डेली कर्रेंट अफेयर्स
26 जुलाई: करगिल विजय दिवस से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी
प्रत्येक वर्ष 26 जुलाई को करगिल विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है. यह दिन वर्ष 1999 में करगिल युद्ध में पाकिस्तान पर भारत की विजय और देश के लिए प्राण न्यौछावर करने वाले सैनिकों की याद में मनाया जाता है.
26 जुलाई, 1999 को भारत ने ऊंचे इलाकों की उन सभी चैकियों की कमान सफलतापूर्वक हासिल कर ली थी जिन पर पाकिस्तानी आक्रमणकारियों ने कब्जा कर लिया था. यह युद्ध 60 दिन से अधिक समय तक चला.
करगिल विजय दिवस: मुख्य तथ्य
- साल 1999 में करगिल की पहाड़ियों पर पाकिस्तानी सेना ने कब्जा जमा लिया था. करगिल को पाकिस्तान के कब्जे से मुक्त कराने के भारतीय सेना के अभियान को ‘ऑपरेशन विजय’ नाम दिया गया था.
- भारतीय सेना को कारगिल के युद्ध में बड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ा था. पाकिस्तानी सैनिक ऊंची पहाड़ियों पर बैठे थे और हमारे सैनिकों को गहरी खाई में रहकर उनसे मुकाबला करना था.
- ऑपरेशन विजय 8 मई को शुरू हुआ था और 26 जुलाई को खत्म. ‘ऑपरेशन विजय’ में भारतीय सेना के 527 जवान शहीद हुए थे. इस लड़ाई में पाकिस्तान के करीब तीन हजार जवान मारे गए.
- कारगिल युद्ध के समय अटल बिहारी वाजपेयी देश के प्रधानमंत्री थे.
भारत और अमेरिका के बीच हिंद महासागर में PASSEX नौसैनिक अभ्यास आयोजित किया गया
भारत और अमेरिका के बीच हाल ही में नौसैनिक अभ्यास ‘PASSEX’ आयोजित किया गया था. इस अभ्यास का आयोजन हिंद महासागर में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के पास किया गया था. इस अभ्यास को वायु रक्षा सहित प्रशिक्षण और बेहतर तालमेल कायम करने के लिए डिज़ाइन किया गया था.
इस अभ्यास में भारतीय नौसैनिक जहाज़ों में INS शिवालिक, INS सह्याद्री, INS कामोर्ता और INS राणा शामिल थे. अमेरिका की ओर से अभ्यास में कैरियर USS निमित्ज, USS रोनाल्ड रीगन और दो अन्य अमेरिकी जहाज़ों ने हिस्सा लिया था. ‘कैरियर USS निमित्ज’ अमेरिकी नौसेना का सबसे बड़ा विमान वाहक है.
इस अभ्यास का आयोजन ऐसे समय पर किया गया है जब भारत और चीन के बीच लद्दाख क्षेत्र में सीमाई गतिरोध बना हुआ है और दक्षिण चीन सागर में तनाव बढ़ता जा रहा है.
दक्षिण कोरिया ने अपना पहला सैन्य उपग्रह ‘ANASIS II’ का प्रक्षेपण किया
दक्षिण कोरिया ने हाल ही में अपना पहला सैन्य-संचार उपग्रह (military communications satellite) ‘ANASIS II’ का प्रक्षेपण किया था. इसका प्रक्षेपण अमेरिका की निजी अन्तरिक्ष कंपनी ‘SpaceX’ ने फ्लोरिडा स्थित केप कैनावेरल एयर फोर्स स्टेशन से किया था.
इस प्रक्षेपण में फाल्कन 9 रॉकेट के माध्यम से ANASIS II उपग्रह को पृथ्वी के भूस्थिर अंतरण कक्षा (geostationary transfer orbit) स्थापित किया गया था.
दक्षिण कोरिया द्वारा किया गया सैन्य-संचार उपग्रह का प्रक्षेपण, परमाणु हथियार संपन्न उत्तर कोरिया के खिलाफ अपना बचाव के परिपेक्ष्य में देखा जा रहा है.
