डेली कर्रेंट अफेयर्स
विपणन वर्ष 2024-25 के लिए रबी फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य को मंजूरी
सरकार ने विपणन वर्ष 2024-25 के लिए रबी फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) को 18 अक्तूबर को मंजूरी दी थी. यह मंजूरी माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (CCEA) ने दी.
मुख्य बिन्दु
- विपणन सीजन 2024-25 के लिए छह फसलों के MSP में वृद्धि को मंजूरी दी गई है, ताकि उत्पादकों को उनकी उपज के लिए लाभकारी मूल्य सुनिश्चित किया जा सके.
- गेहूं का MSP 150 रुपए प्रति क्विंटल बढ़ाकर 2,275 रुपए क्विंटल किया गया है. रबी की 5 अन्य फसलों जौ, चना, मसूर, सरसों, कुसुम की MSP में भी बढ़ोतरी की गई है.
- रबी फसल की बुआई लौटते मानसून और पूर्वोत्तर मानसून के समय की जाती है. इन फसलों की कटाई आमतौर पर गर्मी के मौसम में अप्रैल में होती है. रबी की प्रमुख फसलें गेहूं, चना, मटर, सरसों और जौ है.
विपणन वर्ष 2024-25 के लिए रबी फसलों का MSP
| फसल | प्रति क्विंटल MSP | वृद्धि |
| गेहूं | 2275 | 150 |
| जौ | 1850 | 115 |
| सरसों | 5650 | 200 |
| चना | 5440 | 105 |
| कुसुभ | 5800 | 150 |
| मसूर | 6425 | 425 |
MSP (Minimum Support Price) क्या है?
MSP यानी न्यूनतम समर्थन मूल्य वह कीमत होती है, जिस पर सरकार किसानों से अनाज खरीदती है. इसे सरकारी भाव भी कहा जा सकता है. MSP की घोषणा सरकार द्वारा कृषि लागत एवं मूल्य आयोग की संस्तुति पर वर्ष में दो बार रबी और खरीफ के मौसम में की जाती है.
सरकार फसलों की MSP तय करती है ताकि किसानों की उपज का वाजिब भाव मिल सके. इसके तहत सरकार फूड कारपोरेशन ऑफ इंडिया, नैफेड जैसी सरकारी एजेसिंयों की मदद से किसानों की फसलों को खरीदती है.
MSP में 23 फसलें शामिल होती हैं
- 7 प्रकार के अनाज (धान, गेहूं, मक्का, बाजरा, ज्वार, रागी और जौ)
- 5 प्रकार की दालें (चना, अरहर/तुअर, उड़द, मूंग और मसूर)
- 7 तिलहन (रेपसीड-सरसों, मूंगफली, सोयाबीन, सूरजमुखी, तिल, कुसुम, निगरसीड)
- 4 व्यावसायिक फसलें (कपास, गन्ना, खोपरा, कच्चा जूट)
त्रिपुरा और ओडिसा के लिए नए राज्यपालों की नियुक्ति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने त्रिपुरा और ओडिसा के लिए नए राज्यपालों की नियुक्ति की है. 18 अक्टूबर को जारी राष्ट्रपति भवन की विज्ञप्ति में इन दोनों राज्यों के लिए नए राज्यपाल की नियुक्ति के बारे में जानकारी दी गई है.
मुख्य बिन्दु
- विज्ञप्ति के अनुसार तेलंगाना के नेता इंद्रसेना रेड्डी नल्लू को त्रिपुरा का राज्यपाल बनाया गया है. वे सत्यदेव नारायण आर्य का स्थान लेंगे.
- झारखंड के पूर्व मुख्य मंत्री रघुवर दास ओडिसा के नए राज्यपाल होंगे. श्री दास की नियुक्ति निवर्तमान राज्यपाल प्रोफेसर गणेशी लाल के स्थान पर की गई है.
- भारत के संविधान अनुच्छेद 155 अनुसार राज्यपाल की नियुक्ति भारत के राष्ट्रपति करते हैं. अनुच्छेद 156 के अनुसार राज्यपाल, राष्ट्रपति के प्रसादपर्यन्त पद धारण करते हैं. राज्यपाल की पदावधि 5 वर्ष निर्धारित है.
देश की पहली क्षेत्रीय रेल-परियोजना ‘रेपिडेक्स’ का उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 20 अक्तूबर को देश की पहली क्षेत्रीय रेल-परियोजना ‘रेपिडेक्स’ का उद्घाटन किया था. उन्होंने उत्तर प्रदेश के साहिबाबाद में इसका शुभारंभ किया था.
मुख्य बिन्दु
- यह रेल-परियोजना दिल्ली से मेरठ तक के लिए है. इसका नाम ‘नमो भारत’ दिया गया है. प्रधानमंत्री ने दिल्ली-मेरठ क्षेत्रीय रेल-परियोजना के पहले चरण का उद्घाटन किया.
- पहले चरण में साहिबाबाद से दुहाई डिपो तक 17 किलोमीटर की दूरी तय होगी. इसमें साहिबाबाद, गाजियाबाद, गुलधर, दुहाई और दुहाई डिपो सहित कुल पांच स्टेशन होंगे.
- नमो भारत ट्रेन 160 किलोमीटर प्रतिघंटे तक की गति से चलेगी. छह कोच वाली इस ट्रेन में एक हजार सात सौ यात्री यात्रा कर सकेंगे. एक कोच महिलाओं के लिए आरक्षित है.
