डेली कर्रेंट अफेयर्स
भारत और UAE के बीच वर्चुअल शिखर बैठक, व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते
भारत और संयुक्त अरब अमारात (UAE) के बीच 18 फरवरी को वर्चुअल माध्यम से शिखर बैठक आयोजित की गयी थी. इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अबू धाबी के शहजादे तथा UAE सशस्त्र बल के उप प्रमुख कमांडर शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने हिस्सा लिया.
बैठक के मुख्य बिंदु
- प्रधानमंत्री और अमारात के युवराज ने भारत की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ और अमारात की स्थापना के पचास वर्ष पूरे होने के अवसर पर एक साझा स्मारक डाक टिकट का लोकार्पण भी किया.
- अर्थव्यवस्था, ऊर्जा, जलवायु परिवर्तन, कौशल और शिक्षा, खाद्य सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवा, रक्षा और सुरक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने के लिए साझा लक्ष्य निर्धारित किया गया.
- सम्मेलन के दौरान एक व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते (CEPA) पर हस्ताक्षर किये गये. इस समझौते से दोनों देशों में व्यवसाय को लाभ होगा, एक दूसरे के बाजारों तक पहुंच बढ़ेगी और शुल्कों में कमी आएगी.
- बैठक में दो सहमति पत्रों पर भी हस्ताक्षर किए गए. इनमें से एक समझौता दोनों देशों के कृषि और खाद्य सुरक्षा विभाग के बीच जबकि दूसरा समझौता भारत के गिफ्ट सिटी और UAE के ग्लोबल मार्किट के बीच हुआ है. दो अन्य समझौते जलवायु परिवर्तन और शिक्षा से संबंधित हैं.
भारत- UAE: एक दृष्टि
UAE, भारत का तीसरा सबसे बड़ा व्यापार भागीदार है. UAE में भारतीय समुदाय के करीब 35 लाख लोग रहते हैं. चीन और अमेरिका के बाद, संयुक्त अरब अमीरात दुनिया में भारत का तीसरा सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार है. यह अमेरिका के बाद भारत का दूसरा सबसे बड़ा निर्यात गंतव्य भी है. इसके अलावा, UAE भारत में आठवां सबसे बड़ा निवेशक है.
नेपाल, भारत के एकीकृत भुगतान व्यवस्था को अपनाने वाला पहला पड़ोसी देश बना
नेपाल, भारत के एकीकृत भुगतान व्यवस्था ‘UPI’ को अपनाने वाला पहला पड़ोसी देश बन गया है. NPCI अन्तर्राष्ट्रीय भुगतान लिमिटेड ने इसकी घोषणा 18 फरवरी को की थी.
मुख्य बिंदु
- नेपाल में सेवाएं देने के लिए NPCI की अंतर्राष्ट्रीय शाखा NPCI International Payments Ltd (NIPL) ने मनम इंफोटेक और गेटवे पेमेंट्स सर्विस (GPS) के साथ साझेदारी की है. नेपाल में, GPS अधिकृत भुगतान प्रणाली ऑपरेटर है, और मनम इन्फोटेक वहां यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) को लागू करेगा.
- भारत इंटरफेस फॉर मनी (भीम) ऐप UPI का उपयोग कर भुगतान करने की एक आसान प्रणाली है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने डिजिटल भुगतान के लिए भीम UPI ऐप की शुरूआत 21 दिसंबर 2016 को की थी.
- अब नेपाल में इसे अपनाए जाने से डिजिटल भुगतान के नेपाल सरकार और नेपाल राष्ट्र बैंक के लक्ष्य को बढ़ावा मिलेगा.
बायो-सीएनजी ‘गोबर-धन’ संयंत्र का इंदौर में उद्घाटन किया गया
मध्य प्रदेश के इंदौर में एशिया का सबसे बड़ा बायो-सीएनजी ‘गोबर-धन’ संयंत्र शुरू किया गया है. इस संयंत्र का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 18 फरवरी को वर्चुअल माध्यम से किया था. भारत के शहरों को स्वच्छ बनाने, प्रदूषण रहित बनाने, क्लीन एनर्जी को बढावा देने के उद्देश्य से गोबर-धन अभियान चलाया जा रहा है.
