डेली कर्रेंट अफेयर्स
श्रीलंका को पराजित कर भारत एशिया कप क्रिकेट का विजेता बना
एशिया कप क्रिकेट (Asia Cup Cricket) 2023 का खिताब भारत ने जीता है. 17 सितम्बर को कोलंबो में खेले गए इस प्रतियोगिता के फाइनल में भारत ने श्रीलंका को 10 विकेट से हराकर विजेता बना. भारत आठवीं बार इस प्रतियोगिता का विजेता बना है.
मुख्य बिन्दु
- टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की पूरी टीम 15 ओवर 2 गेंदों में 50 रन बना पाई. भारत ने 51 रन का लक्ष्य मात्र छह ओवर और एक गेंद में हासिल कर लिया.
- मोहम्मद सिराज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट लिए. उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ घोषित किया गया.
- भारत ने किसी भी वनडे फाइनल में गेंद शेष रहने के मामले में सबसे बड़ी जीत हासिल की है. भारतीय टीम ने इस प्रतियोगिता के फाइनल में 263 गेंद शेष रहते मैच जीता.
- इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के नाम था. उन्होंने 2003 में सिडनी में त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 226 गेंद शेष रहते मैच जीता था.
- 50 ओवर के प्रारूप में गेंदों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत श्रीलंका ने जिम्बाब्वे पर 2001 में 274 गेंद शेष रहते हासिल की थी.
- श्रीलंका ने ही कनाडा को 2003 में 272 गेंद शेष रहते, नेपाल ने अमेरिका को 2020 में 268 गेंद शेष रहते, न्यूजीलैंड ने बांग्लादेश को 264 गेंद शेष रहते 2007 में हराया. इसके बाद भारत की इस जीत का नंबर आता है.
प्रधानमंत्री ने इंटरनेशनल कन्वेंशन और एक्सपो सेंटर ‘यशोभूमि’ का लोकार्पण किया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 17 सितम्बर को दिल्ली के द्वारका में इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन और एक्सपो सेंटर (IICC) का पहला चरण राष्ट्र को समर्पित किया था. इसका नाम ‘यशोभूमि’ दिया गया है.
- यशोभूमि का अभी पहला चरण ही पूरा हुआ है. इसके पूरा हो जाने के बाद यह दुनिया के सबसे बडे सम्मेलन और प्रदर्शनी स्थलों में से एक होगा.
- ‘यशोभूमि‘ कन्वेंशन सेंटर प्रगति मैदान में तैयार किए गए ‘भारत मंडपम’ से भी बड़ा है, जहाँ हाल ही में जी-20 से जुड़ी बैठकों और कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था.
- करीब 1.07 लाख वर्ग मीटर से अधिक एरिया में बने इन प्रदर्शनी हॉलों का उपयोग विश्व स्तरीय बैठकों, प्रदर्शनियों, व्यापार मेलों और व्यावसायिक कार्यक्रमों की मेजबानी के लिए किया जाएगा.
प्रधानमंत्री ने पीएम विश्वकर्मा योजना का शुभारंभ किया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 17 सितम्बर 2023 को विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर नई दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर ‘यशोभूमि’ में पीएम विश्वकर्मा योजना का शुभारंभ किया.
मुख्य बिन्दु
- इस योजना का उद्देश्य देश के ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों के कारीगरों और शिल्पकारों की आर्थिक मदद के साथ ही स्थानीय उत्पादों, कला और शिल्प के माध्यम से सदियों पुरानी परंपरा, संस्कृति तथा विविध विरासत को जीवित और समृद्ध रखना है.
- पीएम विश्वकर्मा योजना में 18 पारंपरिक शिल्प-कलाओं को शामिल किया गया है. इस योजना को 13 हजार करोड रुपए के परिव्यय के साथ केंद्र सरकार द्वारा पूरी तरह से वित्त पोषित किया जाएगा.
- इस योजना के तहत बायोमेट्रिक आधारित पीएम विश्वकर्मा पोर्टल का उपयोग करके सामान्य सेवा केद्रों के माध्यम से विश्वकर्माओं का निशुल्क पंजीकरण किया जाएगा.
- इस योजना के तहत कामगारों को 15000 रुपए का टूलकिट, साथ ही एक लाख रुपए का लोन 5 फीसदी ब्याज पर दिया जाएगा और पहला लोन चुकाने के बाद 2 लाख रुपए का लोन दिया जाएगा. इसका फायदा लाखों कामगारों को होगा.
16 सितम्बर: ओजोन परत संरक्षण दिवस से संबंधित महत्त्वपूर्ण जानकारी
प्रत्येक वर्ष 16 सितम्बर को विश्व ओजोन परत संरक्षण दिवस (International Day for the Preservation of the Ozone Layer) मनाया जाता है. इस दिवस के मनाने का उद्देश्य पूरे विश्व में इसके प्रति लोगों में जागरूकता लाना है.
