डेली कर्रेंट अफेयर्स
94वें ऑस्कर अकादमी पुरस्कार 2022 की घोषणा, ‘कोडा’ को सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार
94वें ऑस्कर पुरस्कार (94th Academy Awards) 2022 के विजेताओं की घोषणा 28 मार्च को की गयी थी. पुरस्कार समारोह परंपरागत रूप से अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित लॉस एंजेलिस के डॉल्बी थिएटर में आयोजित किया गया था.
94वें ऑस्कर अकादमी पुरस्कार समारोह में 1 मार्च से 31 दिसंबर 2021 के बीच रिलीज हुई सर्वश्रेष्ठ फिल्मों को सम्मानित किया गया. इस समारोह के मेजबान एमी शूमर, रेजिना हॉल और वांडा साइक्स थे. आस्कर पुरस्कार समारोह में सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार फ्रेंच-अमेरिकी फिल्म कोडा (CODA) को दिया गया. CODA, Child of Deaf Adults का संक्षिप्त रूप है. पढ़ें पूरा आलेख…»
पद्म पुरस्कार 2022: राष्ट्रपति विजेताओं को सम्मानित किया, जानिए पद्म पुरस्कार के बारे में, पद्म पुरस्कार 2022 की पूरी सूची
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने 28 मार्च को राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में पद्म पुरस्कारों (Padma Awards) के 74 विजेताओं को सम्मानित किया. इससे पहले उन्होंने 21 मार्च को आयोजित समारोह में 54 विजेताओं यह सम्मान प्रदान किया था.
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने 73वें गणतंत्र दिवस 2022 की पूर्व संध्या पर वर्ष 2022 के पद्म पुरस्कारों को मंजूरी दी थी. इस वर्ष कुल 128 लोगों को पद्म पुरस्कार दिए जाने की घोषणा की गयी थी. इनमें 4 लोगों को पद्म विभूषण, 17 को पद्म भूषण और 107 को पद्मश्री सम्मान दिया गया था. वर्ष 2022 के पद्म पुरस्कारों की सूची इस प्रकार है: जाने पद्म पुरस्कार के बारे में, पद्म पुरस्कार की पूरी सूची…»
बिम्सटेक मंत्रिस्तरीय बैठक कोलंबो में आयोजित किया गया
बंगाल की खाडी क्षेत्र के देशों के तकनीकी और आर्थिक सहयोग संगठन (बिम्सटेक) का मंत्रिस्तरीय बैठक का आयोजन 29 मार्च को कोलंबो में किया गया था. विदेश मंत्री डॉ. जयशंकर ने इस बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व किया था.
विदेश मंत्री डॉ. जयशंकर इस बैठक और द्विपक्षीय वार्ता में हिस्सा लेने के लिए 28-29 मार्च को श्रीलंका की यात्रा पर थे. इससे पहले उन्होंने मालदीव की यात्रा की थी.
मुख्य बिंदु
- विदेश मंत्री डॉ. जयशंकर ने कोलंबो में श्रीलंका के विदेश मंत्री जी एल पेइरिस के साथ द्विपक्षीय बातचीत की. दोनों नेताओं ने आर्थिक सुधार, भारत-श्रीलंका विकास सहयोग, आपसी सुरक्षा, मछुआरों के मुद्दों और अंतर्राष्ट्रीय तालमेल पर चर्चा की.
- इस दौरान कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर भी किए गये. डॉ जयशंकर ने कोलंबो में राष्ट्रपति गोतबाया राजपक्षे ने प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे से भी मुलाकात की.
- विदेश मंत्री डॉ. सुब्रहमण्यम जयशंकर ने बिम्सटेक के सदस्य देशों से आतंकवाद औऱ उग्रवाद से सामूहिक रूप से निपटने का आह्वान किया. बैठक में डॉक्टर जयशंकर ने सदस्य देशों में लोगों के बीच संपर्क, ऊर्जा और समुद्री क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने और उसका विस्तार करने के संकल्प पर जोर दिया.
