डेली कर्रेंट अफेयर्स
दिल्ली के तीन नगर निगमों के एकीकरण संबंधी विधेयक को स्वीकृति दी गयी
केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने 22 मार्च को दिल्ली के तीन नगर निगमों के एकीकरण संबंधी विधेयक को स्वीकृति दे दी. यह विधेयक संसद के मौजूदा बजट सत्र में प्रस्तुत किया जा सकता है.
संसद की मंजूरी के बाद दिल्ली में वर्तमान तीन नगर निगमों का एकीकरण कर दिया जायेगा. इन तीन नगर निगमों के एकीकरण से दिल्ली में तीन महापौर के स्थान पर एक महापौर होगा.
वर्ष 2012 में दिल्ली नगर निगम को तीन नगर निगमों- दक्षिण दिल्ली नगर निगम, उत्तरी दिल्ली नगर निगम और पूर्वी दिल्ली नगर निगम में विभाजित किया गया था.
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरी शिखर बैठक आयोजित की गयी
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरी शिखर बैठक वर्चुअल माध्यम से 21 मार्च को आयोजित की गयी थी. इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने हिस्सा लिया. बैठक में दोनों प्रधानमंत्रियों ने क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा की.
यह शिखर बैठक 4 जून 2020 को आयोजित ऐतिहासिक पहली वर्चुअल शिखर बैठक के बाद हुई. पहली शिखर बैठक में दोनों देशों ने अपने द्विपक्षीय संबंधों का दर्जा बढ़ाकर व्यापक सामरिक भागीदारी कर दिया था.
मुख्य बिंदु
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने व्यापक रणनीतिक साझेदारी के विभिन्न पहलों पर हुई प्रगति की समीक्षा की. बैठक में दोनों देशों ने महत्वपूर्ण खनिज, जल प्रबंधन और शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढाने पर सहमती व्यक्त की.
- इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच संबंधों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमारे कॉम्प्रिहेन्सिव इकोनोमिक कॉरपोरेशन एग्रीमेंट-सीका की बहुत कम समय में उल्लेखनीय प्रगति हुई है. सीका का शीघ्र समापन हमारे आर्थिक संबंधों, इकोनोमिक रिवाइवल और इकोनोमिक सिक्योरिटी के लिए बहुत महत्वपूर्ण होगा.
- प्रधानमंत्री ने कहा कि क्वॉड में भी हमारे बीच अच्छा सहयोग चल रहा है. हमारा यह सहयोग फ्री, ओपन और इन्क्लूजिव इंडो-पेसिफिक के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है.
भारत-अमरीका विदेश विभाग परामर्श बैठक नई दिल्ली में आयोजित की गयी
भारत -अमरीका विदेश विभाग परामर्श बैठक 21 मार्च को नई दिल्ली में आयोजित की गयी थी. बैठक की सह-अध्यक्षता विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला और अमरीका की विदेश उपमंत्री विक्टोरिया न्यूलैंड ने की.
मुख्य बिंदु
- दोनों पक्षों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमरीका के राष्ट्रपति जो. बाइडेन के बीच सितम्बर 2021 में वाशिंगटन में हुई बैठक के बाद से दोनों देशों की व्यापक कार्यनीतिक साझेदारी के तहत हुई प्रगति की समीक्षा की.
- दोनों देशों ने दक्षिण एशिया, हिन्द -प्रशांत क्षेत्र, पश्चिम एशिया और यूक्रेन की स्थिति पर व्यापक विचार-विमर्श किया. भारत और अमरीका ने स्वतंत्र, मुक्त, समावेशी, शांतिपूर्ण और समृद्ध हिन्द-प्रशांत क्षेत्र के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई.
- बैठक में हिंद प्रशांत क्षेत्र के लिये क्वाड संगठन की बैठक में लिए गये निर्णय तेजी से लागू करने की इच्छा व्यक्त की गयी.
हरियाणा विधानसभा ने धर्मांतरण-रोधी विधेयक पारित किया
हरियाणा विधानसभा ने धर्मांतरण-रोधी विधेयक “हरियाणा गैरकानूनी धर्मांतरण रोकथाम विधेयक, 2022” पारित किया है. यह विधयेक 4 मार्च को राज्य विधानसभा में पेश किया गया था और इस पर 22 मार्च को चर्चा हुई.
हरियाणा गैरकानूनी धर्मांतरण रोकथाम विधेयक, 2022 में जबरन धर्म परिवर्तन के लिए पांच साल तक की कैद और एक लाख रुपये या उससे अधिक के जुर्माने का प्रावधान है.
