डेली कर्रेंट अफेयर्स
नोबेल पुरस्कार 2023 के विजेताओं की सूची, नोबेल पुरस्कार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी
वर्ष 2023 के नोबेल पुरस्कार की घोषणा हाल ही में की गई थी. इन पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं की सूची इस प्रकार है.
वर्ष-2023 का नोबेल पुरस्कार: मुख्य बिन्दु
- चिकित्सा: चिकित्सा नोबेल पुरस्कार कैटालिन कारिको और ड्रियू वीसमैन (Katalin Kariko और Drew Weissman) को संयुक्त रूप से दिया गया है. कोविड-19 के विरुद्ध प्रभावी मैसेंजर राइबोन्यूक्लिक एसिड (mRNA) वैक्सीन विकसित करने के लिये इन्हें नोबेल पुरस्कार दिया गया है.
- भौतिकी: भौतिकी नोबेल पुरस्कार तीन प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों पियरे एगोस्टिनी, फ़ेरेन्क क्रॉस्ज़ और ऐनी एल. हुइलियर (Pierre Agostini, Ferenc Krausz और Anne L’Huillier) को संयुक्त रूप से दिया गया है. यह पुरस्कार इलेक्ट्रॉन गतिशीलता (इलेक्ट्रॉन डायनेमिक्स) के अध्ययन व समझ के दिया गया है.
- रसायन: रसायन नोबेल पुरस्कार मौंगी जी. बावेंडी, लुईस ई. ब्रस और अलेक्सी आई. एकिमोव (Moungi G. Bawendi, Louis E. Brus और Alexei I. Ekimo) को संयुक्त रूप से “क्वांटम डॉट्स की खोज और संश्लेषण” के लिए दिया गया है.
- साहित्य: साहित्य नोबेल पुरस्कार नॉर्वे के लेखक और नाटककार, जॉन फॉसे (Jon Fosse) को उनके अभिनव नाटकों और गद्य के लिए दिया गया है.
- शांति: शांति नोबेल पुरस्कार ईरानी कार्यकर्त्ता नरगिस मोहम्मदी (Narges Mohammadi) को दिया गया है. उन्हें यह पुरस्कार महिलाओं के उत्पीड़न के खिलाफ उनकी लड़ाई तथा सभी के लिये मानवाधिकारों एवं स्वतंत्रता हेतु उनके संघर्ष के लिये दिया गया है.
- अर्थशास्त्र: अर्थशास्त्र का नोबेल पुरस्कार हार्वर्ड विश्वविद्यालय की प्रोफेसर क्लॉडिया गोल्डिन (Claudia Goldin) को दिया गया है. श्रम बाज़ार में स्त्री पुरुष के बीच भेदभाव संबंधी उनके सोध के लिए उन्हें इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया है.
वित्तीय समावेशन को बढावा देने के लिए UAE और भारत के बीच समझौता
संयुक्त अरब अमीरात ने डिजिटल भुगतान और वित्तीय समावेशन को बढावा देने के लिए भारत के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किये हैं.
- भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम की सहायक कंपनी एन.पी.सी.आई. अंतरराष्ट्रीय भुगतान लिमिटेड और संयुक्त अरब अमीरात के केन्द्रीय बैंक की अप्रत्यक्ष सहायक कंपनी अल इत्तिहाद पेमेंट्स ने ऐतिहासिक समझौता किया.
- इसका उद्देश्य भारत के रू-पे कार्ड नेटवर्क के सहयोग से संयुक्त अरब अमीरात में घरेलू कार्ड योजना को लागू करना है.
- समझौते के अंतर्गत एन.पी.सी.आई. अंतरराष्ट्रीय भुगतान लिमिटेड और अल इत्तिहाद पेमेन्ट्स संयुक्त अरब अमीरात की राष्ट्रीय कार्ड योजना को बनाने, लागू करने और संचालित करने में सहयोग करेंगे.
- रू-पे, भारत का सुरक्षित और व्यापक रूप से स्वीकृत कार्ड भुगतान नेटवर्क है. ये संयुक्त अरब अमीरात की घरेलू कार्ड योजना की नींव के रूप में काम करेगा.
5 अक्तूबर 2023: दूसरा राष्ट्रीय डॉल्फिन दिवस मनाया गया
राष्ट्रीय जलीय जीव गंगा डॉलफिन के संरक्षण के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए प्रत्येक वर्ष 5 अक्टूबर को राष्ट्रीय डॉलफिन दिवस (National Dolphin Day) मनाया जाता है. 5 अक्तूबर 2023 को दूसरा राष्ट्रीय डॉल्फिन दिवस मनाया गया. केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय ने डॉल्फिन के संरक्षण के लिए जागरूकता पैदा करने के लिए यह दिवस मनाए जाने की घोषणा मार्च 2022 में की थी. इस दिन डॉल्फ़िन के संरक्षण के लिए लोगों की भागीदारी पर भी ध्यान दिया जाएगा.
