डेली कर्रेंट अफेयर्स
जी-20 समूह के वित्त मंत्रियों और प्रमुख बैंकों के गवर्नर्स की बैठक
जी-20 समूह के वित्त मंत्रियों और प्रमुख बैंकों के गवर्नर्स की बैठक 17 फरवरी को वर्चुअल माध्यम से आयोजित की गयी थी. इस बैठक की अध्यक्षता इंडोनेशिया ने की थी. वित्तमंत्री निर्मला सीतारामन ने इस बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व किया.
बैठक के पहले सत्र में वित्तमंत्री ने वैश्विक आर्थिक दृष्टिकोण और मुद्रास्फीति, आपूर्ति में व्यवधान और कोरोना वायरस के नए रूपों सहित उनके जोखिमों पर बात की. उन्होंने महामारी से निपटने में मदद के लिए कोविडरोधी टीकों की शीघ्र आपूर्ति और इनके समान वितरण का आह्वान किया है.
जी-20 देशों के राष्ट्राध्यक्षों और शासनाध्यक्षों का 17वां शिखर सम्मेलन इस साल नवंबर में इंडोनेशिया के बाली में होगा.
भारत की जी20 की अध्यक्षता और जी20 सचिवालय की स्थापना को मंजूरी
भारत की G20 2023 की अध्यक्षता और G20 सचिवालय की स्थापना और नियुक्तियों से संबंधित तैयारियों को 16 फरवरी को मंजूरी दी गयी. यह मंजूरी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केन्द्रीय मंत्रिमण्डल ने दी.
मुख्य बिंदु
- भारत 1 दिसंबर 2022 से लेकर 30 नवंबर 2023 तक जी20 की अध्यक्षता करेगा. अध्यक्षता के इस कार्यकाल का समापन 2023 में भारत में आयोजित जी20 शिखर सम्मेलन के साथ होगा.
- भारत द्वारा जी20 की अध्यक्षता से संबंधित कार्यों को संभालने के लिए जी20 के एक सचिवालय की स्थापना की जा रही है. यह सचिवालय फरवरी 2024 तक कार्य करेगा.
- G20 सचिवालय भारत की आगामी जी20 की अध्यक्षता के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक समग्र नीतिगत निर्णयों और व्यवस्थाओं के कार्यान्वयन के लिए जिम्मेदार होगी.
- प्रधानमंत्री की अध्यक्षता वाली एक शीर्ष समिति इस सचिवालय का मार्गदर्शन करेगी. इस शीर्ष समिति में वित्त मंत्री, गृह मंत्री, विदेश मंत्री, और जी20 शेरपा (वाणिज्य एवं उद्योग, वस्त्र, उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री) शामिल होंगे.
- जी20 से संबंधित सभी तैयारियों की निगरानी के लिए एक समन्वय समिति भी गठित की जाएगी जोकि इस शीर्ष समिति को रिपोर्ट करेगी.
जानिए क्या है जी-20 और जी-20 शिखर सम्मेलन…»
महान गायक और संगीतकार बप्पी लाहिड़ी का निधन
महान गायक और संगीतकार बप्पी लाहिड़ी का 15 फरवरी को मुंबई में निधन हो गया. वह 69 वर्ष के थे. बप्पी लाहिड़ी (Bappi Lahiri) का वास्तविक नाम अलोकेश लाहिड़ी है.
बप्पी लाहिड़ी वारदात, डिस्को डांसर, नमक हलाल, शराबी, कमांडो, शोला और शबनम समेत कई फिल्मों में काम किया. उन्होंने भारत में डिस्को संगीत को लोकप्रिय बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उनके कुछ बेहद लोकप्रित गानों में ‘चलते चलते मेरे ये गीत रखना’, ‘मैं एक डिस्को डांसर हूं’, ‘शराबी’ से ‘पग घुंघरू बांध मीरा नाची थी’ और ‘यार बिना चैन कहा रे’ शामिल हैं.
वित्तीय वर्ष 2022 से 2027 तक की अवधि के लिए नव भारत साक्षरता कार्यक्रम को मंजूरी
सरकार ने वित्तीय वर्ष 2022 से 2027 तक की अवधि के लिए नव भारत साक्षरता कार्यक्रम (New India Literacy Programme) मंजूर किया है. इसका उद्देश्य प्रौढ़ शिक्षा के सभी पहलुओं को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और बजट 2021-22 में की गई घोषणाओं के साथ जोड़ना है.