विधेयक के अनुसार अगर कोई व्यक्ति एक नाबालिग, एक महिला या अनुसूचित जाति या अनुसूचित जनजाति के व्यक्ति का धर्म परिवर्तन करता है या करने का प्रयास करता है, तो उसे कम से कम चार साल कैद की सज़ा भुगतनी होगी जिसे 10 साल तक बढ़ाया जा सकता है, और उसपर कम से कम 3 लाख रुपये का जुर्माना होगा.
हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश सहित कई भाजपा शासित राज्य पहले ही धर्मांतरण रोधी विधेयक पारित कर चुके हैं.
13वीं विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रांड प्रिक्स चैंपियनशिप
13वीं विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रांड प्रिक्स (World Para Athletics Grand Prix) 21 मार्च से 24 मार्च तक दुबई में खेला जा रहा है. इस चैंपियनशिप में 43 देशों के 450 एथलीट हिस्सा ले रहे हैं. पैरालिंपियन धर्मबीर के नेतृत्व में 29 सदस्यों का भारतीय दल ने इस चैंपियनशिप में हिस्सा लिया है.
मुख्य बिंदु
चैंपियनशिप के पहले ही दिन भारत ने तीन पदक जीते. भारतीय पैरा एथलीट धर्मबीर ने पुरुषों के क्लब थ्रो स्पर्धा में नया एशियाई रिकॉर्ड बनाते हुए रजत पदक जीता. धर्मबीर ने क्लब को 31.09 मीटर की दूरी तक फेंककर नया एशियाई रिकॉर्ड बनाया.
देवेंद्र सिंह ने एफ 44 पुरुषों की डिस्कस थ्रो स्पर्धा में रजत पदक जीता, जबकि ज्योति बेहरा ने 400 मीटर महिलाओं के फाइनल में कांस्य पदक जीता.
23 मार्च: विश्व मौसम विज्ञान दिवस से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी
प्रत्येक वर्ष 23 मार्च को ‘विश्व मौसम विज्ञान दिवस’ (World Meteorological Day) मनाया जाता है. ‘विश्व मौसम विज्ञान संगठन’ (WMO) के स्थापना के उपलक्ष्य पर यह दिवस मनाया जाता है. इस वर्ष यानी 2022 में विश्व मौसम विज्ञान दिवस का मुख्य विषय (थीम) ‘पूर्व चेतावनी और शीघ्र कार्रवाई’ (early warning and early action) है.
22 मार्च: विश्व जल दिवस से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी
प्रत्येक वर्ष 22 मार्च को विश्व जल दिवस (World Water Day) मनाया जाता है. विश्व जल दिवस का उद्देश्य विशेष रूप से सतत विकास लक्ष्य के तहत वर्ष 2030 तक सबके लिए पानी और स्वच्छता पर ध्यान केन्द्रित करना है.
विश्व जल दिवस 2022 की थीम- ‘भूमिगत जल- अदृश्य को दृष्टिगोचर बनाना’ (Groundwater, making the invisible visible) है.
विश्व जल दिवस मनाने की घोषणा 1992 में हुए रियो डी जेनेरियो में आयोजित संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण और विकास सम्मेलन में लिया गया था. 22 मार्च 1993 को पहला विश्व जल दिवस विश्व भर में मनाया गया था.
23 मार्च: शहीद दिवस, भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को श्रद्धांजलि
प्रत्येक वर्ष 30 जनवरी और 23 मार्च को शहीद दिवस (Shaheed Diwas) के रूप में मनाया जाता है. 23 मार्च को यह दिवस भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से मनाया जाता है. 1931 में इसी दिन इन्हें लाहौर जेल में फांसी दी गई थी.
भारत में 30 जनवरी को भी शहीद दिवस मनाया जाता है क्योंकि उसी दिन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की हत्या कर दी गई थी.
लाला लाजपत राय की मौत का बदला
- 13 अप्रैल 1919 जलियावाला बाग में हुए भीषण नरसंहार ने भगत सिंह के अंदर चिंगारी को भड़का दिया था. लाहौर के नेशनल कॉलेज़ छोड़ भगत सिंह हिंदुस्तान सोशलिस्ट रिपब्लिकन ऐसोसिएशन नाम के एक क्रांतिकारी संगठन से नाता जोड़ लिया.
- साइमन कमीशन के विरोध करने के दौरान लाला लाजपत राय की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. हत्या के आरोपी ब्रिटिश पुलिस अधिकारी जॉन साण्डर्स की हत्या की योजना बनाई गई थी.
- हिन्दुस्तान सोशलिस्ट रिपब्लिकन एसोसिएशन ने इस हत्या का बदला लेने का काम भगतसिंह, राजगुरु, सुखदेव, चंद्रशेखर आजाद और जयगोपाल को दिया था.
