डेली कर्रेंट अफेयर्स
सिनी शेट्टी मिस इंडिया 2022 की विजेता बनीं
सिनी शेट्टी मिस इंडिया (Miss India) 2022 की विजेता बनीं. मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में मिस इंडिया 2022 का ख़िताब सिनी शेट्टी को दिया गया। शेट्टी को फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2022 का ताज उनकी पूर्ववर्ती मिस इंडिया 2020, मनासा द्वारा पहनाया गया। वह अब 71वें मिस वर्ल्ड पेजेंट में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। सिनी शेट्टी कर्नाटक की रहने वाली हैं।
राजस्थान की रुबल शेखावत फेमिना मिस इंडिया 2022 की उपविजेता रहीं, जबकि उत्तर प्रदेश की रहने वाली शिनाता चौहान दुसरे स्थान पर रहीं.
इसरो ने PSLV-C 53 का सफल परीक्षण किया, सिंगापुर के तीन उपग्रहों का प्रक्षेपण
अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने हाल ही में ध्रुवीय उपग्रह प्रक्षेपण यान ‘PSLV-C 53’ का सफल परीक्षण किया था. इस परीक्षण में PSLV-C 53 के माध्यम से सिंगापुर के तीन उपग्रहों को सफलतापूर्वक अभीष्ट कक्षा में प्रक्षेपित किया गया. यह प्रक्षेपण सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से प्रक्षेपित किया गया था. यह PSLV का 55वां मिशन था.
मुख्य बिंदु
- PSLV-C 53 इसरो की वाणिज्यिक शाखा न्यूस्पेस इंडिया लिमिटेड (NSIL) का दूसरा समर्पित वाणिज्यिक मिशन है. इससे पहले 23 जून को इसरो ने NSIL के लिए बनाए गए नए संचार उपग्रह जीसैट-24 को प्रक्षेपित किया था. इसका प्रक्षेपण फ्रेंच गुयाना (दक्षिण अमेरिका) के कोउरू से किया गया था.
- 44.4 मीटर लंबे PSLV-C 53 से सिंगापुर के तीन उपग्रहों 365 किग्रा के DS-EO, और 155 किलोग्राम के न्यूसर और सिंगापुर के नानयांग टेक्नालाजिकल यूनिवर्सिटी (NTU) के 2.8 किलोग्राम के स्कूब-1 उपग्रह को प्रक्षेपित किया गया.
- प्रक्षेपण यान ने तीनों उपग्रहों को 10 डिग्री झुकाव के साथ 570 किमी की सटीक कक्षा में स्थापित किया.
- दिन और रात, सभी मौसम में तस्वीरें भेजने में सक्षम DS-EO में इलेक्ट्रो-आप्टिक, मल्टी-स्पेक्ट्रल पेलोड होता है जो भूमि वर्गीकरण के लिए पूर्ण रंगीन तस्वीरें भेजेगा. इसके साथ ही मानवीय सहायता और आपदा राहत आवश्यकताओं की पूर्ति करेगा.
- न्यूसर सिंगापुर का पहला छोटा वाणिज्यिक उपग्रह है जो AR पेलोड ले जाता है, जो दिन और रात में और सभी मौसम में तस्वीरें भेजने में सक्षम है.
- सिंगापुर के नानयांग टेक्नालाजिकल यूनिवर्सिटी (NTU) स्कूब-1 सिंगापुर के स्टूडेंट सैटेलाइट सीरीज का पहला उपग्रह है.
भारतीय मूल के सिंगापुर के टी राजा कुमार FATF के अध्यक्ष नियुक्त किये गये
भारतीय मूल के सिंगापुर के टी राजा कुमार FATF के अध्यक्ष नियुक्त किये गये हैं. FATF एंटी-मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामलों की निगरानी करने वाली संस्था है.
मुख्य बिंदु
- राजा कुमार FATF के प्रमुख के रूप में जर्मनी डॉ मार्कस प्लीयर की जगह लेंगे. उनका कार्यकाल दो साल का रहेगा.
- नए अध्यक्ष राजा कुमार ग्लोबल एंटी-मनी लॉन्ड्रिंग और आतंकवाद विरोधी वित्त पोषण उपायों की प्रभावशीलता को बढ़ाने, संपत्ति की वसूली में सुधार और अन्य मामलों की निगरानी करेंगे.
- कुमार सिंगापुर में गृह मंत्रालय और सिंगापुर पुलिस बल में 35 से अधिक सालों तक सीनियर लीडरशिप में रहे हैं. इंटरपोल और संयुक्त राष्ट्र के साथ काम करने का भी टी राजाकुमार को गहन अनुभव है.
- उन्होंने सिंगापुर में नए कैसीनो के लिए एक मजबूत नियामक ढांचा तैयार किया. जिससे एंटी मनी लॉन्ड्रिंग और टेररिज्म फाइनेंसिंग का मुकाबला किया जा सके.
फाइनेंशियल ऐक्शन टास्क फोर्स (FATF): एक दृष्टि
- FATF पैरिस स्थित अंतर-सरकारी संस्था है. इसका काम गैर-कानून आर्थिक मदद (आतंकी फाइनैंसिंग) को रोकने के लिए नियम बनाना है. इसका गठन 1989 में किया गया था.
- वर्तमान में FATF की पूर्ण सदस्यता वाले देशों की संख्या 39 है. सउदी अरब को 21 जून 2019 को फ्लोरिडा के ऑरलैंडो में समूह की वार्षिक आम बैठक में FATF की सदस्यता दी गयी. वह पूर्ण सदस्यता पाने वाला 39वां देश बना है.