प्रधनमंत्री के संबोधन के मुख्य बिंदु
- देश के गांवों में भी हजारों की संख्या में गोबर धन बॉयो गैस प्लांट लगाए जा रहे हैं. इनसे हमारे पशुपालकों को गोबर से भी अतिरिक्त आय मिलनी शुरू हुई है.
- बायो सीएनजी संयंत्र शहरों को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने में मदद करेंगे. सरकार अगले दो वर्षों में 75 बड़े नगर निगमों में इसी तरह के संयंत्र बनाएगी.
- शहर के कचरे और पशु धन से गोबर धन, फिर गोबर धन से स्वच्छ ईंधन, फिर स्वच्छ ईंधन से ऊर्जा धन ये श्रृंखला जीवन धन का निर्माण करती है.
- लाखों टन कचरा हजारों एकड़ जमीन पर फैला हुआ है. इससे वायु और जल प्रदूषित होते हैं. उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के दूसरे चरण में इस समस्या से निपटने के लिए कार्य किया जा रहा है.
भारत को वर्ष अंतर्राष्ट्रीय ओलिंपिक समिति के सत्र की मेज़बानी करने का अधिकार मिला
भारत को वर्ष 2023 में अंतर्राष्ट्रीय ओलिंपिक समिति के सत्र की मेज़बानी करने का अधिकार मिल गया है. इसका आयोजन मुंबई में किया जायेगा. भारत दूसरी बार ओलिंपिक समिति के सत्र की मेज़बानी करेगा. इससे पहले 1983 में नई दिल्ली में इसका आयोजन किया गया था.
ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता अभिनव बिंद्रा, IOC सदस्य नीता अंबानी, IOA अध्यक्ष नरिंदर बत्रा और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने 19 फरवरी को IOC सत्र में मेजबानी के अधिकार के लिए भारत का प्रस्ताव पेश किया था. 75 सदस्यों ने मुंबई के पक्ष में मतदान किया जबकि एक ने इसके खिलाफ मतदान किया.
19 फरवरी 2022: छत्रपति शिवाजी महाराज की 392वीं जयंती मनाई गयी
19 फरवरी 2021 को छत्रपति शिवाजी महाराज की 392वीं जयंती मनाई गयी. 19 फरवरी 1630 में शिवनेरी दुर्ग में उन्का जन्म हुआ था. छत्रपति शिवाजी को एक कुशल रणनीतिकार और निपुण प्रशासक के रूप में याद किया जाता है. छत्रपति शिवाजी महाराज ने पश्चिम भारत में मराठा साम्राज्य की नींव रखी थी.
19 फरवरी: देशभर में ‘मृदा स्वास्थ्य कार्ड दिवस’ मनाया गया
19 फरवरी को देशभर में ‘मृदा स्वास्थ्य कार्ड दिवस’ (Soil Health Card Day) मनाया गया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 19 फरवरी 2015 को राजस्थान के हनुमानगढ से मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना का शुभारंभ किया था. साइल कार्ड योजना में मिट्टी में कम हो रहे पोषक तत्वों की समस्या पर फोकस किया जाता है. इस योजना का उद्देश्य प्रत्येक दो वर्ष में किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड जारी करना है ताकि मिट्टी में पोषक तत्वों की कमी दूर करने के उपाय किये जा सकें.
