डेली कर्रेंट अफेयर्स
पीवी सिंधु BWF वर्ल्ड टूर फाइनल्स की उपविजेता बनी, आन सियोंग ने हराया
भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु BWF वर्ल्ड टूर फाइनल्स (BWF World Tour Finals) की उप-विजेता रहीं हैं. इस प्रतियोगिता के फाइनल में दक्षिण कोरिया की आन सियोंग ने सिंधु को पराजित कर स्वर्ण पदक जीता. इस प्रकार भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी को रजत पदक से संतोष करना पड़ा.
सियोंग ने इससे पहले इंडोनेशिया मास्टर्स और इंडोनेशिया ओपन के खिताब जीते थे. उन्होंने अक्टूबर में डेनमार्क ओपन के क्वार्टर फाइनल में भी सिंधू को हराया था.
सिंधु मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन और दो बार की ओलंपिक पदक विजेता हैं. यह तीसरा अवसर था जबकि सिंधू टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची थी. वह 2018 में खिताब जीतकर यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय बनी थी.
प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड में सात परियोजनाओं का उद्घाटन किया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 4 दिसम्बर को देहरादून, उत्तराखंड में सात परियोजनाओं का उद्घाटन किया और लगभग 18 हजार करोड़ रुपये की 11 अन्य परियोजनाओं की आधारशिला रखी.
- परियोजनाओं में दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारा भी शामिल है जिसे करीब 8300 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा. इससे दिल्ली से देहरादून की यात्रा का समय छह घंटे से घटाकर लगभग 2 घंटा 50 मिनट रह जाएगा.
- लगभग 1700 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली देहरादून-पोंटा साहिब सड़क परियोजना से यात्रा के समय में कमी आएगी. लक्ष्मण झूला के पास गंगा नदी पर एक पुल का भी निर्माण किया जाएगा. प्रधानमंत्री ने देहरादून में बाल हितैषी शहर परियोजना की भी आधारशिला रखी.
- प्रधानमंत्री ने देहरादून में 700 करोड़ रुपये से अधिक लागत की जलापूर्ति, सड़क और जल निकासी प्रणाली के विकास से संबंधित परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी. उन्होंने श्री बद्रीनाथ धाम और गंगोत्री-यमुनोत्री धाम में बुनियादी ढांचे के विकास कार्यों की आधारशिला भी रखी.
- श्री मोदी ने देहरादून में एक हिमालयी संस्कृति केंद्र के साथ-साथ एक हजार सात सौ करोड़ रुपये से अधिक लागत की यमुना नदी पर निर्मित 120 मेगावाट की व्यासी जल विद्युत परियोजना का भी उद्घाटन किया.
रतन टाटा को असम का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘असम वैभव’ देने की घोषणा की गयी
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिसवा सरमा ने रतन टाटा को राज्य का सर्वोच्च नागरिक ‘असम वैभव’ सम्मान देने की घोषणा की है. राज्य में कैंसर की देखभाल के लिए उनके असाधारण योगदान के लिए उन्हें यह सम्मान दिया गया है.
रतन टाटा की पहल पर टाटा ट्रस्ट ने असम सरकार के सहयोग से 2018 में 19 कैंसर देखभाल इकाई स्थापित करने का निर्णय लिया था. इसका शिलान्यास रतन टाटा ने किया था.
इसमें लगभग 2200 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा, जिसमें आधी राशि टाटा समूह की कंपनियों व आधी राज्य सरकार द्वारा दी जाएगी.
‘एडवांटेज असम – ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट-2018’ के दौरान टाटा ट्रस्ट ने उसी साल फरवरी में असम सरकार के साथ एक समझौता पर हस्ताक्षर किया था.
5 दिसंबर: विश्व मृदा दिवस
प्रत्येक वर्ष 5 दिसम्बर को विश्व मृदा दिवस (World Soil Day) मनाया जाता है. इस वर्ष यानी 2021 के विश्व मृदा दिवस का मुख्य विषय (Theme) ‘मिट्टी के लवणीकरण को रोकें, मिट्टी की उत्पादकता में वृद्धि करें’ है. थाइलैंड के राजा भूमिबोल अदुल्यादेज (Bhumibol Adulyadej) के जन्मदिन को विश्व मृदा दिवस के रूप में मनाया जाता है.
