डेली कर्रेंट अफेयर्स
भारत और अमरीका के बीच पांचवां ‘टू प्लस टू’ संवाद आयोजित किया गया
भारत और अमरीका के बीच पांचवां 2+2 (टू प्लस टू) मंत्रिस्तरीय संवाद 10 नवंबर को नई दिल्ली आयोजित किया गया था. इस संवाद में भारत की ओर से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री डॉ एस. जयशंकर ने भाग लिया था. अमरीका का प्रतिनिधित्व वहाँ के रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन और विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने किया था.
पांचवां टू-प्लस-टू मंत्रिस्तरीय संवाद: मुख्य बिन्दु
- संवाद के दौरान रक्षा और सुरक्षा सहयोग, प्रौद्योगिकी सहयोग तथा दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क बढाने में भी हुई प्रगति की समीक्षा की गई.
- इस वर्ष जून और सितंबर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमरीका के राष्ट्रपति जो बाइडेन के बीच हुई बातचीत के अनुरूप भारत-अमरीका साझेदारी को आगे बढाने के उपायों पर विचार-विमर्श हुआ.
- दोनों देश सामरिक क्षेत्रीय मुद्दों की समीक्षा किए और बहुपक्षीय मंचों और क्वाड जैसे ढांचे के माध्यम से सहयोग बढाने की प्राथमिकताएं साझा किए.
भारत-अमरीका टू-प्लस-टू वार्ता: एक दृष्टि
- भारत-अमरीका टू-प्लस-टू वार्ता में दोनों देशों के दो-दो मंत्री (विदेश और रक्षा) और उनके प्रतिनिधिमंडल हिस्सा लेते हैं.
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प की स्वीकृति के बाद पहली टू-प्लस-टू वार्ता सितंबर 2018 में नई दिल्ली में हुई थी. इस वार्ता में दोनों देशों के बीच विदेश नीति और रक्षा के क्षेत्रों में बहुत प्रगति हुई थी.
- यह वार्ता बैठक दोनों देशों के बीच उच्चतम स्तर का संस्थागत तंत्र है जो विदेश नीति, रक्षा और रणनीतिक मुद्दों पर दोनों के विचारों को एक साथ लाता है.
- टू-प्लस-टू संवाद के माध्यम से भारत-अमरीका वैश्विक रणनीतिक भागीदारी और मजबूत हो रही है.
देश का विदेश मुद्रा भंडार 590.78 अरब डॉलर
तीन नवंबर को समाप्त सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 4.67 अरब डॉलर बढ़कर 590.78 अरब डॉलर हो गया है. RBI के अनुसार, विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति में 4.35 अरब डॉलर की वृद्धि हुई है.
- स्वर्ण भंडार के समग्र मूल्य में 20 करोड़ डॉलर की वृद्धि हुई और यह बढ़कर 46.12 अरब डॉलर हो गया.
- देश के विशेष आहरण अधिकारों में छह करोड़ 40 लाख डॉलर की वृद्धि हुई और यह 17.97 अरब डॉलर पर पहुंच गया.
- अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष में भारत की भंडार स्थिति एक करोड़ 60 लाख डॉलर बढ़कर 4.79 अरब डॉलर हो गई है.
प्रधानमंत्री के सहयोग से लिखी गीत ग्रैमी अवार्ड के लिए नामांकित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहयोग से लिखी गीत ‘एबंडेंस इन मिलेट्स’ (Abundance in Millets) ग्रैमी अवार्ड (Grammy Awards) 2024 के लिए नामांकित किया गया है. इस गीत को भारतीय-अमेरिकी गायक फाल्गुनी शाह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सहयोग से लिखा था.
मुख्य बिन्दु
- मोटे अनाज के फायदों को बढ़ावा देने के लिए लिखे गये गीत ‘एबंडेंस इन मिलेट्स’ को सर्वश्रेष्ठ वैश्विक संगीत प्रदर्शन श्रेणी (बेस्ट ग्लोबल म्यूजिक परफॉर्मेंस कैटेगरी) के तहत ग्रैमी पुरस्कार के लिए नामित किया गया है.
