डेली कर्रेंट अफेयर्स
अमरीका-भारत व्यापार परिषद द्वारा ‘इंडिया आइडियाज’ वर्चुअल शिखर सम्मेलन का आयोजन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘इंडिया आइडियाज’ वर्चुअल शिखर सम्मेलन (India Ideas Summit) 2020 को संबोधित किया. इस सम्मेलन का आयोजन अमरीका-भारत व्यापार परिषद (America-India Business Council) ने 21-22 जुलाई को किया था. परिषद के गठन की 45वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में इसका आयोजन किया गया था. इस वर्ष के ‘इंडिया आइडियाज’ शिखर सम्मेलन का विषय- ‘बेहतर भविष्य का निर्माण’ (Building a Better Future) था.
सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोरोना और उसके बाद के परिवेश में भारत और अमरीका की साझा भूमिका को रेखांकित किया. इस सम्मेलन में दोनों ही देशों के बीच पारस्परिक संबंधों सहित कोविड महामारी के बाद उत्पन्न परिस्थितियों की चर्चा और मूल्यांकन पर बल दिया गया.
शिखर सम्मेलन में मुख्य वक्ताओं में प्रधानमंत्री मोदी के अलाबा विदेश मंत्री डॉक्टर एस. जयशंकर, अमरीकी विदेश मंत्री माइक पोम्पियो, अमरीकी राज्य वर्जीनिया के सिनेटर मार्क वार्नर और संयुक्त राष्ट्र में पूर्व अमरीकी राजदूत रहीं निकी हेली शामिल थे.
अमरीका के विदेश मंत्री माइक पोम्पियो ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भारत एक महत्वपूर्ण साझेदार है. उन्होंने कहा कि भारत हिन्द-प्रशांत क्षेत्र में और वैश्विक स्तर पर भी अमरीका का एक उभरता हुआ सुरक्षा भागीदार है. उन्होंने कहा कि अमरीका ने राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा आयोजित की जा रही जी-7 देशों की बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आमंत्रित किया है.
अमरीका-भारत व्यापार परिषद क्या है?
अमरीका-भारत व्यापार परिषद (America-India Business Council) का गठन 1975 में किया गया था. यह दोनों देशों के बीच निवेश प्रवाह को बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करती है. यह सरकारों और व्यापारियों के बीच सीधे संपर्क का काम करती है.
एंटी टैंक गाइडेड मिसाइस ध्रुवस्त्र का चांदीपुर में सफल परीक्षण किया गया
भारत ने 22 जुलाई को अपनी स्वदेशी विकसित एंटी-टैंक गाइडेड मिसाइल ‘ध्रुवस्त्र’ का सफलतापूर्वक परीक्षण किया. यह परीक्षण ओडिशा के चांदीपुर स्थित एकीकृत परीक्षण रेंज (ITR) के लॉन्च पैड-3 से किया गया. परीक्षण में मिसाइल ने उच्च सटीकता के साथ मारने से पहले अपने लक्ष्य को सफलतापूर्वक ट्रैक किया.
एंटी टैंक गाइडेड मिसाइस ‘ध्रुवस्त्र’: एक दृष्टि
- ‘ध्रुवस्त्र’ हेलीकॉप्टर-लॉन्च एंटी-टैंक गाइडेड मिसाइल (ATGM) है. इसे रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) ने विकसित किया है. यह दुनिया के सबसे उन्नत एंटी-टैंक हथियारों में से एक है.
- यह ‘नाग हेलिना’ का हेलीकॉप्टर संस्करण है, जिसमें कई नई विशेषताओं के साथ दुश्मन बंकरों, बख्तरबंद वाहनों और मुख्य युद्धक टैंकों को नष्ट करने के लिए हवा से दागा जा सकता है.
- अगस्त 2018 में एंटी टैंक मिसाइस ‘हेलिना’ से पोखरण परीक्षण रेंज में रुद्र हेलीकॉप्टर से सफल परीक्षण किया गया था. नाग-मिसाइल का जुलाई 2019 में 12 बार परीक्षण किया गया था. यह परीक्षण दिन और रात के दौरान चरम मौसम की स्थिति में सफल रहा था.
