डेली कर्रेंट अफेयर्स
पुलित्जर पुरस्कार 2020 के विजेताओं की घोषणा
साल 2020 के लिए पुलित्जर पुरस्कार (Pulitzer Prize) के विजेताओं की घोषणा 5 मई को की गयी। इस वर्ष न्यूयॉर्क टाइम्स को 3 पुरस्कार मिले हैं।
‘द न्यू यॉर्कर’, ‘द वॉशिंगटन पोस्ट’, ‘असोसिएटेड प्रेस’, ‘द लॉस एंजिलिस टाइम्स’, ‘द बाल्टिमोर सन’, ‘द फीलिस्तीन हेराल्ड प्रेस’ को भी अलग-अलग खबरों के लिए पुलित्जर पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
फीचर फोटोग्राफी के क्षेत्र में भारत के तीन फोटोग्राफरों- डार यासीन, मुख्तार खान और चन्नी आनंद को भी पुरस्कार दिया गया है।
पुलित्जर पुरस्कार (Pulitzer Prize): एक दृष्टि
- पुलित्जर पुरस्कार, संयुक्त राज्य अमेरिका का एक प्रमुख पुरस्कार है. इसकी स्थापना 1917 में हंगरी मूल के अमेरिकी प्रकाशक जोसेफ पुलित्जर ने की थी.
- यह पुरस्कार पत्रकारिता, साहित्य एवं संगीत रचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वालों को प्रदान किया जाता है. यह पत्रकारिता के क्षेत्र का सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कार माना जाता है.
- इस पुरस्कार की घोषणा प्रत्येक वर्ष कोलम्बिया विश्वविद्यालय द्वारा किया जाता है. यह पुरस्कार 21 श्रेणियों में प्रदान किया जाता है.
- पुलित्जर लोकसेवा श्रेणी के पुरस्कार के विजेताओं को एक गोल्ड मेडल दिया जाता है और अन्य श्रेणी के पुरस्कारों में सभी को 15,000 डॉलर दिए जाते हैं.
मई माह का प्रथम मंगलवार: विश्व अस्थमा दिवस
प्रत्येक वर्ष मई माह के पहले मंगलवार को पूरे ‘विश्व अस्थमा दिवस’ (World Asthma Day) मनाया जाता है. इस वर्ष यानी 2020 में यह दिवस 5 मई को मनाया गया. अस्थमा के प्रति जागरूकता एवं शिक्षा हेतु यह दिवस संपूर्ण विश्व में मनाया जाता है.
विश्व अस्थमा दिवस 2020 का विषय
विश्व अस्थमा दिवस 2019 का विषय (थीम)- Enough Asthma Deaths है.
विश्व अस्थमा दिवस का इतिहास
इस दिवस का आयोजन Global Initiative for Asthma (GINA) द्वारा किया जाता है. पहली बार विश्व अस्थमा दिवस वर्ष 1998 में स्पेन के बार्सिलोना में आयोजित पहली विश्व अस्थमा बैठक में मनाया गया था, जिसमें 35 देशों ने हिस्सा लिया था.
अस्थमा क्या है?
अस्थमा को दमा के तौर पर भी जाना जाता है. यह फेफड़ों के वायुमार्ग में सूजन-संबंधी एक लंबे समय तक रहने वाला रोग है. अस्थमा के मरीज को सांस लेने में परेशानी होती है, बहुत ही जल्द सांस फूल जाता है. अस्थमा के सामान्य लक्षणों में घरघराहट, खांसी, सीने में जकड़न और सांस की तकलीफ शामिल हैं.
5 मई: अंतरराष्ट्रीय मिडवाइफ दिवस
प्रत्येक वर्ष 5 मई को ‘अंतरराष्ट्रीय मिडवाइफ दिवस’ (International Midwives’ Day) मनाया जाता है. इस दिवस को मनाने का उद्देश्य गर्भावस्था के दौरान महिला का ख्याल रखने वाली मिडवाइफ के समर्पण को सम्मान देना है. इंटरनेशनल कंफेडरेशन ऑफ मिडवाइव्स ने इस दिवस की शुरुआत 1992 में किया था. इस वर्ष यानी 2020 में इसकी 25वीं वर्षगाँठ हैं.
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के ताजा रिपोर्ट के अनुसार हर दिन करीब 800 महिलाएं और 8,000 नवजात शिशु गर्भावस्था, जन्म के दौरान या उसके तुरंत बाद होने वाली ऐसी दिक्कतों के कारण मारे जाते हैं, जिनसे उन्हें बचाया जा सकता था.
अंतरराष्ट्रीय मिडवाइफ दिवस 2020 की थीम
इस वर्ष यानी 2020 के अंतरराष्ट्रीय मिडवाइफ दिवस का मुख्य विषय (थीम)- celebrate, demonstrate, mobilise, unite – our time is NOW! है.
मिडवाइफ क्या है?
गर्भावस्था के दौरान महिला और जन्म के बाद कुछ दिनों तक बच्चे का पूरा ख्याल रखने वाली महिलाओं को ‘मिडवाइफ’ (Midwife) नाम दिया गया है.