मांट्रियल सन्धि पर हस्ताक्षर होने के उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष 16 सितंबर को यह दिवस मनाया जाता है. 23 जनवरी, 1995 को संयुक्त राष्ट्र संघ की आम सभा में 16 सितंबर को अन्तर्राष्ट्रीय ओजोन परत संरक्षण दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया था.
वर्ष 2023 का थीम
इस वर्ष यानी 2023 के ओज़ोन परत संरक्षण दिवस का थीम ‘मॉन्ट्रियल प्रोटोकॉल: ओजोन परत को ठीक करना और जलवायु परिवर्तन को कम करना’ (Montreal Protocol: fixing the ozone layer and reducing climate change) है.
ओजोन क्या है?
- ओजोन एक हल्के नीले रंग की गैस होती है. इस गैस की परत पृथ्वी को सूर्य की हानिकारक किरणों से बचाती है. ओजोन परत सामान्यत: धरातल से 10 किलोमीटर से 50 किलोमीटर की ऊंचाई के बीच पाई जाती है.
- ओजोन परत की खोज साल 1913 में फ्रांस के वैज्ञानिक फैबरी चार्ल्स और हेनरी बुसोन ने की थी. इस गैस में आक्सीजन के तीन परमाणु (O3) होते हैं. यह सूर्य से निकलने वाली पराबैंगनी किरणों के लिए एक अच्छे फिल्टर का काम करती है.
- पराबैगनी किरणों (अल्ट्रा वायलेट रेडिएशन) की बढ़ती मात्रा से चर्म कैंसर, मोतियाबिंद के अलावा शरीर में रोगों से लड़ने की क्षमता कम हो जाती है. यही नहीं, इसका असर जैविक विविधता पर भी पड़ता है और कई फसलें नष्ट हो सकती हैं.
17 सितम्बर को हैदराबाद मुक्ति दिवस मनाया गया
17 सितम्बर को ‘हैदराबाद मुक्ति दिवस’ (Hyderabad Mukti Divas) मनाया गया. यह दिवस हैदराबाद रियासत के भारतीय संघ में ऐतिहासिक विलय के उपलक्ष्य में मनाया जाता है. 1948 में इसी दिन निजाम के दमनकारी शासन का अंत हुआ था. ‘ऑपरेशन पोलो’ के नाम से प्रसिद्ध यह दिवस पुलिस कार्रवाई का द्योतक है.
हैदराबाद मुक्ति दिवस: मुख्य बिंदु
- 1947 में शेष भारत के स्वतंत्र होने के बाद भी, हैदराबाद राज्य के लोगों को स्वाधीनता के लिए और 13 महीने की प्रतीक्षा करनी पड़ी थी.
- तत्कालीन गृह मंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल ने हैदराबाद राज्य के भारतीय संघ में विलय को वास्तविकता बना दिया. यह तभी संभव हुआ जब भारतीय सेना ने निजाम शासन और उनकी निजी सेना के राजाकारों के खिलाफ पांच दिनों तक पुलिस कार्रवाई की.
- अभियान के अंत में आसफ जाह वंश के अंतिम निज़ाम, मीर उस्मान अली खान ने 1948 में आज ही के दिन विलय समझौते पर हस्ताक्षर किये.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
‘एक राष्ट्र एक चुनाव’ समिति की पहली बैठक 23 सितम्बर को
पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा है कि ‘एक राष्ट्र एक चुनाव’ समिति की पहली बैठक 23 सितम्बर को होगी. यह समिति लोकसभा, विधानसभाओं, नगर निकायों और पंचायतों के चुनाव एक साथ कराने की संभावनाओं पर विचार के बाद अपनी सिफारिशें देगी. सरकार ने श्री कोविंद की अध्यक्षता वाली 8 सदस्यीय समिति के संबंध में अधिसूचना जारी की थी.
वर्ष 2030 तक मसालों के निर्यात का लक्ष्य प्रतिवर्ष 10 अरब डॉलर
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत को वर्ष 2030 तक मसालों के निर्यात का लक्ष्य प्रतिवर्ष 10 अरब डॉलर तक पहुंचाना चाहिए, जो अभी चार अरब डॉलर प्रतिवर्ष है. केन्द्रीय मंत्री नवी मुम्बई में मसाला निर्यात उत्कृष्टता पुरस्कार समारोह को संबोधित कर रहे थे.
भारत ने डेविस कप के विश्व ग्रुप-एक के लिए क्वालीफाई किया
भारत ने डेविस कप के विश्व ग्रुप-एक के लिए क्वालीफाई कर लिया है. भारत के रोहन बोपन्ना और युकी भांबरी की जोडी ने पुरुष डबल्स में मोरक्को के खिलाफ 4-1 से बढ़त हासिल की है. वहीं, सुमित नागल ने अपना रिवर्स सिंगल्स मैच जीता. बोपन्ना और भांबरी ने मोरक्को के इलियट बेनचेट्रिट और यूनुस लालामी लारौसी को पराजित किया.
