डेली कर्रेंट अफेयर्स
अमेरिका ने कतर को एक प्रमुख गैर-नाटो सहयोगी के रूप का दर्जा दिया
अमेरिका ने कतर को एक प्रमुख गैर-नाटो सहयोगी के रूप का दर्जा दिया है. अमरीका के राष्ट्रपति जो बिडेन ने 12 मार्च को विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन को भेजे एक ज्ञापन में कतर को अमरीका के एक प्रमुख गैर-नाटो सहयोगी के रूप में नामित किया.
अमेरिका उन देशों को प्रमुख गैर-नाटो सहयोगी का दर्जा देती है जो उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के सदस्य नहीं हैं, लेकिन अमेरिका के सशस्त्र बलों के साथ रणनीतिक संबंध रखते हैं. अमेरिका ने इससे पहले ऑस्ट्रेलिया, मिस्र, इज़रायल, जापान और दक्षिण कोरिया को प्रमुख गैर-नाटो सहयोगी का दर्जा दिया था.
उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (NATO) क्या है?
नाटो या NATO, North Atlantic Treaty Organization (उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन) का संक्षिप्त रूप है. यह 30 यूरोपीय और उत्तरी अमरीकी देशों का एक सैन्य गठबन्धन है जो रूसी आक्रमण के खिलाफ दूसरे विश्वयुद्ध के बाद 1949 में बनाया गया था. इसका मुख्यालय ब्रुसेल्स (बेल्जियम) में है. नाटो सदस्य देशों ने सामूहिक सुरक्षा की व्यवस्था बनाई है, जिसके तहत बाहरी हमले की स्थिति में सदस्य देश सहयोग करते हैं.
नाटो के सदस्य देश
मूल रूप से नाटो में 12 सदस्य (फ्रांस, बेल्जियम, लक्जमर्ग, ब्रिटेन, नीदरलैंड, कनाडा, डेनमार्क, आइसलैण्ड, इटली, नार्वे, पुर्तगाल और संयुक्त राज्य अमेरिका) थे जो अब बढ़कर 30 हो गए हैं. सबसे हालिया सदस्य उत्तर मैसेडोनिया है जिसे 2020 में संगठन में जोड़ा गया था.
नाटो के अन्य सदस्य देश: ग्रीस, तुर्की, जर्मनी, स्पेन, चेक गणराज्य, हंगरी, पोलैंड, बुल्गारिया, एस्टोनिया, लातविया, लिथुआनिया, रोमानिया, स्लोवाकिया और स्लोवेनिया, अल्बानिया और क्रोएशिया, मोंटेनेग्रो और उत्तर मैसेडोनिया.
फ्लेक्स ईंधन से चलने वाले वाहनों का निर्माण किया जायेगा
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने 12 फरवरी को नई दिल्ली में वैश्विक व्यापार सम्मेलन को संबोधित किया. अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ऑटोमोबिल कंपनियां छह महीने के भीतर फ्लेक्स ईंधन से चलने वाले वाहनों का निर्माण प्रारंभ कर देंगी. फ्लेक्स ईंधन गैसोलीन के साथ मेथेनॉल अथवा एथेनॉल के मिश्रण से तैयार किया जाता है.
उन्होंने कहा कि जल्द ही देश में अधिकतर गाडि़यां पूरी तरह एथेनॉल से चलने लगेंगी. सरकार पेट्रोल-डीजल के स्थान पर अन्य वैकल्पिक ईंधन के उपयोग पर जोर दे रही है. सरकार ने उत्पादन से जुड़े प्रोत्साहन यानी पीएलआई स्कीम में फ्लेक्स ईंधन इंजन के मोटर वाहन और कलपुर्जों को भी शामिल किया है.
पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित किये गए
देश के पांच राज्य उत्तर प्रदेश, उत्तराखण्ड, गोवा, मणिपुर और पंजाब के विधानसभा सदस्यों के चुनाव की मतगणना के नतीजे 10 मार्च को घोषित किये गए. इन चारों राज्यों में 10 फरवरी से 7 मार्च तक विभिन्न चरणों में मतदान हुए थे.
