डेली कर्रेंट अफेयर्स
संयुक्त राष्ट्र ने यूक्रेन संकट के लिए रूस को जिम्मेदार ठहराते हुए प्रस्ताव पारित किया
संयुक्त राष्ट्र महासभा ने यूक्रेन में मानवीय संकट के लिए रूस को जिम्मेदार ठहराते हुए एक प्रस्ताव पारित किया है तथा तत्काल संघर्ष विराम का अनुरोध किया है. 140 देशों ने इस प्रस्ताव के पक्ष में और पांच देशों ने इसके विरोध में मतदान किया. 38 देशों ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया.
भारत का रुख
- भारत ने प्रस्ताव पर मतदान में यह कहते हुए हिस्सा नहीं लिया कि संघर्ष खत्म करने और तत्काल मानवीय सहायता उपलब्ध कराने पर ध्यान देना अधिक आवश्यक है. संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थाई प्रतिनिधि टी एस तिरूमूर्ति ने कहा कि प्रस्ताव के मसौदे में इन चुनौतियों से निपटने के बारे में कुछ नहीं कहा गया है.
- यूक्रेन की स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए भारत ने कहा कि इस संघर्ष में नागरिकों की जानें गई हैं और करीब एक करोड लोग विस्थापित हुए हैं. उन्होंने कहा कि भारत ने यूक्रेन और पडोसी देशों में मानवीय सहायता के लिए 90 टन से अधिक वस्तुओं की आपूर्ति की है.
- श्री तिरूमूर्ति ने कहा कि मानवीय गतिविधियां सदैव मानवीय सहायता के सिद्धांतों के आधार पर होनी चाहिए और इन उपायों का राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए.
कोलकाता के विक्टोरिया मेमोरियल हॉल में बिप्लाबी भारत गैलरी का उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 23 मार्च को शहीद दिवस पर कोलकाता में बिप्लाबी भारत गैलरी (दीर्घा) का उद्घाटन किया. यह गैलरी कोलकाता के विक्टोरिया मेमोरियल हॉल में बनाया गया है. उद्घाटन समारोह वीडियो कॉफ्रेंस के माध्यम से आयोजित किया गया था.
बिप्लाबी भारत गैलरी: एक दृष्टि
- इस गैलरी में स्वाधीनता संग्राम में क्रांन्तिकारियों का योगदान और ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन के खिलाफ उनका सशस्त्र प्रतिरोध दर्शाया गया है.
- इस नयी गैलरी काउद्देश्य उन क्रमबद्ध घटनाक्रमों को दर्शाना है, जिनकी परिणति 1947 में देश की स्वतंत्रता के रूप में हुई. यह उन राजनीतिक और बौद्धिक पृष्ठभूमि को स्पष्ट करती है, जिनसे क्रांतिकारी आंदोलन की शुरुआत हुई है.
- यह क्रांतिकारी नेताओं द्वारा गठित महत्वपूर्ण संगठनों, आंदोलन के विस्तार, इंडियन नेशनल आर्मी का गठन और नौसेना विद्रोह के योगदान को भी दर्शाता है.
13वीं विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रांड प्रिक्स चैंपियनशिप
विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रांड प्रिक्स – 13वां फजा अंतर्राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप (World Para Athletics Grand Prix-13th Fazza International Athletics Championships) 18 मार्च से 25 मार्च तक दुबई में खेला गया था. इस चैंपियनशिप में 43 देशों के 450 एथलीट ने हिस्सा लिया. चैंपियनशिप में भारतीय दल का नेतृत्व पैरालिंपियन धर्मबीर ने किया था.
मुख्य बिंदु
- भारत पदक तालिका में आठवें स्थान पर रहा. भारतीय दल ने 5 स्वर्ण पदक, 6 रजत और 3 कांस्य पदक सहित कुल 14 पदक जीते.
- कोलंबिया 12 स्वर्ण सहित 25 पदकों के साथ शीर्ष पर रहा, उसके बाद अल्जीरिया (16) और थाईलैंड (30) ने क्रमशः 11 और 8 स्वर्ण पदक जीते.
- चैंपियनशिप के पहले दिन भारतीय पैरा एथलीट धर्मबीर ने पुरुषों के क्लब थ्रो स्पर्धा में नया एशियाई रिकॉर्ड बनाते हुए रजत पदक जीता. धर्मबीर ने क्लब को 31.09 मीटर की दूरी तक फेंककर नया एशियाई रिकॉर्ड बनाया.
- देवेंद्र सिंह ने एफ 44 पुरुषों की डिस्कस थ्रो स्पर्धा में रजत पदक जीता, जबकि ज्योति बेहरा ने 400 मीटर महिलाओं के फाइनल में कांस्य पदक जीता.
- प्रणव प्रशांत देसाई ने 23 मार्च को भारत के लिए पहला स्वर्ण पदक जीता. उन्होंने टी-64 फाइनल मुकाबले में पुरुषों की 200 मीटर दौड़ जीती. प्रणव देसाई ने 24.42 सैकेंड में यह दौड़ पूरी की.
