डेली कर्रेंट अफेयर्स
सरकार ने देश में बैटरी निर्माण को बढ़ावा देने के लिए PLI योजना को मंजूरी प्रदान की
सरकार ने बैटरी भंडारण को बढ़ावा देने के लिए उत्पादन आधारित प्रोत्साहन (PLI) योजना को मंजूरी प्रदान की है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में 12 मई को हुई केंद्रीय मंत्रीमंडल की बैठक में इस योजना को मंजूरी प्रदान की गई. इस योजना के लिए 18,100 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं.
इस योजना का लक्ष्य 50 गीगावाट घंटा (Gigawatt hours – GWh) ‘उन्नत रसायन सेल बैटरी भंडारण’ (Advanced Chemistry Cell) क्षमता हासिल करना है. यह फैसला आत्मनिर्भर भारत का एक परिदृश्य होने के साथ ही मेक इन इंडिया को बढ़ावा देने के लिए लिया गया है. इसके तहत अब उन्नत क्षमता की बैटरी का निर्माण देश में ही किया जायेगा.
एडवांस्ड केमिस्ट्री बैटरी सेल स्टोरेज (ACC) के है?
एडवांस्ड केमिस्ट्री बैटरी सेल स्टोरेज (Advanced Chemistry Cell) एक अत्यधिक क्षमता के उर्जा भंडारण (storage) उपकरण है. यह रासायनिक उर्जा को संग्रहीत (store) करता और फिर वे आवश्यकता होने पर इसे वापस विद्युत ऊर्जा में बदला जा सकता है.
ACC के लिए उत्पादन आधारित प्रोत्साहन (PLI) योजना: मुख्य बिंदु
- मेक इन इंडिया अभियान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उन्नत रसायन सेल बैटरी भंडारण पर राष्ट्रीय कार्यक्रम से 45,000 करोड़ रुपये का निवेश होने की संभावना है.
- मौजूदा समय में 20000 करोड़ रुपये का बैटरी स्टोरेज आयात किया जाता है. PLI योजना के तहत आयात कम होगा और देश में उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा.
- इस योजना से इलेक्ट्रिकल व्हीकल और इलेक्ट्रिकल मोबिलिटी को बढ़ावा मिलेगा. सभी तरह के वाहनों में बैटरी का इस्तेमाल हो सकता है.
- भारत में 1.36 लाख मैगावाट का सौर ऊर्जा उत्पादन हो रहा है, लेकिन सौर उर्जा से तैयार होने वाली बिजली का उपयोग दिन में ही कर सकते हैं. अगर बैटरी स्टोरेज होगा तो उसके आधार पर ये काम आसानी से होगा.
- इसके जरिये डीजल जेनरेटर को रिप्लेस किया जा सकेगा, बैटरी स्टोरेज डीजल जेनरेटर का भी विकल्प है. दिन में सौर ऊर्जा के जरिये बिजली उत्पादन और उसका बैटरी स्टोरेज के जरिये रात में इस्तेमाल संभव हो सकेगा.
उत्पादन आधारित प्रोत्साहन (PLI) योजना क्या है?
उत्पादन आधारित प्रोत्साहन (Production Linked Incentives) योजना के तहत देश में उत्पादन को बढावा देने के लिए कंपनियों को नकद प्रोत्साहन (कैश इंसेंटिव) दिया जाता है.
सरकार ने ऑटोमोबाइल, नेटवर्किंग उत्पाद, खाद्य प्रसंस्करण, उन्नत रसायन विज्ञान, टेलिकॉम, फार्मा, और सोलर पीवी निर्माण, स्पेशलिटी स्टील आदि के क्षेत्र में इस योजना को मंजूरी दी है.
इजराइल-फिलिस्तीन तनाव
हाल के दिनों में इजराइल और फिलिस्तीन (palestine) के बीच तनाव चरम पर पहुँच गया है. यह तनाव इजराइली पुलिस और धुर दक्षिणपंथी यहूदी समूहों से फलस्तीनियों की हिंसक झड़प से शुरू हुआ था. झड़प दोनों ओर से गाजा पट्टी (Gaza strip) पर भारी बमबारी हुई है, जिसमें कई लोगों की जान चली गयी. इजरायल के हवाई हमले में हमास गाजा के सिटी कमांडर बसीम इस्सा की मौत हो गई है.
