड्रोन दीदी से अधिक मजबूती मिलेगी. इससे आय के अतिरिक्त साधन उपलब्ध होंगे.
- इस योजना से किसानों को बहुत ही कम कीमत पर ड्रोन जैसी आधुनिक तकनीक मिल पाएगी. जिसकी मदद से समय, दवा, उर्वरक की बचत होगी. इसके साथ ही खेती में ड्रोन का इस्तेमाल बढने से खेती भी उन्नत होगी.
- ड्रोन के इस्तेमाल से यूरिया, डीएपी और पेस्टीसाइड का छिड़काव समान ढंग से होगा जिससे शरीर पर दुष्प्रभाव कम होगा और उर्वरक की खपत भी कम हो जाएगी.
42वां भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला दिल्ली में संपन्न हुआ
42वां भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF) 2023 14 से 27 नवंबर तक नई दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित किया गया था. इस मेले का उद्घाटन केन्द्रीय वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने किया था. इस व्यापार मेले में देश विदेश के तीन हजार से अधिक व्यवसायी भाग लिए और अपनी सामग्री प्रदशित किए.
मुख्य बिन्दु
- इस व्यापार मेले का विषय ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ था जो सतत विकास और समृद्धि के लिए व्यापार क्षेत्र में आपसी संपर्क और सहयोग पर जोर देता है.
- भारत के अलावा अफगानिस्तान, बांग्लादेश, ओमान, मिस्र, नेपाल, थाईलैंड जैसे देशों के लगभग 3500 शिल्पकार अपने उत्पादों का मेले में प्रदर्शन किए.
- इस मेले में बिहार और केरल भागीदार राज्य थे. दिल्ली, जम्मू एवं कश्मीर, झारखंड, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश फोकस राज्य के रूप में शामिल किया गया था.
प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना को पांच वर्ष के लिए बढाया गया
सरकार ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (PMGKAY) को 1 जनवरी 2024 से पांच वर्ष के लिए बढा दिया है. प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में 28 नवंबर को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में इस बारे में फैसला किया गया था.
मुख्य बिन्दु
- इस योजना के अंतर्गत देश में 81 करोड से अधिक गरीबों को प्रतिमाह पांच किलोग्राम और अंत्योदय परिवारों को 35 किलोग्राम अनाज निशुल्क दिया जाता है.
- कोरोना काल में लॉकडाउन से प्रभावित गरीबों की मदद के लिए इस योजना को शुरू किया गया था.
- इससे पांच वर्ष तक 11.80 लाख करोड रुपये की अनुमानित लागत से खाद्य और पोषण सुरक्षा दी जाएगी.
54वां अंतरराष्ट्रीय भारतीय फिल्म महोत्सव गोवा में आयोजित किया गया
54वां अंतरराष्ट्रीय भारतीय फिल्म महोत्सव (IFFI) 20 से 28 नवंबर तक गोवा में आयोजित किया गया था. इस महोत्सव का उद्घाटन और समापन समारोह श्यामा प्रसाद मुखर्जी इन्डोर स्टेडियम में आयोजित किया गया था.
54वां IFFI 2023: मुख्य बिन्दु
- इस साल इफ्फी में 270 से ज्यादा फिल्में दिखाई गईं. पहली बार एक सिने मेला का भी आयोजन किया गया था.
- इस वर्ष के महोत्सव की शुरुआत ब्रिटिश फिल्म ‘कैचिंग डस्ट’ से हुई थी. रॉबर्ट कोलोडनी निर्देशित अमेरिकी फिल्म ‘फेदरवेट’ समापन फिल्म थी.
- ‘75 क्रियेटिव माइंड्स ऑफ टुमारो’ श्रेणी में श्रेष्ठ लघु फिल्म का पुरस्कार: लघु फिल्म ‘ओड’ ने ‘75 क्रियेटिव माइंड्स ऑफ टुमारो’ श्रेणी में श्रेष्ठ लघु फिल्म का पुरस्कार जीता. इस श्रेणी की शुरुआत 2021 में भारत की आजादी के 75वें वर्ष को मनाने के लिए आजादी का अमृत महोत्सव समारोह के हिस्से के रूप में किया गया था.
