डेली कर्रेंट अफेयर्स
प्रधानमंत्री की अमरीका की यात्रा, जेट इंजन बनाने के लिए समझौता
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 21 से 25 जून तक अमरीका और मिस्र की यात्रा पर थे. श्री मोदी अमरीका के राष्ट्रपति जो बाइडेन और प्रथम महिला डॉ० जिल बाइडेन के निमंत्रण पर 21 से 23 जून तक अमरीका की राजकीय यात्रा पर थे.
मुख्य बिन्दु
- अमरीका यात्रा के दौरान श्री मोदी ने 21 जून को न्यूयॉर्क के संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह के आयोजनों का नेतृत्व किया.
- जाने-माने गणित सांख्यिकीयविद, विद्वान और लेखक प्रोफेसर नसीम निकोलस तलेब के साथ मुलाकात की. विख्यात बोद्ध विद्वान और लेखक पद्यश्री बॉब थुरमन के साथ भी बातचीत की.
- टैसला मोटर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एलन मस्क से भी मिले. उन्होंने कहा कि भारत में दुनिया के किसी भी अन्य बडे देश से अधिक संभावनाएं हैं.
- प्रधानमंत्री मोदी ने वाशिंगटन डीसी में माइक्रोन टैक्नोलॉजी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय महरोत्रा से मुलाकात की. प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें भारत में सेमी कंडक्टर के निर्माण में माइक्रोन टैक्नोलॉजी की भागीदारी के लिए आमंत्रित किया.
- प्रधानमंत्री मोदी ने अमरीका के वाशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति जो बाइडन से मुलाकात की. उन्होंने अमेरिकी संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित किया.
- उन्होंने व्हाइट हाउस के ओवल कार्यालय में अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन के साथ द्विपक्षीय वार्ता की और कई अहम समझौतों पर हस्ताक्षर किए.
लड़ाकू जेट इंजन बनाने के लिए समझौता: मुख्य बिन्दु
प्रधानमंत्री मोदी की अमेरिका की इस यात्रा के दौरान लड़ाकू जेट इंजन बनाने के लिए भारत में प्लांट लगाने से संबंधित के समझौता पर हस्ताक्षर किया गया.
- इस समझौते के तहत अब भारत का हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) और अमेरिकी कंपनी जनरल इलेक्ट्रिक (जीई) एयरोस्पेस मिलकर एफ-414 जेट इंजन का भारत में सह-उत्पादन करेंगे.
- भारत फाइटर जेट्स बनाने वाला विश्व के पाँचवाँ देश होगा. अभी तक दुनिया के सिर्फ चार देश अमेरिका, रूस, इंग्लैंड और फ्रांस फाइटर जेट के इंजन बनाते हैं, यानी दुनियाभर में उड़ रहे फाइटर जेट्स में इन्हीं देशों में बने इंजन लगे हैं.
- जीई के F-414 जेट इंजनों का निर्माण भारत सरकार की ‘आत्मनिर्भर योजना’ के तहत स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (एलसीए) मार्क-2 की ताकत बढ़ाने के लिए है. तेजस एलसीए मार्क-1 जीई कंपनी के F-404 इंजन से ही संचालित हैं.
- अब भारत में बनने वाले एफ-414 जेट इंजनों को एलसीए मार्क-2 के अलावा पांचवीं पीढ़ी के उन्नत मध्यम लड़ाकू विमान (एएमसीए) में भी लगाये जाने की योजना है.
जी-20 देशों के श्रम संबंधी समूह की शिखर बैठक पटना में आयोजित की गई
जी-20 देशों के श्रम संबंधी समूह ‘श्रम-20’ की शिखर बैठक 22-23 जून तक बिहार की राजधानी पटना में आयोजित की थी.
मुख्य बिन्दु
- इस शिखर सम्मेलन में मजदूर संगठनों के नेताओं, विशेषज्ञों, शिक्षाविदों और सरकारी अधिकारियों ने हिस्सा लिया था.
- इस शिखर बैठक का उदघाटन बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने किया. इस आयोजन में केंद्रीय श्रम और रोजगार मंत्री भूपेंद्र यादव के अलावा राज्य के श्रम संसाधन मंत्री सुरेंद्र राम तथा विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए.
- सम्मेलन के समापन दिवस पर कई द्विपक्षीय और बहुपक्षीय बैठकें हुई. इन बैठकों में शामिल प्रतिनिधि सार्वभौमिक सामाजिक सुरक्षा, महिलाओं और कार्य के भविष्य पर मसौदा वक्तव्य पर चर्चा किए.
विश्व की सर्वाधिक तेज बाइक रेस ‘मोटो जीपी’ 2023 का आयोजन उत्तर प्रदेश में होगा
‘मोटो जीपी’ 2023 का आयोजन 22 से 24 सितंबर तक उत्तर प्रदेश में होगा. यह विश्व की सर्वाधिक तेज बाइक रेस प्रतियोगिता है जिसका आयोजन भारत में पहली बार किया जा रहा है.
मोटो जीपी 2023: मुख्य बिन्दु
- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 21 जून को ‘मोटो जीपी 2023’ का पहला टिकट जारी किया.
- मोटोजीपी दुनिया की सबसे पुरानी सबसे तेज और सबसे बड़ी बाइक प्रतियोगिता है. इसका आयोजन उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर में मौजूद बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट में किया जाएगा.
- यह दुनिया का पांचवां सबसे ज्यादा देखा जाने वाला इवेंट है. यह पहली बार होगा कि मोटो जीपी रेस का आयोजन यूरोप से बाहर हो रहा है और यह उत्तर प्रदेश में होगा.
