डेली कर्रेंट अफेयर्स
भारत में 20 जुलाई से ‘उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम-2019’ लागू किया गया
भारत में 20 जुलाई से ‘उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम-2019’ (Consumer Protection Act-2019) को लागू कर दिया गया. नए कानून ने उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 1986 की जगह ली है. यह कानून ग्राहकों के साथ होने वाले धोखाधड़ी को रोकने के उद्देश्य से लाया गया है.
इस नए कानून के लागू होते ही ग्राहकों के हितों की रक्षा के लिए कई नए नियम लागू हो गए हैं. ये नियम पुराने कानून में नहीं थे. इस नए कानून के तहत बड़े नुकसान पर ग्राहक को पांच लाख रुपये मुआवजा देना होगा और सात साल की जेल होगी. उपभोक्ता की मौत हो जाए तो मुआवजा दस लाख और सात साल या आजीवन जेल भी संभव है. नए कानून के दायरे में ई-कॉमर्स कंपनियां भी आएंगी.
भ्रामक विज्ञापन करने पर सेलिब्रिटी पर भी 10 लाख रुपये तक का जुर्माना तय किया गया है. सेलिब्रिटी का दायित्व होगा कि वो विज्ञापन दी गई पूरी जानकारी की जाच पड़ताल कर ले. मिलावटी सामान और खराब प्रोडक्ट पर कंपनियों पर जुर्माना और मुआवजा देना शामिल किया गया है. झूठी शिकायत करने पर अब 50 हजार रुपए जुर्माना लगेगा.
उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम-2019 द्वारा दिए गये 6 अधिकार
- सुरक्षा का अधिकार: इसके तहत ग्राहक को किसी माल (गुड्स) या सेवा (सर्विस) की मार्केटिंग से जीवन या प्रॉपर्टी के नुकसान से बचाया जाता है.
- सूचना का अधिकार: ग्राहक को पूरा अधिकार है कि उसे प्रोडक्ट की क्वालिटी, उसकी मात्रा, शुद्धता, कीमत आदि के बारे में सही जानकारी दी जाए.
- छांटने का अधिकार: इसके तहत ग्राहक को माल और सेवा के कई प्रकार उपलब्ध कराई जाती हैं, ताकि वह अपने अनुकूल माल या सेवा को छांट सके.
- सुने जाने का अधिकार: ग्राहक को सुने जाने का पूरा अधिकार है. उसे किसी तरह की दिक्कत होने पर फोरम में उसकी शिकायत को सुना जाएगा.
- शिकायत का अधिकार: किसी भी गलत प्रैक्टिस के खिलाफ शिकायत करने का भी ग्राहक को अधिकार है, ताकि उसका शोषण ना हो.
- जानने का अधिकार: एक ग्राहक अपनी पूरी जिंदगी एक पूरी जानकारी रखने वाला ग्राहक रहेगा, जिससे वह शोषण से बचा रहेगा.
UAE ने मंगल ग्रह के लिए अपना पहला उपग्रह ‘HOPE’ को प्रक्षेपित किया
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने 20 जुलाई को मंगल ग्रह के लिए पहला अंतरिक्ष मिशन में शामिल उपग्रह ‘HOPE’ को प्रक्षेपित किया. यह प्रक्षेपण जापान के तानेगाशिमा स्पेस सेंटर से किया गया. ‘HOPE’ नामक इस उपग्रह को तनेगाशिमा अंतरिक्ष केंद्र से H2-A नामक रॉकेट के ज़रिए भेजा गया.
इस प्रक्षेपण के साथ है UAE पहला अरब देश होगा, जिसने मंगल ग्रह के लिए अपना उपग्रह भेजा हो. इस अंतरिक्ष यान पर अरबी में ‘अल-अमल’ लिखा हुआ था.
UAE का प्रोजेक्ट मंगल पर जाने वाले तीन प्रोजेक्ट में से एक है. इसमें चीन के ताइनवेन-1 और अमेरिका के मार्स 2020 भी शामिल हैं.
