डेली कर्रेंट अफेयर्स
RBI ने वित्तीय स्थिरता रिपोर्ट जारी की, मार्च 2020 में बैंकों का NPA 8.5 प्रतिशत
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के गवर्नर शक्तिकांत दास ने 24 जुलाई को वित्तीय स्थिरता रिपोर्ट (Financial Stability Report-FSR) का 21वाँ अंक जारी किया. इस रिपोर्ट में देश की वित्तीय प्रणाली के सुदृढ़ होने की बात कही गयी है.
वित्तीय स्थिरता रिपोर्ट: मुख्य बिंदु
- वित्तीय संस्थाओं को कोविड-19 महामारी और उसके बाद के दौर में जोखिम से अत्यधिक दूरी बनाने से बचना चाहिए.
- बैंक और वित्तीय मध्यस्थों के लिए अभी सर्वोच्च प्राथमिकता पूंजी के स्तर को बढ़ाने और लचीलेपन में सुधार लाने की होनी चाहिए.
- RBI ने आशंका जताई है कि बैंकों का गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (NPA) मार्च 2021 तक बढ़कर 12.5 फीसद हो सकता है. मार्च 2020 में बैंकों का NPA 8.5 फीसद पर था.
वित्तीय स्थिरता रिपोर्ट: एक दृष्टि
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) प्रत्येक 6 माह में वित्तीय स्थिरता रिपोर्ट (FSR) प्रकाशित करता है. इस रिपोर्ट में भारत की वित्तीय प्रणाली की स्थिरता मूल्यांकन प्रस्तुत किया जाता है.
NPA क्या है?
NPA (Non-Performing Asset) बैंक का वह कर्ज है जो डूब गया है और जिसे फिर से वापस आने की उम्मीद ना के बराबर होती है.
भारत-ब्रिटेन आर्थिक और व्यापार समिति की 14वीं बैठक
भारत और ब्रिटेन के बीच आर्थिक और व्यापार समिति की 14वीं बैठक (14th UK-India Joint Economic and Trade Committee- JETCO) 24 जुलाई को वीडियो कॉंफ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गयी. वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और ब्रिटेन की अन्तर्राष्ट्रीय व्यापार राज्य मंत्री एलिजाबेथ ट्रस ने बैठक की संयुक्त अध्यक्षता की.
इस बैठक में दोनों देशों ने आपसी मुक्त व्यापार समझौते के लिए प्रतिबद्धता दोहराई. मुक्त व्यापार समझौते की दिशा में प्रारंभिक उपायों के तौर पर दोनों पक्ष सीमित व्यापार समझौते करेंगे. बैठक में यह निर्णय लिया गया कि बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए श्री गोयल और सुश्री ट्रस के बीच नई दिल्ली में विचार-विमर्श होगा.
भारत से बांग्लादेश के लिए पहली कंटेनर ट्रेन सेवा शुरू हुई
भारत से बांग्लादेश के लिए पहली कंटेनर ट्रेन सेवा 24 जुलाई को शुरू हो गयी. कंटेनर कारपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के कोलकाता स्थित माजेरहाट टर्मिनल से इस कंटेनर ट्रेन को रवाना किया गया. पचास कंटेनरों के साथ यह ट्रेन 26 जुलाई को बांग्लादेश के बेनापोल स्टेशन पर पहुंच जाएगी.
कंटेनर कारपोरेशन ऑफ इंडिया और बांग्लादेश कंटेनर कंपनी लिमिटेड के बीच वर्ष 2017 में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किये जाने के बाद कंटेनर ट्रेनों की यह आवाजाही शुरू हुई है.
ई-कॉमर्स कम्पनियों के लिए नए नियम अधिसूचित किए
सरकार ने 23 जुलाई को ई-कॉमर्स कम्पनियों के लिए नए नियमावली अधिसूचित किए. इस अधिसूचना का उद्देश्य उपभोक्ताओं के विवाद को निपटाने के लिए समयबद्ध और प्रभावी प्रशासनिक व्यवस्था कायम कर उपभोक्ताओं के हितों का संरक्षण करना है. इसका अनुपालन न करने पर दंडात्मक कार्रवाई का प्रावधान किया गया है.