5 दिसंबर: अन्तर्राष्ट्रीय स्वयंसेवक दिवस
प्रत्येक वर्ष 5 दिसंबर को अन्तर्राष्ट्रीय स्वयंसेवक दिवस (International Volunteer Day) मनाया जाता है. यह दिवस स्थानीय, राष्ट्रीय और अन्तर्राष्ट्रीय सभी स्तरों पर परिवर्तन करने में लोगों की भागीदारी के सम्मान के रूप में मनाया जाता है. इस वर्ष यानी 2021 के ‘अन्तर्राष्ट्रीय स्वयंसेवक दिवस’ का मुख्य विषय (थीम) ‘हमारे साझा भविष्य के लिए स्वयंसेवक’ है.
4 दिसंबर: भारतीय नौसेना दिवस
प्रत्येक वर्ष 4 दिसंबर को भारतीय नौसेना दिवस (Indian Navy Day) के रूप में मनाया जाता है. इस वर्ष यानी 2021 के भारतीय नौसेना दिवस का मुख्य विषय (थीम) ‘स्वर्णिम विजय वर्ष’ है. स्वर्णिम विजय वर्ष 1971 के युद्ध में भारत की ऐतिहासिक जीत के 50 वर्ष पूरा होने की स्मृति में मनाया जा रहा है. 16 दिसंबर, 2020 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से विजय मशाल प्रज्वलित करने के साथ स्वर्णिम विजय वर्ष समारोह की शुरुआत हुई थी. पढ़ें पूरा आलेख…»
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात में 13 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई
वर्तमान वित्त वर्ष के पहले आठ महीनों में पिछले वर्ष की इसी अवधि की अपेक्षा भारत का कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात में 13 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है. उत्पादों का निर्यात का दायरा अप्रैल से नवंबर 2020 में 11671 मिलियन डॉलर से बढाकर अप्रैल से नवंबर 2021 में 13261 मिलियन डॉलर का हो गया है. 2021-22 में प्राधिकरण के अंतर्गत उत्पादों के निर्यात का लक्ष्य 23713 मिलियन डॉलर रखा है.
पत्रकार विनोद दुआ का निधन
जाने-माने पत्रकार विनोद दुआ का 4 दिसम्बर को निधन हो गया. वे 67 वर्ष के थे. हिंदी प्रसारण पत्रकारिता के अग्रदूतों में से एक विनोद दुआ ने 70 के दशक के मध्य में दूरदर्शन के साथ युवा कार्यक्रम युवा मंच प्रस्तुत करने का काम किया. श्री दुआ को 2008 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था.
एजाज पटेल ने एक ही पारी में 10 विकेट लेकर इतिहास रचा
न्यूजीलैंड के एजाज पटेल ने एक ही पारी में 10 विकेट लेकर इतिहास रच दिया है. वे जिम लेकर और अनिल कुंबले के बाद यह मुकाम हासिल करने वाले तीसरे गेंदबाज हो गए हैं. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरे टेस्ट मैच में एजाज ने भारत की पहली पारी में सभी दस खिलाड़ियों को आउट कर दिया. पटेल ने 119 रन देकर 10 विकेट लिए और भारत को 325 रन पर आउट कर दिया. पटेल ने अपने जन्म स्थान मुंबई में ही यह उपलब्धि हासिल की.
2024-25 तक 35 हजार करोड़ रुपये के रक्षा निर्यात का लक्ष्य
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि सरकार का उद्देश्य 2024-25 तक 35 हजार करोड़ रुपये के रक्षा निर्यात के लक्ष्य को हासिल करना है. उन्होंने कहा कि देश को आयातक के बजाय पूरी तरह निर्यातक बनाना है. उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्रालय ने अगले पांच वर्षों के लिए पांच सौ करोड़ रुपये के बजट की एक योजना को मंजूरी दी है, जो तीन सौ स्टार्ट-अप, लघु, सूक्ष्म और मझौले उद्यमों, नवोन्मेषकों और 20 साझेदारों को वित्तीय सहायता प्रदान करेगी.
