डेली कर्रेंट अफेयर्स
भारतीय मूल के चंद्रिका प्रसाद को सूरीनाम का राष्ट्रपति चुना गया
भारतीय मूल के चंद्रिका प्रसाद संतोखी को सूरीनाम का राष्ट्रपति चुना गया है. सूरीनाम की संसद ‘नेशनल एसेंबली’ ने संतोखी को राष्ट्रपति के रूप में सर्वसम्मति से चुना है.
चुनाव में डेसी बॉउटर्स को हराया
चंद्रिका प्रसाद ने पूर्व सैन्य तानाशाह डेसी बॉउटर्स की जगह ली है. उनकी प्रोग्रेसिव रिफॉर्म पार्टी (PRC) ने बॉउटर्स की नेशनल पार्टी ऑफ सूरीनाम (NPS) को मई में संपन्न हुए चुनाव में हराया था.
बॉउटर्स ने वर्ष 1980 में निर्वाचित सरकार का तख्तापलट दिया था. उन्हें 15 विरोधियों की हत्या के मामले में 20 साल कैद की सजा हुई थी, जिसके खिलाफ उन्होंने अपील की है.
सूरीनाम आर्थिक संकट के दौर में
संतोखी ने ऐसे समय में सूरीनाम के नेतृत्व की बागडोर संभाली है जब उसके रिश्ते नीदरलैंड समेत दूसरे पश्चिमी देशों से खराब हो चुके हैं. देश इस समय आर्थिक संकट के दौर से भी गुजर रहा है.
डेसी बॉउटर्स के शासनकाल में तख्तापलट समेत अन्य कारणों से सूरीनाम के संबंध नीदरलैंड और अन्य पश्चिमी देशों के साथ अच्छे नहीं रहे हैं.
चंद्रिका प्रसाद संतोखी: एक दृष्टि
61 वर्षीय चंद्रिका प्रसाद संतोखी सूरीनाम के पूर्व-न्यायमंत्री व प्रोग्रेसिव रिफॉर्म पार्टी (PRC) के नेता हैं. वे नीदरलैंड के पुलिस अकादमी से प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं और सूरीनाम के मुख्य पुलिस आयुक्त रह चुके हैं. वर्ष 2005 के दौरान वह देश के न्याय मंत्री भी रह चुके हैं.
सूरीनाम: एक दृष्टि
सूरीनाम पहले नीदरलैंड (पूर्व डच) का ही उपनिवेश रहा है. इसकी कुल आबादी 5,87,000 है, जिसमें 27.4 फीसद लोग भारतवंशी हैं. प्रोग्रेसिव रिफॉर्म पार्टी (PRC) मूल रूप से भारतीय समुदाय का प्रतिनिधित्व करती है. PRC को सूरीनाम में यूनाइटेड हिंदुस्तानी पार्टी कहा जाता था.
सूरीनाम मूल रूप से बॉक्साइट के निर्यात पर निर्भर रहा है, लेकिन हाल ही में उसके जलीय क्षेत्रीय में विशाल तेल भंडार पाए गए हैं. ये तेल भंडार देश को आर्थिक मुश्किलों से निकालने में मददगार साबित हो सकते हैं.
स्वदेश में विकसित पहली न्यूमोकोक्कल पॉलीसैकैराइड कंज्युगेट वैक्सीन को मंजूरी
भारतीय औषध महानियंत्रक ने स्वदेश में विकसित पहली ‘न्यूमोकोक्कल पॉलीसैकैराइड कंज्युगेट’ वैक्सीन को मंजूरी दे दी है. यह वैक्सीन शिशुओं में स्ट्रेप्टोकोक्कस निमोनिया (Streptococcus pneumonia) के कारण और निमोनिया के उपचार के लिए उपयोग की जाती है. यह वैक्सीन मांसपेशियों में इंजेक्शन के जरिए दी जाती है.
निमोनिया के उपचार के लिए स्वदेश विकसित पहली वैक्सीन
निमोनिया के उपचार के लिए स्वदेश में विकसित यह पहली वैक्सीन है. इससे पहले ऐसी वैक्सीन देश में लाइसेंस के जरिए आयात की जाती थी क्योंकि इसे बनाने वाली सभी कंपनियां भारत से बाहर की हैं.
यह वैक्सीन पुणे के भारतीय सीरम संस्थान ने विकसित की है. इस संस्थान को वैक्सीन के पहले, दूसरे और तीसरे चरण के परीक्षण की अनुमति दी गई थी जो अब सम्पन्न हो गए हैं. कंपनी ने गाम्बिया में भी इसके परीक्षण किए हैं. उसके बाद कंपनी ने वैक्सीन बनाने की अनुमति के लिए आवेदन किया था.
