डेली कर्रेंट अफेयर्स
रेलगाडि़यों को टकराने से बचाने के लिए ‘कवच’ प्रणाली का सफल परीक्षण
भारतीय रेलवे ने रेलगाडि़यों को टकराने से बचाने के लिए ‘कवच’ प्रणाली का सफल परीक्षण किया है. जीरो एक्सीडेंट मिशन के तहत रेलवे ने स्वदेशी तकनीक से इस प्रणाली का विकास किया है. 2022 में देश में दो हजार किलोमीटर नेटवर्क पर कवच का परीक्षण किया जाना है.
कवच प्रणाली में अगर 2 ट्रेन स्पीड से एक दूसरे की तरफ आ रही है तो अपने आप ही ब्रेक लग जाता है. इसके अलावा जब ट्रेन फाटकों के पास पहुंचती है तो अपने आप सिटी भी बजने लगती है.
मुख्य बिंदु
- भारतीय रेलवे ने चलती ट्रेनों की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए अपनी स्वदेशी स्वचालित ट्रेन सुरक्षा (Automatic Train Protection (ATP) प्रणाली तैयार की है जिसे ‘कवच’ नाम दिया गया है.
- कवच एक एंटी कोलिजन डिवाइस नेटवर्क है जो कि रेडियो कम्युनिकेशन, माइक्रोप्रोसेसर, ग्लोबर पोजिशनिंग सिस्टम तकनीक पर आधारित है. इस तकनीक की मदद से उम्मीद लगाई जा रही है कि रेलवे जीरो एक्सीडेंट के लक्ष्य को प्राप्त करने में सफल होगा.
- बजट 2022 में आत्मनिर्भर भारत के तहत 2000 किलोमीटर के रेलवे नेटवर्क को कवच तकनीक के अंदर लाने की घोषणा की गयी है.
क्वाड नेताओं का वर्चुअल शिखर सम्मेलन
क्वाड (भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया) नेताओं का वर्चुअल शिखर सम्मेलन 3 मार्च को वर्चुअल माध्यम से आयोजित किया गया था. इस बैठक में प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी, अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडेन, ऑस्ट्रेलिया के प्रधान मंत्री स्कॉट मॉरिसन और जापान के प्रधान मंत्री फुमियो किशिदा ने हिस्सा लिया.
मुख्य बिंदु
- इस बैठक में यूक्रेन के घटनाक्रम पर चर्चा की गई, जिसमें इसके मानवीय प्रभाव पर भी विचार-विमर्श किया गया. प्रधानमंत्री ने बातचीत और कूटनीति का मार्ग अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया.
- प्रधानमंत्री ने कहा कि क्वाड को हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देने के अपने मूल उद्देश्य पर केंद्रित रहना चाहिए. उन्होंने मानवीयता और आपदा राहत, ऋण सहयोग बनाए रखने, आपूर्ति श्रृंखला, स्वच्छ ऊर्जा, कनेक्टिविटी और क्षमता निर्माण जैसे क्षेत्रों में क्वाड के भीतर सहयोग के ठोस और व्यावहारिक रूपों का आह्वान किया.
- नेताओं ने आपसी संपर्क और जापान में आगामी शिखर सम्मेलन के महत्वाकांक्षी एजेंडा की दिशा में काम करने पर सहमति व्यक्त की.
28 फरवरी: राष्ट्रीय विज्ञान दिवस, रमन प्रभाव की खोज की स्मृति में मनाया जाता है
प्रत्येक वर्ष 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस (National Science Day) मनाया जाता है. यह दिवस रमन प्रभाव की खोज की स्मृति में मनाया जाता है. सर सीवी रमन ने 1928 में इसी दिन रमन प्रभाव की खोज की घोषणा की थी. इस वर्ष राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का मुख्य विषय- ‘सतत भविष्य के लिए विज्ञान और प्रौद्योगिकी में एकीकृत दृष्टिकोण’ (Integrated Approach in science and technology for Sustainable Future) है.
फरवरी माह का अंतिम दिन: विश्व दुर्लभ रोग दिवस
प्रत्येक वर्ष फरवरी माह के अंतिम दिन को ‘विश्व दुर्लभ रोग दिवस’ (World Rare Disease Day) के रूप में मनाया जाता है. इस दिवस को मनाने का उद्देश्य दुर्लभ बीमारी के प्रभावों के बारे में जागरूकता फैलाना जिनके बारे में ज्यादा लोगों को जानकारी नहीं होती. ऐसा इसलिए है क्योंकि ये बीमारियां बहुत कम लोगों को होती हैं. विश्व दुर्लभ रोग दिवस 2022 का थीम- ‘दुर्लभ बीमारियों में एक साथ अनुभव साझा करना’ (Sharing Experiences in Rare Diseases Together) है.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
हिट एंड रन मोटर वाहन दुर्घटनाओं में परिजनों के लिए मुआवजा में वृद्धि
सरकार ने हिट एंड रन मोटर वाहन दुर्घटनाओं में मारे गए व्यक्तियों के परिजनों के लिए मुआवजा 25 हजार रूपये से बढ़ाकर दो लाख रूपये कर दिया है. गंभीर रूप से घायलों के मामले में मुआवज़ा साढ़े 12 हजार रूपये से 50 हजार रूपये कर दिया गया है. इस योजना को हिट एंड रन मोटर वाहन दुर्घटना योजना, 2022 नाम दिया गया है.
आंध्र प्रदेश में पोलावरम परियोजना
जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा है कि मोदी सरकार आंध्र प्रदेश में पोलावरम परियोजना के लिए प्रतिबद्ध है. राज्य के पुनर्गठन के समय केंद्र ने इस परियोजना का वायदा किया था.