फिलिस्तीन की सत्ता पर काबिज आतंकवादी संगठन हमाम (Hamas) ने इजरायल के हवाई हमलों के जवाब में तेल अवीव (Tel Aviv) पर रॉकेट से हमला किया है.
उल्लेखनीय है कि यरुशलम में हाल के दिनों में झड़पों में बढ़ोतरी हुई है, जो इस्राइल-फलस्तीन में लंबे समय से टकराव का मुख्य केंद्र रहा है. यहीं पर यहूदियों, ईसाइयों और मुस्लिमों के पवित्र स्थल भी हैं.
ग़ज़ा पट्टी
ग़ज़ा पट्टी (Gaza strip) इस्रायल के दक्षिण-पश्चिम में स्थित एक 6-10 किंमी चौड़ी और करीब 45 किमी लम्बा क्षेत्र है. इसके तीन ओर इसरायल का नियंत्रण है और दक्षिण में मिस्र है. गाजा पर फलस्तीनी चरमपंथी गुट ‘हमास’ का नियंत्रण है.
अन्तर्राष्ट्रीय समुदाय का रुख
- संयुक्त राष्ट्र के मध्य पूर्व शांति राजदूत टॉर वेनेसलैंड ने कहा है कि दोनों पक्ष इसे व्यापक युद्ध की ओर ले जा रहे हैं. संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुतारेस ने कहा है कि वे हिंसा को लेकर काफी चिंतित हैं.
- अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नेड प्राइस ने कहा है कि इजरायल को अपनी रक्षा करने का अधिकार है. अमरीका के राष्ट्रपति जो. बाइडेन ने हमास और अन्य आतंकवादी समूहों के रॉकेट हमलों की निंदा की. उन्होंने कहा कि यह इस्राइल का वैध अधिकार है कि वह अपने क्षेत्र और नागरिकों की सुरक्षा करे.
- जर्मन चांसलर एंजेला मर्केल के प्रवक्ता स्टीफन सीबेरट ने कहा कि गाजा से इजरायल पर हो रहे हमले की हम कड़ी निंदा करते हैं. इसे कहीं से भी उचित नहीं ठहराया जा सकता.
- तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से कहा कि फलस्तीनियों के प्रति इजरायल के रवैये के खिलाफ अन्तर्राष्ट्रीय समुदाय को उसे कड़ा और कुछ अलग सबक सिखाना चाहिए.
- वहीं रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इजरायल और फलस्तीन से तुरंत हमले रोकने की अपील की है. उन्होंने कहा कि दोनों देशों को शांति से बैठकर उभरते मुद्दों का हल करना चाहिए.
लॉड शहर में आपातकाल लगा
इस बीच इजरायली अरब की आबादी वाले इजरायल के अन्य शहरों में भी तनाव है. इजरायली शहर लॉड में इजरायली अरबों ने हिंसक प्रदर्शन किया है. इजरायली प्रधानमंत्री ने लॉड में इमरजेंसी की घोषणा की है. 1966 के बाद ये पहली बार हुआ है कि सरकार ने अरब समुदाय के ख़िलाफ़ आपातकालीन अधिकारों का इस्तेमाल किया है.
डॉ ताहेरा कुतुबुद्दीन को 15वां शेख जायद बुक पुरस्कार से सम्मानित किया गया
भारतीय अमेरिकी डॉ ताहेरा कुतुबुद्दीन (Dr Tahera Qutbuddin) को 15वां शेख जायद बुक पुरस्कार से सम्मानित किया गया है. उन्होंने 2019 में लीडन के ब्रिल एकेडमिक पब्लिशर्स द्वारा प्रकाशित अपनी नवीनतम पुस्तक “अरबी ओरेशन – आर्ट एंड फंक्शन (Arabic Oration – Art and Function)” के लिए पुरस्कार जीता.