असम और मेघालय सरकार ने सीमा विवाद के समाधान के समझौते पर हस्ताक्षर किए
असम और मेघालय सरकार ने सीमा विवाद के समाधान के लिए 29 मार्च को नई दिल्ली एक समझौते पर हस्ताक्षर किए थे. केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में इस समझौते पर हस्ताक्षर किए गए.
इस समझौता ज्ञापन (MoU) पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड के संगमा ने हस्ताक्षर किए. ये हस्ताक्षर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में किये गये. ये समझौता सहकारी संघवाद को बढ़ावा देता है और राज्यों के बीच सीमा विवादों के समाधान का मार्ग प्रशस्त करता है.
मुख्य बिंदु
- मेघालय और असम के बीच 12 क्षेत्रों को लेकर लंबे समय से सीमा विवाद चल रहा है. इस समझौते के बाद 12 में से 6 क्षेत्रों में समाधान किया गया है.
- इस नए हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन के साथ, मेघालय को 18.33 वर्ग किलोमीटर और असम को कुल 36.79 वर्ग किलोमीटर में से 18.46 वर्ग किलोमीटर का लाभ होगा.
- 12 क्षेत्रों में गिज़ांग, ताराबारी, लंगपीह (लुंपी), हाहिम, बोकलापारा, बोरदुआर, खानापारा-पिलंगकाटा, नोंगवाह-मवतमुर (गर्भभंगा), ब्लॉक- I और ब्लॉक- II, देशदूमरेह, खंडुली और सायर, और रातचेरा हैं.
- गिज़ांग, ताराबारी, बोकलापारा, हाहिम, रातचेरा और खानापारा-पिलंगकाटा 6 क्षेत्र हैं जिन्हें इस समझौते से समाधान किया गया है.
पीवी सिंधू स्विस ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में महिला सिंगल्स की विजेता बनीं
भारतीय बैडमिंटन खिलाडी पीवी सिंधू ने स्विस ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट 2022 में महिला सिंगल्स का खिताब जीत लिया है. 27 मार्च को बासल में खेले गये फाइनल मुकाबले में उन्होंने थाईलैंड की बुसानन ओंगबाम-रुंगफान (Busanan Ongbamrungphan) को पराजित कर इस प्रतियोगिता की विजेता बनीं.
सिंधु का इस वर्ष का यह दूसरा खिताब है. उन्होंने इससे पहले जनवरी में सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल जीता था. साइना नेहवाल के बाद वह इस टूर्नामेंट को जीतने वाली दूसरी भारतीय महिला हैं.
पीवी सिंधु दो बार ओलंपिक पदक विजेता हैं, जिन्होंने 2016 रियो ओलंपिक और 2020 टोक्यो ओलंपिक में रजत पदक जीता है.
प्रधानमंत्री ने मतुआ धर्म महामेला को संबोधित किया
अखिल भारतीय मतुआ महासंघ ने 29 मार्च से 5 अप्रैल तक मतुआ धर्म महामेला आयोजित किया है. इसका आयोजन श्री श्रीहरिचंद ठाकुर की 211वीं जयंती के अवसर पर पश्चिम बंगाल के श्रीधाम ठाकुरनगर, ठाकुरबाड़ी में किया गया है. प्रधानमंत्री ने 29 मार्च को वीडियो कॉफ्रेंस के माध्यम से इस महामेला को संबोधित किया.
श्री श्रीहरिचंद ठाकुर: एक दृष्टि
श्री श्री हरिचंद ठाकुर जी ने स्वतंत्रता से पहले अविभाजित बंगाल में प्रताडित, दलित और वंचित लोगों के कल्याण के लिए अपना जीवन समर्पित किया था. उन्होंने 1860 में बांग्लादेश में ओरकंडी से सामाजिक और धार्मिक आंदोलन शुरू किया था. आंदोलन के बाद मतुआ धर्म की स्थापना हुई थी.