- FATF की ग्रे-लिस्ट या ब्लैक-लिस्ट में डाले जाने पर देश को अन्तर्राष्ट्रीय संस्थाओं से कर्ज मिलने में काफी कठिनाई आती है.
FATF की पूर्ण सदस्यता वाले देश
अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ऑस्ट्रिया, बेल्जियम, ब्राजील, कनाडा, चीन, डेनमार्क, यूरोपीय आयोग, फिनलैंड, फ्रांस, जर्मनी, ग्रीस, गल्फ को-ऑपरेशन काउंसिल, हांगकांग, चीन, आइसलैंड, भारत, आयरलैंड, इजरायल, इटली, जापान, कोरिया गणराज्य, लक्समबर्ग, मलेशिया, मैक्सिको, नीदरलैंड, न्यूजीलैंड, नॉर्वे, पुर्तगाल, रूसी संघ, सिंगापुर, दक्षिण अफ्रीका, स्पेन, स्वीडन, स्विट्जरलैंड, तुर्की, यूनाइटेड किंगडम, संयुक्त राज्य अमेरिका और सऊदी अरब
FATF का पर्यवेक्षक देश
इंडोनेशिया
4 जुलाई 2022: अमेरिका का 246वां स्वतंत्रता दिवस
अमेरिका प्रत्येक वर्ष 4 जुलाई को अपना स्वतंत्रता दिवस (Independent Day) मनाता है. इस वर्ष अमेरिका का 246वां स्वतंत्रता दिवस मनाया गया. 1776 में इसी दिन संयुक्त राज्य अमेरिका (United State Of America) के राष्ट्र निर्माताओं ने स्वतंत्रता संबंधी घोषणा-पत्र पर हस्ताक्षर किए थे. इसमें 13 अमरीकी उपनिवेशों के ब्रिटिश साम्राज्य से मुक्त हो जाने की घोषणा की गई. घोषणा-पत्र पर हस्ताक्षर करने वालों में थॉमस जैफर्सन और बेंजामिन फ्रैंकलिन शामिल थे.
ब्रिटिश साम्राज्य का हिस्सा था
भारत की ही तरह अमेरिका भी ब्रिटिश साम्राज्य का एक हिस्सा था. 4 जुलाई 1776 को अमेरिका को ब्रिटिश साम्राज्य से पूर्ण स्वतंत्रता मिली थी. जॉर्ज वॉशिंगटन देश के पहले राष्ट्रपति बने थे. इसके बाद 1789 में यहाँ दुनिया का पहला लिखित संविधान लागू हुआ था. अमेरिका विश्व का पहला देश बना, जिसने व्यक्ति की समानता और मौलिक अधिकारों की घोषणा की.
अमेरिकी स्वतंत्रता संग्राम का आंदोलन 1765 से 1783 तक चला था. तत्कालीन ब्रिटिश-अमेरिका के 13 उपनिवेशों ने 4 जुलाई 1776 को स्वयं को स्वतंत्र घोषित कर दिया था. इन उपनिवेशों ने यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका की स्थापना की. जिसके बाद से ही हर साल 4 जुलाई को अमेरिका में राष्ट्रीय अवकाश रहता है.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
गांधी नगर में डिजिटल भारत सप्ताह 2022 का उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात में गांधी नगर के महात्मा मंदिर में डिजिटल भारत सप्ताह (डिजिटल इंडिया वीक) 2022 का उद्घाटन किया। इसका विषय देश को डिजिटल रूप से सशक्त समाज और ज्ञान की अर्थव्यवस्था में बदलने के लिए नए भारत की तकनीक को बढावा देना है।
उपराष्ट्रपति का चुनाव छह अगस्त को होगा
उपराष्ट्रपति का चुनाव छह अगस्त को होगा। उपराष्ट्रपति चुनाव के निर्वाचक मंडल में राज्यसभा के 233 निर्वाचित सदस्य तथा 12 मनोनीत सदस्य और लोकसभा के 543 निर्वाचित सदस्य शामिल हैं। इस प्रकार निर्वाचक मंडल में संसद के दोनों सदनों के कुल 788 सदस्य शामिल हैं।
नूर-सुल्तान में एलोर्डा कप में भारत को कुल 14 पदक
भारतीय महिला मुक्केबाज अल्फिया पठान और गीतिका ने कजाख्स्तान के नूर-सुल्तान में एलोर्डा कप में स्वर्ण पदक जीते हैं। दो अन्य भारतीय महिला मुक्केबाज कलाइवानी श्रीनिवासन और जमुना बोरो को रजत पदक मिला है। टूर्नामेंट में भारत ने कुल 14 पदक जीते।
दिल्ली विधानसभा ने वेतन, भत्ते और पेंशन संशोधन विधेयक 2022 पारित किया
दिल्ली विधानसभा ने वेतन, भत्ते और पेंशन संशोधन विधेयक 2022 पारित किया है। यह विधेयक मंत्रियों, विधानसभा सदस्यों, मुख्य सचेतक, अध्यक्ष और उपाध्यक्ष तथा नेता विपक्ष के वेतन और भत्तों को 54 हजार से बढ़ाकर 90 हजार रुपए करने का प्रावधान करता है। पारित होने के बाद विधेयक राष्ट्रपति के पास स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा।
