डेली कर्रेंट अफेयर्स
‘टॉम्ब ऑफ सैंड’ बुकर पुरस्कार के लिए शॉर्टलिस्ट होने वाला पहला हिंदी उपन्यास बना
लेखिका गीतांजलि श्री द्वारा लिखित उपन्यास ‘टॉम्ब ऑफ सैंड’ को बुकर पुरस्कार के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है. यह बुकर पुरस्कार के लिए शॉर्टलिस्ट होने वाला पहला हिंदी उपन्यास बन गया है. अंतर्राष्ट्रीय बुकर पुरस्कार समारोह 26 मई को लंदन में आयोजित होगा.
- गीतांजलि श्री की यह पुस्तक मूल रूप से हिंदी में ‘रेत समाधि’ के नाम से प्रकाशित हुई थी. इसका अंग्रेजी अनुवाद ‘टॉम्ब ऑफ सैंड’ डेजी रॉकवेल ने किया है.
- ‘रेत समाधि’ उत्तर भारत की एक 80 साल की महिला की कहानी है जो अपने पति की मौत के बाद तनाव में चली जाती है और एक नया जीवन शुरू करना चाहती है.
- इस पुरस्कार के लिए पांच अन्य किताबों को भी शॉर्टलिस्ट किया है. पुरस्कार विजेता को 50,000 पाउंड (करीब 49.57 लाख रुपए) की राशि प्रदान की जाएगी, जो लेखक और अनुवादक के बीच समान रूप से विभाजित होगी.
गीतांजलि श्री: मुख्य तथ्य
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में जन्मी गीतांजलि जानी-मानी उपन्यासकार हैं. ‘वैराग्य’ और ‘यहां हाथी रहते थे’ जैसे कहानी संग्रहों में उनके द्वारा लिखी गयी मुख्य कहानियां हैं. गीतांजलि श्री का पहला उपन्यास ‘माई’ था. ‘हमारा शहर उस बरस’, ‘तिरोहित’ और ‘खाली जगह’ उनके द्वारा लिखित अन्य मुख्य उपन्यास हैं.
ग्लोबल विंड रिपोर्ट 2022: 2021 में लगभग 94 GW विंड एनर्जी क्षमता में वृद्धि
वैश्विक संस्था ग्लोबल विंड एनर्जी कौंसिल (GWEC) ने हाल ही में वर्ष 2022 का वैश्विक पवन रिपोर्ट (Global Wind Report 2022) जरी किया था. रिपोर्ट के अनुसार वैश्विक पवन उद्योग के मामले में वर्ष 2021 दूसरा सबसे अच्छा वर्ष था. इस दौरान वैश्विक स्तर पर लगभग 94 GW (गीगावाट) विंड एनर्जी का उत्पादन हुआ, जो 2020 के कुल उत्पादन 93.6 GW से केवल 1.8% कम था.
मुख्य बिंदु
- इस रिपोर्ट में कहा गया है कि नेट-जीरो लक्ष्यों (net-zero goals) को प्राप्त करने के लिए पवन ऊर्जा प्रतिष्ठानों को तेज़ी से बढ़ाने की आवश्यकता है.
- मौजूदा पवन ऊर्जा उत्पादन क्षमता के आधार पर 2030 तक नेट-जीरो और ग्लोबल वार्मिंग को 1.5 डिग्री सेल्सियस तक सीमित करने के लक्ष्य को प्राप्त करने में सक्षम नहीं हो पाएगी. 2050 तक नेट-जीरो लक्ष्य को पूरा करने के लिए, वैश्विक पवन ऊर्जा प्रतिष्ठानों को चौगुना करना होगा.
प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के आज सात वर्ष पूरे, जानिए क्या है मुद्रा योजना
8 अप्रैल 2022 को प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (PMMY) के सात वर्ष पूरे हो गये. प्रधानमत्री नरेन्द्र मोदी ने आठ अप्रैल 2015 को इस योजना का शुभारम्भ किया था.
