डेली कर्रेंट अफेयर्स
बांग्लादेश ने भूटान के साथ अपना पहला तरजीही व्यापार समझौता किया
बांग्लादेश ने अपना पहला तरजीही व्यापार समझौता भूटान के साथ किया है. बांग्लादेश के वाणिज्य मंत्री टीपू मुंशी और भूटान के आर्थिक मामलों के मंत्री ल्यानपो लोकनाथ शर्मा ने 6 दिसम्बर को ढाका में इस समझौते पर हस्ताक्षर किये गये.
तरजीही व्यापार समझौते के अनुसार दोनों देश एक दूसरे को अनेक वस्तुओं का शुल्क-मुक्त आयात कर सकेंगे. इसके अनुसार भूटान बांग्लादेश की 100 वस्तुएं बिना सीमाशुल्क के आयात कर सकेगा. भूटान की 34 वस्तुओं को बांग्लादेश में बिना सीमाशुल्क निर्यात किया जा सकेगा.
यह समझौता दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंध कायम होने के 50 साल पूरे होने के अवसर पर किये गये हैं. 1971 में बांग्लादेश के गठन के बाद उसे सबसे पहले मान्यता देने वाला देश भूटान ही था. उसके बाद भारत ने बांग्लादेश को स्वतंत्र देश के रूप में मान्यता प्रदान की थी.
भारत ने ऑस्ट्रेलिया से तीन मैचों की T-20 सीरीज जीती
भारत ने ऑस्ट्रेलिया से तीन मैचों की T-20 सीरीज जीत ली है. सिडनी में 6 दिसम्बर को खेले गये इस प्रतियोगिता के दूसरे T-20 मैच में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को छह विकेट से हराकर यह सीरीज अपने नाम की. इस मैच में भारत ने ऑस्ट्रेलिया से मिले 195 रनों के लक्ष्य को चार विकेट खोकर हासिल कर लिया.
भारत की T-20 में यह लगातार 9वीं जीत है. वह ऐसा करने वाली विश्व की चौथी टीम बन गई है. T-20 में लगातार सबसे ज्यादा मैच जीतने का रिकॉर्ड अफगानिस्तान के नाम है. उसने 2018-19 में लगातार 12 और 2016-17 में लगातार 11 मैच जीते थे.
6 दिसंबर: महापरिनिर्वाण दिवस, भारत रत्न डॉ भीमराव अम्बेडकर की 64वीं पुण्यतिथि
6 दिसम्बर 2020 को भारतीय संविधान के निर्माता और भारत रत्न डॉ भीमराव अम्बेडकर की 64वीं पुण्यतिथि है. आज के ही दिन वर्ष 1956 में डॉ अम्बेडकर का निधन हुआ था.
उनकी पुण्यतिथि को प्रतिवर्ष ‘महापरिनिर्वाण दिवस’ के रुप में मनाया जाता है और बाबा साहब को श्रद्धांजलि दी जाती है. 1990 में बाबा साहेब आम्बेडकर को मरणोपरांत ‘भारत रत्न’ सेसम्मानित किया गया था.
डॉक्टर आम्बेडकर न्यायवादी, अर्थशास्त्री, राजनेता और समाज सुधारक थे. उन्होंने दलितों, महिलाओं और श्रमिकों के प्रति सामाजिक भेदभाव के खिलाफ अभियान चलाया. भारत के स्वतंत्र होने के बाद नई सरकार में वह कानून एवं न्याय मंत्री बनाये गये. उन्हें संविधान मसौदा समिति का अध्यक्ष भी नियुक्त किया गया.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
‘फाइज़र’ ने भारत में कोरोना वैक्सीन के उपयोग की अनुमति मांगी
दवा निर्माता कंपनी ‘फाइज़र’ ने देश में कोरोना वैक्सीन के आपातकालीन उपयोग की अनुमति मांगी है. फाइज़र इंडिया ऐसी पहली कंपनी है जिसने इस वैक्सीन की भारत में बिक्री के लिए आयात करने का औषधि महानियंत्रक को आवेदन दिया है. ब्रिटेन और बहरीन में फाइज़र कंपनी को यह अनुमति पहले ही मिल चुकी है.
नई दिल्ली में नए संसद भवन की आधारशिला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 दिसम्बर को नई दिल्ली में प्रस्तावित नए संसद भवन की आधारशिला रखेंगे. नए भवन का निर्माण अगले सौ वर्ष की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर किया जा रहा है. नया भवन पुराने संसद भवन से 17 हजार वर्ग मीटर बड़ा होगा.
