डेली कर्रेंट अफेयर्स
भारत और जापान की 14वीं शिखर वार्ता, भारत में 3.20 लाख करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य
भारत और जापान की 14वीं शिखर वार्ता 19 मार्च को नई दिल्ली में हुई थी. इस वार्ता में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और जापान के प्रधानमंत्री किशिदा फुमियो (Fumio Kishida) ने हिस्सा लिया था. यह दोनों नेताओं के बीच पहली बैठक थी. दोनों देशों के बीच पिछली वार्षिक शिखर वार्ता अक्तूबर 2018 में तोक्यो में हुई थी.
मुख्य बिंदु
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने भारत और जापान हिंद-प्रशांत क्षेत्र की दो प्रमुख शक्तियां बताते हुए कहा कि दोनों नेताओं ने आपसी सहयोग से जुड़े कई क्षेत्रों पर चर्चा की. इनमें आर्थिक, भारत के पूर्वोत्तर क्षेत्र का विकास, डिजिटल और कौशल विकास शामिल हैं.
- भारत और जापान ने शिष्टमंडल स्तर की बातचीत के बाद छह समझौतों पर हस्ताक्षर किए. ये समझौते साइबर सुरक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, बुनियादी ढांचा विकास और शहरी विकास से संबंधित हैं.
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने श्री किशिदा के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि जापान अगले पांच वर्ष में भारत में 3.20 लाख करोड रुपए का निवेश करेगा.
- मुम्बई-अहमदाबाद हाईट्रेक रेल प्रोजेक्ट में अच्छी प्रगति हो रही है, दोनों देश इस पर ‘वन टीम- वन प्रोजेक्ट’ के साथ काम कर रहे हैं. यह प्रोजेक्ट भारत-जापान पार्टनरशिप का एक बेहतरीन उदाहरण है.
- जापान ने 2014 में निर्धारित 3.5 ट्रिलियन जापानीज़ येन का निवेश लक्ष्य पार कर लिया है और आने वाले पांच वर्षों में 5 ट्रिलियन येन मतलब करीब 3.20 लाख करोड़ रुपये के निवेश का नया लक्ष्य तय किया है.
- प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सतत आर्थिक वृद्धि का लक्ष्य प्राप्त करना और जलवायु परिवर्तन की समस्या से निपटना आवश्यक है. उन्होंने कहा कि भारत-जापान स्वच्छ ऊर्जा साझेदारी इस दिशा में निर्णायक कदम साबित होगी.
- भारत और जापान ने यूक्रेन में संघर्ष और मानवीय संकट पर गंभीर चिंता व्यक्त की. संयुक्त वक्तव्य में कहा गया है कि दोनों नेता यूक्रेन में मानवीय संकट के समाधान के लिए समुचित कदम उठाएंगे.
- दोनों प्रधानमंत्रियों ने परमाणु प्रसार और परमाणु आतंक की चुनौतियों से निपटने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग सुदृढ़ किए जाने पर भी बल दिया.
दूसरी भारत-इंडोनेशिया सुरक्षा संवाद जकार्ता में आयोजित की गयी
दूसरी भारत-इंडोनेशिया सुरक्षा वार्ता 17 मार्च को जकार्ता में आयोजित की गयी थी. इसकी सह-अध्यक्षता राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और इंडोनेशिया के राजनीतिक, कानूनी और सुरक्षा समन्वय मंत्री मोहम्मद महफूद ने की थी.
मुख्य बिंदु
- इस दूसरे संवाद में सुरक्षा समन्वय मंत्री मोहम्मद महफूज और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने कई साझा प्राथमिकताओं पर चर्चा की. इनमें मौजूदा वैश्विक और सुरक्षा मुद्दों की समीक्षा, आतंकवाद और हिंसक उग्रवाद का मुकाबला करना और समुद्री, रक्षा और साइबर सुरक्षा सहयोग बढ़ाना शामिल है.