प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (PMMY): एक दृष्टि
- प्रधानमंत्री मुद्रा योजना का उद्देश्य गैर-निगमित और गैर-कृषि, लघु या सूक्ष्म उद्यमों को दस लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराना है.
- योजना की शुरुआत से अब तक कुल 18.60 लाख करोड़ रूपये के ऋण स्वीकृत किए जा चुके हैं. अब तक 34.42 करोड से अधिक उद्यमियों को यह ऋण दिया गया है, इनमें से 68 प्रतिशत ऋण महिला उद्यमियों को दिए गए हैं. लगभग 22 प्रतिशत ऋण नए उद्यमियों को दिया गया है.
- इस योजना से छोटे कारोबार के लिए अनुकूल माहौल बनाने में मदद मिली है और बिल्कुल निचले स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार अवसर सृजित हुए हैं.
भारत का कृषि निर्यात 50 बिलियन डॉलर, अब तक के उच्चतम स्तर पर
वाणिज्यिक आसूचना एवं सांख्यिकी महानिदेशालय (DGCI&S) ने वर्ष 2021-22 के दौरान देश में कृषि उत्पादन से संबंधित आंकड़े 6 अप्रैल को जरी किया था.
DGCI&S 2022 रिपोर्ट: मुख्य बिंदु
- इन आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2021-22 में कृषि उत्पाद (समुद्री तथा कृषि उत्पाद सहित) का निर्यात 50 बिलियन डॉलर से अधिक था. यह अब तक का सबसे अधिक कृषि उत्पाद निर्यात है.
- (DGCI&S) द्वारा जारी अनंतिम आंकड़ों के अनुसार 2021-22 के दौरान कृषि निर्यात 19.92 प्रतिशत बढ़कर 50.21 बिलियन डॉलर हो गया. यह वृद्धि दर 2020-21 के 17.66 प्रतिशत यानी 41.87 बिलियन से अधिक है.
- 2021-22 में चावल (9.65 बिलियन डॉलर), गेहूं (2.19 बिलियन डॉलर), चीनी (4.6 बिलियन डॉलर) तथा अन्य अनाजों (1.08 बिलियन डॉलर) के लिए यह अब तक का सबसे अधिक निर्यात है. भारत ने चावल के लिए विश्व बाजार में लगभग 50 प्रतिशत हिस्से पर कब्जा कर लिया है.
- गेहूं निर्यात में अप्रत्याशित 273 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई. जहां 2020-21 में गेहूं निर्यात 568 मिलियन डॉलर का था वहीं यह 2021-22 में चार गुना बढ़कर 2119 मिलियन डॉलर हो गया.
- समुद्री उत्पादों का निर्यात अब तक का सबसे अधिक 7.71 बिलियन डॉलर हुआ है. मसालों का निर्यात लगातार दूसरे वर्ष बढ़कर 4 बिलियन डॉलर का हो गया है.
पत्रकार आरिफा जौहरी को ‘चमेली देवी जैन’ पुरस्कार के लिए चुना गया
वर्ष 2021 के ‘चमेली देवी जैन’ पुरस्कार के लिए मुंबई की पत्रकार आरिफा जौहरी को चुना गया है. आरिफा जौहरी ‘स्क्रॉल डॉट इन’ की पत्रकार है.
मुख्य बिंदु
- चमेली देवी जैन पुरस्कार वार्षिक पुरस्कार है, जिसे वर्ष 1982 से दिया जा रहा है. इस पुरस्कार का नाम स्वतंत्रता सेनानी और समाज सुधारक चमेली देवी जैन के नाम पर रखा गया है, जो स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान जेल गई थीं.
- यह भारत में उन महिला मीडियाकर्मियों के लिए एक प्रतिष्ठित पुरस्कार है, जिन्होंने सामाजिक विकास, राजनीति, समानता, लैंगिक न्याय, स्वास्थ्य, युद्ध एवं संघर्ष और उपभोक्ता मूल्यों जैसे विषयों पर रिपोर्टिंग की है.
