डेली कर्रेंट अफेयर्स
1 दिसम्बर 2020: नगालैंड ने अपना 58वां स्थापना दिवस मनाया
प्रत्येक वर्ष 1 दिसम्बर को नगालैंड अपना स्थापना दिवस (Nagaland Foundation Day) मनाता है. 1963 में इसी दिन नगालैंड देश का 16वां राज्य बना था. भारत के तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. एस राधाकृष्णन ने नगालैंड को भारत संघ के 16वें राज्य के रूप में उद्घाटन किया था. इस वर्ष यानी 2020 में इस राज्य ने 58वां स्थापना दिवस मनाया.
नागालेंड राज्य: मुख्य तथ्य
- भारत की आजादी के दौरान नागालेंड असम के अंतर्गत था. 1957 में यह क्षेत्र केंद्रशासित प्रदेश बन गया और असम के राज्यपाल द्वारा इसका प्रशासन देखा जाने लगा. उस समय यह ‘नगा हिल्स तुएनसांग’ क्षेत्र कहलाता था. 1961 में इसका नाम बदलकर ‘नगालैंड’ रखा गया.
- नगालैंड भारत का उत्तर-पूर्वी राज्य है जिसकी राजधानी कोहिमा है. यहां आदिवासी संस्कृति अहम है जिसमें स्थानीय त्योहार और लोक गायन काफी महत्वपूर्ण हैं. 2012 की जनगणना के मुताबिक यहां की आबादी 22.8 लाख है. नेफ्यू रियो नगालैंड के वर्तमान मुख्यमंत्री का नाम है.
- नगालैंड के पूर्व में म्यांमार, उत्तर में अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम में असम और दक्षिण में मणिपुर है. इसे ‘पूरब का स्विजरलैंड’ भी कहा जाता है. नागालैंड राज्य का क्षेत्रफल 16,579 वर्ग किमी है.
- असम घाटी की सीमा से लगे क्षेत्र के अलावा इस राज्य का अधिकांश क्षेत्र पहाड़ी है. इसकी सबसे ऊंची पहाड़ी का नाम सरमती है जिसकी ऊंचाई 3,840 मीटर है. यह पर्वत शृंखला नागालैंड और म्यांमार के मध्य स्थित है.
लुईस हैमिल्टन ने बहरीन बहरीन ग्रैंड प्रिक्स 2020 जीता
हाल ही में संपन्न फॉर्मूला वन कार रेस ‘बहरीन ग्रैंड प्रिक्स 2020’ का खिताब ब्रिटेन के मर्सिडीज चालक लुईस हैमिल्टन ने जीत लिया है. इस प्रतियोगिता में नीदरलैंड्स के रेड बुल रेसिंग टीम मेंबर मैक्स वेरस्टैपेन और थाईलैंड के अलेक्जेंडर एल्बोन क्रमशः दुसरे और तीसरे स्थान पर रहे.
यह प्रतियोगिता बहरीन के बहरीन इंटरनेशनल सर्किट में 29 नवम्बर को संपन्न हुआ था. यह 2020 फॉर्मूला वन वर्ल्ड चैम्पियनशिप की पंद्रहवीं रेस थी.
इस जीत के साथ अब हैमिल्टन ने फॉर्मूला वन के इतिहास में सबसे अधिक जीत दर्ज करने का रिकॉर्ड बनाया है. यह हैमिल्टन की इस सीजन की 11वीं जीत और उनके करियर की 95वीं जीत थी.
1 दिसम्बर: विश्व एड्स दिवस
प्रत्येक वर्ष 1 दिसम्बर को विश्व एड्स दिवस (World AIDS Day) मनाया जाता है. यह दिवस इस गंभीर बीमारी के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से मानाया जाता है.
दुनियाभर में कुल 3.8 करोड़ लोग HIB की चपेट में हैं. HIB एड्स एक वैश्विक स्वास्थ्य चुनौती है जिसे 2030 तक खत्म करने का लक्ष्य रखा गया है.
इस वर्ष यानी 2020 के विश्व एड्स दिवस का मुख्य विषय (थीम) ‘Global solidarity, shared responsibility’ है.
सबसे पहले विश्व एड्स दिवस को वैश्विक स्तर पर मनाने की शुरूआत अगस्त 1987 में विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के एड्स की जागरुकता अभियान से जुड़े जेम्स डब्ल्यू बुन और थॉमस नेटर नाम के दो व्यक्तियों ने की थी. 1988 से यह दिवस प्रत्येक वर्ष मानया जा रहा है.
एड्स क्या है?