मुख्य बिंदु
- राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 ने प्रौढ़ शिक्षा और जीवन भर के लिए विद्या प्राप्त करने की सिफारिशें की हैं. बजट 2021-22 की घोषणा में संसाधनों से ज्यादा से ज्यादा लाभांन्वित होने, प्रौढ़ शिक्षा के समस्त पहलुओं के लिए ऑनलाइन मॉडयुल्स शुरू करने की बात कही गई थी. इस योजना का उद्देश्य बुनियादी साक्षरता को लागू करना और बढ़ावा देना भी है.
- यह योजना देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के गैर-साक्षर लोगों को कवर करेगी. इस कार्यक्रम का अनुमानित कुल परिव्यय 1,037 करोड़ रुपये से अधिक है.
‘हरित हाइड्रोजन’ के उत्पादन के लिए एक प्रमुख नीति प्रवर्तक की घोषणा
केन्द्र सरकार ने ‘हरित हाइड्रोजन’ या ‘हरित अमोनिया’ के उत्पादन के लिए एक प्रमुख नीति प्रवर्तक की घोषणा की है. इस नीति के लागू होने से जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता कम होगी और कच्चे तेल का आयात भी कम होगा.
- प्रधानमंत्री ने 2021 में भारत के 75वें स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रीय हाइड्रोजन मिशन का शुभारंभ किया था. मिशन का उद्देश्य सरकार को जलवायु लक्ष्यों को पूरा करने और भारत को हरित हाइड्रोजन का केंद्र बनाने में सहायता करना है.
- सरकार, भारत को ग्रीन हाइड्रोजन के प्रोडक्शन और एक्सपोर्ट का ग्लोबल हब बनाना चाहती है. ये ऊर्जा के क्षेत्र में भारत की एक नई प्रगति उसको आत्मनिर्भर बनाएगा और पूरे विश्व में क्लीन एनर्जी ट्रांजीशन की नई प्रेरणा भी बनेगा. सरकार का लक्ष्य 2030 तक 50 लाख टन हरित हाइड्रोजन का उत्पादन करना है.
- हरित हाइड्रोजन नीति से कार्बन-मुक्त हरित हाइड्रोजन की उत्पादन लागत को कम करने में मदद मिलेगी. नीति के अन्तर्गत कंपनियों को स्वयं या दूसरी इकाई के माध्यम से सौर या पवन ऊर्जा जैसे नवीकरणीय स्रोतों से बिजली पैदा करने को लेकर क्षमता स्थापित करने की आजादी होगी.
12-18 फरवरी: राष्ट्रीय उत्पादकता सप्ताह, राष्ट्रीय उत्पादकता परिषद का 64वां स्थापना दिवस
12 से 18 फरवरी को ‘राष्ट्रीय उत्पादकता सप्ताह’ (National Productivity Week) मनाया गया था. यह सप्ताह राष्ट्रीय उत्पादकता परिषद (NPC) द्वारा अपने स्थापना दिवस के अवसर पर मनाया जाता है. 2022 के राष्ट्रीय उत्पादकता सप्ताह का थीम “उत्पादकता के माध्यम से आत्मनिर्भरता” (Self-Reliance Through Productivity) है. इस वर्ष 12 फरवरी, 2022 को NPC का 64वां स्थापना दिवस था. NPC अपने स्थापना दिवस को ‘उत्पादकता दिवस’ के रूप में मनाती है.
सरकार ने देश के पहले राष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा समन्वयक की नियुक्ति की
सरकार ने वाइस एडमिरल (सेवानिवृत्त) जी अशोक कुमार को भारत का पहला राष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा समन्वयक (national maritime security coordinator- NMSC) नियुक्त किया है. सुरक्षा पर कैबिनेट समिति ने इस पद के निर्माण के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी.
मुख्य बिंदु
- नए NMSC की नियुक्ति को 14 साल पहले हुए 26/11 के मुंबई आतंकी हमले के बाद अपनी समुद्री सुरक्षा को मजबूत करने के लिए सरकार के लगातार प्रयासों के रूप में देखा जा रहा है.
- NMSC, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल की अध्यक्षता में राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय के समन्वय में काम करेंगे.
- NMSC को भारतीय नौसेना, तटरक्षक बल, तटीय और समुद्री सुरक्षा में शामिल सुरक्षा एजेंसियों और 13 तटीय राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के बीच समन्वय का काम सौंपा गया है.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
चीन ने अपने बाजारों को विदेशी स्पर्धा के लिए खोलने का वायदा नहीं निभाया
अमरीका ने चीन पर आरोप लगाया है कि उसने 2001 में विश्व व्यापार संगठन (WTO) में शामिल होने पर अपने बाजारों को विदेशी स्पर्धा के लिए खोलने का वायदा नहीं निभाया. WTO में अमरीका के प्रतिनिधि ने आरोप लगाया है कि चीन व्यापार की चुनौतियों से निपटने के लिए नई कार्यप्रणाली अपना रहा है, जो विश्व के कामगारों और व्यापारियों को काफी नुकसान पहुंचा रहा है.
