डेली कर्रेंट अफेयर्स
NSO ने वित्त वर्ष 21 के लिए GDP वृद्धि का पहला संशोधित अनुमान जारी किया
राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (NSO) ने वित्त वर्ष 2020-21 के लिए देश के GDP वृद्धि दर का पहला संशोधित अनुमान 1 फरवरी को जारी किया था.
इन अनुमानों के अनुसार, वित्त वर्ष 2020-21 भारत की GDP वृद्धि दर -6.6 प्रतिशत है. इससे पहले यह अनुमान -7.3 प्रतिशत था. COVID महामारी के कारन लगाए गए लॉकडाउन के कारण इस दौरान भारतीय GDP में कमी आई है.
NSO ने 2019-20 के लिए वास्तविक GDP वृद्धि दर को भी संशोधित कर 3.7 प्रतिशत कर दिया है, पहले यह 4 प्रतिशत था.
वित्त वर्ष 2019-20 में (2011-12 मूल्य पर) वास्तविक जीडीपी 145.69 लाख करोड़ रुपये रही थी जबकि वित्त वर्ष 2020-21 में यह 135.58 लाख करोड़ रुपये रहा.
कर्नाटक के होयसला मंदिर, विश्व विरासत की सूची के लिए भारत का नामांकन
केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय ने कर्नाटक के बेलूर, हलेबिड और सोमनाथपुरा के होयसला मंदिरों को वर्ष 2022-2023 की विश्व विरासत सूची के लिए भारत के नामांकन के तौर पर शामिल किया गया है.
होयसला के पवित्र स्मारक 15 अप्रैल, 2014 से यूनेस्को की संभावित सूची में शामिल हैं और मानव रचनात्मक प्रतिभा के उच्चतम बिंदुओं में से एक का प्रतिनिधित्व करते हैं.
यूनेस्को द्वरा साइट के मूल्यांकन किये जाने के बाद इन मंदिरों को विश्व विरासत की सूची में शामिल किये जाने पर विचार किया जायेगा.
नीरज चोपड़ा को लॉरियस विश्व खेल पुरस्कार के लिए नामित किया गया
भारतीय एथलीट नीरज चोपड़ा को प्रतिष्ठित लॉरियस विश्व खेल पुरस्कारों के लिए नामित किया गया है. उन्हें लॉरियस वर्ल्ड ब्रेकथ्रू ऑफ द ईयर अवार्ड 2022 के लिए पांच अन्य खिलाड़ियों के साथ नामित किया गया है.
24 वर्षीय नीरज तीसरे भारतीय खिलाड़ी हैं, जिन्हें इस पुरस्कार के लिए नामित किया गया है. नीरज चोपड़ा ने तोक्यो ओलिंपिक में स्वर्ण पदक जीता था. यह ओलिंपिक में एथलेटिक्स में भारत के लिए पहला स्वर्ण पदक था.
2 फरवरी: विश्व आर्द्र भूमि दिवस
प्रत्येक वर्ष 2 फरवरी को विश्व आर्द्र भूमि दिवस (World Wetlands Day) के रूप में मनाया जाता है. यह दिवस प्रत्येक वर्ष पृथ्वी के लिए आर्द्र भूमि की महत्वपूर्ण भूमिका पर वैश्विक जागरुकता बढाने के उद्देश्य से मनाया जाता है. विश्व आर्द्र भूमि दिवस 2022 का विषय ‘लोगों और प्रकृति के लिए आर्द्रभूमि की कार्रवाई’ है.
1971 में इसी दिन ईरान के शहर रामसर में कैस्पियन सागर के तट पर आर्द्रभूमि पर एक अभिसमय (Convention on Wetlands) को अपनाया गया था. पहली बार ‘विश्व आर्द्रभूमि दिवस’ 2 फरवरी, 1997 को रामसर सम्मलेन के 16 वर्ष पूरे होने पर मनाया गया था.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप
अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप के फाइनल में 5 फरवरी को भारत का मुकाबला इंग्लैंड से होगा. एंटीगा में खेले गये सेमीफाइनल में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 96 रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी.
एंटोनियो कोस्टा पुर्तगाल के प्रधानमंत्री पुनः निर्वाचित
एंटोनियो कोस्टा (Antonio Costa) फिर से पुर्तगाल के प्रधानमंत्री निर्वाचित किये गये हैं. 30 जनवरी को पुर्तगाल में हुए संसदीय चुनाव में सत्ताधारी सोशलिस्ट पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बहुमत हासिल की है.
भारत से चार खरब अमरीकी डॉलर लागत की वस्तुओं के निर्यात की उम्मीद
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने आज लोकसभा को बताया कि इस वित्तीय वर्ष के अंत तक भारत से चार खरब अमरीकी डॉलर लागत की वस्तुओं के निर्यात की उम्मीद है. अप्रैल से निर्यात राशि की दर प्रतिमाह 30 अरब डॉलर बनी हुई है. अब तक निर्यात की कुल राशि तीन खरब 34 अरब डॉलर तक पहुंच गई है.
स्पेसएक्स ने इटली के पृथ्वी-अवलोकन उपग्रह ‘CSG-2’ को लॉन्च किया
स्पेसएक्स ने इटली के पृथ्वी-अवलोकन उपग्रह ‘CSG-2’ को लॉन्च किया है. ‘CSG-2’ उपग्रह के साथ दो चरणों वाला स्पेसएक्स फाल्कन 9 रॉकेट फ्लोरिडा के केप कैनावेरल स्पेस फोर्स स्टेशन से लॉन्च किया गया.
