डेली कर्रेंट अफेयर्स
भारत ने पहली बार विश्व डबल्स स्क्वॉश चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता
WSF विश्व डबल्स स्क्वॉश चैंपियनशिप (World Squash Doubles Championships) 2022, 5 से 9 अप्रैल तक स्कॉटलैंड के ग्लासग्लो में आयोजित किया गया था. WSF वर्ल्ड डबल्स स्क्वैश चैंपियनशिप के इतिहास में भारत ने पहली बार स्वर्ण पदक जीता है.
मुख्य बिंदु
- भारत की दीपिका पल्लीकल ने मिक्स्ड डबल्स में सौरव घोषाल और महिला डबल्स में जोशना चिनप्पा के साथ मिलकर स्वर्ण पदक जीता.
- मिक्स्ड डबल्स के फाइनल में दीपिका और सौरव की जोड़ी ने इंग्लैंड के एड्रेन वॉलर और एलिसन वॉटर्स की जोड़ी को हराया.
- इसके बाद, पल्लिकल और जोशना चिनप्पा की जोड़ी ने महिला डबल्स का खिताब जीता. फाइनल में भारतीय जोड़ी ने इंग्लैंड की साराह जेन पैरी और एलिसन वॉटर्स की जोड़ी को हराया.
भारत ने पिनाका MK-I उन्नत रॉकेट सिस्टम का सफलतापूर्वक परीक्षण किया
भारत ने 9 अप्रैल को पिनाका रॉकेट सिस्टम के नए और उन्नत संस्करण का परीक्षण शृंखला सफलतापूर्वक पूरा किया है. यह परीक्षण शृंखला रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) तथा भारतीय सेना द्वारा पोखरण फायरिंग रेंज से किया गया था.
मुख्य बिंदु
- इस परीक्षण शृंखला में पिनाका MK-I (एन्हांस्ड) रॉकेट सिस्टम (EPRS) और पिनाका एरिया डेनियल मुनिशन (ADM) रॉकेट सिस्टम शामिल था.
- पिछले 15 दिनों के दौरान विभिन्न क्षमता वाले पिनाका MK वन अपग्रेडेड रॉकेट प्रणाली के अंतर्गत 24 रॉकेटों का सफल परीक्षण किया गया है.
- इन परीक्षणों के साथ EPRS की तकनीकी दक्षता का प्रारंभिक चरण सफलतापूर्वक पूरा हो गया है. इस चरण के पूरा होने के बाद यह अब निर्माण श्रृंखला के लिए तैयार हैं.
- पिनाका रॉकेट प्रणाली को पुणे के आयुध अनुसंधान और विकास प्रतिष्ठान ने विकसित किया है जिसमें DRDO की पुणे स्थित एक अन्य इकाई ‘उच्च ऊर्जा सामग्री अनुसंधान प्रयोगशाला’ ने मदद की है.
अटल इनोवेशन मिशन को मार्च 2023 तक विस्तारित किया गया
केंद्र सरकार ने अटल इनोवेशन मिशन (AIM) को मार्च 2023 तक विस्तारित करने का निर्णय लिया है. यह निर्णय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 9 अप्रैल को लिया गया था.
मुख्य बिंदु
- AIM देश में नवाचार संस्कृति (Innovation culture) और उद्यमशीलता पारिस्थितिकी तंत्र (Entrepreneurial Ecosystem) बनाने के अपने लक्ष्य पर काम करेगा. यह AIM द्वारा अपने विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से किया जाएगा.
- AIM द्वारा हासिल किए जाने वाले लक्ष्यों में 10,000 अटल टिंकरिंग लैब्स, 101 अटल इनक्यूबेशन सेंटर तथा 50 अटल कम्युनिटी इनोवेशन सेंटर की स्थापना करना और अटल न्यू इंडिया चैलेंजेस के माध्यम से 200 स्टार्टअप्स का समर्थन करना शामिल है.
- इसके लिए 2000 करोड़ रुपये से अधिक का कुल बजट निर्धारित किया गया है.
अटल इनोवेशन मिशन (AIM) क्या है?