प्रधानमंत्री ने मणिपुर जल आपूर्ति परियोजना की आधारशिला रखी
प्रधानमंत्री प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 23 जुलाई को वीडियो कांफ्रेंस के जरिये ‘मणिपुर जल आपूर्ति परियोजना’ की आधारशिला रखी. यह परियोजना केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गयी ‘जल जीवन मिशन’ के तहत पूरा किया जायेगा.
सरकार ने मणिपुर के 1185 बस्तियों में पीने का पानी उपलब्ध कराने के लिए जल जीवन मिशन के तहत तीन हजार करोड़ धन उपलब्ध कराया है. इन बस्तियों में 1.42 लाख से अधिक घर हैं.
जल जीवन मिशन: एक दृष्टि
- केन्द्र सरकार ने 2024 तक ग्रामीण भारत के हर घर में सुरक्षित, पर्याप्त और साफ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जल जीवन मिशन की शुरूआत की है.
- यह मिशन पानी के लिए सामुदायिक दृष्टिकोण पर आधारित है. मिशन के मुख्य घटक सूचना, शिक्षा और संचार हैं.
- इसमें पानी के लिए जन आन्दोलन की पहल की गई है ताकि उसे प्रत्येक व्यक्ति की प्राथमिकता बनाया जा सके.
- भारत में करीब 19 करोड़ घर हैं, लेकिन केवल 24 प्रतिशत घरों में ही पाइप के जरिये स्वच्छ जल उपलब्ध है. जल जीवन मिशन के तहत करीब 15 करोड़ घरों में पाइप से पानी पहुंचाया जायेगा.
23 जुलाई: राष्ट्रीय प्रसारण दिवस
प्रत्येक वर्ष 23 जुलाई को राष्ट्रीय प्रसारण दिवस (National Broadcasting Day) मनाया जाता है.
1927 में आज के ही दिन देश का पहला रेडियो प्रसारण एक निजी कंपनी- इंडियन ब्रॉडकास्टिंग कंपनी के तहत बॉम्बे केंद्र से किया गया था. 1930 में सरकार ने इस कंपनी को अपने नियंत्रण में ले लिया और ‘भारतीय प्रसारण सेवा’ के नाम से उन्हें परिचालित करना शुरू कर दिया.
8 जून 1936 को भारतीय प्रसारण सेवा को ‘ऑल इंडिया रेडियो’ नाम दिया गया. 1956 में इसे ‘आकाशवाणी’ नाम दिया गया. वर्तमान में आकाशवाणी के 414 केन्द्र हैं, जो 23 भाषाओं और 179 बोलियों में प्रसारण उपलब्ध कराते हैं.
23 जुलाई: बाल गंगाधर तिलक और चन्द्रशेखर आजाद की जयंती
बाल गंगाधर तिलक
लोकमान्य तिलक भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के पहले लोकप्रिय नेता थे. बाल गंगाधर तिलक ने ही सबसे पहले ब्रिटिश राज के दौरान पूर्ण स्वराज की मांग उठाई थी.
23 जुलाई 1856 को महाराष्ट्र के रत्नागिरी के एक ब्राह्मण परिवार में जन्में तिलक ने अंग्रेजों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी थी. अंग्रेजों ने तिलक को 1906 में विद्रोह के आरोप में गिरफ्तार कर 6 साल की सजा सुनाई और बर्मा के एक जेल में डाल दिया था.
उन्होंने बर्मा के जेल में रहते हुए महान किताब ‘गीता रहस्य’ लिखी थी. भारत का यह महान सपूत 1 अगस्त 1920 को हमें अलविदा कह गया.
चन्द्रशेखर आजाद
महान क्रान्तिकारी चन्द्रशेखर आजाद का जन्म 23 जुलाई 1906 के दिन अलीराजपुर जिला के भाबरा गांव में पिता पण्डित सीताराम तिवारी और माता जगरानी देवी के यहां हुआ था. महज 14 साल के थे जब गांधीजी जी के सन् 1921 में असहयोग आन्दोलन में भाग लेने पर वे पहली बार गिरफ़्तार हुए थे. यही से चन्द्रशेखर के साथ आजाद नाम जुड गया.