4 मई: अंतरराष्ट्रीय अग्निशमन दिवस
प्रत्येक वर्ष 4 मई को दुनिया भर में अंतरराष्ट्रीय अग्निशमन दिवस (International Firefighters’ Day) मनाया जाता है. इस दिवस को मनाने का उद्देश्य उन फायर फाइटरों को सम्मान देना है, जो अपनी जान दांव पर लगाकर लोगों और वन्य जीवों की जान आग से बचाते हैं. इस साहसिक काम में कई फाइटर्स की मौत भी हो जाती है.
इस दिन यूरोप में दोपहर के समय 30 सेकंड तक फायर बिग्रेड के सायरन बजाए जाते हैं. इसके बाद एक मिनट के लिए मौन रखा जाता है, जिसमें फायर फायटरों को सम्मान और धन्यवाद दिया जाता है.
अंतरराष्ट्रीय अग्निशमन दिवस का प्रतीक
अंतरराष्ट्रीय अग्निशमन दिवस का प्रतीक लाल और नीले रंग के दो रिबन हैं. जिसमें लाल रंग आग को, और नीला रंग पानी को दर्शाता है.
अंतरराष्ट्रीय अग्निशमन दिवस का इतिहास
अंतरराष्ट्रीय अग्निशमन दिवस को पहली बार 1999 में मनाया गया था, जब ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया स्थित लिंटन की झाड़ियों में आग लगी थी. इस आग को बुझाने गई टीम के पांच सदस्यों की झुलसकर मौत हो गई थी.
इस दिन को चुनने की मुख्य वजह संत फ्लोरिन हैं, जो कि एक संत और फायर फाइटर थे. संत फ्लोरिन की मृत्यु 4 मई को हुई थी.
5 मई: विश्व हाथ स्वच्छता दिवस
प्रत्येक वर्ष 5 मई को ‘विश्व स्वच्छता दिवस’ (World Hygiene Day) मनाया जाता है. इस दिवस को ‘विश्व हाथ स्वच्छता दिवस’ (World Hand Hygiene Day) के नाम से भी जाना जाता है. इस दिन विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के नेतृत्व में एक वैश्विक अभियान चलाया जाता है. इस अभियान का उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और स्वास्थ्य देखभाल को प्रोत्साहित करना होता है.
WHO के मुताबिक, अस्पतालों और अन्य स्थानों पर बैक्टीरिया के संचरण को रोकने के लिए हाथों को साफ रखना सबसे महत्वपूर्ण और जरूरी उपाय है. सिर्फ हाथों को साफ रखने से ही कई संक्रमणों को रोका जा सकता है.
विश्व स्वच्छता दिवस 2020 की थीम
इस वर्ष यानी 2020 में विश्व स्वच्छता दिवस का विषय (थीम)- ‘Save Lives: Clean Your Hands’ है. इस साल अधिकतर देश ‘COVID-19’ बिमारी का सामना कर रहे हैं. इस थीम का चुनाव इस बिमारी की रोक-थाम में जागरूकता बढाने के लिए किया गया है.
देश-दुनिया: एक दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र डेलीडोज
श्रीराम वेंकटरमन फ्लिपकार्ट के नये मुख्य वित्त अधिकारी: वॉलमार्ट के स्वामित्व वाली फ्लिपकार्ट ने श्रीराम वेंकटरमन को अपने ‘फ्लिपकार्ट कॉमर्स’ का तत्काल प्रभाव से नया मुख्य वित्त अधिकारी नियुक्त किया है. वेंकटरमन, एमिली मैकनील का स्थान लेंगे. फ्लिपकार्ट कॉमर्स में कंपनी के फ्लिपकार्ट और मिंत्रा शामिल हैं.
फुकुओका विश्व चैंपियनशिप के तिथि में बदलाव: विश्व तैराकी नियामक, International Swimming Federation ने 2021 में जापान में आयोजित होने वाली फुकुओका जलीय विज्ञान विश्व चैंपियनशिप (Fukuoka aquatics world championships) के आयोजन तिथि को बढाकर मई 2022 कर दिया है. यह बदलाव टोक्यो ओलंपिक के साथ तारीखों के टकराव से बचने के लिए किया गया है.
अमरीका ने मनीषा सिंह को आर्थिक सहयोग और विकास संगठन में अपना दूत नियुक्त किया: अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने भारतीय मूल की अमरीकी राजनयिक मनीषा सिंह को आर्थिक सहयोग और विकास संगठन में अपना दूत नियुक्त किया है. पेरिस स्थित इस संगठन में सुश्री मनीषा का दर्जा राजदूत का होगा. संगठन का उद्देश्य आर्थिक प्रगति और विश्व व्यापार को बढावा देना है.
ई मार्केटप्लेस-जेम के पोर्टल की शुरूआत: ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने ऑनलाइन बिक्री के पोर्टल पर ‘द सरस कलेक्शन’ की शुरूआत की. इसमें स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार दैनिक उपयोग की वस्तुएं रखी गई हैं और इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के स्व-सहायता समूहों को केन्द्र और राज्य सरकारों के खरीदारों के साथ जोड़ना है. यह ई-बाजार और दीन दयाल अंत्योदय योजना- राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की अनूठी पहल है.
