डेली कर्रेंट अफेयर्स
64वां ग्रेमी अवॉर्ड: भारतीय म्यूजिक कंपोजर रिकी केज को सम्मानित किया गया
64वें वार्षिक ग्रैमी अवार्ड्स (64th Annual Grammy Awards) 2022 की घोषणा 4 अप्रैल की गयी थी. पुरस्कार समारोह पहली बार लास वेगास (अमेरिका) के एमजीएम ग्रैंड गार्डन एरिना में आयोजित किए गये थे.
भारतीय म्यूजिक कंपोजर रिकी केज को ‘बेस्ट न्यू एज एल्बम’ कैटिगरी में सम्मानित किया गया
- पुरस्कार समारोह में भारतीय म्यूजिक कंपोजर रिकी केज ने अपना दूसरा ग्रैमी जीता. उन्हें यह अवॉर्ड ‘डिवाइन टाइड्स’ (Devine Tides) के लिए ‘बेस्ट न्यू एज एल्बम’ (Best New Age Album) की कैटिगरी में दिया गया.
- भारतीय-अमेरिकन आर्टिस्ट फाल्गुनी शाह को ‘ए कलरफुल वर्ल्ड’ (A Colorful World) के लिए ‘बेस्ट चिंल्ड्रंस म्यूजिक एलबम’ (Best Children Music Album) कैटगरी में सम्मानित किया गया.
- बेंगलुरु के रहने वाले रिकी केज ने 2015 में ‘विंड्स ऑफ समसरा’ (Winds of Samsara) एलबम के लिए ‘बेस्ट न्यू एज एलबम’ कैटेगरी में पहला ग्रैमी जीता था. रिकी ये अवॉर्ड जीतने वाले चौथे भारतीय हैं और यह सम्मान पाने वाले भारत के सबसे कम उम्र के व्यक्ति हैं.
- अरोज आफताब ग्रैमी जीतने वाली पहली पाकिस्तानी महिला बन गई हैं. उन्होंने ‘मोहब्बत’ के लिए बेस्ट ग्लोबल म्यूजिक परफॉर्मेंस कैटेगरी का ग्रैमी जीता.
62वां ग्रैमी पुरस्कार के मुख्य विजेताओं की सूची
- एल्बम ऑफ द ईयर: जॉन बैटिस्ट
- सॉंग ऑफ द ईयर: लीव द डोर ओपन
- रिकॉर्ड ऑफ द ईयर: लीव द डोर ओपन
- बेस्ट न्यू आर्टिस्ट: ओलिविया रोड्रिगो
- बेस्ट कंट्री एल्बम: स्टार्टिंग ओवर
- बेस्ट न्यू एज एल्बम: डिवाइन टाइड्स (भारतीय म्यूजिक कंपोजर रिकी केज का एल्बम)
- बेस्ट चिल्ड्रेन म्यूजिक: ए कलरफुल वर्ल्ड (भारतीय-अमेरिकी गायिका फाल्गुनी शाह का एल्बम)
ग्रैमी पुरस्कार: एक दृष्टि
- ग्रैमी अवार्ड (मूल रूप से ग्रामोफोन पुरस्कार), ‘द रेकॉर्डिंग अकादमी’ द्वारा दिया जाता है. यह पुरस्कार मुख्य रूप से अंग्रेजी (भाषा) संगीत उद्योग में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए अलग-अलग कैटेगरी में दिया जाता है.
- प्रथम ग्रेमी अवार्ड समारोह 4 मई, 1959 को बेवर्ली हिल्स कैलिफोर्निया में बेवर्ली हिल्टन होटल और न्यूयॉर्क शहर में पार्क शेरेटन होटल आयोजित किया गया था.
20वां भारत-फ्रांस द्विपक्षीय नौसेना अभ्यास ‘वरुण-2022’ अरब सागर में आयोजित किया गया
भारत और फ्रांस की नौसेना के बीच द्विपक्षीय नौसेना अभ्यास ‘वरुण-2022’ का आयोजन 30 मार्च से 03 अप्रैल, 2022 तक किया गया था. यह ‘वरुण’ अभ्यास का 20वां संस्करण था जिसका आयोजन अरब सागर में किया गया था.
निर्बाध समन्वय, युद्धाभ्यास का सटीक कार्यान्वयन और जटिल पनडुब्बी-रोधी युद्ध अभ्यासों का तय समय पर निष्पादन वरुण अभ्यास -2022 की विशेषता रही.
भारत-फ्रांस नौसेना अभ्यास ‘वरुण’: एक दृष्टि
- दोनों नौसेनाओं के बीच द्विपक्षीय नौसेना अभ्यास 1993 से आयोजित किया जा रहा है और इस अभ्यास को 2001 में ‘वरुण’ नाम दिया गया था.
- वरुण-2022 अभ्यास में दोनों नौसेनाओं के विभिन्न जहाज, पनडुब्बी, समुद्री गश्ती विमान, लड़ाकू विमान और हेलीकॉप्टर ने हिस्सा लिया था.
ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को हराकर सातवीं बार महिला क्रिकेट विश्व कप का विजेता बना
ऑस्ट्रेलिया सातवीं बार आईसीसी महिला विश्व कप क्रिकेट (ICC Women’s World Cup) 2022 का विजेता बन गया है. 3 अप्रैल को न्यूज़ीलैंड के क्राइस्टचर्च में खेले गए फाइनल में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने इंग्लैंड की टीम को 71 रनों से पराजित कर इस प्रतियोगिता का विजेता बना.
मुख्य बिंदु
- फाइनल मैच में टॉस जीत कर इंग्लैंड ने पहले फील्डिंग का फैसला लिया था. ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट खोकर 356 रन का विशाल स्कोर बनाया था. 357 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम 44 ओवर में 285 रन पर सिमट गई.
