डेली कर्रेंट अफेयर्स
ईरान में वर्तमान मुद्रा ‘रियाल’ को बदलकर ‘तोमान’ करने के लिए विधेयक
ईरान की संसद ने अपनी वर्तमान मुद्रा (करेंसी) ‘रियाल’ (Rial) में कई तरह के परिवर्तन के लिए हाल ही में एक विधेयक पारित किया है. इस विधेयक के अनुसार ‘रियाल’ में चार शून्य तक की कटौती की जाएगी और इसका नाम बदलकर तोमान (Toman) किया जाएगा. यानी एक तोमान का मूल्य 10,000 रियाल के बराबर होगी.
इस विधेयक को ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह खामनेई की अध्यक्षता वाली कमेटी के समक्ष पेश किया जाएगा.
मुद्रा में परिवर्तन की वजह
अमेरिका द्वारा ईरान लगाये गये कई प्रतिबंधों के कारण ईरानी मुद्रा रियाल के मूल्य में बड़ी गिरावट आई है. मुद्रा में गिरावट के कारण यहाँ मुद्रास्फीति (महँगाई दर) चरम पर है. मुद्रा से चार शून्य हटाने का फैसला देश की मुद्रा की मजबूती के लिए लिया गया है. ईरान सरकार के नए फैसले के बाद नई करेंसी ‘तोमान’ डॉलर के मुकाबले 15.6 के स्तर पर होगी.
तोमन पहले से प्रचालन में है
ईरान में तोमन का प्रचालन पहले से ही है. दरअसल अब तक ईरान की आधारिक मुद्रा रियाल थी. और दस रियाल को एक तोमन कहा जाता था. लेकिन अब नए बदलाव के बाद एक तोमन दस हजार रियाल के बराबर होगा.
UNEP की सद्भावना दूत के रूप में दीया मिर्जा का कार्यकाल बढ़ाया गया
संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (UNEP) की सद्भावना दूत (गुडविल एम्बेसडर) के रूप में बॉलीवुड एक्ट्रेस दीया मिर्जा का कार्यकाल को बढ़ाकर अब साल 2022 के अंत तक कर दिया गया है. दीया सतत विकास लक्ष्य की प्राप्ति के लिए संयुक्त राष्ट्र की विशेष दूत भी हैं.
सद्भावना दूत का कार्य पर्यावरणीय जागरूकता की दिशा में सुधार, जलवायु, वन्यजीवों की सुरक्षा, जैव विविधता और प्राकृतिक संसाधनों को सुरक्षित करने की दिशा प्रयास, आदि है.
सद्भावना दूत राजस्व जुटाने में मदद करते हैं, इसके अलावा वे किसी मुद्दे के बारे में जागरूकता उत्पन्न करने के लिए भी कार्य करते है. उनकी सेवा की अवधि 2 वर्ष होती है.
चीन ने अपने सबसे शक्तिशाली रॉकेट ‘Long March-5B’ के सफल परीक्षण का दावा किया
चीन की अंतरिक्ष एजेंसी (CMSA) ने अपने सबसे शक्तिशाली रॉकेट ‘Long March-5B’ के सफल परीक्षण का दावा किया है. CMSA के अनुसार उसका यह परीक्षण अंतरिक्ष यान 8 मई को इनर मंगोलिया ऑटोनॉमस क्षेत्र में निर्धारित जगह पर सफलतापूर्वक उतरा है. यह परीक्षण एक स्थाई स्पेस स्टेशन चलाने और अंतरिक्ष यात्रियों को चांद पर भेजने के लिहाज से यह एक बड़ा कदम है.
चीन ने 5 मई को दक्षिणी चीन के दक्षिणी प्रांत हैनान के वेनचांग स्पेस लॉन्च सेंटर से ‘Long March-5B’ रॉकेट के चालक दल के बिना नए अंतरिक्ष यान का परीक्षण संस्करण लॉन्च किया था.
इस परीक्षण में लगभग 488 सेकंड बाद, बिना चालक दल (क्रू) के प्रायोगिक मानवयुक्त अंतरिक्ष यान, कार्गो रिटर्न कैप्सूल के परीक्षण संस्करण के साथ, रॉकेट के साथ अलग हो गया और योजनाबद्ध तरीके से कक्षा में प्रवेश कर गया. प्रायोगिक अंतरिक्ष यान ने 2 दिन और 19 घंटे अंतरिक्ष के कक्षा में उड़ान भरा.
Long March-5: एक दृष्टि
- Long March-5 का विकास चाइना एकेडमी ऑफ स्पेस टेक्नोलॉजी ने किया है. यह यान लगभग 9 मीटर लंबा और 4.5 मीटर चौड़ा है. इसका वजन 20 टन से अधिक है.