इन चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखण्ड, गोवा और मणिपुर में सत्ता बनाए रखी. पंजाब विधानसभा चुनाव में सत्ताधारी कांग्रेस की जगह आम आदमी पार्टी ने जीत दर्ज की .
उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को लगातार दूसरी बार सत्ता में आने की ऐतिहासिक सफलता मिली. 403 सदस्यों की विधानसभा में उसे 255 सीटे मिली हैं. सहयोगी पार्टियां अपना दल (सोनेलाल) ने 12 सीट और निषाद पार्टी ने 6 सीट जीती. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर सदर सीट से जीत हासिल की.
समाजवादी पार्टी ने विधानसभा चुनाव में 111 सीट पर जीत हासिल की. उसके सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल ने 8, जबकि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने 6 सीटों पर जीत मिली. जनसत्ता दल लोकतांत्रिक को दो सीटें मिली हैं. इस चुनाव में कांग्रेस को दो सीटें मिली जबकि बहुजन समाज पार्टी सिर्फ एक सीट जीत सकी.
उत्तराखंड
70 सदस्यों की उत्तराखंड विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी को 47 सीटों पर विजय मिली. कांग्रेस ने 19 सीट जीती. बहुजन समाज पार्टी और निर्दलीय उम्मीदवार 2-2 सीटों पर विजयी रहें. मुख्यमंत्री पुष्करसिंह धामी चुनाव हार गए.
गोआ
गोआ में भाजपा को 40 सदस्यों की विधानसभा में 20 सीटें मिली. कांग्रेस 11 सीटों पर जीतने में सफल रही. महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी और आम आदमी पार्टी को दो-दो सीट मिली. रिवॉल्यूशनरी गोअंस पार्टी ने एक सीट जीती. गोआ फॉरवर्ड पार्टी को भी एक सीट मिली. तीन निर्दलीय प्रत्याशी भी जीतने में सफल रहे.
मणिपुर
मणिपुर में भाजपा ने 60 सदस्यीय विधानसभा में 32 सीटें जीती. नेशनल पीपुल्स पार्टी को सात सीटें मिली. जनता दल-यूनाइटेड ने छह सीटें जबकि कांग्रेस पांच सीटें जीतने में सफल रही. नगा पीपुल्स फ्रंट को पांच सीटों पर कामयाबी मिली.
पंजाब
आम आदमी पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत से जीत हासिल की. पंजाब की 117 विधानसभा सीटों में से उसे 92 सीटें मिली. सत्ताधारी कांग्रेस को 18, शिरोमणि अकाली दल को तीन और भाजपा को दो सीटें मिली. बहुजन समाज पार्टी और एक निर्दलीय प्रत्याशी ने एक-एक सीट जीती.
ड्रोन उद्योग के लिए प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव योजना की शुरुआत
सरकार ने हाल ही में ड्रोन उद्योग के लिए प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना शुरू किया है. इस उद्देश्य से 10 मार्च को नागरिक उड्डयन मंत्रालय (Ministry of Civil Aviation) ने 120 करोड़ रुपये की प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना के लिए ड्रोन उद्योग (Drone Industry) से आवेदन आमंत्रित किए हैं.
मुख्य बिंदु
- PLI स्कीम को 30 सितंबर 2021 को अधिसूचित किया गया था. यह अगले तीन वित्तीय वर्षों में भारत में ड्रोन के निर्माण के लिए कुल 120 करोड़ रुपये का प्रोत्साहन प्रदान करना चाहती है.
- इस योजना के तहत, ड्रोन और ड्रोन घटकों के निर्माताओं को अगले तीन वर्षों के दौरान उनके द्वारा किए गए मूल्यवर्धन का 20% प्रोत्साहन दिया जाएगा.
