डेली कर्रेंट अफेयर्स
भारत और ऑस्ट्रेलिया ने आर्थिक सहयोग और व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किये
भारत और ऑस्ट्रेलिया ने 2 मार्च को आर्थिक सहयोग और व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किये. ये समझौते वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और भारत की यात्रा पर आये ऑस्ट्रेलिया के व्यापार, पर्यटन और निवेश मंत्री डैन टेन के बीच द्विपक्षीय वार्ता के दौरान किये गये.
मुख्य बिंदु
- इस वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन भी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित थे.
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि इस समझौते को बहुत कम समय में अंतिम रूप दिया गया है. इससे भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच आपसी विश्वास का पता चलता है.
- ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरीसन ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सहयोग में उल्लेखनीय प्रगति हुई है. इस समझौते से कई क्षेत्रों में दोनों देशों के लिए आर्थिक साझेदारी के लिए नये रास्ते खुलेंगे.
- श्री पीयूष गोयल ने इस दिन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच वस्त्र, सूचना प्रौद्योगिकी और औषधि उद्योग सहित कई क्षेत्रों में अपार संभावनाएं हैं.
भारत और ऑस्ट्रेलिया व्यापार समझौता: एक दृष्टि
- इस समझौते के तहत, ऑस्ट्रेलिया अपने बाजार में चमड़े, कपड़ा, खेल उत्पादों और आभूषणों जैसे 95% से अधिक भारतीय सामानों के लिए शुल्क मुक्त पहुंच प्रदान करेगा. समझौते से छह हजार से ज्यादा भारत के उत्पाद अब शुल्क मुक्त पहुंच सकेंगे.
- यह नया हस्ताक्षरित समझौता दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार को मौजूदा 27.5 बिलियन डॉलर से अगले पांच वर्षों में 45-50 बिलियन डॉलर तक ले जाने में मदद करेगा.
नेपाल के प्रधानमंत्री की भारत यात्रा, दोनों देशों के बीच चार समझौते
नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा ने 1-2 अप्रैल को भारत की यात्रा की थी. जुलाई 2021 में प्रधानमंत्री का पद संभालने के बाद श्री उनकी यह पहली आधिकारिक विदेश यात्रा थी.
इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच चार समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा की नई दिल्ली में प्रतिनिधिमण्डल स्तर की वार्ता के दौरान ये समझौते किए गये. बैठक में दोनों नेताओं ने आपसी साझेदारी की प्रगति की समीक्षा की. दोनों देशों के बीच सहयोग विस्तार के बारे में भी विचार-विमर्श किया गया.
मुख्य बिंदु
- इस अवसर पर श्री मोदी और श्री देउबा ने कई परियोजनाओं का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया. उन्होंने बिहार के जयनगर और नेपाल के कुरथा के बीच यात्री रेलगाडी को झण्डी दिखाकर रवाना किया. उन्होंने संयुक्त रूप से सोलू कॉरीडोर- 132 किलोवॉट क्षमता की बिजली पारेषण लाइन और नेपाल में बिजली उप-केन्द्र का भी उद्घाटन किया.
- दोनों देशों ने पंचेश्वर परियोजना में तेज गति से आगे बढ़ने के महत्व पर जोर दिया है. भारतीय कंपनियों द्वारा नेपाल के हाइड्रो पॉवर डेवलपमेंट योजनाओं में और अधिक भागीदारी के विषय पर भी सहमति व्यक्त की. व्यापार और सभी प्रकार से क्रॉस बॉर्डर कनेक्टिविटी और इनिसिएटिव को प्राथमिकता देने पर भी सहमति जताई.
परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम का 5वां संस्करण दिल्ली में आयोजित किया गया
बहुप्रतीक्षित वार्षिक कार्यक्रम ‘परीक्षा पे चर्चा’ का 5वां संस्करण 1 मार्च को नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित किया गया था. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अध्यापकों और अभिभावकों के साथ बातचीत की.
परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम: एक दृष्टि
- परीक्षा पे चर्चा आपसी बातचीत का कार्यक्रम है जिसमें देश और विदेश के विद्यार्थी, अभिभावक और शिक्षक प्रधानमंत्री से परीक्षा के तनाव से उबरने और जीवन को उत्सव के रूप में मनाने के संबंध में बातचीत करते हैं.
- इस कार्यक्रम के लिए कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों का चयन ऑनलाइन प्रतियोगिता के माध्यम से किया जाता है. इस कार्यक्रम के लिए 15 लाख से अधिक विद्यार्थियों, अध्यापकों और अभिभावकों का पंजीकरण हुआ था.
ओरलियंस मास्टर्स बैडमिंटन के पुरूष सिंगल्स में भारत के मिथुन मंजूनाथ को रजत पदक
फ्रांस में ओरलियंस मास्टर्स बैडमिंटन के पुरूष सिंगल्स में भारत के मिथुन मंजूनाथ को रजत पदक मिला है. फाइनल में मंजूनाथ को फ्रांस के टोमा जूनियर पोपोव ने 21-11, 21-19 से पराजित किया.
