डेली कर्रेंट अफेयर्स
श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघ की भारत यात्रा
श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघ 20-21 जुलाई को भारत की यात्रा पर थे. भारत और श्रीलंका के राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निमंत्रण पर भारत पहुंचे थे. राष्ट्रपति का कार्यभार संभालने के बाद श्री विक्रमसिंघ की यह पहली भारत यात्रा थी.
मुख्य बिन्दु
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघ ने नई दिल्ली में द्विपक्षीय बैठक की.
- बैठक में दोनों देशों ने आर्थिक सहयोग से जुडे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में पांच महत्वपूर्ण समझौते किये. दोनों देशों के बीच पर्यटन क्षेत्र में सहयोग पर प्रमुख रूप से चर्चा की गई.
- इन समझौते में नवीकरणीय ऊर्जा पर एक समझौता और श्रीलंका के त्रिंकोमाली में आर्थिक विकास परियोजनाओं पर सहयोग शामिल है.
- श्रीलंका में यू.पी.आई. के जरिये लेन-देन के लिए एन.आई.पी.एल. और श्रीलंका पे के बीच समझौता हुआ. इससे दोनों देशों के बीच भुगतान प्रणाली आसान होगी.
- संयुक्त संवाददाता सम्मेलन के दौरान श्रीलंका में भारतीय मूल के तमिलों के लिए 75 करोड रुपयों की विभिन्न परियोजनाओं की घोषणा की गयी.
- श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघ की भारत यात्रा दोनों देशों के बीच मौजूद दोस्ती को मजबूत करेगी और साथ ही सभी क्षेत्रों में सहयोग को और बढावा देने में लाभकारी होगी.
- भारत ने 2022 के श्रीलंका के आर्थिक संकट के दौरान आवश्यक वस्तुओं के लिए मानवीय सहायता के रूप में चार अरब डॉलर प्रदान किया था. श्री
- लंका भारत की नेबरहुड फर्स्ट नीति और विजन सागर यानी क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास में एक महत्वपूर्ण भागीदार है.
भारत और मंगोलिया के बीच ‘Nomadic Elephant – 2023’ सैन्य अभ्यास
भारत और मंगोलिया के बीच 17-31 जुलाई तक ‘Nomadic Elephant – 2023’ नामक संयुक्त सैन्य अभ्यास आयोजित किया जा रहा है. यह इस सैन्य अभ्यास का 15वां संस्करण है, जिसे मंगोलिया के उलानबटार में आयोजित किया गया है.
‘Nomadic Elephant’ भारत और मंगोलिया के बीच एक वार्षिक प्रशिक्षण कार्यक्रम है. इस अभ्यास का उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र के आदेश के तहत पहाड़ी इलाकों में आतंकवाद विरोधी अभियानों पर ध्यान केंद्रित करना है.
भारतीय सेना की जम्मू और कश्मीर लाइट इन्फैंट्री रेजिमेंट इस युद्ध अभ्यास में सक्रिय रूप से भाग ले रही है.
20 जुलाई: अंतर्राष्ट्रीय शतरंज दिवस
प्रत्येक वर्ष 20 जुलाई को अंतर्राष्ट्रीय शतरंज दिवस (International Chess Day) मनाया जाता है. 1924 में इसी दिन इंटरनेशनल चेस फेडरेशन (FIDE) की स्थापना हुई थी. संयुक्त राष्ट्र ने आधिकारिक तौर पर एक दिवस के रूप में मनाने की मान्यता 2019 में दी थी.
शतरंज का आविष्कार भारत में पांचवीं शताब्दी में किया गया था. इसे मूल रूप से ‘चतुरंग’ नाम दिया गया था. पहला आधुनिक शतरंज टूर्नामेंट 1851 में लंदन में आयोजित किया गया था और जर्मन एडॉल्फ एंडरसन ने जीता था.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
नई दिल्ली में पारंपरिक औषधियों पर आसियान देशों का सम्मेलन
नई दिल्ली में 20 जुलाई को पारंपरिक औषधियों पर आसियान देशों के सम्मेलन आयोजित किया गया. इसमें कम्बोडिया और वियतनाम सहित दस आसियान देशों ने भाग लिया. सम्मेलन का उद्देश्य भारत और आसियान देशों के बीच अपनी सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करने और पारंपरिक दवाओं के क्षेत्र में भविष्य के सहयोग की रूपरेखा तैयार करना है.
चार नई महिला सांसदों को उपसभापति पैनल में नामित किया गया
राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने चार नई महिला सांसदों को उपसभापति पैनल में नामित किया है. इसमें पीटी उषा, एस. फांगनोन कोन्याक, डॉ. फौजिया खान और सुलता देव शामिल हैं. पुनर्गठित पैनल में कुल आठ नाम शामिल हैं. पहली बार राज्यसभा में उपसभापति के पैनल में महिला सदस्यों को समान प्रतिनिधित्व दिया गया है.
जर्मनी के वाइस चांसलर रॉबर्ट हैबेक की भारत यात्रा
विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने नई दिल्ली में जर्मनी के वाइस चांसलर रॉबर्ट हैबेक से मुलाकात की. डॉ. जयशंकर ने कहा कि भारत-जर्मनी सहयोग के कई नए अवसरों पर श्री हैबेक के साथ उनकी सार्थक चर्चा हुई. श्री हैबेक ने इंडो-जर्मन बिजनेस फोरम को भी संबोधित किया.
फीफा महिला विश्व कप ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की मेजबानी में शुरू
फीफा महिला विश्व कप 20 जुलाई से शुरू हो गया है. प्रतियोगिता के पहले मैच में ग्रुप-ए में न्यूजीलैंड ने नार्वे को और ग्रुप-बी में ऑस्ट्रेलिया ने आयरलैंड को एक-शून्य से हराकर टूर्नामेंट में जीत के साथ आगाज किया है. ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड संयुक्त रूप से महिला फुटबॉल विश्व कप की मेजबानी कर रहे हैं.