गुजरात में नई जैव प्रौद्योगिकी नीति की घोषणा
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने वर्ष 2022-27 के लिए नई जैव प्रौद्योगिकी नीति की घोषणा की है. इस नीति के अंतर्गत नीतिगत परियोजनाएं और विशाल तथा बड़ी परियोजनाएं विशेष पैकेज की पात्र हैं. इससे प्रमुख इकाइयों और वर्तमान उद्योगों के माध्यम से नया निवेश होगा. नई नीति के अनुसार 200 करोड़ रुपए से कम की पूंजी निवेश वाले सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों को 40 करोड़ रुपए की अधिकतम सहायता दी जाएगी.
75 प्रतिशत कोटा निर्धारित करने संबंधी हरियाणा सरकार के कानून पर रोक
उच्चतम न्यायालय ने हरियाणा के निवासियों के लिए निजी क्षेत्र की नौकरियों में 75 प्रतिशत कोटा निर्धारित करने संबंधी हरियाणा सरकार के कानून पर रोक लगाने वाले पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के आदेश को रद्द कर दिया है. उच्च न्यायालय ने 3 फरवरी को इस कानून पर अंतरिम रोक लगा दी थी.
भारत ने वेस्टइंडीज को छह विकेट से हराया
भारत ने तीन ट्वेन्टी-20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की श्रृंखला के पहले मैच में कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज को छह विकेट से हरा दिया. इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की श्रृंखला में एक-शून्य की बढ़त हासिल कर ली है. दूसरा टी-20 अंतर्राष्ट्रीय मैच कल ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा.
केरल में ऐमनम गांव को पर्यटन के लिए श्रेष्ठ 30 स्थानों में शामिल किया है
अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन पत्रिका ने केरल में, खूबसूरत गांव ऐमनम को 2022 में पर्यटन के लिए श्रेष्ठ 30 स्थानों में शामिल किया है. सिक्किम, मेघालय, गोवा, कोलकाता और ओडिसा के पर्यटन स्थलों को भी कोंडे नास्त पर्यटन पत्रिका में प्रकाशित किया गया है. केरल के रेस्पोंसिबल पर्यटन मिशन ने 2018 में पर्यटन गतिविधियों के लिए एैमनम गांव को चुना था.
तेलंगाना के मुलुगु जिले में द्विवार्षिक मेदाराम जनजातीय मेला
तेलंगाना के मुलुगु जिले में 16-19 फरवरी को द्विवार्षिक मेदाराम जनजातीय मेला चल रहा है. यह उत्सव एशिया का सबसे बड़ा जनजातीय मेला माना जाता है. यह मेला मेदाराम गांव में चार दिन तक आयोजित होता है. मान्यता है कि इस अवसर पर काकतीय शासकों के उत्पीड़न के खिलाफ सम्मक्का और सारलम्मा की लड़ाई का स्मरण किया जाता है.
वर्तमान फसल वर्ष में खाद्यान्न उत्पादन का दूसरा अग्रिम अनुमान जारी
वर्तमान फसल वर्ष में खाद्यान्न उत्पादन 31 करोड़ टन से अधिक रहने का अनुमान है. सरसों उत्पादन एक करोड़ 15 लाख टन होने की संभावना है.
रक्षा प्रदर्शनी 2022 का आयोजन गांधीनगर में किया जायेगा
रक्षा प्रदर्शनी (DefExpo) 2022 का आयोजन 10-13 मार्च 2022 तक गुजरात के गांधीनगर में किया जायेगा. यह प्रदर्शनी 900 प्रदर्शकों की भागीदारी के साथ 1996 में शुरू होने के बाद से सबसे बड़ा होगा. इस प्रदर्शनी की थीम “Celebrating 75 years of India’s Independence” है.
16 फरवरी: गुरु रविदास जयंती
16 फरवरी, 2022 को गुरु रविदास जयंती मनाई गई. गुरु रविदास जयंती माघ पूर्णिमा को मनाया जाता है. गुरु रविदास या भगत रविदास एक प्रसिद्ध संत थे, जिन्हें भक्ति आंदोलन में उनके योगदान के लिए याद किया जाता है. वे संत कबीर के समकालीन थे. उनका जन्म उत्तर प्रदेश के सीर गोवर्धनपुर गाँव में हुआ था.
