डेली कर्रेंट अफेयर्स
RBI ने CKP Co-operative Bank Ltd का लाइसेंस रद्द किया
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने मुंबई स्थित CKP Co-operative Bank Ltd का लाइसेंस हाल ही में रद्द कर दिया है. RBI ने पूंजी संबंधी न्यूनतम अनिवार्यता को पूरा करने में विफल रहने का कारण इस बैंक का लाइसेंस रद्द करने का निर्णय लिया है.
CKP Co-operative Bank Ltd Mumbai का लाइसेंस रद्द किए जाने संबंधी RBI का फैसला 1 मई से प्रभावी हुआ है. लाइसेंस रद्द किए जाने के बाद यह बैंक किसी तरह का लेन-देन नहीं कर सकता है. यह बैंक जमा राशि को स्वीकार नहीं कर सकता है और ना ही किसी को जमा राशि का भुगतान कर सकता है.
DICGC Act 1961 के तहत जमा राशि वापस की जाएगी
CKP Co-operative Bank Ltd का लाइसेंस रद्द होने के बाद DICGC Act 1961 के तहत इस बैंक के जमाकर्ताओं को पैसे लौटाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. इसके तहत हर जमाकर्ता को अधिकतम 5 लाख रुपये तक की जमा राशि वापस की जाएगी.
DICGC Act, 1961 के तहत बैंकों के डूबने पर जमाकर्ताओं को अधिकतम 5 लाख रुपये तक की जमा राशि वापस दिए जाने का प्रावधान है. यह राशि DICGC द्वारा लौटायी जाएगी. अगर किसी की इससे ज्यादा रकम जमा है तो 5 लाख को छोड़कर बाकी की जमा राशि डूब जाएगी.
DICGC क्या है?
DICGC (Deposit Insurance and Credit Guarantee Corporation) RBI की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी है. RBI के निर्देश के मुताबिक सभी वाणिज्यिक और को-ऑपरेटिव बैंक के जमाकर्ताओं का DICGC से अधिकतम 5 लाख रुपये तक का बीमा होता है. बैंकों के डूबने की स्थिति में इस बीमा के तहत जमाकर्ताओं की जमा राशि लौटाई जाती है.
रूस ने किम जोंग को द्वितीय विश्वयुद्ध के स्मृति मेडल से सम्मानित किया
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने उत्तर कोरिया के शासक किम जोंग उन को द्वितीय विश्वयुद्ध के स्मृति मेडल से सम्मानित किया है. नाजी जर्मनी पर जीत की 75वीं वर्षगांठ के मौके पर पुतिन ने किम को यह सम्मान प्रदान किया.
किम को यह सम्मान सोवियत संघ के उन सैनिकों की स्मृति को संरक्षित करने के लिए दिया गया, जिनकी द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान उत्तर कोरिया में मौत हुई थी. किम की ओर से उत्तर कोरिया के विदेश मंत्री री सोन-ग्वोन ने रूसी राजदूत अलेक्जेंडर मेत्सेगोरा के हाथों यह मेडल प्राप्त किया. इस दौरान किम मौजूद नहीं थे.
रूस ने किम को मॉस्को में होने वाली सैन्य परेड के लिए आमंत्रित किया था, लेकिन कोरोना महामारी के चलते नौ मई को होने वाली यह परेड रद्द कर दी गई थी.
DRDO ने एरिया सैनिटाइजर टावर UV-BLASTER बनाया
रक्षा अनुसन्धान व विकास संगठन (DRDO) ने हाल ही में अल्ट्रावायलेट (UV) डिसइंफेक्टेंट टावर (Ultra Violet Disinfection Tower) बनाने में कामयाबी हासिल की है. इस टावर उपयोग कोरोना वायरस के अति संवेदनशील क्षेत्रों को कम समय में वायरस मुक्त करने के लिए किया जा सकता है. इस UV-आधारित एरिया सैनिटाइजर का नाम UV-BLASTER रखा गया है.
DRDO के लेज़र साइंस एंड टेक्नोलॉजी सेंटर (LASTEC) ने न्यू ऐज इंस्ट्रूमेंट एंड मैटीरियल्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ मिलकर UV-BLASTER बनाया है. यह उन सभी चीजों को सैनिटाइज करने के लिए आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता है, जिन्हें साफ़ करने के लिए किसी केमिकल का इस्तेमाल नहीं कर सकते हैं.
