डेली कर्रेंट अफेयर्स
स्वीडन और फिनलैंड को NATO में शामिल करने पर सहमति बनी
स्वीडन और फिनलैंड को उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (NATO) में शामिल करने पर सहमति बन गई है. यह सहमति फिनलैंड के विदेश मंत्री पेक्का हाविस्टो और स्वीडन की विदेश मंत्रि एन लिंडे की उपस्थिति में बेल्जियम के ब्रसेल्स में स्थित नैटो मुख्यालय में बनी.
मुख्य बिन्दु
तुर्की, फिनलैंड और स्वीडन के बीच त्रिपक्षीय समझौते के बाद यह सहमति बनी. तुर्की ने शुरू में नैटो संगठन में इन नॉर्डिक देशों के प्रवेश का विरोध करते हुए आरोप लगाया था कि दोनों देश कुर्द अलगाववादियों को आश्रय दे रहे हैं.
मैड्रिड में त्रिपक्षीय बैठक में तुर्की ने कुछ शर्तों के बाद विरोध समाप्त कर दिया था.
उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (NATO) क्या है?
नाटो या NATO, North Atlantic Treaty Organization (उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन) का संक्षिप्त रूप है. यह 30 यूरोपीय और उत्तरी अमरीकी देशों का एक सैन्य गठबन्धन है जो रूसी आक्रमण के खिलाफ दूसरे विश्वयुद्ध के बाद 1949 में बनाया गया था. इसका मुख्यालय ब्रुसेल्स (बेल्जियम) में है. नाटो सदस्य देशों ने सामूहिक सुरक्षा की व्यवस्था बनाई है, जिसके तहत बाहरी हमले की स्थिति में सदस्य देश सहयोग करते हैं.
नाटो के सदस्य देश
मूल रूप से नाटो में 12 सदस्य (फ्रांस, बेल्जियम, लक्जमर्ग, ब्रिटेन, नीदरलैंड, कनाडा, डेनमार्क, आइसलैण्ड, इटली, नार्वे, पुर्तगाल और संयुक्त राज्य अमेरिका) थे जो अब बढ़कर 30 हो गए हैं. सबसे हालिया सदस्य उत्तर मैसेडोनिया है जिसे 2020 में संगठन में जोड़ा गया था.
नाटो के अन्य सदस्य देश: ग्रीस, तुर्की, जर्मनी, स्पेन, चेक गणराज्य, हंगरी, पोलैंड, बुल्गारिया, एस्टोनिया, लातविया, लिथुआनिया, रोमानिया, स्लोवाकिया और स्लोवेनिया, अल्बानिया और क्रोएशिया, मोंटेनेग्रो और उत्तर मैसेडोनिया.
MoEFCC ने वन (संरक्षण) नियम 2022 जारी किया
पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (MoEFCC) ने हाल ही में वन (संरक्षण) नियम 2022 जारी किया था.
ये नियम वन (संरक्षण) अधिनियम, 1980 की धारा 4 और वन (संरक्षण) नियम, 2003 के अधिक्रमण (Supersession) में प्रदान किया गया है.
वन (संरक्षण) नियम 2022 के प्रावधान:
- निगरानी उद्देश्यों के लिए एक सलाहकार समिति, राज्य/केंद्र शासित प्रदेश (UT) में एक स्क्रीनिंग समिति और एक क्षेत्रीय अधिकार प्राप्त समिति का गठन किया जाएगा. ये समितियाँ राज्य सरकारों को समयबद्ध तरीके से परियोजनाओं पर सलाह देगी.
- 40 हेक्टेयर तक की भूमि पर सभी रैखिक परियोजनाओं (राजमार्ग और सड़कों) और 0.7 घनत्व तक वन भूमि का उपयोग करने वाली परियोजनाओं की जांच के लिए एकीकृत क्षेत्रीय कार्यालय की स्थापना की जाएगी.
- वन अधिकार अधिनियम, 2006 के तहत वनवासियों के वन अधिकारों के निपटान के लिए राज्य जिम्मेदार होंगे. वे वन भूमि के डायवर्जन की भी अनुमति देंगे.
भारत में वन: एक दृष्टि
भारत वन स्थिति रिपोर्ट-2021 के अनुसार, भारत का कुल वन और वृक्षावरण क्षेत्र अब 7,13,789 वर्ग किलोमीटर है, जो देश के भौगोलिक क्षेत्र का 21.71% है. भारत में सर्वाधिक वनावरण क्षेत्रफल के मामले में मध्य प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश और छत्तीसगढ़ क्रमशः शीर्ष तीन राज्य हैं.
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत राज्य रैंकिंग सूचकांक
केंद्रीय उपभोक्ता कार्य, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री पीयूष गोयल ने 5 जुलाई को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत राज्य रैंकिंग सूचकांक सूचकांक जारी किया था.
मुख्य बिंदु
- इस सूचकांक में ओडिसा ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया. रैंकिंग में उत्तर प्रदेश दूसरे और आंध्र प्रदेश तीसरे स्थान पर रहा. श्री गोयल ने दिल्ली में खाद्य और पोषण सुरक्षा पर राष्ट्रीय सम्मेलन में यह सूचकांक जारी किया था.
- ओडिशा को 0.836 का इंडेक्स स्कोर मिला. 0.797 के इंडेक्स स्कोर के साथ उत्तर प्रदेश दूसरे स्थान पर है. आंध्र प्रदेश 0.794 के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर है.