- बैठक में, श्री डोभाल और मोहम्मद महफूज ने इंडोनेशिया के राजनीतिक, कानूनी और सुरक्षा मामलों के समन्वय मंत्रालय और भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय के बीच सुरक्षा वार्ता के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए.
- भारत-इंडोनेशिया सुरक्षा वार्ता (संवाद) एक ऐसा मंच है जो इंडोनेशिया के राजनीतिक, कानूनी और सुरक्षा मामलों के समन्वय मंत्री और भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार को राजनीतिक और सुरक्षा मुद्दों पर सहयोग बढ़ाने और चर्चा के लिए साथ लाता है.
भारत के बिलियर्डस खिलाड़ी पंकज आडवाणी ने 19वीं एशियन बिलियर्डस चैंपियनशिप जीती
भारत के दिग्गज बिलियर्डस खिलाड़ी पंकज आडवाणी ने 19वीं एशियन बिलियर्डस चैंपियनशिप (Asian Billiards Championship) 2022 जीत ली है. कतर के दोहा में 19 मार्च को खेले गये फाइनल में आडवाणी ने भारत के ही ध्रुव सितवाला को हराकर यह चैंपियनशिप जीती.
पंकज ने इससे पहले म्यांमा के पॉक सा की कड़ी चुनौती से पार पाते हुए 5-4 की जीत से फाइनल में जगह बनाई थी. यह उनका आठवां एशियाई और 24वां अंतरराष्ट्रीय खिताब है.
विश्व प्रसन्नता रिपोर्ट 2022: भारत 136वें स्थान पर, फिनलैंड शीर्ष पर
विश्व प्रसन्नता रिपोर्ट (World Happiness Report) 2022 हाल ही में जारी की गयी थी. रिपोर्ट में विभिन्न पैमानों के आधार पर 146 देशों को रैंकिंग दी गई है. भारत इस रैंकिंग में 136वें स्थान पर है.
मुख्य बिंदु
- फिनलैंड ने लगातार पांचवी बार पहला स्थान हासिल किया है, जबकि अफगानिस्तान सबसे निचले पायदान पर है. इस रिपोर्ट में डेनमार्क दूसरे, आइसलैंड तीसरे, स्विट्जरलैंड चौथे और नीदरलैंड्स पांचवे स्थान पर है.
- सूची में शीर्ष पांच देश यूरोप से हैं. इस सूची में अमरीका 16वें स्थान पर है. लक्जमबर्ग, नॉर्वे, इस्राइल और न्यूजीलैंड शीर्ष 10 देशों में शामिल हैं.
- इस रिपोर्ट में कोविड काल में सकारात्मक और नकारात्मक भावनाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है ताकि यह पता लग सके कि कोविड ने जीवन के विभिन्न पहलुओं को कितना बदल दिया है.
भारतीय चीनी और इथेनॉल सम्मेलन मुंबई में आयोजित किया गया
मुंबई में 19 मार्च को ‘भारतीय चीनी और इथेनॉल सम्मेलन 2022’ आयोजित किया गया था. इस सम्मेलन का आयोजन चीनी मंडी, समाचार और सूचना पोर्टल द्वारा चीनी और सहयोगी उद्योगों के लिए किया गया था. इसमें उद्योग से जुड़े घरेलू और वैश्विक अग्रणी विशेषज्ञ देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चीनी के व्यापार में मुख्य चुनौतियों और जोखिम से निपटने संबंधी कार्यनीतियों पर चर्चा की गयी. इसके अतिरिक्त भारत में अधिक नवोन्मेषी सतत चीनी और इथेनॉल क्षेत्र बनाने पर भी बातचीत हुई.
मुख्य बिंदु
- केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इस सम्मेलन को संबोधित किया था. अपने संबोधन में उन्होंने इथेनॉल, मिथेनॉल, जैव-डीजल, इलेक्ट्रिक, हरित हाइड्रोजन को भविष्य का ईंधन बताते हुए कहा कि भारत को ऊर्जा आयातक की बजाय ऊर्जा निर्यातक बनाये जाने पर जोर दिया.