15वें वित्त आयोग से जन स्वास्थ्य के खर्च में बढ़ोतरी करने का आग्रह
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने 15वें वित्त आयोग से जन स्वास्थ्य के खर्च में बढ़ोतरी करने का आग्रह किया है. कोविड-19 महामारी के प्रकोप को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्रालय ने अपनी वित्तीय आवश्यकताओं में संशोधन करते हुए इसे 4 लाख 90 हजार करोड़ रुपये से बढ़ाकर 6 लाख 4 हजार करोड़ रुपये कर दिया है.
स्वास्थ्य खर्च को GDP के 2.5 प्रतिशत करने का लक्ष्य
वित्त आयोग के साथ हाल ही में हुई बैठक में केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने 2025 तक जन स्वास्थ्य खर्च को लगातार बढ़ाते हुए सकल घरेलू उत्पाद (GDP) के 2.5 प्रतिशत के बराबर करने के सरकार के लक्ष्य के बारे में बताया. उन्होंने कहा कि देश में प्राथमिक स्वास्थ्य के खर्च को भी स्वास्थ्य पर सरकार द्वारा किये जाने वाले कुल खर्च के एक तिहाई के बराबर किया जाना जरूरी है.
राष्ट्रीय स्वास्थ्य नीति 2017 में सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्यों का जिक्र करते हुए डॉक्टर हर्षवर्धन ने राज्यों के स्वास्थ्य संबंधी खर्च को बढ़ाकर उनके कुल बजट के 8 प्रतिशत के बराबर करने की आवश्यकता पर जोर दिया.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
रक्षामंत्री लद्दाख के दौरे पर
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह 17-18 जुलाई को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के सीमावर्ती अग्रिम इलाकों के दो दिन के दौरे पर हैं. थल सेनाध्यक्ष जनरल मनोज मुकुंद नरवणे भी इस दौरान उनके साथ होंगे. रक्षामंत्री पूर्वी लद्दाख में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करेंगे. चीन के साथ हाल में सीमा पर तनातनी के बाद श्री सिंह का लद्दाख का यह पहला दौरा होगा.
फीफा विश्व कप 2022 की शुरुआत कतर करेगा
फुटबॉल की वैश्विक संस्था फीफा ने विश्व कप 2022 का कार्यक्रम जारी किया जो नवंबर और दिसंबर 2022 में खेला जाएगा. यह विश्व कप पहली बार पश्चिम एशिया में आयोजित किया जा रहा है. इस फुटबॉल विश्व कप की शुरुआत मेजबान कतर के मुकाबले के साथ होगी.
राज्य सभा के नवनिर्वाचित सदस्यों का शपथ ग्रहण
राज्य सभा के नवनिर्वाचित सदस्यों को 22 जुलाई को राज्यसभा के चैंबर में शपथ दिलाई जाएगी. ऐसा पहली बार होगा कि संसद का सत्र न होने के बावजूद राज्यसभा सदन में शपथ ग्रहण कराया जाएगा. इन नए सदस्यों को राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू शपथ दिलाएंगे. 20 राज्यों से कुल 61 राज्य सभा के सीटों पर चुनाव कराए गए थे.
युवा ओलंपिक खेलों को स्थगित किया गया
अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) और मेजवान सेनेगल ने 2022 में होने वाले युवा ओलंपिक खेलों को 2026 तक के लिए स्थगित करने की घोषणा की है. ये खेल सेनेगल की राजधानी डकार में आयोजित किया जाना था. इससे पहले 2020 के टोक्यो ओलंपिक खेलों को स्थगित किया गया था. अब इसका आयोजन 23 जुलाई से 8 अगस्त 2021 तक होगा.
IIT मद्रास ने पोर्टेबल अस्पताल ‘मेडीकैब’ बनाया
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, मद्रास के छात्रों ने स्टार्टअप के तहत एक पोर्टेबल अस्पताल ‘मेडीकैब’ बनाया है. इस पोर्टेबल ढांचे को चार लोगों की सहायता से दो घंटे के भीतर किसी भी स्थान पर स्थापित किया जा सकता है. मेडीकैब सुदूरवर्ती क्षेत्रों में कोविड-19 के मरीजों की स्क्रीनिंग, पृथकवास और उपचार के लिए इस्तेमाल किया जाएगा.