उपग्रह ‘HOPE’ के मंगल की कक्षा में फरवरी, 2021 में पहुंचने की उम्मीद है. इसके बाद यह एक मंगल वर्ष यानी 687 दिनों तक उसकी कक्षा में चक्कर लगाएगा. UAE में इस प्रोजेक्ट को अरब के युवाओं के लिए प्रेरणा के स्रोत के रूप में देखा जा रहा है.
लुईस हैमिल्टन ने हंगरी ग्रां प्री जीता, माइकल शूमाकर के F1 रिकॉर्ड की बराबरी की
ब्रिटेन के फॉर्मूला वन चैंपियन लुईस हैमिल्टन ने 19 जुलाई को हंगरी ग्रां प्री जीत लिया. इस प्रतियोगिता में दूसरे स्थान पर बेल्जियम के मैक्स वर्साटाप्पेन (रेड बुल) और तीसरे स्थान पर फिनलैंड के मर्सिडीज रेसर वल्टारी बोटास रहे.
बुडापेस्ट (हंगरी) में खेले गये इस जीत के साथ ही लुईस ने माइकल शूमाकर का किसी एक ट्रैक पर सर्वाधिक 8वीं जीत दर्ज करने के रिकॉर्ड की बराबरी की.
हैमिल्टन ने पहली बार 2007 में हंगरी में जीत दर्ज की थी. मर्सीडीज के साथ अपनी पहली जीत भी उन्होंने 2013 में हंगरी में ही हासिल की थी.
माइकल शूमाकर के नाम सर्वाधिक जीत का रिकॉर्ड
ब्रिटिश ड्राइवर हैमिल्टन की फार्मूला वन में यह 86वीं जीत है और अब वह जर्मनी के महान ड्राइवर शूमाकर के 91 जीत के रिकॉर्ड से पांच जीत दूर रह गए हैं. शूमाकर ने फ्रांसीसी ग्रां प्री आठ बार जीती थी.
प्रख्यात गणितज्ञ सीएस शेषाद्रि का निधन
प्रख्यात गणितज्ञ कांजिवरम श्रीरंगचारी शेषाद्रि का 19 जुलाई को चेन्नई में निधन हो गया. वह 88 साल के थे. साल 2009 में उन्हें देश के तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्मभूषण से सम्मानित किया गया था.
बीजगणितीय ज्यामिति (algebraic geometry) के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें जाना जाता है. बीजगणितीय ज्यामिति में Seshadri constant उसके नाम पर रखा गया है.
शेषाद्रि ने अपने करियर की शुरुआत टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ फंडामेंटल रिसर्च में स्नातक छात्रों के पहले बैच के रूप में की थी. 1985 में वह चेन्नई के गणितीय विज्ञान संस्थान चले गए. 1989 में उन्हें स्कूल ऑफ मैथेमेटिक्स शुरू करने का मौका मिला, जो स्पिक साइंस फाउंडेशन का हिस्सा था. उन्हें 1988 में रॉयल सोसाइटी का फेलो और 2010 में अमेरिका के नेशनल एकेडमी ऑफ साइंस का फॉरेन एसोसिएट चुना गया था.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
‘COVAXIN’ का मनुष्य पर परीक्षण
कोरोना वायरस के इलाज के लिए देश में तैयार वैक्सीन ‘COVAXIN’ का मनुष्य पर परीक्षण दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान AIIMS में किया जा रहा. AIIMS में परीक्षण के पहले चरण में 100 स्वस्थ व्यक्तियों को COVAXIN की खुराक दी जायेगी. यह वैक्सीन पूरी तरह से स्वदेशी है जिसे भारत बायोटेक ने विकसित किया है. मनुष्यों पर परीक्षण का दूसरा चरण एक महीने बाद शुरू होगा.
उत्तरप्रदेश में ‘नवीन रोजगार छतरी योजना’ का शुभारंभ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अनुसूचित जाति के गरीब व्यक्तियों के सर्वांगीण विकास के लिए ‘नवीन रोजगार छतरी योजना’ का शुभारंभ किया. इस अवसर पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्वरोजगार योजना के 3,484 लाभार्थियों के खातों में 17 करोड़ 42 लाख रुपये ऑनलाइन हस्तांतरित किए गए.