- दरअसल, वर्ष 2023 को ‘अंतरराष्ट्रीय मोटा अनाज वर्ष’ के रूप में नामित किया गया है, जिसके लिए भारत द्वारा एक प्रस्ताव लाया गया था और संयुक्त राष्ट्र के खाद्य और कृषि संगठन (एफएओ) के शासी निकायों के सदस्यों के साथ-साथ संयुक्त राष्ट्र महासभा के 75वें सत्र द्वारा इसका समर्थन किया गया था.
- ‘एबंडेंस इन मिलेट्स’ गाने में प्रधानमंत्री के भाषण के कुछ अंश हैं और इसमें मिलेट्स के फायदे बताए गए हैं.
भूटान नरेश ने भारत की अधिकारिक यात्रा संपन्न की
भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक 3 से 10 नवंबर तक भारत की अधिकारिक यात्रा पर थे. इस यात्रा के दौरान उन्होंने असम और महाराष्ट्र का भी दौरा किए थे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री के साथ वार्ता बैठक की थी.
मुख्य बिन्दु
- इस यात्रा के दौरान वे 3 से 5 नवंबर तक असम की यात्रा पर थे. यहां उन्होंने नीलाचल पहाड़ी पर स्थित कामाख्या मंदिर में पूजा अर्चना की.
- भूटान नरेश 5 नवंबर को नई दिल्ली पहुंचे थे. उनका स्वागत विदेश मंत्री डॉ. सुब्रमण्यम जयशंकर ने किया.
- भूटान नरेश ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की. उन्होंने दोनों देशों के अदभुत और अनुकरणीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर सकारात्मक चर्चा की.
- प्रधानमंत्री ने कहा कि वे विकास के लिए भूटान नरेश के दृष्टिकोण और भूटान के लोगों के कल्याण को काफी महत्व देते हैं. इस यात्रा के अंतिम चरण में वे महाराष्ट्र गए थे.
- भूटान नरेश की यात्रा, दोनों पक्षों को द्विपक्षीय संबंधों के संपूर्ण आयाम की समीक्षा करने और विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय साझेदारी को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करेगी.
- हाल ही में भूटान के विदेश मंत्री टांडी दोरजी ने बीजिंग में अपने चीनी समकक्ष वांग यी के साथ वार्ता बैठक की थी.
- इस वार्ता के बाद चीन द्वारा जारी बयान में कहा गया था कि भूटान दृढ़ता से एक-चीन के सिद्धांत का समर्थन करता है और सीमा-विवाद के शीघ्र समाधान के लिए चीन के साथ काम करने और राजनयिक संबंध स्थापित करने की राजनीतिक प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए तैयार है.
मलेशिया के विदेश मंत्री डॉ ज़ाम्ब्री अब्दुल कादिर की भारत यात्रा
मलेशिया के विदेश मंत्री डॉ. ज़ाम्ब्री अब्दुल कादिर 5 से 8 नवंबर तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर थे. ये उनकी पहली भारत यात्रा थी. इस यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के बीच उन्नत रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करना था.
मुख्य बिन्दु
- इस यात्रा के दौरान उन्होंने दिल्ली में विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर के साथ छठी भारत-मलेशिया संयुक्त आयोग बैठक की सह-अध्यक्षता की थी.
- बैठक में राजनीतिक, रक्षा, सुरक्षा, आर्थिक, व्यापार और निवेश, स्वास्थ्य, विज्ञान तथा प्रौद्योगिकी, संस्कृति, पर्यटन और दोनों देशों के लोगों के बीच संबंधों के क्षेत्र में उन्नत रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा की गई.
- दोनों पक्ष आपसी हित के क्षेत्रीय तथा बहुपक्षीय मुद्दों पर भी चर्चा किए.
12 नवम्बर: लोकसेवा प्रसारण दिवस
प्रत्येक वर्ष 12 नवम्बर को लोकसेवा प्रसारण दिवस (Public Service Broadcasting Day) मनाया जाता है. वर्ष 1947 में आज ही के दिन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एक बार आकाशवाणी (आल इंडिया रेडियो) भवन आये थे और इस स्मृति में यह दिवस मनाया जाता है.
महात्मा गांधी ने विभाजन के बाद हरियाणा के कुरुक्षेत्र में अस्थाई रूप से आकर बसे विस्थापित लोगों को आकाशवाणी से संबोधित किया था.