ग्रेटा थनबर्ग को गुलबेनकियन पुरस्कार से सम्मानित किया गया
पर्यावरण कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग को मानवता के लिए हाल ही में पहला गुलबेनकियन पुरस्कार (inaugural Gulbenkian Prize) से सम्मानित किया गया था. उन्हें जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए युवा पीढ़ियों को जागरुक करने के उनके प्रयासों के लिए सम्मानित किया गया है. उन्हें पुरस्कार के रूप में 1 मिलियन यूरो राशि दी गयी थी.
ग्रेटा थनबर्ग कौन है?
ग्रेटा थनबर्ग स्वीडन की 17 वर्षीय पर्यावरण कार्यकर्ता हैं. उनके पर्यावरण आन्दोलन को अन्तर्राष्ट्रीय पहचान मिली है. वह 2018 में, 15 की उम्र में, जलवायु परिवर्तन के मुद्दे पर लोगों में जागरुकता पैदा करने के लिए स्वीडिश संसद के बाहर विरोध प्रदर्शन शुरू करने बाद सुर्खिया में आई थी.
ग्रेटा ने स्वीडन की संसद के बाहर विरोध-प्रदर्शन के लिए हर शुक्रवार अपना स्कूल छोड़ा था जिसे देखकर कई देशों में #FridaysForFuture के साथ एक मुहिम शुरू हो गई. दिसम्बर 1019 में इन्हे ‘टाइम पर्सन ऑफ़ द इयर’ पुरस्कार प्रदान किया गया था.
गुलबेनकियन पुरस्कार: एक दृष्टि
गुलबेनकियन पुरस्कार कैलूस्टे गुलेनबेकियन फाउंडेशन द्वारा प्रदान किया जाता है. इस पुरस्कार का वितरण समारोह पुर्तगाल में आयोजित किया जाता है. यह पुरस्कार जलवायु परिवर्तन के मुद्दे पर अपनी नवीनता, नवाचार और प्रभावी प्रयासों के लिए दिया जाता है.
UNEP और IEEA ने शीतलन उत्सर्जन और नीति संश्लेषण पर रिपोर्ट जारी की
संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (UNEP) और इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी (IEEA) ने हाल ही में ‘शीतलन उत्सर्जन और नीति संश्लेषण रिपोर्ट’ (The Cooling Emissions and Policy Synthesis Report) जारी की थी. इस रिपोर्ट में दुनिया में ग्रीनहाउस गैस के उत्सर्जन में और वैश्विक तापमान वृद्धि के परिणाम और इसे रोकने के उपायों की चर्चा की गयी है.
रिपोर्ट के मुख्य बिंदु
- इस रिपोर्ट के अनुसार 2050 तक, विश्व में कम से कम 14 बिलियन के शीतलन उपकरणों की आवश्यकता होगी. वर्तमान में 3.6 बिलियन शीतलन उपकरण उपयोग में हैं. अत्यधिक शीतलन उपकरणों का उपयोग, तापमान वृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान देगा.
- जलवायु परिवर्तन में शीतलन की बढ़ती मांग का महत्वपूर्ण योगदान है. 2050 तक एयर कंडीशनिंग और प्रशीतन से उत्सर्जन में 2017 के स्तर की तुलना में 90% तक बढ़ोतरी हो सकती है. एयर कंडीशनर हाइड्रोफ्लोरोकार्बन (HFC) का उपयोग करते हैं जो ग्रीन हाउस गैसों का उत्सर्जन करते हैं.
- कूलिंग को ऊर्जा-दक्ष बनाकर 210 से 460 बिलियन टन कार्बन डाइऑक्साइड (CO2) के बराबर उत्सर्जन को कम किया जा सकता है.
- ऊर्जा-दक्ष एयर कंडीशनर 1,300 गीगा वाट तक ऊर्जा की आवश्यकता को कम कर सकते हैं. यह वर्ष 2018 में भारत और चीन में उत्पन्न संपूर्ण कोयला आधारित बिजली के बराबर है.