9 अगस्त 1925 में काकोरी काण्ड को अंजाम दिया. चन्द्रशेखर आज़ाद ने 8 सितम्बर 1928 को दिल्ली के फीरोजशाह कोटला मैदान में हिन्दुस्तान सोशलिस्ट रिपब्लिकन एसोसियेशन की स्थापना की. 27 फ़रवरी 1931 को अल्फ्रेड पार्क में चन्द्रशेखर आजाद और पुलिस बल के बीच भयंकर गोलीबारी हुई आखीरी गोली बचने पर चन्द्रशेखर आजाद ने खूद को गोली मार ली और इस तरह देश का सच्चा सपूत शहीद हो गया.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
अमेरिका-चीन संबंध: चीनी दूतावास को बंद करने का आदेश
अमेरिका ने ह्यूस्टन में चीनी दूतावास को बंद करने का आदेश दिया है. इस के आदेश के बाद उस दूतावास में आगजनी की घटना घटी. अमेरिका ने वहां दस्तावेज जलाए जाने का आरोप लगाया. इससे पहले अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा कि अमेरिकी बौद्धिक संपदा और अमेरिकियों की निजी जानकारी की सुरक्षा के लिए ह्यूस्टन में चीनी मिशन को बंद किया जा रहा था.
दिल्ली में ‘वृक्षारोपण अभियान’ 2020 का शुभारंभ
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में ‘वृक्षारोपण अभियान’ 2020 का शुभारंभ किया. शुभारंभ समारोह के दौरान गृहमंत्री ने 6 इकोपार्कों का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया. यह अभियान कोयला और लिग्नाइट के भंडार वाले 10 राज्यों के 38 जिलों में फैले 150 से भी अधिक स्थानों पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शुरू किया गया. यह वृक्षारोपण अभियान कोयला मंत्रालय के पर्यावरण अभियान को आगे बढ़ाने की पहल के तहत किया गया है. वृक्षारोपण के तहत 1626 हेक्टेयर को कवर किया जाएगा.
चौपाल के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में एक लाख ब्रॉडबैंड कनेक्शन
कॉमन सर्विसेज सेंटर वाईफाई चौपाल के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में एक लाख ब्रॉडबैंड कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं. यह सुविधा इस 10 जून 2020 को शुरू की गई थी. ये कनेक्शन भारत नेट इंफ्रास्ट्रक्चर के जरिए 21 राज्यों में उपलब्ध कराये गये हैं. उन्होंने बताया कि इस वर्ष सितंबर तक पांच लाख ऐसे कनेक्शन उपलब्ध कराने का लक्ष्य है.
केन्द्रीय मोटर वाहन अधिनियम नियमावली 1979 में संशोधन
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने केन्द्रीय मोटर वाहन अधिनियम नियमावली 1979 में संशोधन करने तथा हाइड्रोजन संवर्धित सीएनजी को वाहनों में ईंधन के रूप में इस्तेमाल करने के बारे में आम लोगों से सुझाव मांगे हैं. मंत्रालय ने 22 जुलाई को इस बारे में एक मसौदा जारी किया है.
वन उपज की निर्बाध आवाजाही के लिए नेशनल ट्रांजिट पास सिस्टम
देश के सभी राज्यों में वन उपज की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री प्रकाश जावडेकर ने गुरुवार को नेशनल ट्रांजिट पास सिस्टम की शुरूआत की. देश में लकड़ी, बांस और अन्य वन उपजों का पारगमन अलग-अलग राज्यों के विभिन्न कानूनों और नियमों द्वारा नियंत्रित किया जाता है. एक राज्य में छूट प्राप्त वन प्रजाति को दूसरे राज्य में छूट नहीं है. ऐसे में वन उपज को एक जगह से दूसरे जगह ले जाने में पास की जरूरत होती थी. नेशनल ट्रांजिट पास सिस्टम पूरे भारत में वन उपज की निर्बाध आवाजाही की सुविधा के लिए पैन इंडिया ट्रांजिट पास की सुविधा उपलब्ध कराता है.
