डेली कर्रेंट अफेयर्स
RBI मौद्रिक नीति समिति की बैठक, रेपो दर 4%, रिवर्स रेपो दर 3.35% पर अपरिवर्तित
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के गवर्नर शक्तिकांत दास की अध्यक्षता में छह सदस्यीय मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक 2-4 अक्टूबर को मुंबई में हुई. यह चालू वित्त वर्ष (2020-21) की पांचवी द्विमासिक मौद्रिक नीति समीक्षा बैठक थी. इस बैठक में समिति ने नीतिगत दरों में कोई परिवर्तन नहीं करने का निर्णय लिया है.
इस बैठक में RBI ने रेपो दर को 4 प्रतिशत और बैंक दर को 4.25 प्रतिशत पर अपरिवर्तित रखा है. RBI ने चालू वित्त वर्ष में वास्तविक सकल घरेलू उत्पाद (GDP) दर में 7.5 प्रतिशत की गिरावट का अनुमान लगाया है.
रेपो रेट कम होने से कैसे लोगों को होता है फायदा?
रेपो रेट के कम होने से बैंकों को RBI से कम व्याज पर कर्ज मिलता है. इस सस्ती लागत का लाभ कर्ज लेने वाले ग्राहकों को मिलता है. इससे बैंकों को घर, दुकान, पर्सनल और कार के लिये लोन कम दरों पर देने का मौका मिलता है. ग्राहकों के चल रहे लोन पर EMI का भी कम होता है.
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI): एक दृष्टि
- भारतीय रिजर्व बैंक (Reserve Bank of India) भारत का केन्द्रीय बैंक है. यह भारत के सभी बैंकों का संचालक है.
- RBI की स्थापना 1 अप्रैल 1935 को RBI ऐक्ट 1934 के अनुसार हुई. प्रारम्भ में इसका केन्द्रीय कार्यालय कोलकाता में था जो सन 1937 में मुम्बई आ गया.
- पहले यह एक निजी बैंक था किन्तु सन 1949 से यह भारत सरकार का उपक्रम बन गया है.
- भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) को भारतीय रिज़र्व बैंक अधिनियम, 1934 के तहत अनिवार्य रूप से मौद्रिक नीति के संचालन की जिम्मेदारी सौपीं गई है.
वर्तमान दरें: एक दृष्टि
| नीति रिपो दर | 4% |
| रिवर्स रेपो दर | 3.35% |
| सीमांत स्थायी सुविधा दर (MCF) | 4.25% |
| बैंक दर | 4.25% |
| नकद आरक्षित अनुपात (CRR) | 3% |
| वैधानिक तरलता अनुपात (SLR) | 18% |
भारत और अमेरिका ने बौद्धिक संपदा अधिकार सहयोग बढ़ाने के समझौते पर हस्ताक्षर किए
भारत और अमेरिका ने बौद्धिक संपदा अधिकार पर आपसी सहयोग बढ़ाने के लिए सहमति ज्ञापन समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं. किसी व्यक्ति या संस्था द्वारा सृजित कोई संगीत, साहित्यिक कृति, कला, खोज, प्रतीक, नाम, चित्र, डिजाइन, कापीराइट, ट्रेडमार्क, पेटेन्ट आदि बौद्धिक सम्पदा कहा जाता है.
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार के केंद्रीय मंत्रिमंडल ने इस साल 19 फरवरी को अमेरिकी पेटेंट और ट्रेडमार्क कार्यालय (USPTO) और भारत के उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्द्धन विभाग (DPIIT) के बीच इस सहमति ज्ञापन के लिए मंजूरी दी थी.
वर्चुअल माध्यम से हुई बैठक में DPIIT के सचिव गुरुप्रसाद मोहपात्रा और USPTO के अध्यक्ष और अमेरिकी वाणिज्य एवं बौद्धिक संपदा अधिकार विभाग के अपर सचिव आंद्रेई इंकू के बीच इस समझौते पर हस्ताक्षर किए गए.
इस समझौते के तहत दोनों देश बौद्धिक संपदा अधिकारों के क्षेत्र की सर्वश्रेष्ठ प्रक्रिया साझा करेंगे और साथ मिलकर प्रशिक्षण कार्यक्रम भी चलाएंगे. इसके लिए दोनों पक्ष एक द्विपक्षीय योजना तैयार करेंगे जो इस सहमति ज्ञापन पत्र के प्रावधानों को लागू करने का काम करेगी. इस योजना में विस्तृत सहयोग कार्यक्रम और कार्रवाई करने लायक उपाय शामिल होंगे.
भारतीय मूल बालिका गीतांजलि राव को टाइम्स मैगजीन ने ‘किड ऑफ द इयर’ चुना
टाइम्स मैगजीन ने भारतीय मूल की अमरीकी बालिका गीतांजलि राव को किड ऑफ द इयर चुना है. मैगजीन ने पहली बार किसी को इस सम्मान के लिए चुना है. गीतांजलि को यह पुरस्कार प्रोद्योगिकी के इस्तेमाल से दूषित पेयजल से लेकर अफीम की लत छुड़ाने और साइबर बुलिंग की समस्याओं से निपटने के लिए दिया गया है.
