डेली कर्रेंट अफेयर्स
भारत की अध्यक्षता में वर्चुअल माध्यम से जी-20 शिखर सम्मेलन
भारत की अध्यक्षता में वर्चुअल माध्यम से जी-20 शिखर सम्मेलन 22 नवंबर को हुई थी. बैठक की अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने की थी. अफ्रीकी संघ, नौ अतिथि देशों और 11 अंतरराष्ट्रीय संगठनों सहित सभी 21 सदस्यों ने इसमें भाग लिया.
मुख्य बिन्दु
- नई दिल्ली में 10 सितंबर को जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री ने घोषणा की थी कि भारत उसकी जी 20 अध्यक्षता के समापन से पहले जी 20 नेताओं के वर्चुअल शिखर सम्मेलन का आयोजन करेगा. जी-20 की अध्यक्षता 30 नवम्बर तक भारत के पास है और 2024 में उसे ब्राजील ग्रहण करेगा.
- सम्मेलन में कई नेताओं ने इजराइल-हमास संघर्ष पर बातचीत की और समय पर मानवीय सहायता प्रदान करने, हिंसा को फैलने नहीं देने तथा फलस्तीन मुद्दे का दीर्घकालिक समाधान खोजने का आह्वान किया.
- प्रधानमंत्री मोदी ने कृत्रिम बुद्धिमता के इस युग में प्रोद्यौगिकी के जिम्मेदार उपयोग पर जोर दिया उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमता यानि आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस पर वैश्विक नियम बनाने के लिए सभी देशों के साथ मिलकर काम करना होगा.
- इस वचुर्अल शिखर सम्मेलन में नई दिल्ली में हुए सम्मेलन के निष्कर्षो और कार्य बिन्दुओं पर चर्चा हुई.
स्वदेशी एंटी शिप मिसाइल का सफल परीक्षण, सीकिंग 42 बी हेलीकॉप्टर से किया गया
भारत ने 21 नवंबर को एंटी शिप मिसाइल का सफल परीक्षण किया था. यह परीक्षण भारतीय नौसेना और DRDO ने बंगाल की खाड़ी में किया था. स्वदेश निर्मित एंटी शिप मिसाइल का सफल परीक्षण सीकिंग 42बी हेलीकॉप्टर से किया गया था.
मुख्य बिन्दु
- यह देश की पहली एंटी शिप मिसाइल है, जिसे डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन (DRDO) ने बनाया है.
- इस एंटी शिप मिसाइल की स्पीड 980 किलोमीटर प्रति घंटा है, और रेंज 5 से 55 किलोमीटर है. यह मिसाइल दुश्मन के रडार की पकड़ में नहीं आती है.
- इस परीक्षण में मिसाइल की Seeker और Guidance तकनीक का भी परीक्षण किया गया. किसी भी मिसाइल का उसके तय लक्ष्य को भेदना ही गाइडेंस तकनीक का हिस्सा है. कोई मिसाइल कितनी प्रभावी है, यह उसकी गाइडेंस तकनीक पर ही निर्भर करता है.
- अभी भारत में इंटीग्रेटिड गाइडेड मिसाइल डेवलेपमेंट प्रोग्राम के जरिए चार मिसाइल सिस्टम देश में विकसित किए जा रहे हैं, जिनमें पृथ्वी मिसाइल, आकाश मिसाइल, त्रिशूल और नाग मिसाइल सिस्टम शामिल हैं.
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 14वीं विदेशमंत्री स्तरीय वार्ता आयोजित की गई
भारत और ऑस्ट्रेलिया के विदेश मंत्रियों के बीच21 नवंबर को 14वीं मंत्रिस्तरीय वार्ता नई दिल्ली में आयोजित की गई थी. इस वार्ता में विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर और ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री पेनी वांग ने हिस्सा लिया था.
भारत-ऑस्ट्रेलिया 14वीं विदेशमंत्री स्तरीय वार्ता: मुख्य बिन्दु
- दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों, क्षेत्रीय तथा बहुपक्षीय मुद्दों के विभिन्न आयामों पर चर्चा की.