राष्ट्रपति ने राज्यसभा के लिए चार सांसदों को मनोनीत किया
राज्यसभा में राष्ट्रपति विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान देने वाले 12 सांसदों को मनोनीत करते हैं. इस श्रेणी में 6 जुलाई को राष्ट्रपति ने चार सांसदों को मनोनीत किया. ये सांसद हैं- पीटी उषा, इलैयाराजा, वीरेंद्र हेगड़े और वी विजेंद्र प्रसाद. ये सांसद क्रमशः खेल, फिल्म, संगीत और समाजसेवा क्षेत्रों में विशिष्ट स्थान रखते हैं.
मुख्य बिन्दु
- नए मनोनीत चारों सांसद दक्षिण भारत से आते हैं. पीटी उषा केरल से हैं, 1984 ओलंपिक खेलों में चौथा स्थान हासिल कर पूरे देश में लोकप्रिय हो गईं. उन्होंने 1986 के सिओल एशियाई खेलों में चार स्वर्ण पदक जीते.
- संगीतकार इलैया राजा ने 1400 फिल्मों के 7000 गाने संगीतबद्ध किए. तमिल के साथ-साथ तेलुगु फिल्मों में भी संगीत दिया
- विजयेंद्र प्रसाद ने बाहुबली, आरआरआर, बजरंगी भाईजान, राउडी राठौड़, मणिकर्णिका और मार्शल जैसी फिल्मों की कहानी लिखी.
- वीरेंद्र हेगड़े कर्नाटक में धर्मस्थल मंजुनाथ स्वामी मंदिर के अनुवांशिक ट्रस्टी हैं. हेगड़े का परिवार कई हिंदू मंदिरों का ट्रस्टी है.
भारतीय संविधान में प्रावधान
भारतीय संविधान का अनुच्छेद- 80 राज्यसभा के गठन का प्रावधान करता है. राज्यसभा के सदस्यों की अधिकतम संख्या 250 हो सकती है, परंतु वर्तमान में यह संख्या 245 है. इनमें से 12 सदस्यों को राष्ट्रपति द्वारा साहित्य, विज्ञान, कला और समाज सेवा से संबंधित क्षेत्रों से मनोनीत किया जाता है.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
अग्रदूत समाचार पत्र समूह के स्वर्ण जयंती समारोह का शुभारंभ
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कॉफ्रेंस के माध्यम से अग्रदूत समाचार पत्र समूह के स्वर्ण जयंती समारोह का शुभारंभ किया. असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा भी इस अवसर पर उपस्थित थे. अग्रदूत की शुरूआत असमिया पाक्षिक के रूप में हुई थी. असम के वरिष्ठ पत्रकार कनक सेन डेका ने इसकी स्थापना की थी.
सेवा क्षेत्र में बीते 11 वर्षों की सबसे तेज वृद्धि दर्ज
अंतर्राष्ट्रीय रेटिंग एजेंसी स्टैंडर्ड एण्ड पुअर्स ग्लोबल के खरीद प्रबंध सूचकांक – पीएमआई सर्वे के अनुसार जून महीने में भारत की सर्विस सेक्टर गतिविधियां में सुधार हुआ. जून महीने में देश के सेवा क्षेत्र में बीते 11 वर्षों की सबसे तेज वृद्धि दर्ज हुई.
जून में पीएमआई सूचकांक 59.2
पीएमआई सूचकांक (Purchasing Managers’ Index) मई महीने के 58.9 से बढकर जून में 59.2 पर आ गया, जो अप्रैल 2011 के बाद का सर्वोच्च स्तर है. पीएमआई में 50 से ऊपर का आंकडा विस्तार, जबकि इससे नीचे का, संकुचन दर्शाता है.
ब्रिटेन के वित्त मंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ने त्यागपत्र दिया
ब्रिटेन के वित्त मंत्री ऋषि सुनक और स्वास्थ्य मंत्री साजिद जाविद ने प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन की सरकार से त्यागपत्र दे दिया है. दोनों ही मंत्री जॉनसन मंत्रिमंडल के प्रमुख सदस्य थे और उनका इस्तीफा प्रधानमंत्री के लिए बड़ा झटका है. एक पूर्व अधिकारी ने प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा निलंबित सांसद क्रिस पिंचर के खिलाफ आरोपों से गलत ढंग से निपटने की बात कही थी जिसके बाद राजनीतिक विवाद गहरा गया था.
विख्यात गांधीवादी और स्वतंत्रता सेनानी पी. गोपीनाथन नायर का निधन
विख्यात गांधीवादी और स्वतंत्रता सेनानी पी. गोपीनाथन नायर का निधन हो गया. वे सौ वर्ष के थे. श्री नायर ने गांधीवादी विचारधारा के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. वे भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान जेल भी गए. उन्हें 2016 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था.
स्मृति ईरानी को अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय का प्रभार
महिला और बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी को उनके मौजूदा विभाग के साथ अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय का प्रभार सौंपा गया है. नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को इस्पात मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी और इस्पात मंत्री राम चंद्र प्रसाद सिंह ने केंद्रीय मंत्रिपरिषद से त्यागपत्र दे दिया था. राज्यसभा सांसद के रूप में श्री नकवी और श्री सिंह का कार्यकाल 7 जुलाई को समाप्त हो गया है.
स्वतंत्रता सेनानी अल्लूरी सीताराम राजू की प्रतिमा का अनावरण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता सेनानी अल्लूरी सीताराम राजू की 125वीं जयंती पर आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले के भीमावरम में उनकी 30 फीट की कांस्य प्रतिमा का अनावरण किया.
भारतीय वायु सेना के फाइटर पायलटों की पिता-पुत्री टीम ने रचा इतिहास
भारतीय वायु सेना (IAF) के फ्लाइंग ऑफिसर अनन्या शर्मा और उनके पिता फाइटर पायलट एयर कमोडोर संजय शर्मा ने एक ही जेट फॉर्मेशन में उड़ान भरकर विमानन इतिहास बनाया.