- ऑस्ट्रेलिया ने रिकॉर्ड सातवीं बार महिला वर्ल्ड कप अपने नाम किया है. इंग्लैंड ने 2017 में यह खिताब हासिल किया था. ऑस्ट्रेलिया ने इस टूर्नामेंट में खेले सभी मैचों में जीत हासिल की थी.
- प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट एलिसा हेली को मिला. इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन 21 विकेट के साथ टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज थीं.
आईसीसी महिला विश्व कप क्रिकेट 2022
यह आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप का 12वां संस्करण था. यह टूर्नामेंट 4 मार्च से 3 अप्रैल 2022 तक न्यूजीलैंड में आयोजित किया गया था.
संसद ने दिल्ली के तीन नगर निगमों के एकीकरण संबंधी विधेयक को स्वीकृति दी
संसद ने दिल्ली के तीन नगर निगमों के एकीकरण संबंधी “दिल्ली नगर निगम-संशोधन विधेयक (Delhi Municipal Corporation Amendment Bill) 2022” को पारित कर दिया है. संसद में पारित होने के बाद इस विधेयक ने अधिनियम का रूप ले लिया है.
दिल्ली नगर निगम-संशोधन अधिनियम: मुख्य बिंदु
- इस विधेयक में दिल्ली नगर निगम अधिनियम 1957 में संशोधन करने तथा दिल्ली के तीन मौजूदा नगर निगमों को मिलाकर केवल एक दिल्ली नगर निगम बनाने का प्रस्ताव है.
- विधेयक में दिल्ली के लोगों के लिए अधिक पारदर्शी, कार्यकुशल और बेहतर नागरिक सेवाओं के प्रबंधन के प्रावधान किए गए हैं. वर्तमान में दिल्ली में तीन निगमों- उत्तर, दक्षिण और पूर्वी दिल्ली नगर निगमों में कुल 272 सीटें हैं.
- वर्ष 2012 में दिल्ली नगर निगम को तीन नगर निगमों- दक्षिण दिल्ली नगर निगम, उत्तरी दिल्ली नगर निगम और पूर्वी दिल्ली नगर निगम में विभाजित किया गया था.
- एकीकृत नगर निगम करने से तीन मेयरों (महापौर) की जगह एक मेयर होगा, 75 समितियों की जगह 25 समितियां होगी, तीन मिंसिपल कमीशनर की जगह एक मिंसिपल कमीश्नर होगा, तीन मुख्यालय की जगह एक मुख्यालय होगा, निर्णयों में समानता रहेगी, एकरूकता रहेगी एक ही शहर में दो प्रकार के कर के स्ट्रक्चर नहीं रहेंगे. वित्तीय स्थिति भी अच्छी रहेगी और लगभग 150 करोड़ का खर्च सालाना इससे कम होगा.
संवैधानिक पहलू
यह विधेयक भारतीय संविधान के अनुच्छेद 239AA-3C के तहत लाया गया है. इस अनुच्छेद में देश की संसद को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली की विधानसभा द्वारा बनाएं गए किसी भी कानून को संशोधित करने का, उसके स्वरूप बदलने का, या तो उसकों निरस्त करने का अधिकार देता है.
5 अप्रैल: राष्ट्रीय समुद्री दिवस
प्रत्येक वर्ष 5 अप्रैल को देशभर में ‘राष्ट्रीय समुद्री दिवस’ (National Maritime Day) मनाया जाता है. इस वर्ष (5 अप्रैल 2022 को) राष्ट्रीय समुद्री दिवस का 59वां संस्करण मनाया गया. इस दिवस को मनाने का उद्देश्य लोगों को भारतीय जहाजरानी उद्योग की गतिविधियों और देश की अर्थव्यवस्था में इसकी भूमिका से अवगत कराना है. राष्ट्रीय समुद्री दिवस के 59वें संस्करण का विषय ‘Sustainable Shipping beyond Covid-19’ है.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
लोकसभा में दण्ड प्रक्रिया पहचान विधेयक 2022 पारित
लोकसभा में दण्ड प्रक्रिया पहचान विधेयक 2022 पारित हो गया है. यह विधेयक 1920 के कैदी पहचान अधिनियम की जगह लेगा. इसमें उन व्यक्तियों की पहचान से जुड़े उपयुक्त उपायों को कानूनी स्वीकृति देने की व्यवस्था है, जिनमें अंगुलियों के निशान, हाथ की छाप और पंजों के निशान, फोटो, आंख की पुतली और रेटीना का रिकार्ड और शारीरिक जैविक नमूने तथा उनके विश्लेषण आदि शामिल हैं.
पाकिस्तान के कार्यवाहक प्रधानमंत्री के रूप में गुलजार अहमद के नाम का प्रस्ताव
पाकिस्तान के निवर्तमान प्रधानमंत्री इमरान खान ने कार्यवाहक प्रधानमंत्री के रूप में पूर्व मुख्य न्यायाधीश गुलजार अहमद के नाम का प्रस्ताव किया है. इससे पहले, राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने श्री इमरान खान और विपक्ष के नेता शहबाज शरीफ को पत्र भेजकर कार्यवाहक प्रधानमंत्री की नियुक्ति पर सलाह मांगी थी.
HDFC लिमिटेड का HDFC बैंक में विलय होगा
HDFC लिमिटेड का HDFC बैंक में विलय होगा. इस विलय के बाद यह एक बड़ा बैंकिंग केन्द्र और देश की तीसरी सर्वाधिक मूल्यवान कम्पनी हो जाएगा. HDFC इस विलय के जरिए HDFC बैंक में 41 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करेगी. HDFC लिमिटेड के अध्यक्ष दीपक पारिख हैं.