प्रो. रामदरश मिश्र की कृति ‘मैं तो यहां हूं’ को 31वें सरस्वती सम्मान के लिए चुना गया
प्रोफेसर रामदरश मिश्र के हिन्दी कविता संग्रह ‘मैं तो यहां हूं’ को वर्ष 2021 के 31वें सरस्वती सम्मान के लिए चुना गया है. हिन्दी भाषा की यह कृति वर्ष 2015 में प्रकाशित हुई थी.
प्रो. रामदरश मिश्र गोरखपुर उत्तर प्रदेश के हैं. उनके अब तक 32 काव्य संग्रह, 15 उपन्यास, 30 कहानी संग्रह, 15 समीक्षात्मक कृति, चार ललित निबंध और दो आत्मकथा के अतिरिक्त कई यात्रावृतांत, साक्षात्कार व संस्मरण प्रकाशित हो चुके हैं. उनकी अनेक कृतियों का अन्य भारतीय भाषा में अनुवाद भी किया गया है.
सरस्वती सम्मान: एक दृष्टि
- यह प्रतिष्ठित सम्मान केके बिरला फाउंडेशन की ओर से प्रदान किया जाता है. यह सम्मान प्रतिवर्ष किसी भारतीय नागरिक की एक ऐसी उत्कृष्ट साहित्यिक कृति को दिया जाता है, जो संविधान की आठवीं अनुसूची में उल्लेखित किसी भी भारतीय भाषा में सम्मान वर्ष से पहले 10 वर्ष की अवधि में प्रकाशित हुई हो. भारतीय साहित्य के लिए अब यह शीर्षस्थ सम्मान है.
- इस सम्मान में 15 लाख रुपये की पुरस्कार राशि के साथ प्रशस्ति पत्र व प्रतीक चिह्न भेंट किया जाता है. यह सम्मान 1991 से प्रदान किया जा रहा है. इसके तहत प्रस्तावित कृति साहित्य की किसी भी विधा में हो सकती है, जैसे कविता, कहानी, उपन्यास, नाटक, हास्य-व्यंग्य, ललित निबंध, जीवनी, आत्मकथा, साहित्य समीक्षा और साहित्य का इतिहास.
- केके बिरला फाउंडेशन की ओर से साहित्य में तीन बड़े सम्मान, सरस्वती सम्मान (हिन्दी व संस्कृत सहित सभी भारतीय भाषाओं के लिए), व्यास सम्मान (हिन्दी के लिए) और बिहारी पुरस्कार (राजस्थान के हिन्दी/राजस्थानी लेखकों के लिए) प्रदान किया जाता है.
RBI की द्विमासिक मौद्रिक नीति समीक्षा बैठक, रेपो दर 4%, रिवर्स रेपो दर 3.35% पर अपरिवर्तित
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक 6-8 अप्रैल को मुंबई में हुई थी. बैठक की अध्यक्षता बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने की थी. यह चालू वित्त वर्ष (2022-23) की पहली द्विमासिक (मार्च-अप्रैल) मौद्रिक नीति (1st Bi-Monthly Monetary Policy) समीक्षा बैठक थी. रिजर्व बैंक ने वर्तमान में रेपो रेट 4 प्रतिशत और रिवर्स रेपो रेट 3.35 प्रतिशत पर अपरिवर्तित रखा है. यह लगातार 11वीं बार था जब RBI ने नीतिगत दर पर यथास्थिति बनाए रखी. पढ़ें पूरा आलेख…»
9 अप्रैल: केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल ने 57वां शौर्य दिवस मनाया
केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) प्रत्येक वर्ष 9 अप्रैल को ‘शौर्य दिवस’ (Valour Day) मनाती है. इस वर्ष यानी 2022 में 57वां शौर्य दिवस मनाया गया. आज के ही दिन अप्रैल 1965 में पाकिस्तानी सीमा से लगे हुए भारतीय क्षेत्र पर कब्जा करने के लिए पाकिस्तान सेना ने ‘डेज़र्ट हॉक’ ऑपरेशन चलाया था. पाकिस्तान सीमा से लगे गुजरात के कच्छ केरण क्षेत्र में सरदार एवं टॉक पोस्टों पर CRPF की द्वितीय वाहिनी के दो कम्पनियां तैनात थी. पढ़ें पूरा आलेख…»
6 अप्रैल को अंतरराष्ट्रीय खेल दिवस मनाया गया
प्रत्येक वर्ष 6 अप्रैल को अंतरराष्ट्रीय खेल दिवस (International Day of Sport for Development and Peace) मनाया जाता है. किसी भी व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक विकास में खेलों का अहम योगदान होता है. अतः खेलों के प्रति लोगों में जागरुकता लाने के लिए यह दिवस मनाया जाता है.