- यह विशेष रूप से चीन के मानवयुक्त अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिए बनाया गया है. इसका इस्तेमाल मुख्य रूप से अंतरिक्ष स्टेशन के मॉड्यूल को लॉन्च करने के लिए किया जाएगा.
- इस रॉकेट के सफल परीक्षण चीन को “Tiangong” अंतरिक्ष स्टेशन को स्थापित करने की योजना में सहायता करेगा. Tiangong चीन का अंतरिक्ष स्टेशन कार्यक्रम है.
8 मई: विश्व रेडक्रास दिवस
प्रत्येक वर्ष 8 मई को ‘विश्व रेडक्रॉस दिवस’ (Red Cross Day) के रूप में मनाया जाता है. यह दिन उन लोगों को समर्पित है जो भोजन की कमी, विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं और युद्ध सहित किसी महामारी से पीड़ित होते हैं.
रेडक्रॉस के संस्थापक जॉन हेनरी डिनैंट का जन्मदिन
विश्व रेडक्रास दिवस रेडक्रॉस के संस्थापक और शान्ति के लिए पहले नोबल पुरस्कार विजेता जॉन हेनरी डिनैंट के जन्मदिन के उपलक्ष्य में मनाया जाता है. जॉन हेनरी का जन्म 8 मई, 1828 को हुआ था. साल 1901 में हेनरी डिनैंट को उनके मानव सेवा के कार्यों के लिए पहला नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया था.
रेड क्रॉस (ICRC): एक दृष्टि
- रेड क्रॉस के पूरा नाम ‘इंटरनैशनल कमिटी ऑफ द रेड क्रॉस’ (ICRC) है. इसकी स्थापना 1863 में हुई थी. इसका मुख्यालय जिनीवा स्विटजरलैंड में है. सफेद पट्टी पर लाल रंग का क्रॉस का चिन्ह इस संस्था का निशान है.
- यह संगठन सशस्त्र हिंसा और युद्ध में पीड़ित लोगों एवं युद्धबंदियों के लिए काम करती है. यह उन कानूनों को प्रोत्साहित करती है जिससे युद्ध पीड़ितों की सुरक्षा होती है.
- ICRC को दुनिया भर की सरकारों के अलावा नैशनल रेड क्रॉस और रेड क्रिसेंट सोसायटीज की ओर से फंडिंग मिलती है.
- रेड क्रॉस संस्था ने विश्व का पहला ब्लड बैंक अमेरिका में 1937 को खोला था. यह थैलेसीमिया, कैंसर, एनीमिया, एड्स जैसी घातक बीमारियों के रोगियों की यह संस्था मदद करती है.
रेड क्रॉस की स्थापना
फरवरी, 1863 में जिनेवा में एक अन्तर्राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया गया था. इस सम्मेलन में International Committee for Relief to the Wounded के नाम से एक कमिटी का गठन किया गया. बाद में इसका नाम International Committee of the Red Cross (ICRC) हो गया. गुस्तावे इसके पहले अध्यक्ष बने.
8 मई: विश्व थैलेसीमिया दिवस
प्रत्येक वर्ष 8 मई को दुनियाभर में ‘विश्व थैलेसीमिया दिवस’ (World Thalassemia Day) के रूप में मनाया जाता है. यह दिवस थैलेसीमिया रोग की रोकथाम के उपायों के लिए जरुरी टीकाकरण के महत्व के बारे में लोगों में जागरूकता लाने के लिए मनाया जाता है. विश्व थैलेसीमिया दिवस वर्ष 1994 से हर साल मनाया जा रहा है.
विश्व थैलेसीमिया दिवस 2020 की थीम
इस वर्ष यानी 2020 में विश्व थैलेसीमिया दिवस का मुख्य विषय (theme)- ‘The dawning of a new era for thalassaemia: Time for a global effort to make novel therapies accessible and affordable to patients’ है.
थैलेसीमिया क्या है?
थैलेसीमिया एक रक्त संबंधी एक आनुवंशिक बीमारी (Chronic Blood Disorder) है. इस बीमारी से पीड़ित रोगी के लाल रक्त कणों (RBC) में पर्याप्त हीमोग्लोबिन नहीं बन पाता जिसके कारण एनीमिया (रक्ताल्पता) हो जाता है.
थैलेसीमिया से गंभीर रूप से पीड़ित रोगी को जीवित रहने के लिये अस्थि मज्जा प्रत्यारोपण (Bone Marrow Transplant) या नियमित रूप से रक्त चढ़ाए जाने की आवश्यकता होती है.
देश-दुनिया: एक दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र डेलीडोज
तमिलनाडु में सेवानिवृत्ति आयु 59 वर्ष किया गया: तमिलनाडु में सरकारी कर्मचारियों, अध्यापकों और सार्वजनिक क्षेत्र की इकाइयों में काम कर रहे लोगों की सेवानिवृत्ति आयु 1 वर्ष बढ़ाकर 59 वर्ष कर दी गई है.