- श्री गडकरी ने कहा कि किसानों को गरीबी से निकालने के लिए अन्नदाता के बजाय ऊर्जादाता बनाना चाहिए. श्री गडकरी ने कहा कि ऊर्जा और विद्युत क्षेत्र की दिशा में कृषि का विविधिकरण समय की आवश्यकता है.
- उन्होंने कहा कि सरकार विमानन क्षेत्र में इथेनॉल का इस्तेमाल करने पर गंभीरता से विचार कर रही है. श्री ग़डकरी ने कहा कि इस समय गन्ने का उत्पादन बढ़ा है लेकिन यह स्थिति आने वाले वर्षों में नहीं रहेगी. इसलिए चीनी को इथेनॉल में बदलने का काम तेज गति से किया जाना चाहिए.
- उन्होंने इथोनॉल निर्माणकर्ता से पैट्रोल के विकल्प के रूप में अपने एरिया में इथोनॉल के पम्प खोले जाने का अनुरोध किया. इसके कारण पॉल्यूशन, हमारा इम्पोर्ट भी कम होगा, और गांव के लोगों को रोजगार मिलेगा.
सीआरपीएफ के 83वें स्थापना दिवस समारोह की शुरुआत
केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) 27 जुलाई को अपना स्थापना दिवस मनाता है. इस वर्ष यानी 27 जुलाई 2022 को 83वां स्थापना दिवस मना रहा है. गृह मंत्री अमित शाह ने 19 मार्च को जम्मू के मौलाना आज़ाद स्टेडियम में CRPF के 83वें स्थापना दिवस परेड का निरीक्षण किया. यह पहला मौका है जब CRPF का स्थापना दिवस दिल्ली से बाहर मनाया जा रहा है.
CRPF, 27 जुलाई 1939 को क्राउन रिप्रेजेंटेटिव पुलिस के रूप में अस्तित्व में आया था. सरदार पटेल ने 1950 में 19 मार्च के दिन ही सीआरपीएफ को झंडा यानी ‘प्रेजीडेंट कलर्स’ प्रदान किया था. उसके बाद 28 दिसंबर 1949 को सीआरपीएफ अधिनियम के लागू होने पर इसे ‘केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल’ का दर्जा प्रदान किया गया.
20 मार्च को विश्व गोरैया दिवस मनाया गया
प्रत्येक वर्ष 20 मार्च को विश्व गोरैया दिवस (World Sparrow Day) मनाया जाता है. इस पक्षी के संरक्षण और इनके बारे में जागरूकता बढाने के लिए यह दिवस मनाया जाता है. इस प्रजाति की संख्या में तेजी से कमी को देखते हुए इस दिवस का महत्व और बढ जाता है.
विश्व गोरैया दिवस 2022, का मुख्य विषय (थीम)- ‘आई लव स्पैरो’ (I Love Sparrows) है.
कीटनाशकों के बढते उपयोग, भवन निर्माण शैली में बदलाव और घरों से बगीचे समाप्त हो जाने के कारण पिछले कुछ वर्षों में गोरैया की संख्या तेजी से घटी है. इसके अलावा मोबाइल और टीवी टावर से होने वाला रेडिएशन भी इनकी संख्या घटने का मुख्य कारण है.
20 मार्च: अन्तर्राष्ट्रीय प्रसन्नता दिवस से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी
प्रत्येक वर्ष 20 मार्च को अन्तर्राष्ट्रीय प्रसन्नता दिवस (International Happiness Day) मनाया जाता है. यह दिवस लोगों के जीवन में खुशी के महत्व को चिह्नित करने के उद्देश्य से मनाया जाता है.