मुंबई में जन्मी डॉ. ताहेरा कुतुबुद्दीन, शिकागो विश्वविद्यालय में अरबी साहित्य के प्रोफेसर हैं. वह यह पुरस्कार जीतने वाली भारतीय मूल की पहली व्यक्ति बनी हैं.
शेख जायद बुक पुरस्कार
शेख जायद बुक पुरस्कार को अरब जगत का नोबेल पुरस्कार माना जाता है. अरबी ओरेशन – आर्ट एंड फंक्शन पुस्तक में, वह सातवीं और आठवीं सदी की अपनी मौखिक अवधि में अरबी साहित्य का एक व्यापक सिद्धांत प्रस्तुत करती है.
SpO2 आधारित ऑक्सीकेयर प्रणाली की खरीद की मंजूरी दी गई
सरकार ने SpO2 आधारित ऑक्सीकेयर प्रणाली की 1.50 लाख यूनिट की खरीद की मंजूरी दी गई है. इस ऑक्सीकेयर को रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) ने विकसित किया है. इस खरीद पर 322 करोड रुपए से अधिक की लागत आएगी जिसका भुगतान पीएम केयर्स निधि से किया जायेगा
SpO2 आधारित ऑक्सीजन आपूर्ति प्रणाली क्या है?
- ऑक्सीकेयर, ऑक्सीजन सेचुरेशन लेवल यानी SpO2 आधारित ऑक्सीजन आपूर्ति प्रणाली है जो रोगियों को दिए जा रहे ऑक्सीजन को नियंत्रित करती है. ऑक्सीकेयर सिस्टम का उपयोग घरों, पृथकवास केन्द्रों, कोविड देखभाल केन्द्रों और अस्पतालों में किया जा सकता है.
- ऑक्सीकेयर सिस्टम व्यक्ति को हाईपोक्सिया की स्थिति में जाने से बचाता है. हाईपोक्सिया की स्थिति मरीज के लिए जानलेवा हो सकती है.
- इस प्रणाली का विकास DRDO की बेंगलूरू स्थित रक्षा जैव अभियांत्रिकी और इलेक्ट्रो मेडिकल प्रयोगशाला (DEBEL) ने किया है. यह प्रणाली अत्यधिक उंचाई वाले क्षेत्रों में निरंतर तैनात सैनिकों के लिए विकसित की गई है.
- स्वदेश विकसित यह प्रणाली व्यवहारिक और अत्यधिक उपयोगी है. इसे कोविड मरीजों के उपचार के लिए प्रभावी रूप से उपयोग किया जा सकता है.
12 मई: अन्तर्राष्ट्रीय नर्स दिवस, फ्लोरेंस नाइटिंगल का जन्मदिन
प्रत्येक वर्ष 12 मई को दुनिया भर में अन्तर्राष्ट्रीय नर्स दिवस (International Nurses Day) मनाया जाता है. यह दिन समाज में नर्सों के योगदान को समर्पित होता है. इस वर्ष यानी 2021 के अन्तर्राष्ट्रीय नर्स दिवस का मुख्य विषय (थीम)- ‘A Vision for future healthcare’ है. पढ़ें पूरा आलेख…»
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
भारतीय और इंडोनेशियाई नौसेनाओं के बीच पैसेज एक्सरसाइज
भारतीय और इंडोनेशियाई नौसेनाओं ने दक्षिणी अरब सागर में पैसेज एक्सरसाइज (PASSEX) का आयोजन किया. अभ्यास का उद्देश्य दोनों अनुकूल नौसेनाओं के बीच पारस्परिक सहयोग और समझ में सुधार करना था. भारतीय नौसेना नियमित रूप से मित्र देशों के साथ PASSEX युद्धाभ्यास करती है.
भारत और कतर में सहमति
केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने भारतीय चार्टर्ड एकाउंटेंट संस्थान और कतर फाइनांशियल सेंटर अथोरिटी के बीच सहमति-पत्र पर स्वीकृतिदे दी है. इस सहमति से भारत और कतर के दोनों संस्थानों के बीच सहयोग बढ़ेगा. दोनों संस्थान कतर में एकाउंटिंग प्रोफेशन और उद्यमिता के विकास और मजबूती के लिए मिलकर काम कर सकेंगे.