अटल इनोवेशन मिशन को 2015 में नीति आयोग के तहत स्थापित किया गया था. इसका उद्देश्य स्कूल, विश्वविद्यालय, अनुसंधान संस्थानों, MSME और उद्योग स्तरों पर देश भर में नवाचार और उद्यमिता का एक पारिस्थितिकी तंत्र बनाना है. AIM ने बुनियादी ढांचे के निर्माण और संस्था निर्माण दोनों पर ध्यान केंद्रित किया है.
संयुक्त राष्ट्र महासभा ने रूस को मानवाधिकार परिषद से निलंबित किया
संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) ने रूस को मानवाधिकार परिषद (UNHRC) से निलंबित कर दिया है. यूक्रेन के बुचा शहर में हत्याओं के बाद यह कदम उठाया गया है.
मुख्य बिंदु
- रूस को UNHRC से निलंबित करने के प्रस्ताव पर 8 अप्रैल को मतदान हुआ था. यह प्रस्ताव अमेरिका सहित कई देशों द्वारा लाया गया था.
- इस प्रस्ताव पर 93 देशों ने रूस को UNHRC से बाहर करने के पक्ष में वोट किया. भारत सहित 58 देशों ने वोटिंग में हिस्सा नहीं लिया. चीन सहित 24 देशों ने रूस को बाहर करने के प्रस्ताव के खिलाफ वोट दिया.
- यूक्रेन के बुचा से रूसी सैनिकों की वापसी के बाद शहर में दर्जनों लोगों के मृत पाए गये थे. इसकी दुनिया भर में निंदा हुई थी, लेकिन मॉस्को ने इन खबरों को फर्जी करार दिया था.
- रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने नागरिकों की मौत में किसी भी भागीदारी से इनकार किया. उन्होंने यू्क्रेनी अधिकारियों पर खबरों को ‘गढ़ने’ का आरोप लगाया है.
UNHRC: एक दृष्टि
- संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) ने दुनिया भर में मानवाधिकारों के संरक्षण के लिए UNHRC की स्थापना 15 मार्च 2006 को की थी. UNHRC, मानवाधिकार उल्लंघनों की भी जांच करता है.
- वर्तमान में UNHRC के 47 सदस्य देश हैं. UNHRC के वर्तमान अध्यक्ष फेडरिको विलेगास (Federico Villegas) हैं.
- UNHRC से किसी सदस्य को निलंबित करने के लिए महासभा में दो-तिहाई बहुमत की आवश्यकता होती है.
थाईलैंड ओपन बॉक्सिंग टूर्नामेंट: 15 सदस्यीय भारतीय दल ने 3 स्वर्ण सहित 10 पदक जीते
थाईलैंड ओपन बॉक्सिंग टूर्नामेंट (Thailand Open International Boxing Tournament) 2022, थाईलैंड के फुकेट शहर में 2 से 9 अप्रैल को आयोजित किया गया था. इस प्रतियोगिता में 15 सदस्यीय भारतीय दल ने 3 स्वर्ण सहित 10 पदक जीते.
मुख्य बिंदु
- इस प्रतियोगिता में भारत के गोविंद साहनी (48 किग्रा), अनंत चोपडे (54 किग्रा) और सुमित (75 किग्रा) ने स्वर्ण पदक जीता.
- चार अन्य भारतीय मुक्केबाजों मोनिका (48 किग्रा), अमित पंघाल (52 किग्रा), वरिंदर सिंह (60 किग्रा) और आशीष कुमार (81 किग्रा) ने फाइनल में हार के बाद रजत पदक जीता.
- मनीषा (57 किग्रा), पूजा (69 किग्रा) और भाग्यबती कचारी (75 किग्रा) ने सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ कांस्य पदक हासिल किया.
- भारतीय मुक्केबाजों ने इस बार पिछले वर्ष के आठ पदकों (एक स्वर्ण, चार रजत और तीन कांस्य) से पदक तालिका में बेहतर प्रदर्शन किया.
11 अप्रैल: राष्ट्रीय सुरक्षित मातृत्व दिवस
प्रत्येक वर्ष 11 अप्रैल को राष्ट्रीय सुरक्षित मातृत्व दिवस मनाया जाता है. इस दिवस को मनाने का उद्देश्य गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं के मातृत्व स्वास्थ्य के बारे में जागरूकता फैलाना है. यह दिवस मनाने वाला भारत दुनिया का पहला देश है.