30 मार्च को राजस्थान दिवस मनाया गया, राजस्थान से संबंधित महत्वपूर्ण तथ्य
प्रत्येक वर्ष 30 मार्च को राजस्थान दिवस (Rajasthan Diwas) मनाया जाता है. 30 मार्च, 1949 में जोधपुर, जयपुर, जैसलमेर और बीकानेर रियासतों का विलय होकर ‘वृहत्तर राजस्थान संघ’ बना था. यही राजस्थान की स्थापना का दिन माना जाता है. इस राज्य को पहले ‘राजपुताना’ कहा जाता था. राजस्थान भारत का क्षेत्रफल के आधार पर सबसे बड़ा राज्य है. राज्य का क्षेत्रफल 3,42,239 वर्ग किमी (132139 वर्ग मील) है. जनसँख्या के हिसाब से यह देश का सातवाँ सबसे बड़ा राज्य है. राजस्थान से संबंधित महत्वपूर्ण तथ्य…»
20 मार्च से 26 मार्च तक अंतर्राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य सप्ताह मनाया गया
20 मार्च से 26 मार्च तक अंतर्राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य सप्ताह (International Adolescent Health Week) मनाया गया. इसका उद्देश्य किशोरों को स्वयं उनके स्वास्थ्य और विकास के बारे में जागरूक बनाना तथा इस बारे में स्वयं निर्णय लेने में मदद करना था.
अंतर्राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य सप्ताह के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों, नीति निर्धारकों, प्रशासकों, समाचार माध्यमों, किशोरों और उनके समुदाय को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई गयी, ताकि वे अपनी किशोर अवस्था को सफल बना सके.
अंतर्राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य सप्ताह 2022 का विषय था – ‘ट्रांज़िशन’ यानी बच्चे से किशोरावस्था और किशोरावस्था से वयस्कावस्था में बदलाव.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
यूरोपीय संघ के चार देशों ने 40 से अधिक रूसी राजनयिकों को निष्कासित किया
यूरोपीय संघ के चार देशों ने जासूसी के संदेह में 40 से अधिक रूसी राजनयिकों को निष्कासित कर दिया है. आयरलैंड, बेल्जियम, नीदरलैंड्स और चेक गणराज्य ने कल कुल 43 दूतावास कर्मचारियों के निष्कासन के आदेश दिए. नीदरलैंड्स ने 17, बेल्जियम ने 21 और आयरलैंड ने 4 वरिष्ठ रूसी अधिकारियों को देश छोड़ने के लिए कहा है.
उत्तर प्रदेश में मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया है. मुख्यमंत्री ने गृह, सतर्कता, राजस्व, सूचना और नियुक्तियां समेत 34 विभाग अपने पास रखे हैं. उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को ग्रामीण विकास, खाद्य प्रसंस्करण, मनोरंजन कर और राष्ट्रीय एकीकरण विभाग का प्रभार दिया गया है. उप-मुख्यमंत्री बृजेश पाठक को स्वास्थ्य, परिवार कल्याण और बाल कल्याण विभाग दिए गए हैं.
प्रमोद सावंत ने गोवा के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रमोद सावंत ने लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए गोवा के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. शपथ ग्रहण समारोह पणजी के पास डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में था. डॉक्टर सावंत उत्तरी गोवा में सांखलिम सीट से विधायक हैं. वे पहली बार मार्च 2019 में मनोहर पर्रिकर के निधन के बाद मुख्यमंत्री बने थे.
संसद ने वित्त विधेयक 2022 और विनियोग विधेयक 2022 पारित किया
संसद ने वित्त विधेयक 2022 और विनियोग विधेयक 2022 पारित कर दिया है और राज्यसभा ने उन्हें विस्तृत चर्चा के बाद लोकसभा को वापस भेज दिया है. इसके साथ ही संसद ने वर्ष 2022-23 के लिए बजटीय कार्यवाही पूरी कर ली है.
मैक्सिको के विदेश मंत्री भारत की पहली आधिकारिक यात्रा पर
मैक्सिको के विदेश मंत्री मार्सिलो इब्रार्ड कसौबॉन 29 मार्च को भारत की पहली आधिकारिक यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे. दोनों देशों के बीच साझेदारी को और सुदृढ करने और विभिन्न क्षेत्रों में जारी सहयोग पर विचार-विमर्श होगा.