- भगत सिंह और राजगुरु ने 17 दिसंबर 1928 को 0.32 एमएम की सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल कॉल्ट से साण्डर्स को मारकर लालाजी की मौत का बदला लिया. यह मामला ‘लाहौर षड्यंत्र केस’ के नाम से भी जाना जाता है.
21 मार्च: अंतर्राष्ट्रीय वन दिवस से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी
प्रत्येक वर्ष 21 मार्च को विश्व भर में ‘अन्तर्राष्ट्रीय वन दिवस’ (International Day of Forests) मनाया जाता है. इस दिवस को मनाने का उद्देश्य वन संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है.
इस वर्ष यानी 2022 में इस दिवस का विषय (Theme) ‘वन और सतत उत्पादन और खपत’ (Forests and sustainable production and consumption) है.
21 मार्च को उत्तरी गोलार्ध में वसंत विषुव (Vernal Equinox) और दक्षिणी गोलार्ध में शरद ऋतु विषुव (Autumnal Equinox) होने के कारण यह दिन अन्तर्राष्ट्रीय वन दिवस के रूप में चिह्नित किया गया.
22 मार्च: बिहार दिवस से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी
प्रत्येक वर्ष 22 मार्च को बिहार दिवस (Bihar Diwas) मनाया जाता है. 22 मार्च 1912 को बिहार को बंगाल प्रेसिडेंसी से अलग कर राज्य बनाया गया था. इस वर्ष यानी 22 मार्च 2022 को बिहार ने अपना 110वां स्थापना दिवस मनाया. इस वर्ष बिहार दिवस की थीम- “जल जीवन हरियाली” है. पढ़ें पूरा आलेख…»
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
कच्चे जूट का MSP 4750 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया
आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडल समिति ने वर्ष 2022-23 के फसल मौसम के लिए कच्चे जूट के न्यूतम समर्थन मूल्य (MSP) को स्वीकृति दी है. इसका MSP 4750 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है. पिछले वर्ष के मुकाबले यह 250 रुपये ज्यादा है. नये MSP से कम से कम पचास प्रतिशत का लाभ मिलेगा.
उत्तराखंड और गोवा के मुख्यमंत्रियों के नामों की घोषणा
भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता पुष्कर सिंह धामी को उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई गयी. उधर, गोवा में BJP के नेता प्रमोद सावंत को मुख्यमंत्री के रूप में और मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी. उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर से विधायक चुने जाने के बाद विधान परिषद के सदस्य पद से त्यागपत्र दे दिया है. वे दूसरी बार मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे.
नॉर्वे में NATO का सैन्य अभ्यास ‘Cold Response 2022’ का आयोजन
उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (NATO) का सैन्य अभ्यास ‘Cold Response 2022’ का आयोजन नॉर्वे में 14 मार्च से 1 अप्रैल तक किया जा रहा है. यह अभ्यास नॉर्वे में द्विवार्षिक रूप से आयोजित किया जाता है और इसमें नाटो सहयोगी और भागीदार राष्ट्र भाग लेते हैं. इस अभ्यास में 27 देश भाग ले रहे हैं.
प्रधानमंत्री ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन से फोन पर बात की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन से फोन पर बात की. प्रधानमंत्री मोदी ने यूक्रेन में संघर्ष समाप्त करने और वार्ता तथा कूटनीति के रास्ते पर लौटने की भारत की अपील दोहरायी. श्री मोदी ने बल दिया कि भारत का विश्वास समकालीन विश्व व्यवस्था के आधार के रूप में अंतरराष्ट्रीय कानून तथा सभी देशों की क्षेत्रीय अखंडता और संप्रभुता के सम्मान में है.
मणिपुर में एन बीरेन सिंह ने दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली
मणिपुर में भारतीय जनता पार्टी नेता एन. बीरेन सिंह ने दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली. पांच विधायकों को भी कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई. इनमें भाजपा विधायक बिस्वजीत, वाई. खेमचंद, सुश्री नेमचा किपजेन, और के. गोविंदास तथा नागा पीपुल्स फ्रंट के अवांगबो न्यूमेल शामिल हैं.
बंगाल की खाड़ी पर चक्रवात ‘असानी’
बंगाल की खाड़ी पर बन रहे नए चक्रवात का नाम ‘असानी’ रखा गया है. इस चक्रवात का नाम श्रीलंका द्वारा रखा गया है. विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) की अंतर्राष्ट्रीय परिषद द्वारा चक्रवातों के नाम और सूची का रखरखाव किया जाता है.
