डेली कर्रेंट अफेयर्स
FATF की बैठक: पाकिस्तान को ग्रे लिस्ट में बने रहने का फैसला
फाइनेंशियल ऐक्शन टास्क फोर्स (FATF) का वर्चुअल सत्र 1-4 मार्च को पेरिस में आयोजित की गयी थी. सत्र की अध्यक्षता जर्मनी के डॉक्टर मार्कस प्लीयर ने की थी. इसमें दुनियाभर के दो सौ ज्यादा सदस्यों और पर्यवेक्षक संगठनों ने हिस्सा लिया था. इनमें अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष, संयुक्त राष्ट्र और एगमोंट ग्रुप ऑफ फाइनेंशियल इंटेलिजेंस इकाइयां शामिल थीं.
बैठक में FATF ने एक बार फिर पाकिस्तान को संदिग्ध देशों की सूची (ग्रे लिस्ट) में रखने का निर्णय लिया. आठ बार दी गई आखिरी समय-सीमाओं के बावजूद पाकिस्तान आतंकवाद के वित्तपोषण पर काबू करने में नाकाम रहा है.
फाइनेंशियल ऐक्शन टास्क फोर्स (FATF): एक दृष्टि
- FATF पैरिस स्थित अंतर-सरकारी संस्था है. इसका काम गैर-कानून आर्थिक मदद (आतंकी फाइनैंसिंग) को रोकने के लिए नियम बनाना है. इसका गठन 1989 में किया गया था.
- वर्तमान में FATF की पूर्ण सदस्यता वाले देशों की संख्या 39 है. सउदी अरब को 21 जून 2019 को फ्लोरिडा के ऑरलैंडो में समूह की वार्षिक आम बैठक में FATF की सदस्यता दी गयी. वह पूर्ण सदस्यता पाने वाला 39वां देश बना है.
- FATF की ग्रे-लिस्ट या ब्लैक-लिस्ट में डाले जाने पर देश को अन्तर्राष्ट्रीय संस्थाओं से कर्ज मिलने में काफी कठिनाई आती है.
- FATF नियमों के मुताबिक, ग्रे-लिस्ट और ब्लैक-लिस्ट के बीच डार्क ग्रे-लिस्ट की भी कैटिगरी होती है. ‘डार्क ग्रे-लिस्ट’ का अर्थ है सख्त चेतावनी, ताकि संबंधित देश को सुधार का एक अंतिम मौका मिल सके.
- FATF ने पाकिस्तान को फरवरी 2018 में इसे ग्रे-लिस्ट के डाला था. इससे पहले पाकिस्तान साल 2012 से 2015 तक FATF की ग्रे लिस्ट में रहा था.
- FATF की वर्तमान ब्लैक-लिस्ट में ईरान और उत्तर कोरिया शामिल हैं.
FATF की पूर्ण सदस्यता वाले देश
अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ऑस्ट्रिया, बेल्जियम, ब्राजील, कनाडा, चीन, डेनमार्क, यूरोपीय आयोग, फिनलैंड, फ्रांस, जर्मनी, ग्रीस, गल्फ को-ऑपरेशन काउंसिल, हांगकांग, चीन, आइसलैंड, भारत, आयरलैंड, इजरायल, इटली, जापान, कोरिया गणराज्य, लक्समबर्ग, मलेशिया, मैक्सिको, नीदरलैंड, न्यूजीलैंड, नॉर्वे, पुर्तगाल, रूसी संघ, सिंगापुर, दक्षिण अफ्रीका, स्पेन, स्वीडन, स्विट्जरलैंड, तुर्की, यूनाइटेड किंगडम, संयुक्त राज्य अमेरिका और सऊदी अरब
FATF का पर्यवेक्षक देश
इंडोनेशिया
FATF का वर्तमान अध्यक्ष देश
जर्मनी: Dr. Marcus Pleyer
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर शेन वॉर्न का निधन
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर शेन वॉर्न का 4 मार्च को दिल का दौरा पड़ने से थाईलैंड में निधन हो गया. वे 52 वर्ष के थे. वह स्पिन के जादूगर के नाम से मशहूर थे. उन्होंने अपने एकदिवसीय करियर की शुरुआत 24 मार्च 1993 को न्यूजीलैंड के विरुद्ध और टेस्ट करियर की शुरुआत 2 जनवरी 1992 को भारत के विरुद्ध की थी.