डॉल्फ़िन एक स्वस्थ जलीय पारिस्थितिकी तंत्र (aquatic ecosystem) के एक आदर्श संकेतक (indicator) के रूप में कार्य करती हैं, इस प्रकार डॉल्फ़िन का संरक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण है.
गंगा नदी में पायी जाने वाली डॉलफिन के संरक्षण के लिए बिहार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. राज्य सरकार की मांग पर केंद्र ने 2010 में गंगा डॉलफिन को राष्ट्रीय जलीय जीव घोषित किया था.
5 अक्टूबर: विश्व शिक्षक दिवस से संबंधित महत्त्वपूर्ण जानकारी
प्रत्येक वर्ष 5 अक्टूबर को विश्व शिक्षक दिवस (World Teachers day) मनाया जाता है. इस दिन अध्यापकों को सामान्य रूप से और कतिपय कार्यरत एवं सेवानिवृत्त शिक्षकों को उनके विशेष योगदान के लिये सम्मानित किया जाता है. इस वर्ष यानी 2023 में यह 29वाँ विश्व शिक्षक दिवस है.
वर्ष 2023 के विश्व शिक्षक दिवस की थीम (मुख्य विषय) ‘हमें जो शिक्षा चाहिए उसके लिए शिक्षकों की आवश्यकता है: शिक्षकों की कमी को दूर करने की वैश्विक अनिवार्यता’ (The Teachers We Need for the Education We Want: The Global Imperative to Reverse the Teacher Shortage) है.
4-10 अक्टूबर: विश्व अन्तरिक्ष सप्ताह, स्पुतनिक-1 के प्रक्षेपण के उपलक्ष्य में मनाया जाता है
प्रत्येक वर्ष 4 से 10 अक्टूबर को विश्व अन्तरिक्ष सप्ताह (World Space Week) के रूप में मनाया जाता है. यह अंतरिक्ष विज्ञान और प्रौद्योगिकी का एक अन्तर्राष्ट्रीय वार्षिक उत्सव है.
इस वर्ष यानी 2023 के विश्व अन्तरिक्ष सप्ताह का विषय ‘अंतरिक्ष और उद्यमिता’ (Space and Entrepreneurship) है.
विश्व अन्तरिक्ष सप्ताह, विश्व के पहले मानव निर्मित उपग्रह स्पुतनिक-1 के प्रक्षेपण के उपलक्ष्य में मनाया जाता है. स्पुतनिक-1 का प्रक्षेपण 4 अक्टूबर 1957 को तत्कालीन सोवियत संघ द्वारा किया गया था.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
सरकार ने त्रिपुरा के दो गुटों को गैर कानूनी संगठन घोषित किया
केंद्र सरकार ने नेशनल लिबरेशन फ्रंट ऑफ त्रिपुरा, ऑल त्रिपुरा टाइगर फोर्स और संबंधित गुटों को गैर कानूनी गतिविधि निरोधक अधिनियम के तहत अवैध संगठन घोषित किया है. गृह मंत्रालय ने इन संगठनों पर पांच वर्ष के लिए प्रतिबंध लगाया है.
अंगदान को प्रेरित करने के लिए आयुष्मान भव अभियान
अंगदान को प्रेरित करने के लिए 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयुष्मान भव अभियान चलाया गया था. इस अभियान के अंतर्गत करीब 64 हजार लोगों ने अंगदान करने का संकल्प लिया है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने भी अंगदान के लिए पंजीकरण कराया है.
सिक्किम में तीस्ता नदी में अचानक बाढ से जान-माल की हानि
सिक्किम में बादल फटने और तीस्ता नदी में अचानक बाढ से जान-माल की हानि हुई है. इस आपदा से 22 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं. राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की तीन टीम, सेना और वायु सेनाकर्मी राहत और बचाव कार्य में राज्य सरकार की सहायता कर रहे हैं.
जम्मू-कश्मीर डेमोक्रेटिक फ्रीडम पार्टी गैरकानूनी घोषित
सरकार ने गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम के अंतर्गत जम्मू-कश्मीर डेमोक्रेटिक फ्रीडम पार्टी (जेकेडीएफपी) को गैरकानूनी घोषित किया है. यह संगठन 1998 से ही देश विरोधी गतिविधियों में लिप्त है. गृह मंत्रालय ने एक विज्ञप्ति में कहा कि इसके सदस्य हमेशा भारत में अलगाववाद और आतंकवादी हरकतों को बढ़ावा देने में शामिल रहे हैं.
