डेली कर्रेंट अफेयर्स
24 अक्तूबर: विश्व पोलियो दिवस, जोनास साल्क का जन्मदिन
प्रत्येक वर्ष 24 अक्तूबर को विश्व पोलियो दिवस (World Polio Day) मनाया जाता है. इस दिवस को मनाने का उद्देश्य पोलियो के बारे में जागरूकता बढ़ाना है.
विश्व पोलियो दिवस 2023 की थीम ‘माताओं और बच्चों के लिए एक स्वस्थ भविष्य’ (A healthier future for mothers and children) है.
जोनास साल्क का जन्मदिन
विश्व पोलियो दिवस जोनास साल्क के जन्मदिन के उपलक्ष्य में मनाया जाता है, जो अमेरिकी वायरोलॉजिस्ट थे. उन्होंने दुनिया का पहला सुरक्षित और प्रभावी पोलियो वैक्सीन बनाने में मदद की थी. डॉक्टर जोनास साल्क ने साल 1955 में पोलियो से बचाव की दवा दुनिया के सामने प्रस्तुत किया था.
24 अक्टूबर 2023: 78वां संयुक्त राष्ट्र संघ दिवस मनाया गया
प्रत्येक वर्ष 24 अक्टूबर को पूरे विश्व में संयुक्त राष्ट्र संघ दिवस (United Nations Day) मनाया जाता है. 1945 में इसी दिन संयुक्त राष्ट्र का गठन सभी के लिए शांति, विकास और मानव अधिकारों के समर्थन करने के लिए किया गया था.
इस वर्ष (2023 में) 78वां संयुक्त राष्ट्र संघ दिवस मनाया गया. संयुक्त राष्ट्र संघ का गठन द्वितीय विश्व युद्ध के बाद 24 अक्तूबर 1945 को विश्व के 50 देशों ने संयुक्त राष्ट्र अधिकार-पत्र पर हस्ताक्षर कर किया था. भारत शुरुआती दिनों से ही इसका सदस्य है. ‘संयुक्त राष्ट्र’ नाम अमेरिका के राष्ट्रपति फ्रैंकलिन डी रूजवेल्ट ने दिया था.
संयुक्त राष्ट्र की छह आधिकारिक भाषाएं हैं- अरबी, चाइनीज, अंग्रेजी, फ्रेंच, रसियन और स्पैनिश. आधिकारिक भाषाएं छह हैं, लेकिन यहां पर संचालन भाषा केवल अंग्रेजी और फ्रेंच हैं.
24 अक्टूबर: विश्व विकास सूचना दिवस, विश्व विकास सूचना दिवस के 17 सतत लक्ष्य
प्रत्येक वर्ष 24 अक्टूबर को विश्व विकास सूचना दिवस (World Development Information Day) मनाया जाता है. यह दिवस आम जनता के बीच सूचना के प्रसार के महत्व को दर्शाता है.
संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 1972 में विकास की समस्याओं की ओर दुनिया का ध्यान आकर्षित करने और उनके समाधान हेतु इस दिवस की शुरुआत की थी. महासभा ने यह निर्णय लिया था कि यह दिवस संयुक्त राष्ट्र दिवस की तारीख़ यानी 24 अक्टूबर को ही मनाया जाना चाहिए.
24 अक्टूबर को इस दिन को मनाने का फैसला किया गया था क्योंकि इसी तारीख को 1970 में द्वितीय राष्ट्र विकास दशक के लिए अंतर्राष्ट्रीय विकास रणनीति को अपनाया गया था. विश्व विकास सूचना दिवस के 17 सतत लक्ष्य…»
23 अक्तूबर: अन्तर्राष्ट्रीय हिम तेंदुआ दिवस
प्रत्येक वर्ष 23 अक्तूबर को अन्तर्राष्ट्रीय हिम तेंदुआ दिवस (World Snow Leopard Day) मनाया जाता है. इस दिवस को मनाने का उद्देश्य इन प्राणियों का संरक्षण और हिमालय में वन्य जीवन की रक्षा करना है. 2015 को हिम तेंदुए के अंतर्राष्ट्रीय वर्ष के रूप में घोषित किया गया था.
हिम तेंदुए ऊंची पहाड़ी क्षेत्रों में 3,000 और 4,500 मीटर की ऊंचाई पर पाए जाते हैं. जहाँ इनकी आबादी पाई जाती हैं उनमें उज्बेकिस्तान, ताजिकिस्तान, रूस, पाकिस्तान, मंगोलिया, किर्गिस्तान, कजाकिस्तान, भारत, चीन, भूटान और अफ़गानिस्तान शामिल हैं.
वर्ष 2019 के अन्तर्राष्ट्रीय हिम तेंदुआ दिवस के अवसर पर केन्द्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने देश में हिम तेंदुओं की गणना के लिए पहले राष्ट्रीय प्रोटोकॉल का शुभारंभ किया था.
भारत में हिम तेंदुए सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर और पूर्वी हिमालयी क्षेत्रों में पाए जाते हैं. वैश्विक हिम तेंदुए की आबादी का 10 प्रतिशत हिम तेंदुआ भारत में पाया जाता है.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
नई दिल्ली में प्रथम भारतीय सैन्य धरोहर उत्सव की शुरूआत
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने 21 अकतूबर को नई दिल्ली में प्रथम भारतीय सैन्य धरोहर उत्सव की शुरूआत की। दो दिन के इस कार्यक्रम का उद्देश्य संवाद, कला, नृत्य, नाटक, कथावाचन और प्रदर्शनी के माध्यम से भारत की समृद्ध सैन्य संस्कृति और धरोहर की ओर ध्यान आकर्षित करना है।
उन्नति हुडा ने अबू धाबी मास्टर्स 2023 का महिला एकल खिताब जीता
अबू धाबी मास्टर्स 2023 प्रतियोगिता में भारत के बैडमिंटन खिलाड़ी उन्नति हुडा ने हमवतन सामिया इमाद फारुखी को हराकर महिला एकल का खिताब जीत लिया है। उन्नति हुडा ने सामिया इमाद फारूकी को 21-16, 22-20 से हराया। यह उनका दूसरा बीडब्ल्यूएफ सुपर 100 वर्ल्ड टूर खिताब है।
गृहमंत्री ने देश के पहले तरल नैनो डीएपी संयंत्र का उद्घाटन किया
गृहमंत्री अमित शाह ने गांधी नगर में कलोल में देश के पहले तरल नैनो डी अमोनिया फॉस्फेट-डीएपी संयंत्र का उद्घाटन किया। यह संयंत्र इफ्को ने बनाया है। संयंत्र से किसानों को लाभ होगा और डीएपी का आयात कम करने में मदद मिलेगी।
54वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह का आयोजन गोवा में किया जाएगा
54वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह का आयोजन गोवा में 20 से 28 नवंबर तक किया जाएगा। फिल्म समारोह के दौरान दिखाई जाने वाली फीचर फिल्मों में मलयालम की अट्टम, बंगाली फिल्म अर्धांगिनी, हिन्दी फिल्म ढाई आखर और कन्नड की कन्तारा शामिल हैं।