- PLI योजना की मदद से उम्मीद है कि 2026 तक भारतीय ड्रोन उद्योग का कुल कारोबार 15,000 करोड़ रुपये तक हो जाएगा.
ISSF निशानेबाजी विश्व कप: भारत चार स्वर्ण के साथ पदक तालिका में शीर्ष पर रही
ISSF निशानेबाजी विश्व कप (ISSF World Cup) 2022 प्रतियोगिता मिस्र के काहिरा में 26 फरवरी से 8 मार्च तक किया गया था. इस विश्व कप में 60 देशों के 500 से अधिक एथलीटों ने हिस्सा लिया था.
मुख्य बिंदु
- इस प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने चार स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य सहित कुल सात पदक जीते. पदक तालिका में भारतीय दल शीर्ष पर रही.
- इस प्रतियोगिता में नॉर्वे ने छह पदक जीते, जिसमें तीन स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य शामिल हैं, और वह पदक तालिका में दूसरे स्थान पर रहा. तीन स्वर्ण के साथ फ्रांस तीसरे स्थान पर रहा.
- भारत के लिए पहला स्वर्ण पदक सौरभ चौधरी ने जीता था. उन्होंने पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्वर्ण पदक मैच में जर्मनी के माइकल श्वाल्ड को हराया.
- अनीश भानवाला और रिदम सांगवान ने थाईलैंड के खिलाफ 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल मिश्रित टीम मैच में स्वर्ण पदक जीता.
- महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल टीम स्पर्धा में निवेथा परमनाथम, ईशा सिंह और रुचिरा विनरकर ने स्वर्ण पदक जीता.
- महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल टीम स्पर्धा में भारत के लिए ईशा सिंह, राही सरनोबत और रिदम सांगवान ने स्वर्ण पदक जीता.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
गुजरात के सबसे बड़े वार्षिक खेल आयोजन ‘खेल महाकुंभ’ का उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद के सरदार पटेल स्टेडियम में गुजरात के सबसे बड़े वार्षिक खेल आयोजन ‘खेल महाकुंभ’ का उद्घाटन किया. यह खेल कार्यक्रम पहली बार 2010 में गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया था.
गांधीनगर में राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय के नये भवन का लोकार्पण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गांधीनगर में राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय के नये भवन का लोकार्पण किया. विश्वविद्यालय के पहले दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने आशा व्यक्त की कि राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय की स्थापना से देश की सुरक्षा और रक्षा के क्षेत्र में आमूल-चूल परिवर्तन होगा.
विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद राजनीतिक गतिविधियाँ तेज
पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद राजनीतिक गतिविधियाँ तेज हो गई हैं. गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने राज्यपाल पी एस श्रीधरन को अपना इस्तीफा सौंप दिया. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्यपाल गुरमीत सिंह को अपना त्याग पत्र सौंप दिया है. उधर, मणिपुर में मुख्यमंत्री एन० बिरेन सिंह और उनके मंत्रिमंडल ने राज्यपाल को इस्तीफा सौंप दिया है.
पेटीएम भुगतान बैंक पर नए खाते खोलने पर रोक
भारतीय रिजर्व बैंक ने पेटीएम भुगतान बैंक पर तत्काल प्रभाव से नए खाते खोलने पर रोक लगा दी है. रिजर्व बैंक ने पेटीएम भुगतान बैंक को अपने आईटी सिस्टम की व्यापक लेखा परीक्षा के लिए एक आईटी ऑडिट फर्म नियुक्त करने का भी निर्देश दिया है.
अमेरिका ने रूस से तेल आयात पर प्रतिबंध लगाया
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाईडेन ने एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर करके रूस से तेल और गैस ऊर्जा आयात पर तत्काल प्रतिबंध लगा दिया है. यूक्रेन पर रूसी आक्रमण के बीच यूक्रेन के लोगों के समर्थन में तेल आयात पर प्रतिबंध लगाया गया है.
