डेली कर्रेंट अफेयर्स
NAM देशों का विशेष ऑनलाइन शिखर सम्मेलन आयोजित किया गया
गुटनिरपेक्ष आंदोलन (NAM) के सदस्य देशों का विशेष शिखर सम्मेलन 4 मई को वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित किया गया. इस ऑनलाइन सम्मेलन सदस्य देशों के राष्ट्रध्यक्षों और शासनाध्यक्षों ने हिस्सा लिया. सम्मेलन का आयोजन अजरबेजान के राष्ट्रपति इलहाम अलीयेफ की पहल पर किया गया था. अजर बेजान इस समय गुटनिरपेक्ष आंदोलन का अध्यक्ष है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व किया.
इस वर्चुअल सम्मेलन में कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ लड़ाई में सदस्य देशों के बीच समन्वय के तरीकों पर चर्चा की गयी. सम्मेलन का समापन कोविड-19 के खिलाफ गुटनिरपेक्ष आंदोलन के देशों की एकता की राजनीतिक घोषणा के साथ हुआ.
गुटनिरपेक्ष आंदोलन (NAM) क्या है?
- NAM, Non-Aligned Movement (गुटनिरपेक्ष आंदोलन) का संक्षिप्त रूप है. NAM संयुक्त राष्ट्र के बाद दूसरा बड़ा राजनीतिक संगठन है. इसके साथ एशिया, अफ्रीका और लैटिन अमेरिका के 120 विकासशील देश जुड़े हुए हैं. इसकी स्थापना अप्रैल,1961 में हुई थी. भारत NAM का संस्थापक सदस्य रहा है.
- इसका जन्म तब हुआ था, जब दुनिया पूरी तरह से अमेरिकी और पू्र्व सोवियत गुट में बंटा हुआ था. उस समय NAM देशों ने निश्चय किया था, कि विश्व के वे किसी भी गुट के साथ या विरोध में नहीं (गुटनिरपेक्ष) रहेंगे.
- यह आंदोलन भारत के प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू, मिस्र के राष्ट्रपति गमाल अब्दुल नासिर, युगोस्लाविया के राष्ट्रपति जोसिप बरोज़ टीटो, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति डाॅ सुक्रणों एवं घाना के राष्ट्राध्यक्ष क्वामें एन्क्रूमा ने आरंभ किया था.
CAIT ने खुदरा व्यापारियों के लिए ई-कामर्स मार्केट प्लेस ‘bharatemarket.in’ की शुरुआत की
कांफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) ने देश के सभी खुदरा व्यापारियों के लिए एक राष्ट्रीय ई-कामर्स मार्केट प्लेस की शुरुआत की है. यह ई-कामर्स मार्केट प्लेस ‘bharatemarket.in’ नाम के पोर्टल पर उपलब्ध होगा. इस मार्केटप्लेस में देश के सभी खुदरा व्यापारियों को लाने का लक्ष्य है.
इस पोर्टल से जुड़ने वाले व्यापारी इस मार्केटप्लेस के एक हिस्से के मालिक होंगे. पोर्टल का मिशन भारत की पारंपरिक स्व-संगठित व्यापारिक को डिजिटल तकनीक से जोड़ कर निर्माता से लेकर अंतिम उपभोक्ता तक सामान पहुंचाने की जिम्मेदारी होगी.
इस पोर्टल पर बिकने वाले सामान पर कोई भी शुल्क नहीं लगेगा तथा व्यापारियों की ई-दुकाने बिना किसी शुल्क के बनाई जाएंगी. कोई भी उपभोक्ता अपने निकटतम रिटेलर से सामान खरीद सकेगा, जिसकी डिलीवरी तुरंत की जायेगी. अन्य पोर्टलों की अपेक्षा इस पोर्टल में सामान की गुणवत्ता, कीमत तथा डिलीवरी बहुत ही कम समय में होगी.
मई माह का प्रथम रविवार: विश्व हास्य दिवस
प्रत्येक वर्ष मई महीने के पहले रविवार को ‘विश्व हास्य दिवस’ (World Laughter Day) मनाया जाता है. इस वर्ष यानी 2020 में यह दिवस 3 मई को मनाया गया. विश्व हास्य दिवस का आरंभ संसार में शांति की स्थापना और भाई-चारे और सदभाव के उद्देश्य से हुई.
विश्व हास्य दिवस की शुरुआत डॉ. मदन कटारिया ने 11 जनवरी 1998 को मुंबई में की थी. मदन कटारिया विश्व हास्य-योग आंदोलन के संस्थापक थे.
हास्य-योग के अनुसार, हास्य सकारात्मक और शक्तिशाली भावना है जिसमें व्यक्ति को ऊर्जावान और संसार को शांतिपर्ण बनाने के सभी तत्व उपस्थित रहते हैं. यह व्यक्ति के विद्युत-चुंबकीय क्षेत्र को प्रभावित करता है और व्यक्ति में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है.
देश-दुनिया: एक दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र डेलीडोज
सरदार पटेल राष्ट्रीय एकता पुरस्कार: सरकार ने ‘सरदार पटेल राष्ट्रीय एकता पुरस्कार’ के लिए नामांकन आमंत्रित करने की तिथि बढ़ाकर 30 जून कर दी है. केन्द्र सरकार ने सरदार वल्लभ भाई पटेल के नाम पर इस पुरस्कार की स्थापना की है. इस पुरस्कार का उद्देश्य अखंड भारत की भावना को बढ़ावा देने वाले व्यक्तियों, संस्थानों, संगठनों को सम्मानित करना है.
नासा के पहले मंगल हेलीकॉप्टर का नाम ‘Ingenuity’: नासा के पहले मंगल हेलीकॉप्टर का नाम ‘Ingenuity’ रखा गया है. यह नाम भारतीय मूल की 17 वर्षीय लड़की वेनिजा रूपानी ने दिया है. नॉर्थपोर्ट, अल्बामा के एक हाई स्कूल जूनियर रूपानी ने नासा के ‘Name the Rover’ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था. इस प्रतियोगिता में वेनिजा ने इस हेलीकॉप्टर का नाम ‘Ingenuity’ सुझाया था जिसे स्वीकार कर लिया गया.
राजस्थान में ‘महामारी अध्यादेश 2020’ लागू: राजस्थान सरकार ने ‘महामारी अध्यादेश 2020’ लागू करने के संबंध में अधिसूचना जारी की है. कोविड-19 को महामारी घोषित करने के बाद इसकी रोकथाम के लिए कई कानून बनाए गये हैं. अध्यादेश के अनुसार दुकानदार, ग्राहक और सार्वजनिक स्थलों तथा कार्य स्थल पर हर व्यक्ति को मास्क पहनना और सामाजिक दूरी बनाए रखने को अनिवार्य किया गया है.