- भारत ने उसकी जी-20 अध्यक्षता के लिए ऑस्ट्रेलिया के समर्थन की सराहना की. संयुक्त वक्तव्य में दोनों पक्षों ने वैश्विक मुद्दों और समुद्री सुरक्षा, सतत विकास के लिए 2030 एजेंडा और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्रों में मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की.
- इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री डॉक्टर एस. जयशंकर ने ऑस्ट्रेलिया के अपने समकक्षों रिचर्ड मार्लेस और पैनी वोंग के साथ ‘टू प्लस टू’ वार्ता की सहअध्यक्षता भी की थी.
वैश्विक मत्स्य पालन सम्मेलन, घोल को गुजरात की राज्य मछली घोषित किया गया
अहमदाबाद की साइंस सिटी में 21-22 नवंबर को वैश्विक मत्स्य पालन सम्मेलन भारत (Global Fisheries Conference India) 2023 आयोजित किया गया था. इसका उद्घाटन केंद्रीय मत्स्य पालन मंत्री परषोत्तम रूपाला ने किया था. सम्मेलन में पांच हजार से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था.
मुख्य बिन्दु
- इस बैठक के हिस्से के रूप में मत्स्य पालन और जलीय कृषि क्षेत्र की अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियों को प्रदर्शित करने वाली एक विशेष प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया था.
- केंद्रीय मंत्री परषोत्तम रूपाला फ्रांस, नॉर्वे, ऑस्ट्रेलिया, रूस समेत खाद्य विदेशी मिशनों और खाद्य और कृषि संगठन जैसे अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के साथ विभिन्न अंतरराष्ट्रीय गोलमेज सम्मेलनों में भी भाग लिया.
घोल मछली को गुजरात की राज्य मछली घोषित किया
- वैश्विक मत्स्य पालन सम्मेलन भारत 2023 के दौरान मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने घोल मछली को गुजरात की राज्य मछली घोषित किया. यह भारत में पाई जाने वाली सबसे बड़ी मछलियों में से एक है.
- यह मछली गुजरात और महाराष्ट्र के समुद्री इलाकों में पाई जाती है. यह मछली सुनहरे-भूरे रंग में पाई जाती है. इसका इस्तेमाल बियर और वाइन बनाने के लिए किया जाता है.
एशियाई पैरा तीरंदाजी चैम्पियनशिप: भारत नौ पदकों के साथ शीर्ष पर
एशियाई पैरा तीरंदाजी चैम्पियनशिप (Asian Archery Championships) 2023 का 23 नवंबर को समापन हो गया. यह प्रतियोगिता थाईलैंड की राजधानी बैंकाक में आयोजित की गई थी.
मुख्य बिन्दु
- भारत के खिलाड़ियों ने 4 स्वर्ण, 4 रजत और 1 कांस्य पदक के साथ कुल 9 पदक हासिल कर शीर्ष पर रहे. दक्षिण कोरिया की टीम 3 स्वर्ण, 1 रजत और 1 कांस्य जीतकर दूसरे स्थान पर रही.
- चैंपियनशिप में विश्व रैंकिंग में पांचवें स्थान पर काबिज राकेश कुमार ने स्वर्ण पदकों की हैट्रिक लगाई, जिसके दम पर भारत ने दक्षिण कोरिया जैसी दिग्गज टीम को पीछे धकेलकर शीर्ष पर पहुंच गया.
- राकेश और सूरज सिंह ने पुरूषों के कंपाउंड वर्ग में चीनी ताइपै के पुंग हुंग वू और चिह चियांग चांग को हराकर टीम स्पर्धा का स्वर्ण जीता.
- राकेश ने शीतल देवी के साथ इंडोनेशिया के टी आडी आयुडिया फेरेली और केन एस को हराकर मिश्रित टीम वर्ग में भी स्वर्ण हासिल किया.
- महिला कंपाउंड ओपन टीम में शीतल और ज्योति ने कोरिया की जिन यंग जियोंग और ना मि चोइ को हराकर स्वर्ण हासिल किया.