- सर्वश्रेष्ठ फिल्म के लिए स्वर्ण मयूर पुरस्कार: सर्वश्रेष्ठ फिल्म के लिए प्रतिष्ठित ‘गोल्डन पीकॉक’ अब्बास अमीनी द्वारा निर्देशित फारसी भाषा की फिल्म, ‘एंडलेस बॉर्डर्स’ को प्रदान किया गया. विजेता फिल्म को चालीस लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाता है.
- विशेष जूरी पुरस्कार: भारतीय फिल्मकार, अभिनेता और लेखक ऋषभ शेट्टी को फिल्म ‘कांतारा’ के लिए विशेष जूरी पुरस्कार से सम्मानित किया गया.
- सर्वश्रेष्ठ अभिनेता: अब्बास अमीनी द्वारा निर्देशित फारसी फिल्म ‘एंडलेस बॉर्डर्स’ में भूमिका के लिए अभिनेता पौरिया रहीमी सैम को सर्वसम्मति से सर्वश्रेष्ठ अभिनेता चुना गया है.
- सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री: फ्रांसीसी अभिनेत्री मेलानी थिएरी को पार्टी ऑफ फूल्स के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के सिल्वर पीकॉक अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है.
- सर्वश्रेष्ठ निर्देशक: बुल्गारिया के निर्देशक स्टीफन कोमांडेरेव ने धोखे के सामने नैतिक समझौते की एक दमदार पड़ताल करने वाली फिल्म ‘ब्लागाज लेसन्स’ के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का ‘सिल्वर पीकॉक’ पुरस्कार जीता. इस पुरस्कार में 15 लाख रुपये, एक प्रमाणपत्र और सिल्वर पीकॉक मेडल शामिल है.
- सर्वश्रेष्ठ वेब सीरीज (ओटीटी): इस साल पहली बार सर्वश्रेष्ठ वेब सीरीज (ओटीटी) पुरस्कार भी दिया गया. कॉमेडी-ड्रामा सीरीज़ ‘पंचायत सीज़न 2′ ने पहला सर्वश्रेष्ठ वेब सीरीज़ (ओटीटी) पुरस्कार 2023 जीता.
- सत्यजीत रे लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार: हॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता माइकल डगलस को सत्यजीत रे लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया गया.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू महाराष्ट्र की चार दिन की यात्रा पर
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 29 नवंबर से 2 दिसम्बर तक महाराष्ट्र की चार दिन की यात्रा पर रहेंगी. वे पुणे के पास लोनावला में कैवल्य धाम के शताब्दी वर्ष में स्कूली शिक्षा प्रणाली से योग को जोड़ने के बारे में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगीं.
विकसित भारत संकल्प यात्रा
विकसित भारत संकल्प यात्रा देश के विभिन्न भागों में निकाली जा रही है. यात्रा के अंतर्गत सूचना, शिक्षा और संचार वाहन, केंद्र सरकार के कल्याण कार्यक्रम और नीतियों के प्रति जागरूकता फैलांएगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 नवंबर को इस यात्रा का शुभारंभ किया था.
भारत और अमरीका संयुक्त रिमोट सेंसिंग उपग्रह प्रक्षेपित करेंगे
भारत और अमरीका पृथ्वी के अध्ययन के लिए संयुक्त माइक्रोवेव रिमोट सेंसिंग उपग्रह प्रक्षेपित करेंगे. उपग्रह का नाम नासा-इसरो सिंथेटिक अप्रेचर रडार (निसार) रखा गया है. निसार भू-पारिस्थितिकी प्रणालियों के अध्ययन में अत्यंत उपयोगी होगा.
प्रधानमंत्री एम्स देवघर में 10 हजारवां जन-औषधि केंद्र समर्पित करेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एम्स देवघर में 10 हजारवां जन-औषधि केंद्र समर्पित करेंगे. प्रधानमंत्री देश में जन-औषधि केंद्रों की संख्या 10 हजार से बढाकर 25 हजार किए जाने का कार्यक्रम का भी उद्घाटन करेंगे.