- भारतीय पैरा एथलीट सोमेश्वरा राव रामुद्री और भाला फेंक पैरा एथलीट मोहित ने अपनी व्यक्तिगत स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीते.
- ईश्वरी ने 400 मीटर की दौड़ एक मिनट 25 सेकंड में पूरी कर भारत के लिए दूसरा स्थान प्राप्त कर रजत पदक जीता.
24 मार्च: विश्व तपेदिक दिवस, महत्वपूर्ण जानकारी
प्रत्येक वर्ष 24 मार्च को विश्व तपेदिक दिवस (World Tuberculosis Day) मनाया जाता है. यह दिवस डॉक्टर रॉबर्ट कोच की स्मृति में मनाया जाता है. उन्होंने 1882 में आज ही के दिन तपेदिक (TB) का कारण बनने वाले जीवाणु की खोज की थी. विश्व तपेदिक दिवस 2022 का विषय (Theme)- ‘टीबी को खत्म करने के लिए निवेश करें. जीवन बचाए’ (Invest to End TB. Save Lives) है. पढ़ें पूरा आलेख…»
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
चीन के विदेश मंत्री वांग यी भारत दौरे पर
चीन के विदेश मंत्री वांग यी 24 मार्च को भारत दौरे पर दिल्ली पहुंचे. दो साल पहले लद्दाख में गतिरोध के बाद से चीन की ओर से भारत की यह पहली उच्च स्तरीय यात्रा है. चीन के विदेश मंत्री विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से मुलाकात करेंगे.
भारत ने 400 अरब डॉलर का निर्यात लक्ष्य प्राप्त किया
भारत ने एक वर्ष में 400 अरब डॉलर का निर्यात लक्ष्य प्राप्त कर इतिहास रच दिया है. ये अब तक का सर्वाधिक निर्यात है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि भारत ने चार सौ अरब डॉलर मूल्य के वस्तु निर्यात का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया था और पहली बार इसे प्राप्त किया है.
रूस को आर्थिक और सैन्य रूप से मदद न करने का चीन से आग्रह
उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (NATO) के महासचिव जेन्स स्टोलटेनबर्ग ने चीन से आग्रह किया कि वह रूस को आर्थिक और सैन्य रूप से मदद न करे. यूक्रेन में रूस के जैविक हथियारों के इस्तेमाल की धमकी के बाद नैटो ने रासायनिक, जैविक और परमाणु रक्षा को सक्रिय कर दिया है.
21 मार्च से 4 अप्रैल तक चौथा पोषण पखवाड़ा
महिला और बाल विकास मंत्रालय 21 मार्च से 4 अप्रैल तक चौथा पोषण पखवाड़ा मना रहा है. इस दौरान दो प्रमुख क्षेत्रों- स्वस्थ बच्चे की पहचान और स्वास्थ्य उत्सव तथा स्वस्थ भारत के लिए आधुनिक और पारंपरिक प्रथाओं का एकीकरण पर जोर दिया जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 8 मार्च 2018 को इस अभियान का शुभारंभ किया था.
चित्र भारती फिल्म महोत्सव का चौथा संस्करण भोपाल में शुरू
भारती चित्र साधना का चित्र भारती फिल्म महोत्सव का चौथा संस्करण 25-27 मार्च तक भोपाल में आयोजित किया जा रहा है. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस महोत्सव का उद्घाटन किया. चित्र प्रदर्शनी की थीम “कल, आज और कल” है.
केरल अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का 26वां संस्करण संपन्न हुआ
केरल अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFK) का 26वां संस्करण 25 मार्च को तिरुअनंतपुरम में संपन्न हो गया. समापन समारोह में गोल्डेन क्रो पीजेंट पुरस्कार जीतने वाली फिल्म का प्रदर्शन किया गया. आठ दिन तक चले इस महोत्सव में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न श्रेणियों की 173 फिल्में दिखाई गईं.
सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल ब्रह्मोस का अंडमान निकोबार में सफल परीक्षण
भारत ने सतह से सतह पर मार करने वाली सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल ब्रह्मोस का अंडमान निकोबार में सफल परीक्षण किया है. विस्तारित रेंज मिसाइल ने अपना लक्ष्य शत-प्रतिशत भेदने में सफलता प्राप्त की.
एशिया का सबसे बड़ा नागरिक उड्डयन आयोजन ‘विंग्स इंडिया’
एशिया का सबसे बड़ा नागरिक उड्डयन आयोजन ‘विंग्स इंडिया’ 24 मार्च को हैदराबाद के बेगमपेट हवाई अड्डे पर शुरू हुआ. आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का विषय है- “इंडिया एट @ 75: नागरिक उड्डयन उद्योग का नया क्षितिज”. नागरिक उड्डयन मंत्रालय और फिक्की इस चार दिवसीय समारोह का आयोजन कर रहे हैं.
‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम का पांचवां संस्करण 1 अप्रैल को
‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम का पांचवां संस्करण इस साल पहली अप्रैल को नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में होगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विद्यार्थियों से वार्तालाप करते हुए परीक्षा संबंधी तनाव कम करने के बारे में अपने विचार साझा करेंगे.