अमेरिका के कोलोराडो की 15 वर्षीय गीतांजलि को पांच हजार उम्मीदवारों में से चुना गया है. टाइम के लिये उनका साक्षात्कार एकेडमी अवार्ड विजेता हॉलीवुड अभिनेत्री एंजेलिना जोली ने किया था. टाइम अमेरिकी साप्ताहिक समाचार पत्रिका है.
महाराष्ट्र के प्राथमिक स्कूल शिक्षक रणजीत सिंह को वैश्विक शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया
महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के एक प्राथमिक स्कूल शिक्षक रणजीत सिंह डिसाले को 2020 का वैश्विक शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया है. उन्हें यह पुरस्कार बालिका शिक्षा को बढावा देने और भारत में पाठ्य-पुस्तक में क्यूआर कोड का इस्तेमाल शुरू करने के अनूठे प्रयासों के लिये दिया गया है.
रणजीत सिंह डिसाले को पुरस्कार स्वरुप दस लाख डॉलर मिलेंगे. 32 वर्षीय शिक्षक को यह पुरस्कार विश्वभर से चुने गये दस प्रतिभागियों के बीच हुई प्रतियोगिता के बाद मिला है. वारकेय फाउंडेशन द्वारा शुरू किया गया यह पुरस्कार यूनेस्को के सहयोग से दिया जाता है.
4 दिसंबर: भारतीय नौसेना दिवस
प्रत्येक वर्ष 4 दिसंबर को भारतीय नौसेना दिवस (Indian Navy Day) के रूप में मनाया जाता है. यह दिवस को मनाने का उद्देश्य भारतीय नौसेना की उपलब्धियों और महत्त्वपूर्ण भूमिका की ओर ध्यान आकर्षित करना है.
इस वर्ष यानी 2020 के भारतीय नौसेना दिवस का मुख्य विषय (थीम) ‘Indian Navy Combat Ready, Credible and Cohesive’ है.
भारत-पाकिस्तान के बीच 1971 में हुए युद्ध में भारत की विजय का जश्न मनाने के लिए यह दिवस मनाया जाता है. पाकिस्तानी सेना ने 3 दिसंबर को हमारे हवाई क्षेत्र और सीमावर्ती क्षेत्र में हमला किया था. इस हमले ने 1971 के युद्ध की शुरुआत की थी.
पाकिस्तान को मुहतोड़ जवाब देने के लिए ‘ऑपरेशन ट्राइडेंट’ चलाया गया था. भारतीय नौसेना ने ऑपरेशन ट्राइडेंट के दौरान PNS खैबर सहित पाकिस्तानी नौसेना के चार पोतों को डुबा दिया था, जिससे सैकड़ों पाकिस्तानी नौसैनिक मारे गए थे.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
चीन की सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी की यात्रा करने पर प्रतिबंध
अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने चीन की सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी के सदस्यों और उनके परिजनों के अमरीका की यात्रा करने पर प्रतिबंध लगाने के लिए नये नियम जारी किये हैं. नई नीति के अनुसार चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के सदस्यों और उनके परिवार के लोगों को अमरीका यात्रा के लिए 10 साल की बजाय केवल एक महीने की अवधि के वीजा जारी किये जाएंगे.
फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति वालेरी गिसकॉर्ड का निधन
फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति वालेरी गिसकॉर्ड (Valery Giscard d’Estaing) का निधन हो गया. वह 94 वर्ष के थे और कोरोनोवायरस से पीड़ित थे. उन्होंने 1974 से 1981 के दौरान फ्रांस के तीसरे राष्ट्रपति के रूप में कार्य किया था. गिसकॉर्ड ने फ्रांस में ‘यूनियन फॉर फ्रेंच डेमोक्रेसी’ नाम से एक कम्युनिस्ट राजनीतिक दल की स्थापना की थी.
9वां अंतरराष्ट्रीय सैंड आर्ट फेस्टिवल
अंतरराष्ट्रीय सैंड आर्ट फेस्टिवल का नौवां संस्करण ओडिशा के पुरी जिले के कोणार्क के चंद्रभागा बीच पर शुरू हुआ है. ये फेस्टिवल राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सैंड आर्टिस्ट को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक मंच प्रदान करता है. विश्व प्रसिद्ध रेत कलाकार पद्मश्री सुदर्शन पटनायक को महोत्सव का मुख्य क्यूरेटर बनाया गया है.
कोविड-19 पर चर्चा के लिए संयुक्त राष्ट्र का अधिवेशन
संयुक्त राष्ट्र महासभा ने अपना दो दिन का विशेष अधिवेशन शुरू किया है. इसमें कोविड-19 से निपटने के लिए किए जा रहे उपायों पर चर्चा की जाएगी. इस महामारी से अब तक दस लाख पचास हजार लोगों की जान चली गई है और अर्थव्यवस्थाएं तबाह हो गई हैं.