20 फरवरी: अरूणाचल प्रदेश और मिजोरम का स्थापना दिवस
प्रत्येक वर्ष 20 फरवरी को अरूणाचल प्रदेश और मिजोरम का स्थापना दिवस (Arunachal Pradesh and Mizoram Statehood Day) मनाया जाता है. अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम को 1987 में आज ही के दिन राज्य का दर्जा मिला था. इस वर्ष यानी 2022 में 36वां स्थापना दिवस मनाया गया. अरूणाचल प्रदेश और मिजोरम से संबंधित महत्वपूर्ण तथ्य…»
मध्य प्रदेश में 48वां खजुराहो नृत्य महोत्सव
मध्य प्रदेश में 20-26 फरवरी तक 48वां खजुराहो नृत्य महोत्सव चल रहा है. यह भारतीय शास्त्रीय नृत्य शैलियों की प्रस्तुति का यह लोकप्रिय कार्यक्रम है. समारोह में देश और दुनिया के जाने-माने कलाकार प्रस्तुति देंगे. समारोह के दौरान भारतीय नृत्य शैलियों, कला और यात्रा संबंधी प्रदर्शनियों को भी प्रस्तुत किया जायेगा.
आयोजन के दौरान वर्ष 2019-20 और 2020-21 के लिए प्रख्यात नृतकों को राष्ट्रीय कालिदास पुरस्कार प्रदान किया जाएगा. वहीँ महोत्सव के दौरान मध्य प्रदेश राज्य रूपांकर कला पुरस्कार भी प्रदान किये जायेंगे.
20 फरवरी: विश्व सामाजिक न्याय दिवस
प्रत्येक वर्ष 20 फरवरी को विश्व भर में ‘सामाजिक न्याय दिवस’ (World Day of Social Justice) मनाया जाता है. इस अवसर पर विभिन्न संगठनों, जैसे- संयुक्त राष्ट्र एवं अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन द्वारा लोगों से सामाजिक न्याय हेतु अपील जारी की जाती है. इस वर्ष 2022 में विश्व सामाजिक न्याय दिवस की थीम ‘औपचारिक रोजगार के माध्यम से सामाजिक न्याय प्राप्त करना’ (Achieving Social Justice through Formal Employment) है.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ओडिशा दौरे पर
राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद दो दिवसीय ओडिशा के दौरे पर हैं. वे कल गौडि़या मिशन के संस्थापक श्रीला भक्ति सिद्धांत सरस्वती गोस्वामी प्रभुपाद की 150वीं जयंती कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे.
अमरीकी खाद्य और औषधि प्रशासन ने कोवैक्सीन के परीक्षण पर लगी रोक हटाई
अमरीका कोविड से बचाव के लिए भारत-बायोटेक कंपनी की कोवैक्सीन को मान्यता देने के लिए उसका मूल्याकंन करेगा. भारत-बायोटेक अमरीका और कनाडा में कोवैक्सीन का निर्माण ओक्यूजेन कंपनी के साथ मिलकर कर रही है. भारत बायोटेक ने देश में कोवैक्सीन का विकास भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान के साथ मिलकर किया है.
राष्ट्रपति भारतीय नौसेना के बेड़े का निरीक्षण करेंगे
राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद 21 फरवरी को भारतीय नौसेना के बेड़े का निरीक्षण करेंगे. विशाखापत्तनम में पूर्वी नौसैना कमान राष्ट्रपति के फ्लीट रिव्यू कार्यक्रम की मेजबानी करेगा. इस दौरान देश की स्वतंत्रता के 75वें वर्ष को भी रेखांकित किया जाएगा. नौसेना ने इस कार्यक्रम की थीम रखी है- “भारतीय नौसेना- राष्ट्र की सेवा में 75 वर्ष”.
म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन
जर्मनी के म्यूनिख में सुरक्षा सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है. विदेश मंत्री डॉ. सुब्रमण्यम जयशंकर इस सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए जर्मनी में हैं. इस सम्मेलन के दौरान उन्होंने यूरोप, एशिया और दुनिया के अन्य देशों के मंत्रियों के साथ बैठक की. डॉ. जयशंकर ने रोमानिया, मंगोलिया और स्वीडन के विदेश मंत्रियों तथा अन्य प्रतिनिधियों के साथ भी बैठक की.
