डेली कर्रेंट अफेयर्स
यूक्रेन-रूस तनाव: एक दृष्टि
- रूस ने यूक्रेन के पूर्वी क्षेत्र दोनबास में विशेष सैन्य कार्रवाई की शुरूआत कर दी है. रूस की सेना क्राइमिया के रास्ते यूक्रेन में गई हैं. यूक्रेन के कई शहरों पर बैलिस्टिक मिसाइलें भी दागी गई.
- राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने कहा कि यूक्रेन पर कब्जा करना रूस का मकसद नहीं है. पुतिन ने अन्य देशों को चेतावनी दी कि अगर किसी ने भी रूस की कार्रवाई में दखल दिया तो वह उनके खिलाफ जवाबी कार्रवाई करेगा.
- अमरीका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा है कि अमरीका और उसके गठबंधन देश (नाटो) मिलकर इस हमले का जवाब देंगे. नाटो महासचिव येंस स्टोलट्नबर्ग ने कहा कि नाटो के सहयोगी देश यूरोपीय संघ और दुनियाभर में अन्य देशों के साथ निकट समन्वय बनाकर रूस पर कड़े आर्थिक प्रतिबंध लगा रहे हैं.
- तुर्की ने कहा है कि वह यूक्रेन की क्षेत्रीय अखंडता को अपना समर्थन जारी रखेगा. वहीं दूसरी ओर ईरान ने कहा कि नाटो देशों की उकसावेपूर्ण कार्रवाइयों के कारण यूक्रेन में युद्ध की स्थितियां बनी.
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से टेलीफोन पर बातचीत की. उन्होंने दृढ़ विश्वास व्यक्त किया कि रूस और नैटो समूह के बीच मतभेदों का समाधान केवल निष्ठापूर्ण बातचीत से ही हो सकता है.
संजीव सान्याल को EAC-PM का पूर्णकालिक सदस्य नियुक्त किया गया
प्रसिद्ध अर्थशास्त्री संजीव सान्याल को प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद (EAC-PM) का पूर्णकालिक सदस्य नियुक्त किया गया है. सान्याल वर्तमान में वित्त मंत्रालय के प्रमुख आर्थिक सलाहकार के रूप में कार्यरत थे.
सान्याल फरवरी 2017 में मुख्य आर्थिक सलाहकार के रूप में वित्त मंत्रालय में शामिल हुए थे. इससे पहले वह ड्यूश बैंक में वैश्विक रणनीतिकार और प्रबंध निदेशक के रूप में काम कर रहे थे. उनके काम के लिए सिंगापुर सरकार भी सम्मानित कर चुकी है.
EAC-PM क्या है?
प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद (EAC-PM) केंद्र सरकार द्वारा गठित एक स्वतंत्र निकाय है. यह प्रधानमंत्री को आर्थिक और इससे संबंधित मुद्दों पर सलाह देता है. इस परिषद के वर्तमान अध्यक्ष डॉ. बिबेक देबरॉय हैं.
प्रोफेसर नीना गुप्ता को रामानुजन पुरस्कार से सम्मानित किया गया
प्रोफेसर डॉ. नीना गुप्ता को युवा गणितज्ञों को दिए जाने वाले रामानुजन पुरस्कार से सम्मानित किया गया है. डॉ. गुप्ता कोलकाता स्थित भारतीय सांख्यिकी संस्थान की एक गणितज्ञ हैं. 22 फरवरी, 2022 को उन्हें एक वर्चुअल समारोह में यह पुरस्कार प्रदान किया गया.
उन्हें संबद्ध बीजीय ज्यामिति और विनिमेयशील बीजगणित में उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए साल 2021 का यह पुरस्कार दिया गया है.
रामानुजन पुरस्कार: एक दृष्टि
ICTP (इंटरनेशनल सेंटर फॉर थ्योरीटिकल फिजिक्स) व अंतरराष्ट्रीय गणितीय संघ (IMU) के सहयोग से भारत सरकार के विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग (DST) द्वारा वित्त पोषित यह पुरस्कार विकासशील देश के एक शोधकर्ता को हर एक साल प्रदान किया जाता है.
यह पुरस्कार 45 साल से कम उम्र के युवा गणितज्ञों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने एक विकासशील देश में उत्कृष्ट शोध किया है. यह पुरस्कार श्रीनिवास रामानुजन की स्मृति में प्रदान किया जाता है.
वर्ष 2023 को अन्तर्राष्ट्रीय मोटा अनाज वर्ष के रूप में घोषित किया गया है
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अन्तर्गत 11 करोड किसानों को लगभग एक लाख 75 हजार करोड रूपये दिये गये हैं. प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2023 को अन्तर्राष्ट्रीय मोटा अनाज वर्ष के रूप में घोषित किया गया है.
रागी, ज्वार, बाजरा जैसे मोटे अनाजो का लंबे समय से उपभोग होता आ रहा है. मोटे अनाज के महत्व को मान्यता देते हुए भारत सरकार ने वर्ष 2018 को मोटा अनाज वर्ष घोषित किया था, ताकि इनके उत्पादन को प्रोत्साहित किया जा सके.