टूर्नामेंट में शीर्ष वरीयता प्राप्त बी साईं प्रणीथ को प्री-क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा. महिला डबल्स में अश्विनी भट्ट और शिखा गौतम की जोड़ी सेमीफाइनल तक पहुंची थी.
25 मार्च से 3 अप्रैल तक लाल किला महोत्सव मनाया गया
25 मार्च से 3 अप्रैल 2022 तक “लाल किला महोत्सव – भारत भाग्य विधाता” मनाया गया था. यह उत्सव नई दिल्ली में स्थित प्रतिष्ठित लाल किले में मनाया गया.
यह महोत्सव लाल किले के स्मारक मित्र, केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय और डालमिया भारत लिमिटेड के सहयोग से आजादी का अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था. इस आयोजन का उद्देश्य दुनिया को भारत-केंद्रित मूल्यों से परिचित कराना है जो विश्व स्तर पर प्रासंगिक हो सकते हैं.
2 अप्रैल: विश्व ऑटिज्म जागरूकता दिवस
प्रत्येक वर्ष 2 अप्रैल को विश्व ऑटिज़्म जागरूकता दिवस (World Autism Awareness Day) मनाया जाता है. इस दिवस को मनाने का उद्देश्य ऑटिज्म से ग्रस्त लोगों को इससे लड़ने तथा इसका निदान करने के लिए प्रोत्साहित करना है ताकि वे समाज में अन्य लोगो की तरह पूर्ण और सार्थक जीवन जी सकें. इस वर्ष यानी 2022 में विश्व ऑटिज्म जागरूकता दिवस का विषय (थीम) ‘सभी के लिए समावेशी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा’ (Inclusive Quality Education for All) है.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
पाकिस्तान में नेशनल असेंबली को भंग किया गया
पाकिस्तान में नेशनल असेंबली के डिप्टी स्पीकर कासिम खान सूरी ने सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को विदेशी ताकतों द्वारा प्रायोजित बताते हुए खारिज कर दिया. अविश्वास प्रस्ताव खारिज होने के बाद राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने प्रधानमंत्री इमरान खान की अनुशंसा पर नेशनल असेंबली भंग कर दी. कार्यवाहक प्रधानमंत्री की नियुक्ति तक इमरान खान अगले 15 दिनों के लिए प्रधानमंत्री के रूप में कार्य करते रहेंगे.
श्रीलंका में सभी कैबिनेट मंत्रियों ने त्यागपत्र दिया
श्रीलंका में 3 मार्च को सभी कैबिनेट मंत्रियों ने त्यागपत्र दे दिया. इन मंत्रियों ने अपने त्यागपत्र प्रधानमंत्री महिन्दा राजपक्ष को सौंप दिये. देश में आर्थिक संकट से निपटने में सरकार की विफलता पर जनता के आक्रोश को देखते हुए मंत्रियों ने यह कदम उठाया है. श्रीलंका में विदेशी मुद्रा भंडार में कमी के कारण यह आर्थिक संकट उत्पन्न हुआ है.
श्रीनगर की डल झील में पांच गांव विकसित करने का फैसला
जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने श्रीनगर की डल झील में पांच गांव विकसित करने का फैसला किया है. ये गांव हैं- कचरी मोहल्ला, सोफी मोहल्ला, टिंडा मोहल्ला, अखून मोहल्ला और सब्जी बाजार. इन गांवों में निवासियों, पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं होंगी. वे पर्यटकों को घर में रुकने की सुविधा भी प्रदान करेंगे.
रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोफ की भारत यात्रा
भारत की यात्रा पर आये रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोफ ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भेंट की. प्रधानमंत्री ने रुसी विदेश मंत्री से कहा है कि यूक्रेन-रूस संघर्ष खत्म करने के शांति प्रयासों में भारत योगदान के लिए तैयार है. श्री लावरोफ ने प्रधानमंत्री को यूक्रेन की स्थिति और शांति वार्ता के प्रयासों के बारे में जानकारी दी.
GST संग्रह बढ़कर अब तक के उच्चतम स्तर पर
देश में इस वर्ष मार्च में वस्तु और सेवा कर (GST) संग्रह बढ़कर अब तक के उच्चतम स्तर 1.42 लाख करोड़ रुपये से ऊपर पहुंच गया. पिछले वर्ष मार्च की तुलना में 15 प्रतिशत अधिक जीएसटी राजस्व का संग्रह हुआ है. इससे पहले सर्वाधिक संग्रह इस वर्ष जनवरी में हुआ था जब 1.41 लाख करोड़ रुपये से अधिक एकत्र हुए थे.
