डेली कर्रेंट अफेयर्स
मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय की आधारशिला रखी गयी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2 जनवरी को उत्तर प्रदेश के मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय की आधारशिला रखी. यह विश्वविद्यालय मेरठ के सरधना कस्बे के सलावा और कैली गांव में स्थापित किया जाएगा. इसपर लगभग 700 करोड रूपये की लागत आएगी.
मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय: एक दृष्टि
- इस विश्वविद्यालय में 540 महिला और 540 पुरुष खिलाड़ियों सहित 1080 खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने की क्षमता होगी.
- यह विश्वविद्यालय में हॉकी ग्राउंड, फुटबॉल ग्राउंड, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, कबड्डी ग्राउंड, लॉन टेनिस कोर्ट, व्यायामशाला हॉल, सिंथेटिक रनिंग स्टेडियम, स्विमिंग पूल, बहुउद्देशीय हॉल, और एक साइकिलिंग वेलोड्रोम सहित आधुनिक और अत्याधुनिक खेल बुनियादी ढांचे से लैस होगा.
- इसमें प्रशिक्षण की क्षमता वाली अन्य सुविधाओं के अलावा निशानेबाजी, स्क्वैश, जिमनास्टिक, भारोत्तोलन, तीरंदाजी, कैनोइंग और कयाकिंग की सुविधाएं भी होंगी.
सूडान के प्रधानमंत्री अब्दुल्ला हमदोक ने त्याग-पत्र दिया
सूडान के प्रधानमंत्री अब्दुल्ला हमदोक ने 2 जनवरी को अपने पद से त्याग-पत्र दे दिया. उन्होंने हाल ही में लोकतंत्र समर्थक प्रदर्शनकारियों पर सेना के बल प्रयोग के विरोध में यह निर्णय किया है. हमदोक के इस्तीफे के बाद अब सेना के पास सरकार का पूर्ण नियंत्रण हो गया है.
श्री हमदोक संयुक्त राष्ट्र के पूर्व अधिकारी हैं और उन्हें सूडान में लोकतांत्रिक सरकार के प्रमुख चेहरे के रूप में जाना जाता है. सैन्य तख्ता पलट के बाद अंतर्राष्ट्रीय दबाव के कारण उन्हें नवम्बर में नई सरकार गठित करने के लिए फिर से प्रधानमंत्री बनाया गया था.
सूडान की सेना ने अक्टूबर, 2021 में तख्तापलट किया था. इस तख्तापलट के बाद प्रधानमंत्री हमदोक को शुरू में नजरबंद कर दिया था. इसके बाद, नागरिक और सैन्य नेताओं ने सत्ता-साझाकरण समझौते पर हस्ताक्षर किए थे. इस समझौते के विरोध में राजधानी खार्तूम में सशस्त्र बलों की हिंसा में कई लोग मारे गए थे.
विनय कुमार त्रिपाठी रेलवे बोर्ड के महाप्रबंधक नियुक्त किये गये
विनय कुमार त्रिपाठी को रेलवे बोर्ड का नया चेयरमैन और CEO नियुक्त किया गया है. उनकी नियुक्ति केंद्र सरकार की मंत्रीमंडलीय नियुक्ति समिति ने 31 दिसम्बर 2021 को की. विनय कुमार त्रिपाठी 1983 बैच के सीनियर आईआरएसईई (IRSEE) अधिकारी और पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर के महाप्रबंधक हैं.
महाप्रबंधक विनय कुमार त्रिपाठी की नियुक्ति निवर्तमान चेयरमैन व CEO सुनीत शर्मा की जगह पर की गई है. यह नियुक्ति एक जनवरी, 2022 से 30 जून, 2022 के लिए छह माह हेतु की गई है. कमेटी ने उनकी नियुक्ति को 31 दिसंबर, 2022 तक विस्तार देने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
मणिपुर और त्रिपुरा में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास
प्रधानमंत्री 4 दिसम्बर को मणिपुर में करीब 1850 करोड रुपये लागत की तेरह परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे. श्री मोदी लगभग 2950 करोड रुपये की नौ परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे. अगरतला में प्रधानमंत्री महाराजा बीर बिक्रम हवाई अड्डे पर नए एकीकृत टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे तथा दो प्रमुख विकास पहलों का भी शुभारम्भ करेंगे.
दिसंबर 2021 में जीएसटी राजस्व 1.29 लाख करोड़ रुपये
दिसंबर 2021 में एकत्र जीएसटी राजस्व 1.29 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा. 2020 में इसी महीने की तुलना में यह 13 प्रतिशत अधिक है. दिसंबर 2021 में कुल जीएसटी राजस्व में से सीजीएसटी रु 22,578 करोड़, एसजीएसटी रु 28,658 करोड़, आईजीएसटी रु 69,155 करोड़ और 9,389 करोड़ रुपये उपकर है.
जीएसटी परिषद की 46वीं बैठक
केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में जीएसटी परिषद की 46वीं बैठक नई दिल्ली में हुई. जीएसटी परिषद ने 45वीं जीएसटी परिषद की बैठक में अनुशंसित वस्त्रों की दरों में बदलाव के फैसले को टालने की सिफारिश की है. नतीजतन, कपड़ा क्षेत्र में 12% के बजाय 5% की मौजूदा जीएसटी दरें जारी रहेंगी.
वीएस पठानिया भारतीय तटरक्षक बल के 24वें महानिदेशक बने
वीएस पठानिया ने भारतीय तटरक्षक बल के 24वें महानिदेशक (DG) के रूप में पदभार ग्रहण किया है. उन्होंने सेवानिवृत्त हुए कृष्णास्वामी नटराजन का स्थान लिया है.