ई-कॉमर्स कम्पनियों के लिए नए नियम: मुख्य बिंदु
- नई नियमावली भारत सहित अन्य देशों में पंजीकृत ऐसे सभी ऑनलाइन खुदरा विक्रेताओं पर लागू होगी जो भारतीयों को वस्तु अथवा सेवा उपलब्ध करा रहे हों.
- अधिसूचना के अनुसार, अब सभी उत्पादों पर यह लिखना अनिवार्य होगा कि वह उत्पाद किस देश में तैयार हुआ है.
- नए नियमों से सरकार को ई-कॉमर्स और सीधी बिक्री के लिए व्यापार के अनुचित तौर-तरीके पाए जाने पर कार्रवाई का अधिकार मिलेगा.
- ई-कॉमर्स कंपनियों को खरीदारी के लिए उपलब्ध वस्तु और सेवा की कुल क़ीमत बतानी होगी और अन्य शुल्कों का ब्योरा भी देना होगा.
- अधिसूचना के साथ ही ई-कॉमर्स कंपनियों के लिए शिकायत निपटान अधिकारी की नियुक्ति अनिवार्य हो जाएगी ताकि शिकायतों का समय पर निपटान हो सके.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 517.64 अरब डॉलर
भारत का विदेशी मुद्रा भंडार, 17 जुलाई को समाप्त हुए सप्ताह में 1.27 अरब डॉलर बढ़कर 517.64 अरब डॉलर हो गया. विदेशी मुद्रा परिसम्पत्तियां भी 1.25 अरब डॉलर बढ़कर 476.88 अरब डॉलर हो गईं. समग्र भंडार में विदेशी मुद्रा परिसम्पत्तियों का अंश काफी बड़ा होता है. अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष से भारत का विशेष अहरण अधिकार भी 20 लाख डॉलर बढ़कर 1.46 अरब डॉलर हो गया है. देश का मुद्रा भंडार 1.5 करोड़ डॉलर बढ़कर 4.56 अरब डॉलर हो गया है.
भारत ने उत्तर कोरिया चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई
भारत ने विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुरोध पर उत्तर कोरिया को लगभग दस लाख डॉलर की चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई है. भारत ने मानवीय सहायता के रूप में TB के इलाज की जरूरी दवाइयां देने का फैसला किया है. यह चिकित्सा सहायता उत्तर कोरिया में WHO की ओर से चलाए जा रहे TB उपचार कार्यक्रम के तहत दी गई है.
SCO देशों के स्वास्थ्य मंत्रियों की बैठक
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सदस्य देशों के स्वास्थ्य मंत्रियों की डिजिटल बैठक में भाग लिया. बैठक की अध्यक्षता रूस के स्वास्थ्य मंत्री मिखाइल मुराशको ने की. इस बैठक में चर्चा का प्रमुख विषय दुनियाभर में जारी कोविड-19 संकट था.
गुजरात के आणंद में भारत की पहली शहद जांच प्रयोगशाला स्थापित की गई
गुजरात में आणंद जिले के राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड में भारत की पहली शहद जांच प्रयोगशाला स्थापित की गई है. इसका उद्घाटन ऑनलाइन माध्यम से केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने 24 जुलाई को किया. इस प्रयोगशाला में खाद्य सुरक्षा नियामक संस्था (FSSAI) नियमों के अनुसार शहद की गुणवत्ता की जांच की जाएगी.
श्रीलंका की तेज गेंदबाज श्रीपली वीराकोडी ने संन्यास की घोषणा की
श्रीलंका महिला क्रिकेट टीम की तेज गेंदबाज श्रीपली वीराकोडी ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की है. 2006 में अपने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट की शुरुआत करने वालीं श्रीपली वीराकोडी ने श्रीलंका महिला टीम के लिए 89 वनडे और 58 T20 अन्तर्राष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं.