इस वर्ष यानी 2022 के अन्तर्राष्ट्रीय प्रसन्नता दिवस का विषय (theme)- ‘शांत रहें, समझदार रहें और दयालु बनें’ (Keep Calm, Stay Wise and Be Kind) है.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
मलयालम दैनिक ‘मातृभूमि’ के शताब्दी वर्ष समारोह का उद्घाटन
प्रधानमंत्री मोदी ने 18 मार्च को प्रमुख मलयालम दैनिक ‘मातृभूमि’ के शताब्दी वर्ष समारोह का वीडियो माध्यम से उद्घाटन किया. मातृभूमि समाचार पत्र की शुरूआत 18 मार्च 1923 को हुई थी.
पंजाब मंत्रिमंडल का विस्तार
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया. सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी के 10 विधायकों को कैबिनेट मंत्री बनाया जाएगा. इनमें हरपाल सिंह चीमा, डॉ. बलजीत कौर, हरभजन सिंह और डॉ. विजय सिंगला के नाम शामिल हैं. मुख्यमंत्री मान ने 16 मार्च को मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण किया था.
भारत ने जैव-रासायनिक हथियार संधि को लागू करने की अपील की
भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में जैव-रासायनिक हथियार संधि को सच्ची भावना से लागू करने की अपील की है. संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी उप-प्रतिनिधि आर रवीन्द्र ने कहा कि एक वैश्विक और गैर-भेदभावकारी निरस्त्रीकरण संधि होने के कारण भारत इसे बहुत महत्वपूर्ण मानता है.
35वां सूरजकुंड अंतर्राष्ट्रीय शिल्प मेला फरीदाबाद में शुरू हुआ
35वां सूरजकुंड अंतर्राष्ट्रीय शिल्प मेला 19 मार्च को फरीदाबाद में शुरू हुआ. 4 अप्रैल तक चलने वाले मेले का उद्घाटन हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय और मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने किया. इस मेले में 20 से अधिक देश भाग ले रहे हैं और उज्बेकिस्तान भागीदार देश है. इस बार मेले की थीम है – जम्मू-कश्मीर.
20 मार्च से 26 मार्च तक अंतर्राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य सप्ताह मनाया जाएगा
अंतर्राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य सप्ताह 20 मार्च से 26 मार्च तक मनाया जाएगा. इस दौरान स्वास्थ्य कर्मियों, नीति निर्धारकों, प्रशासकों, समाचार माध्यमों, किशोरों और उनके समुदाय को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे अपनी किशोर अवस्था को सफल बना सके. इस सप्ताह का विषय है – परिवर्तन.
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति से बात की
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दक्षिण कोरिया के नव-निर्वाचित राष्ट्रपति युन सुक यिओल से फोन पर बात की. दोनो नेता वर्तमान वैश्विक माहौल में भारत-कोरिया के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी को और सुदृढ़ करने के महत्व पर सहमत हुए. दोनों नेताओं ने अगले वर्ष भारत और दक्षिण कोरिया के बीच राजनयिक संबंधों के 50 वर्ष पूरे होने के समारोह को मिलकर मनाने की इच्छा व्यक्त की.
भारत-ऑस्ट्रेलिया दूसरी शिखर बैठक
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन के बीच 25 मार्च को वर्चुअल माध्यम से दूसरी शिखर बैठक होगी. पहली भारत-ऑस्ट्रेलिया शिखर बैठक 4 जून 2020 को हुई थी, जब दोनों देशों के आपसी संबंध आगे बढ़कर व्यापक रणनीतिक साझेदारी तक पहुंचे. इस वर्चुअल शिखर बैठक के दौरान दोनों देशों के संबंधों को मजबूत करने और सहयोग बढ़ाने के नए उपायों पर चर्चा होगी.
श्री एन बीरेन सिंह लगातार दूसरी बार मणिपुर के मुख्यमंत्री होंगे
श्री एन बीरेन सिंह लगातार दूसरी बार मणिपुर के मुख्यमंत्री होंगे. भाजपा विधायकों की बैठक सर्व सम्मति से एन बीरेन सिंह को विधायक दल का नेता चुना गया.