मोटे अनाज की घरेलू और वैश्विक मांग पूरी करने तथा लोगों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के लिए भारत सरकार ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में वर्ष 2023 को अंतरराष्ट्रीय मोटा अनाज वर्ष घोषित करने के प्रस्ताव का अभियान चलाया था. भारत के प्रस्ताव का 72 देशों ने समर्थन किया और मार्च 2021 में संयुक्त राष्ट्र महासभा ने वर्ष 2023 को मोटा अनाज अंतरराष्ट्रीय वर्ष घोषित किया.
वित्तीय स्थिरता और विकास परिषद की 25वी बैठक
वित्तीय स्थिरता और विकास परिषद (FSDC) की 25वी बैठक 22 फरवरी को मुम्बई में आयोजित की गयी थी. इस बैठक की अध्यक्षता वित्तमत्री निर्मला सीतारामन ने की थी. बैठक में FSDC के विभिन्न अधिदेशों और वैश्विक और घरेलू स्तर पर बदलते घटनाक्रम से उपजी वित्तीय चुनौतियों पर गहन विचार-विमर्श किया गया.
परिषद में इस बात पर जोर दिया गया किया कि सरकार और सभी नियामकों को वित्तीय स्थितियों और महत्वपूर्ण वित्तीय संस्थानों के कामकाज पर निरंतर निगरानी रखने की आवश्यकता है. परिषद ने विकास और व्यापक आर्थिक स्थिरता के साथ एक समावेशी आर्थिक विकास के लिए आवश्यक उपायों पर भी चर्चा की.
वित्तीय स्थिरता एवं विकास परिषद (FSDC)
सरकार ने वित्तीय बाजार नियामकों के सहयोग से FSDC की स्थापना की थी. यह संस्था, अर्थव्यवस्था के मैक्रो-विवेकपूर्ण पर्यवेक्षण, विशेष रूप से बड़े वित्तीय समूहों के कामकाज की निगरानी करती है, और वित्तीय क्षेत्र के अंतर-नियामक समन्वय और विकास के मुद्दों को हल करती है. यह वित्तीय जागरूकता को बढ़ावा देने पर भी केंद्रित है.
बहुपक्षीय नौसैनिक अभ्यास ‘मिलन 2022’ का आयोजन किया जा रहा है
बहुपक्षीय नौसैनिक अभ्यास ‘मिलन’ (Milan Exercise) 2022 का आयोजन विशाखापत्तनम में 25 फरवरी से 4 मार्च तक दो चरणों में किया जा रहा है. इसका बंदरगाह चरण 25 से 28 फरवरी तक और समुद्री चरण 1 से 4 मार्च तक आयोजित किया जायेगा.
‘मिलन 2022’ अभ्यास में 46 देशों को भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया था. इसमें QUAD देश (भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया) भी भाग लेंगे.
‘मिलन 2022’ की थीम ‘भाईचारा – सामंजस्य – सहयोग’ (Camaraderie – Cohesion – Collaboration) है. इसका आयोजन पूर्वी नौसेना कमान के तहत विशाखापत्तनम में किया जायेगा.
बहुपक्षीय नौसैनिक अभ्यास ‘मिलन’
‘मिलन’ एक बहुपक्षीय नौसैनिक अभ्यास है, जिसका आयोजन प्रत्येक दो वर्ष में किया जाता है. यह अभ्यास वर्ष 1995 में शुरू किया गया था.
24 फरवरी: केन्द्रीय उत्पाद शुल्क दिवस
प्रत्येक वर्ष 24 फरवरी को केन्द्रीय उत्पाद शुल्क दिवस (Central Excise Day) मनाया जाता है. यह दिवस केन्द्रीय वित्त मंत्रालय के अंतर्गत केन्द्रीय उत्पाद एवं सीमा शुल्क विभाग द्वारा मनाया जाता है. यह दिवस 24 फ़रवरी, 1944 को केन्द्रीय उत्पाद शुल्क तथा नमक क़ानून लागू किए जाने के उपलक्ष्य में मनाया जाता है.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
मूडीज ने इस वर्ष के लिए GDP वृद्धि अनुमान को बढ़ाकर 9.5 प्रतिशत किया
अमरीकी क्रेडिट रेटिंग एजेंसी, मूडीज ने इस वर्ष के लिए भारत की आर्थिक वृद्धि के अपने अनुमान को 7 प्रतिशत से बढ़ाकर 9.5 प्रतिशत कर दिया है. एजेंसी ने कहा कि अनुमान है कि भारतीय अर्थव्यवस्था में वर्ष 2021 की अंतिम तिमाही में सकल घरेलू उत्पाद का स्तर कोविड से पहले के स्तर के मुकाबले 5 प्रतिशत अधिक रहा है.
25 फरवरी को राष्ट्रीय समर स्मारक का तीसरा स्थापना दिवस मनाया गया
25 फरवरी को राष्ट्रीय समर स्मारक का तीसरा स्थापना दिवस मनाया गया. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 25 फरवरी 2019 को राष्ट्रीय समर स्मारक राष्ट्र को समर्पित किया था. यह स्मारक आजादी के बाद बलिदान देने वाले हमारे वीर सैनिकों के बलिदान का प्रतीक है.