अमेरिका-चीन संबंध: दक्षिण चीन सागर पर चीन का एकाधिकार नहीं
अमरीका के विदेश मंत्री माइक पोम्पियो ने कहा है कि दक्षिण चीन सागर पर चीन का एकाधिकार नहीं है. चीन सागर विवाद का समाधान अन्तर्राष्ट्रीय कानून के अनुसार होना चाहिए. श्री पोम्पियो ने कहा कि यदि चीन अन्तर्राष्ट्रीय कानून का उल्लंघन करता है और ऐसी स्थिति में विश्व के राष्ट्र कुछ कर नहीं पाए तो चीन की कम्युनिस्ट पार्टी और अधिक क्षेत्र पर कब्जा कर लेगी.
इससे पहले अमरीका ने दक्षिण चीन सागर के अधिकांश संसाधनों पर चीन के दावे को इस क्षेत्र पर गैर कानूनी कब्जा करने की चालबाजी बताया था. श्री पोम्पियो ने कहा था कि अमरीका इस संबंध में 2016 के मध्यस्थता अधिकरण के फैसले के साथ है. 2016 में मध्यस्थता अधिकरण ने फैसला दिया था कि दक्षिण चीन सागर के संसाधनों पर चीन का दावा समुद्री कानून से संबंधित संयुक्त राष्ट्र संधि के खिलाफ है.
ऑस्ट्रेलिया का पक्ष
कुछ दिन पहले ऑस्ट्रेलिया ने भी अमरीका का समर्थन करते हुए कहा था कि दक्षिण चीन सागर पर चीन का दावा गैर कानूनी है. ऑस्ट्रेलिया के स्थायी मिशन ने संयुक्त राष्ट्र को लिखे पत्र में विवादित द्वीपों पर चीन की कम्युनिस्ट पार्टी का दावा खारिज कर दिया था. ऑस्ट्रेलिया सरकार ने कहा था कि चीन का दावा समुद्री कानून पर 1982 की संयुक्त राष्ट्र संधि के खिलाफ है.
व्यापार की दृष्टि से दक्षिण चीन सागर महत्वपूर्ण
चीन, दक्षिण चीन सागर के लगभग 90 प्रतिशत हिस्से को अपना क्षेत्र बताता है. विश्व व्यापार की दृष्टि से दक्षिण चीन सागर अत्यंत महत्वपूर्ण है.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
भारत-श्रीलंका मुद्रा विनिमय समझौता
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने श्रीलंका के केंद्रीय बैंक के साथ 40 करोड डॉलर के मुद्रा विनिमय समझौता दस्तावेज पर हस्ताक्षर किये हैं. यह मुद्रा विनियम व्यवस्था नवम्बर 2022 तक उपलब्ध रहेगी. भारत और श्रीलंका के बीच हाल ही में मुद्रा विनिमय समझौता हुआ था. इस समझौते में दोनों पड़ोसी देशों के बीच आर्थिक सहयोग बढ़ाने के उपायों पर विचार किया गया था.
अफगानिस्तान में साढ़े छह हजार से अधिक पाकिस्तानी आतंकी
संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट के अनुसार इस समय अफगानिस्तान में साढ़े छह हजार से अधिक पाकिस्तानी आतंकी मौजूद हैं. संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के विश्लेषणात्मक सहायता और प्रतिबन्ध निगरानी टीम की रिपोर्ट में कहा गया है कि अफगानिस्तान में मौजूद विदेशी आतंकवादियों में से अधिकतर पाकिस्तानी हैं. रिपोर्ट के अनुसार अफगान तालिबान का महत्वपूर्ण घटक- हक्कानी नेटवर्क अभी भी अल-कायदा से नजदीकी से जुड़ा हुआ है और अल-कायदा सरगना अयमान अल-ज़वाहिरी फरवरी के बाद भी हक्कानी नेटवर्क के सदस्यों से मिलता रहा है.