भारत में 8 जून, 1936 को आकाशवाणी अस्तित्व में आया था. आकाशवाणी का आदर्श वाक्य ‘बहुजन हिताय बहुजन सुखाय’ है.
11 नवम्बर: राष्ट्रीय शिक्षा दिवस, मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती
प्रत्येक वर्ष 11 नवम्बर को भारत में राष्ट्रीय शिक्षा दिवस (National Education Day) के रूप में मनाया जाता है. यह दिवस स्वतंत्र भारत के पहले शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती पर मनाया जाता है.
मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती
- महान स्वतंत्रता सेनानी और शिक्षाविद् मौलाना अबुल कलाम आजाद का जन्म 11 नवम्बर 1888 को मक्का, सऊदी अरब में हुआ था. उन्होंने 1947 से 1958 तक स्वतंत्र भारत के पहले शिक्षा मंत्री के रूप में कार्य किया था.
- शिक्षा मंत्री रहते हुए उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति की स्थापना की थी. उनका मुख्य लक्ष्य प्राइमरी शिक्षा को बढ़ाना था. 1992 में मौलाना अबुल कलाम आजाद को भारत रत्न से सम्मानित किया गया था. भारत की आजादी के बाद मौलाना अबुल कलाम ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) की स्थापना की थी.
10 नवम्बर: शांति व विकास के लिए विश्व विज्ञान दिवस
प्रत्येक वर्ष 10 नवम्बर को ‘शांति व विकास के लिए विश्व विज्ञान दिवस’ (World Science Day for Peace and Development) मनाया जाता है. इस दिवस को मनाने का उद्देश्य हमारे दैनिक जीवन में विज्ञान के महत्व और प्रासंगिकता को रेखांकित करना है.
इस वर्ष यानी 2023 में इस दिवस का विषय (Theme) ‘विज्ञान में विश्वास का निर्माण’ (Building Trust in Science) है.
प्रत्येक वर्ष 11 फरवरी को विज्ञान में महिलाओं व बालिकाओं के लिए अंतर्राष्ट्रीय दिवस (International Day of Women and Girls in Science) भी मनाया जाता है. संयुक्त राष्ट्र द्वारा इस दिवस को 2015 से मनाया जा रहा है. इस दिवस को मनाने का उद्देश्य विज्ञान व प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका पर प्रकाश डालना है.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
आठ भारतीयों को मृत्युदंड देने का कतर न्यायालय का फैसला गोपनीय
विदेश मंत्रालय ने कहा है कि आठ भारतीयों को मृत्युदंड देने का कतर न्यायालय का फैसला गोपनीय है और इसे केवल कानून संबंधी टीम के साथ साझा किया गया है. भारत ने इस मामले में कानून के अनुसार कदम उठाये हैं और अपील दायर की है.
ब्राजील के राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ फोन पर बात की
ब्राजील के राष्ट्रपति लूइज इनासियो लूला डि सिल्वा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ फोन पर बात पश्चिम एशिया की घटनाओं पर चिंता प्रकट की है. दोनों नेताओं ने समस्या का शीघ्र समाधान करने के प्रयासों पर बल दिया.
भारतीय न्याय संहिता संबंधी संसदीय स्थायी समिति की रिपोर्ट के प्रकाशन का निर्देश
राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने भारतीय न्याय संहिता भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-और भारतीय साक्ष्य विधेयक के बारे में गृह कार्य संबंधी संसदीय स्थायी समिति की रिपोर्ट के प्रसार और प्रकाशन का निर्देश दिया है. इस संसदीय समिति के अध्यक्ष बृजलाल ने सभापति को ये रिपोर्ट प्रस्तुत की.
दुबई में एशियाई हाफ मैराथन चैम्पियनशिप
दुबई में एशियाई हाफ मैराथन चैम्पियनशिप में सावन बरवाल, कार्तिक कुमार और अभिषेक पाल की भारतीय तिकड़ी ने स्वर्ण जीता. भारत के सावन बरवाल ने व्यक्तिगत वर्ग में कांस्य पदक भी जीता. राष्ट्रीय महिला टीम ने भी इस प्रतियोगिता में कांस्य जीता.