- मोटोजीपी के सदस्य देशों में से 12 देश जी-20 समूह में भी शामिल हैं. भारत इस समय जी-20 समूह की मेजबानी कर रहा है.
23 जून: संयुक्त राष्ट्र लोक सेवा दिवस
प्रत्येक वर्ष 23 जून को ‘संयुक्त राष्ट्र लोक सेवा दिवस’ (United Nations Public Service Day) मनाया जाता है. इस दिवस को मनाने का उद्देश्य लोगों में सार्वजनिक सेवा के मूल्य और गुणों के बारे में जागरूक करना है.
संयुक्त राष्ट्र महासभा ने प्रतिवर्ष ‘23 जून’ को संयुक्त राष्ट्र लोक सेवा दिवस के रूप में मनाने की घोषणा दिसंबर 2002 में की थी.
इस दिन संयुक्त राष्ट्र लोक सेवा पुरस्कार प्रदान किया जाता है. यह पुरस्कार लोक सेवा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया जाने वाला अन्तर्राष्ट्रीय स्तर का प्रतिष्ठित पुरस्कार है.
भारत में सिविल सेवा दिवस प्रतिवर्ष 21 अप्रैल को मनाया जाता है.
23 जून: अंतर्राष्ट्रीय ओलिम्पिक दिवस
प्रत्येक वर्ष 23 जून को अंतर्राष्ट्रीय ओलिम्पिक दिवस (International Olympic Day) मनाया जाता है. यह दिवस पूरे विश्व में किसी भी भेद-भाव को दरकिनार करते हुए विभिन्न खेलों में सहभागिता बढ़ाने के लिए मनाया जाता है. इस वर्ष यानी 2023 में इस दिवस का थीम ‘Let’s Move’ था.
पेरिस में 23 जून 1894 को आयोजित आधुनिक ओलिम्पिक खेलों की शुरूआत के उपलक्ष्य में यह दिन मनाया जाता है. अंतर्राष्ट्रीय ओलिम्पिक समिति ने सभी राष्ट्रीय ओलिम्पिक समितियों (NOC) को ओलिम्पिक दिवस आयोजित करने की सिफारिश 1978 में की थी. इसका उद्देश्य ओलिम्पिक कार्यक्रमों को प्रोत्साहित करना है.
अन्तर्राष्ट्रीय ओलिम्पिक समिति: एक दृष्टि
अन्तर्राष्ट्रीय ओलिम्पिक समिति (IOC) की स्थापना 23 जून 1894 को पियरे डी कुबरटिन और डेमेत्रियोस विकेलस ने की थी. इसका मुख्यालय स्विट्जरलैंड के लॉसेन में है. यह ओलिम्पिक खेलों के आयोजन के लिए एक नियामक संस्था है.
23 जून: अन्तर्राष्ट्रीय विधवा दिवस
प्रत्येक वर्ष 23 जून को अन्तर्राष्ट्रीय विधवा दिवस (International Widows Day) के रूप में मनाया जाता है. यह दिवस विधवा महिलाओं की समस्याओं के प्रति समाज में जागरुकता फ़ैलाने के उद्देश्य से मनाया जाता है. इस वर्ष का थीम ‘अदृश्य महिलाएं, अदृश्य समस्याएं’ (Invisible Women, Invisible Problems) था.
संयुक्त राष्ट्र संघ की महासभा ने 23 जून को अन्तर्राष्ट्रीय विधवा दिवस घोषित किया था. संयुक्त राष्ट्र संघ ने इसकी घोषणा 2010 में की थी.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
सैफ फुटबॉल चैंपियनशिप 2023
सैफ फुटबॉल चैंपियनशिप 2023 भारत में खेला जा रहा है. बेंगलूरू में भारत ने पाकिस्तान को 4-0 से हरा दिया है. इसके साथ ही भारत ने इस प्रतियोगिता में जीत के साथ अपना अभियान शुरू किया. इस चैंपियनशिप में इस बार आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं. ग्रुप ए में भारत, कुवैत, नेपाल और पाकिस्तान हैं. ग्रुप बी में लेबनान, मॉलदीव, भूटान और बंगलादेश हैं.
बेंगलुरू में आज 14वां युवा परामर्श कार्यक्रम वाई-20
भारत की जी-20 अध्यक्षता के अन्तर्गत बेंगलुरू में 22-23 जून को 14वां युवा परामर्श कार्यक्रम ‘वाई-20’ शुरू आयोजित किया गया. परामर्श सत्र का विषय था – स्वास्थ्य, खुशहाली और खेल. सत्र के दौरान युवाओं से संबंधित विभिन्न विषयों पर विचार विमर्श हुआ.
भारत में स्वदेशी रूप से तैयार नैनो यूरिया अमरीका को निर्यात
भारतीय किसान उर्वरक सहकारी लिमिटेड (इफ्को) ने भारत में स्वदेशी रूप से तैयार नैनो यूरिया अमरीका को निर्यात करना शुरू कर दिया है. नैनो यूरिया में रासायनिक उर्वरक के उपयोग को कम करने और वायु और जल प्रदूषण को नियंत्रित करने के साथ-साथ मिट्टी की उर्वरकता बचाने की बडी क्षमता है.
सरकार ने एफसीआई को ई-नीलामी का निर्देश दिया
सरकार ने गेहूं और चावल की कीमतों को नियंत्रित रखने के लिए भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) को ई-नीलामी का निर्देश दिया है. उचित और औसत गुणवत्ता वाले गेहूं का आधार मूल्य 2150 रुपये प्रति क्विंटल रखा गया है. इस ई-नीलामी में खरीदार अधिकतम 100 मीट्रिक टन तक बोली लगा सकता है.