राष्ट्रीय सुरक्षित मातृत्व दिवस 2022 का थीम- ‘कोरोनावायरस के दौरान घर पर रहें, मां और शिशु को कोरोनावायरस से सुरक्षित रखें’ था. भारत में यह दिवस कस्तूरबा गांधी की जयंती पर मनाई जाती है.
10 अप्रैल: विश्व होम्योपैथिक दिवस
प्रत्येक वर्ष 10 अप्रैल को विश्व होम्योपैथिक दिवस (World Homeopathy Day) मनाया जाता है. विश्व होम्योपैथिक दिवस होम्योपैथिक के संस्थापक डॉक्टर क्रिश्चियन फ्रेडरिक सैमूअल हैनिमैन के जन्मदिन के अवसर पर मनाया जाता है. हैनिमैन का जन्म जर्मनी में 10 अप्रैल 1755 को हुआ था.
भारत में, विश्व होम्योपैथी दिवस आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में मनाया जाता है. हर साल आयुष मंत्रालय विश्व होम्योपैथिक दिवस का विषय (थीम) निर्धारित करता है और देशभर में यह विशेष दिवस के रूप में मनाया जाता है. इस वर्ष यानी 2022 में इस दिवस का मुख्य विषय (थीम)- ‘स्वास्थ्य के लिए लोगों की पसंद’ (People’s Choice For Wellness) है.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
फ्रांस में इमैनुअल मैक्रों और ली पेन राष्ट्रपति चुनाव के लिए योग्य घोषित
फ्रांस में इमैनुअल मैक्रों और उनके प्रतिद्वंद्वी ली पेन राष्ट्रपति चुनाव के लिए योग्य घोषित किए गए हैं. फ्रांस में राष्ट्रपति चुनाव के लिए शीर्ष दो उम्मीदवारों में से चयन के लिए निर्णायक मतदान 24 अप्रैल को होगा. पहले दौर के मतदान के बाद केवल मैक्रों और ली पेन राष्ट्रपति पद की पात्रता हासिल करने में सफल रहे.
प्रधानमंत्री की अमरीकी राष्ट्रपति जो के साथ बैठक
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 11 अप्रैल को अमरीकी राष्ट्रपति जो. बाइडेन के साथ बैठक करेंगे. यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से होगी. दोनों नेता भारत और अमरीका सहयोग की समीक्षा करेंगे और दक्षिण एशिया तथा हिंद-प्रशांत क्षेत्र में हाल के घटनाक्रम और वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे. यह शिखर बैठक भारत और अमरीका के विदेश और रक्षा मंत्रियों की ‘टू प्लस टू वार्ता’ से पहले होगी.
पाकिस्तान में सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित
पाकिस्तान में सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर हुए मतदान में हार के बाद इमरान खान प्रधानमंत्री पद से हटा दिये गए हैं. 342 सदस्यों की नेशनल असेम्बली में प्रस्ताव के पक्ष में 174 वोट पड़े. इमरान खान पाकिस्तान के इतिहास में ऐसे पहले प्रधानमंत्री हैं जिन्हें अविश्वास प्रस्ताव से पद से हटाया गया है.
भारत ने हाफिज तलहा सईद को आतंकवादी घोषित किया
भारत ने आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैय्यबा के हाफिज तलहा सईद को गैर-कानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम 1967 के तहत आतंकवादी घोषित किया है. हाफिज़ तलहा लश्कर-ए-तैय्यबा के सरगना हाफिज़ सईद का बेटा है.
पंचायती राज मंत्रालय 11 अप्रैल से 17 अप्रैल तक विशेष सप्ताह मनाएगा
पंचायती राज मंत्रालय आजादी के अमृत महोत्सव को जन-उत्सव के रूप में मनाने के लिए 11 अप्रैल से 17 अप्रैल तक विशेष सप्ताह मनाएगा. मंत्रालय ने “पंचायतों के नवनिर्माण का संकल्पोत्सव” विषय पर विशेष सप्ताह के लिए सम्मेलनों की एक श्रृंखला तैयार की है. इनमें पंचायती राज संस्थाओं के माध्यम से सतत विकास लक्ष्यों को स्थानीय स्तर पर लागू करने के लिये विचार-विमर्श होगा.