एड्स, मानव इम्यूनोडिफीसिअन्सी वायरस (HIV) से फैलने वाली बीमारी है. इसका इलाज अभी तक संभव नहीं हो पाया है, लेकिन इससे बचाव संभव है. असुरक्षित यौन संबंध इसकी सबसे बड़ी वजह है. कुछ सावधानियां बरती जाए तो इसे रोका जा सकता है.
इस बीमारी में HIV वायरस व्यक्ति के प्रतिरक्षा प्रणाली (इम्यून सिस्टम) को प्रभावित करता है. HIV संक्रमण बढ़ता चला जाए तो यह एड्स में बदल जाता है.
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार वर्ष 2019 में विश्वभर में 3.8 करोड लोग HIV से संक्रमित थे. भारत में इस वक्त करीब 21 लाख लोग HIB से संक्रमित है. पिछले एक दशक में भारत में HIB एड्स के नये संक्रमण के मामलों में करीब सत्तर फीसद की कमी आई है. भारत ने वर्ष 1992 में राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम की शुरुआत की थी.
1 दिसम्बर 2020: सीमा सुरक्षा बल का 56वां स्थापना दिवस
सीमा सुरक्षाबल (BSF) ने 1 दिसम्बर 2020 को अपना 56वां स्थापना दिवस मनाया. लगभग ढाई लाख कर्मियों वाले इस बल की स्थापना 1965 में आज ही के दिन की गई थी. BSF, पाकिस्तान और बंगलादेश के साथ लगती भारतीय सीमा का प्रहरी है.
BSF देश की पांच केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में से एक है. यह केन्द्रीय गृह मंत्रालय के नियंत्रण में आता है. BSF विश्व का सबसे बड़ा सीमा सुरक्षा बल है. BSF को पाकिस्तान और बंगलादेश के साथ लगती भारतीय सीमा तथा नियंत्रण रेखा में भारतीय सेना के साथ तैनात किया जाता है. BSF को भारतीय क्षेत्रों की ‘रक्षा की पहली दीवार’ का कहा जाता है. इस बल का आदर्श वाक्य ‘जीवन पर्यन्त कर्तव्य’ है.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
मध्य प्रदेश में आदि महोत्सव 2020 की शुरूआत
मध्य प्रदेश में 10 दिन चलने वाला आदि महोत्सव 1 दिसम्बर को शुरू हुआ. केन्द्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मु्ंडा ने वर्चुअल माध्यम से आदिवासियों के इस महोत्सव की शुरूआत की. कोविड-19 प्रतिबंधों के कारण इस महोत्सव को ऑनलाइन आयोजित किया जा रहा है. यह एक राष्ट्रीय जनजातीय उत्सव है.
अमरीका में जेनेट येल्लन को वित्त मंत्री मनोनीत किया गया
अमरीका के नव-निर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडेन ने केन्द्रीय बैंक की पूर्व अध्यक्ष जेनेट येल्लन को अपना वित्त मंत्री मनोनीत किया है. सीनेट से पुष्टि होने के बाद सुश्री येल्लन अमरीका की पहली महिला वित्त मंत्री बनेंगी. भारतीय मूल की अमरीकी नागरिक नीरा टंडेन को प्रबंधन और बजट कार्यालय का निदेशक मनोनीत किया गया है.
ईरान में परमाणु कार्यक्रम को गति प्रदान करने के लिए बिल
ईरान की संसद में देश के परमाणु कार्यक्रम को गति प्रदान करने के लिए एक बिल ‘स्ट्रेटेजिक मिज़र फॉर दा रिमूवल ऑफ़ सैंक्शंस’ पारित किया है. इस बिल में ईरान पर लगे प्रतिबंधों को हटाने की रणनीति का भी उल्लेख किया गया है. इस बिल के अनुसार ईरान अपनी यूरेनियम संवर्धन क्षमता को 20 प्रतिशत से अधिक बढ़ायेगा. मौजूदा समय में ईरान की यूरेनियम संवर्धन क्षमता 4 प्रतिशत है.
कर्नाटक में शिक्षा नीति में सुधार के लिए एसवी रंगनाथ की रिपोर्ट
कर्नाटक में राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लागू करने के सुझाव देने के लिए बनाई गई कार्यबल समिति ने अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपी है. राज्य सरकार द्वारा पूर्व मुख्य सचिव एसवी रंगनाथ की अध्यक्षता में यह समिति गठित की गयी थी. रिपोर्ट में राज्य शिक्षा अनुसंधान और प्रशिक्षण विभाग में सुधार करने, स्कूलों के नियमन जैसे सुझाव दिए हैं.