कार्तिकेयन मुरली ने विश्व के नंबर एक खिलाडी मैग्नस कार्लसन को पराजित किया
कार्तिकेयन मुरली ने कतर मास्टर्स शतरंज क्लासिकल टूर्नामेंट में विश्व के नंबर एक खिलाडी मैग्नस कार्लसन को पराजित कर दिया है.
मुख्य बिन्दु
- 24 वर्षीय कार्तिकेयन मुरली, मैग्नस कार्लसन को हराने वाले तीसरे भारतीय खिलाडी बन गए हैं. इससे पहले पेंटाला हरिकृष्णा और विश्वनाथन आनंद ऐसा कर चुके हैं.
- इस महत्वपूर्ण जीत के साथ वह टूर्नामेंट में एसएल नारायण, जावोखिर सिंदारोव, डेविड परव्यान, अर्जुन एरिगैसी और नोदिरबेक याकुबोएव जैसे अन्य प्रमुख खिलाड़ियों की श्रेणी में शामिल हो गए, जिनमें से सभी ने 7 में से 5.5 का उल्लेखनीय स्कोर हासिल किया.
- तमिलनाडु के तंजावुर के रहने वाले मुरली दो बार के राष्ट्रीय चैंपियन रह चुके हैं. भारत के प्रगनाननंदा ने शतरंज विश्व कप के खिताबी मुकाबले में कार्लसन के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन किया था. टाई ब्रेक में भारतीय खिलाड़ी को हार झेलनी पड़ी थी.
21 अक्टूबर: पुलिस स्मृति दिवस से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी
प्रत्येक वर्ष 21 अक्तूबर को भारत में पुलिस स्मृति दिवस (Police Commemoration Day) मनाया जाता है. 1959 में चीनी सैनिकों द्वारा लद्धाख में हॉट स्प्रिंग्स में शहीद हुए पुलिस जवानों की याद में यह दिवस मनाया जाता है. इस दिवस को मनाने का उद्देश्य देश के प्रति पुलिसकर्मियों की निष्ठा और सर्वोच्च बलिदान के प्रति सम्मान व्यक्त करना है.
पुलिस स्मृति दिवस: एक दृष्टि
- 21 अक्तूबर 1959 को चीन के सैन्यकर्मियों ने लद्दाख में भारत के 20 जवानों के पुलिस दल पर फायरिंग की थी और ग्रेनेड से हमला किया था. इस घटना में 10 पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे, सात घायलों को चीनी फौज ने कैद कर लिया था.
- जनवरी 1960 में हुए राज्यों और केन्द्र-शासित प्रदेशों के पुलिस महानिरीक्षकों के वार्षिक सम्मेलन में फैसला किया गया था कि 21 अक्तूबर पूरे भारत की पुलिस लाईन में बहादुर पुलिसकर्मियों की याद में स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाएगा.
- इस अवसर पर 34 हजार 408 अन्य पुलिसकर्मियों को भी याद किया जाता है जिन्होंने स्वतंत्रता के बाद राष्ट्र की एकता और अखंडता को सुरक्षित रखने के लिए बलिदान दिया.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
देश में कुल खाद्यान्न उत्पादन रिकार्ड 32.97 करोड़ टन तक रहने का अनुमान
केन्द्रीय कृषि मंत्रालय ने कहा है कि देश में कुल खाद्यान्न उत्पादन रिकार्ड 32 करोड़ 97 लाख टन तक रहने का अनुमान है. वर्ष 2021-22 की तुलना में इस वर्ष का अनुमानित खाद्यान्न उत्पादन लगभग 141 लाख टन अधिक है.
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री की इस्राइल यात्रा
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने इस्राइल यात्रा की. प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मुलाकात के बाद श्री सुनक ने कहा कि अभी तक किसी भी देश ने इस्राइल जैसी त्रासदी नहीं झेली है. उन्होंने कहा कि ब्रिटेन अंतराराष्ट्रीय नियमों के अनुरूप आत्मरक्षा के इस्राइल के अधिकार का समर्थन करता है.
इसरो ने गगनयान यात्रियों को सुरक्षित निकालने का परीक्षण पूरा किया
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने अपने गगनयान रॉकेट के अंतरिक्ष यात्रियों को सुरक्षित निकालने की महत्वपूर्ण प्रणाली के सफल परीक्षण की पूरी तैयारी कर ली है. 2025 में मानवयुक्त अंतरिक्ष मिशन भेजने की तैयारी के तौर पर इसरो ने टी वी डी-1 मिशन का सफल परीक्षण किया. इसका उद्देश्य सुरक्षित लैंडिंग का परीक्षण करना है.
भारतीय नौसेना को गाइडेड मिसाइल विध्वंसक युद्धपोत इम्फाल सौंपा गया
भारतीय नौसेना को 20 अकतूबर को गाइडेड मिसाइल विध्वंसक युद्धपोत इम्फाल सौंपा गया. परियोजना 15 बी श्रेणी का ये तीसरा स्टील्थ विध्वंसक देश में निर्मित अबतक का सबसे बडा विध्वंसक युद्धपोत है. मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स ने निर्धारित समय से चार महीने पहले ही मुम्बई में इसे नौसेना को सौंप दिया. यह समुद्री क्षेत्र में कई मिशनों और कार्यों को पूरा करने में सक्षम है.