- भारत ने महिला रिकर्व टीम फाइनल, पुरूष रिकर्व युगल, पुरूष रिकर्व डब्ल्यूवन युगल में रजत पदक जीता. सरिता ने महिला कंपाउंड व्यक्तिगत वर्ग में कांस्य जीता.
24 नवम्बर: गुरु तेग बहादुर जी का शहीदी दिवस
24 नवम्बर को सिखों के नौवें गुरु, गुरु तेग बहादुर जी का शहीदी दिवस (Guru Tegh Bahadur Shaheedi Diwas) था. सिखों के 8वें गुरु हरिकृष्ण राय जी की अकाल मृत्यु हो जाने की वजह से गुरु तेगबहादुर जी को गुरु बनाया गया था.
गुरु तेग बहादुर जी ने देश के अधिकांश भागों में गुरु नानक देवजी की शिक्षाओं का प्रचार किया था. गुरु तेग बहादुर जी ने 111 शबद और 15 रागों की रचना की थी और उनकी शिक्षाओं और रचनाओं को गुरु ग्रंथ साहिब में शामिल किया गया है.
1675 में इस्लाम कबूल नहीं करने पर मुगल शासक औरंगज़ेब के आदेश से गुरु तेग बहादुर जी को यातनाएं देने के बाद उनका सिर कलम कर दिया गया था.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
भारत और लिथुआनिया ने नौवीं विदेश कार्यालय परामर्श बैठक की
भारत और लिथुआनिया ने 21 नवंबर को नई दिल्ली में नौवीं विदेश कार्यालय परामर्श बैठक की. इसमें द्विपक्षीय सम्बधों की समीक्षा के साथ-साथ क्षेत्रीय विषयों और यूक्रेन संघर्ष, भारत की जी20 अध्यक्षता, बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधारों सहित परस्पर हित के वैश्विक मुद्दों पर चर्चा हुई.
प्रवर्तन निदेशालय ने एसोसिएटेड जर्नल्स की संपत्ति को कुर्क किया
प्रवर्तन निदेशालय ने एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड की 751 करोड़ रुपये की संपत्ति को कुर्क करने का आदेश जारी किया है. यह कार्रवाई नेशनल हेराल्ड मामले में धन के अवैध लेन-देन के आरोप में की गई है. इस मामले में सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर धोखाधड़ी और धन के दुरुपयोग का आरोप लगा था.
बिहार में सरकारी नौकरियों में आरक्षण सीमा 65 प्रतिशत करने का कानून लागू
बिहार में सरकारी नौकरियों में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अति पिछड़ा वर्ग और अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षण की सीमा 50 प्रतिशत से बढाकर 65 प्रतिशत करने का कानून लागू हो गया है. इसके अलावा राज्य सरकार के शैक्षिक संस्थानों में दाखिले के लिए आरक्षण कोटा बढाने से संबंधित कानून भी प्रभावी हो गया है.
प्रधानमंत्री संत मीराबाई जन्मोत्सव में शामिल होंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23 नवंबर को संत मीराबाई जन्मोत्सव में शामिल होने के लिए मथुरा जाएंगे. इस कार्यक्रम का आयोजन संत मीराबाई की 525वीं जयंती के उपलक्ष्य में किया जा रहा है. कार्यक्रम के दौरान श्री मोदी संत मीरा बाई के सम्मान में एक स्मारक डाक टिकट और एक सिक्का भी जारी करेंगे.
उपराष्ट्रपति ने गाँधीनगर में वैश्विक पेशेवर लेखाकार सम्मेलन का उद्दाटन किया
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ 24 नवंबर को गाँधीनगर में महात्मा मंदिर में वैश्विक पेशेवर लेखाकार सम्मेलन का उद्दाटन किया. तीन दिन के इस आयोजन में 25 से अधिक देशों के चार हजार से अधिक प्रतिनिधि भाग लेंगे. इसमें वैश्विक स्तर पर लेखाकार्य पेशे के भविष्य को आकार देने के लिए विभिन्न पहलुओं पर चर्चा होगी.