संयुक्त राष्ट्र महासभा ने अंतरराष्ट्रीय खेल दिवस को मनाए जाने की पहली बार घोषणा अगस्त 2013 में की थी. इसके बाद 6 अप्रैल 2014 से अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति की ओर से मान्यता मिलने के बाद इसे हर साल मनाया जा रहा है.
सबसे पहले 1896 को एथेंस (ग्रीस) में 6 अप्रैल के ही दिन पहले ओलंपिक खेलों का आयोजन किया गया था. इसीलिए 6 अप्रैल के दिन अंतरराष्ट्रीय खेल दिवस को मनाया जाता है.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
रूस को UNHRC से निलंबित किए जाने के पक्ष में मतदान
संयुक्त राष्ट्र महासभा ने रूस को संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (UNHRC) से निलंबित किए जाने के पक्ष में मतदान किया है. 193 सदस्यों में से 93 ने रूस को परिषद से बाहर करने के पक्ष में जबकि 24 ने विरोध में वोट किया. भारत सहित 58 देश तटस्थ रहे.
2021-22 में कर संग्रह 27 लाख करोड़ रुपये से अधिक
वित्त मंत्रालय ने कहा है कि वित्तीय वर्ष 2021-22 में कर संग्रह 27 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा है. यह राशि बजट अनुमान से पांच लाख करोड़ रुपये अधिक और वित्तीय वर्ष 2020-21 की तुलना में लगभग 34 प्रतिशत अधिक है. 2021-22 में कर और सकल घरेलू उत्पाद का अनुपात सर्वाधिक 11.7 प्रतिशत रहा.
भारत-अमरीका टू प्लस टू संवाद वॉशिंगटन में
भारत और अमरीका के बीच विदेश और रक्षा मंत्री स्तर की बातचीत ‘टू प्लस टू संवाद’ 11 अप्रैल को वॉशिंगटन में होगा. विदेश मंत्री इस संवाद में विदेश मंत्री जयशंकर और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भारतीय शिष्टमंडल का नेतृत्व करेंगे. अमरीका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन और रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन अमरीकी शिष्टमंडल का नेतृत्व करेंगे.
केटंजी ब्राउन जैक्सन अमरीकी सुप्रीम कोर्ट में पहली अश्वेत महिला न्यायाधीश होंगी
अमरीकी सीनेट ने केटंजी ब्राउन जैक्सन को सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीश के रूप में नियुक्ति की स्वीकृति दे दी. सीनेट में जैक्सन के लिये 47 के मुकाबले 53 वोट पड़े. वे उच्चतम न्यायालय में पहली अश्वेत महिला न्यायाधीश होंगी.
भारत और इज़राइल ने एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए
हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) और इज़राइल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज (IAI) ने भारत में नागरिक यात्री विमानों को मल्टी मिशन टैंकर ट्रांसपोर्ट (MMTT) विमान में बदलने के लिए एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए है.