वॉर्न ने 145 टेस्ट मैचों में 708 विकेट लिए थे. एकदिवसीय क्रिकेट में उन्होंने 194 मैचों में 293 विकेट लिए. वह ऑस्ट्रेलिया की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे.
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट के अलावा वार्न ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में भाग लिया. 2008 में आईपीएल के पहले सीजन में उन्होंने राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी की और उनकी कप्तानी में राजस्थान ने आईपीएल का पहला खिताब अपने नाम किया.
4 मार्च: राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस
प्रत्येक वर्ष 4 मार्च को देश में ‘राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस’ (National Safety Day) मनाया जाता है. इस दिवस को मनाने का उद्देश्य जागरूकता न होने की वजह से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकना है. इस साल यानी 2022 में 51वां राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस मनाया गया.
राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस के साथ ही 4 से 10 मार्च तक ‘राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह’ (National Safety Week) के रूप में मनाया जाने लगा है.
3 मार्च: विश्व वन्यजीव दिवस
प्रत्येक वर्ष 3 मार्च को ‘विश्व वन्यजीव दिवस’ (World Wildlife Day) मनाया जाता है. वर्ष 1973 में इसी दिन वन्य जीवों और वनस्पतियों की लुप्तप्राय प्रजातियों के अंतर्राष्ट्रीय व्यापार से संबंधित एक घोषणा पत्र पर हस्ताक्षर किए गए थे.
वर्ष 2022 में इस दिवस का मुख्य विषय (Theme)- ‘पारिस्थितिकी तंत्र की बहाली के लिए प्रमुख प्रजातियों को पुनर्प्राप्त करना’ (Recovering Key Species for Ecosystem Restoration) है.
3 मार्च: विश्व श्रवण दिवस
विश्व स्वास्थ्य संगठन (World Health Organisation), प्रत्येक वर्ष 3 मार्च को ‘विश्व श्रवण दिवस’ (World Hearing Day) मनाया जाता है. इस दिवस पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जागरूकता अभियान चलाया जाता है. इस दिवस को मनाने का उद्देश्य कान की सुरक्षा और बधीरता से बचाव के लिए जागरूकता फैलाना है.
इस वर्ष यानी 2021 में विश्व श्रवण दिवस का विषय ‘जीवन भर सुनने के लिए ध्यान से सुनें’ (To hear for life, listen with care) है.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
यूक्रेन से भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए ‘ऑपरेशन गंगा’ चलाया जा रहा है
संकटग्रस्त यूक्रेन से भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए ‘ऑपरेशन गंगा’ चलाया गया. इस अभियान के तहत अब तक 11 हजार से अधिक भारतीय नागरिकों को निकाला गया है.
यूक्रेन को यूरोपीय संघ का सदस्य बनाने के पक्ष में मतदान किया
यूरोपियन पार्लियामेंट ने यूक्रेन को यूरोपीय संघ का सदस्य बनाने के पक्ष में मतदान किया. यूरोपियन पार्लियामेंट यूरोपीय संघ की विधायी शाखाओं में से एक है. इसके 637 सदस्यों ने यूक्रेन को सदस्य बनाने के पक्ष में वोट दिया केवल 13 सदस्यों ने विरोध किया और 26 ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया.
फीफा ने रूस की राष्ट्रीय टीम को निलंबित किया
अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल संघ (फीफा) और यूरोपीय फुटबॉल संघ (UEFA) ने रूस की राष्ट्रीय टीम और रूसी फुटबॉल क्लबों को सभी अंतर्राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिताओं से अगले आदेश तक निलंबित कर दिया है. रूस की टीम क़तर में आगामी फीफा विश्व कप में हिस्सा नहीं ले पाएगी.
