डेली कर्रेंट अफेयर्स
इज़राइल और UAE के बीच पूर्ण राजनयिक संबंध स्थापित करने के लिए सहमति
इज़राइल और संयुक्त अरब अमारात (UAE) के बीच आपसी संबंध सामान्य बनाने और पूर्ण राजनयिक संबंध स्थापित करने के लिए सहमति बनी है. यह सहमति अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प की मध्यस्थता में 13 अगस्त को हुई वार्ता बैठक में बनी. यह बैठक अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प, इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतान्याहू और अबू धाबी के शहजादे मोहम्मद अल नाह्यान के बीच हुई थी.
समझौते के मुख्य बिंदु
- इसे ‘इज़राइल-UAE शांति समझौता’ (Israel-UAE Peace Deal) के रूप में जाना जाता है. यह इज़राइल द्वारा फिलिस्तीनी क्षेत्रों को अपने हिस्सों में को जोड़ने की योजना को निलंबित कर देगा.
- इस समझौते के परिणामस्वरूप, इस्राइल अपने कब्जे वाले पश्चिमी तट (वेस्ट बैंक) से लगे इलाकों पर अपनी विवादास्पद योजना को निलंबित रखेगा. वेस्ट बैंक, इज़राइल और जॉर्डन के बीच स्थित है. इसका एक प्रमुख शहर फिलिस्तीन की वास्तविक प्रशासनिक राजधानी ‘रामल्लाह’ है.
- इजरायल और संयुक्त अरब अमीरात के प्रतिनिधिमंडल आने वाले हफ्तों में कई द्विपक्षीय समझौतों पर हस्ताक्षर करेंगे जिनमें- निवेश, पर्यटन, सीधी उड़ान, सुरक्षा, दूरसंचार और अन्य मुद्दे शामिल होंगे.
संयुक्त राष्ट्र ने समझौते का स्वागत किया
संयुक्त राष्ट्र महासचिव अंतोनियो गुतरश ने इज़राइल और संयुक्त अरब अमारात के बीच पूर्ण राजनयिक संबंध स्थापित करने के समझौते का स्वागत किया है. उन्होंने कहा है कि इस समझौते से इज़राइल और फिलीस्तीन के नेताओं को फिर से सार्थक बातचीत का अवसर मिलेगा. इस तरह दोनों देश संयुक्त राष्ट्र संकल्पों, अंतर्राष्ट्रीय कानूनों और द्विपक्षीय समझौतों के तहत परस्पर विवादों का समाधान कर सकते हैं.
इज़राइल के साथ राजनयिक संबंध स्थापित करने वाला पहला खाड़ी देश
संयुक्त अरब अमारात इज़राइल के साथ राजनयिक संबंध स्थापित करने वाला पहला खाड़ी देश और तीसरा अरब देश बन गया है. इससे पहले खाड़ी से अलग दो अरब देशों- मिस्र और जॉर्डन ने इजरायल के साथ राजनयिक संपर्क स्थापित किए थे. इजराइल और मिस्र में 1979 में और जॉर्डन और इजराइल में 1994 में समझौता हो चुका है.
नौसेना के नवाचार और स्वदेशीकरण संगठन का शुभारंभ
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने 13 अगस्त को नौसेना के नवाचार और स्वदेशीकरण संगठन (Naval Innovation and Indigenisation Organisation-NIIO) का शुभारंभ किया. यह संगठन रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भरता का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए उद्योगों तथा विशेषज्ञों और उत्पादों के प्रयोक्ताओं के बीच संवाद स्थापित करने का मंच प्रदान करेगा.
रक्षा मंत्रालय ने हाल ही में रक्षा खरीद नीति-2020 का मसौदा जारी किया था जिसमें नवाचार और स्वदेशी उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए सेना मुख्यालय द्वारा इस तरह का संगठन बनाने की बात कही गयी थी.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
राजस्थान सरकार ने विधानसभा में विश्वास मत प्राप्त किया
राजस्थान में अशोक गहलोत सरकार ने विधानसभा में विश्वास मत प्राप्त कर लिया है. विधायी मामलों के मंत्री शांति धारीवाल ने 14 अगस्त को विधानसभा में अशोक गहलोत सरकार की ओर से विश्वास प्रस्ताव पेश किया था.
सबसे बड़ी दौड़ ‘फिट इंडिया फ्रीडम रन’ का शुभारंभ
केन्द्रीय खेल मंत्री किरेन रिजिजू ने 14 अगस्त को देश की सबसे बड़ी दौड़ ‘फिट इंडिया फ्रीडम रन’ का शुभारंभ किया. इसका आयोजन 74वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में 15 अगस्त से महात्मा गांधी की 151वीं जयंती 2 अक्तूबर तक किया जा रहा है.
भारत-मालदीव संबंध
भारत ने मालदीव को बजट समर्थन के रूप में 25 करोड़ डॅालर और ग्रेटर माले कनेक्टिविटी परियोजना के लिए 50 करोड़ डॅालर का सहयोग किया है. मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह मालदीव- भारत सहयोग में इसे एक ऐतिहासिक घटना बताया है.
इजरायल ने मिसाइल रक्षा प्रणाली ‘Arrow-2’ का परीक्षण किया
इजरायल ने अपने उन्नत मिसाइल रक्षा प्रणाली ‘Arrow-2’ का सफल परीक्षण किया है. इसका विकास इजरायली वायु सेना और इज़राइल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज ने किया है.