यह सैनिटाइजर एयरपोर्ट, शॉपिंग मॉल, फैक्ट्री, ऑफिस जैसी उन जगहों पर भी आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता है, जिनका एरिया और आने वाले लोगों की संख्या ज्यादा होती है. इसे दूर से भी मोबाइल, लैपटॉप की मदद से Wi-Fi से कनेक्ट कर चला सकते हैं.
अल्ट्रावायलेट किरणों से काम करने वाले इस UV-BLASTER में 43 वाट UV-C के 6 लैंप लगते हैं जोकि 254 नैनोमीटर वेव लेंथ पर काम करते हैं ताकि 360 डिग्री यानि की हर तरफ रोशनी पहुंच सके. UV-BLASTER की मदद से 400 स्क्वायर फीट के कमरे को सैनिटाइज करने में लगभग 30 मिनट लगते हैं.
अमेरिका ने अशोक माइकल पिंटो को IBRD के प्रतिनिधि के रूप में नामित किया
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक अशोक माइकल पिंटो को अंतरराष्ट्रीय पुनर्निर्माण और विकास बैंक (IBRD) के प्रतिनिधि के रूप में नामित किया है. उनका कार्यकाल 2 वर्ष का होगा. वह इस पद पर एरिक बेथल का स्थान लेंगे. माइकल पिंटो अमेरिका के पूर्व-राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश के विशेष सहायक रह चुके हैं.
अंतरराष्ट्रीय पुनर्निर्माण और विकास बैंक: एक दृष्टि
IBRD, विश्व बैंक समूह की एक ऋण प्रदान कराने वाली अंतरराष्ट्रीय संस्था है. इसकी स्थापना वर्ष 1944 में हुई थी. इसका मुख्यालय वाशिंगटन डीसी में है. वर्तमान में इसके 189 सदस्य देश हैं. IBRD गरीबी उन्मूलन एवं विकास कार्य हेतु मध्यम आय वाले विकासशील देशों को ऋण प्रदान करता है.
देश-दुनिया: एक दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र डेलीडोज
समुद्र सेतु अभियान: विदेशों में फंसे भारतीयों को स्वदेश लाने के लिए नौसेना ने समुद्र सेतु अभियान शुरू किया है. इस प्रयोजन से नौसेना के जहाज ‘जलाश्व’ और ‘मगर’ को माले भेजा गया है ताकि मालदीव से लोगों को निकालने का काम शुरू हो सके.
इस्राइल ने कोविड-19 की वैक्सीन तैयार की: इस्राइल ने कोविड-19 की एंटीबॉडी बेस्ड वैक्सीन तैयार करने की पुष्टि की है. इस वैक्सीन को एक बड़ी सफलता बताया जा रहा है. देश के दक्षिणी शहर येरूहाम में इस वैक्सीन की फैक्टरी लगाने की तैयारी की जा रही है. इस काम में एक अन्तर्राष्ट्रीय दवा कंपनी की भी मदद ली जाएगी.
कोरोना के दवाओं की खोज पर समीक्षा बैठक: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोरोना के उपचार के लिए वैक्सीन, सटीक दवाओं की खोज, निदान और परीक्षण की दिशा में देश के प्रयासों की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की है. देश में 30 से अधिक भारतीय वैक्सीन विकास के विभिन्न चरण में हैं. इस बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने शोधकार्य, उद्योग और सरकार के समन्वित प्रयासों से कुशल नियामक प्रक्रिया पर विचार किया.
आयुष कवच-कोविड ऐप: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने ‘आयुष कवच-कोविड’ नामक ऐप शुरू किया. इस ऐप से प्राकृतिक चीजों के जरिए शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने के उपाय लोगों को आसानी से जानने को मिलेंगे. इस ऐप में लोगों को पता चलेगा कि कैसे रसोई घर में मिलने वाली तुलसी, दालचीनी और लौंग जैसी अन्य चीजें शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में किस तरह से अहम साबित हो सकती हैं.
