डेली कर्रेंट अफेयर्स
WTO के अध्यक्ष रोबर्टो एज़ेवेडो ने अपने पद से त्यागपत्र का फैसला किया
विश्व व्यापार संगठन (WTO) के अध्यक्ष रोबर्टो एज़ेवेडो ने अपने पद से त्यागपत्र देने का फैसला किया है. रोबर्टो एज़ेवेडो ने अपना कार्यकाल समाप्त होने से एक साल पहले त्यागपत्र दिया है. वो अपना पद 31 अगस्त 2020 को छोड़ देंगे. उनका दूसरा चार वर्षीय कार्यकाल सितंबर 2021 को समाप्त होने वाला था.
ब्राजील के 62 वर्षीय पूर्व राजनयिक एजे़वेडो ने अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प के दबाव की वजह से 14 मई को त्यागपत्र की घोषणा की. ट्रम्प ने विश्व व्यापार संगठन पर अमरीका के प्रति पक्षपात और अन्य शिकायतों का आरोप लगाया था.
विश्व व्यापार संगठन (WTO): एक दृष्टि
विश्व व्यापार संगठन (World Trade Organization) एक अंतरराष्ट्रीय संगठन है जो विश्व व्यापार से जुड़े नियम बनाता है. इसकी स्थापना 1995 में GATT (General Agreement on Tariffs and Trade) के स्थान पर लाने के लिए की गई थी. WTO का मुख्यालय स्विट्जरलैंड के जिनेवा में है.
विश्व बैंक ने भारत के लिए एक अरब डॉलर की मंजूरी दी
विश्व बैंक ने भारत के कोविड-19 सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रम को गति देने के लिए एक अरब डॉलर की मंजूरी दी है. आर्थिक पैकेज का पहला चरण देशभर में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के जरिये लागू किया जाएगा. यह उन गरीब और कमजोर परिवारों को सामाजिक सहायता प्रदान करने में भारत के प्रयासों का समर्थन करेगा, जो COVID-19 महामारी से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं.
यह मंजूर सहयोग राशि दो चरणों में जारी की जाएगी. पहले चरण में वित्त वर्ष 2020 के लिए 75 करोड़ डॉलर और वित्त वर्ष 2021 के लिए दूसरे चरण में 25 करोड़ डॉलर दिया जाएगा. विश्व बैंक ने भारत में कोविड-19 से निपटने के आपात प्रयासों के लिए कुल दो अरब डॉलर देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की है.
विश्व बैंक: एक दृष्टि
- विश्व बैंक (World Bank) विशिष्ट अन्तर्राष्ट्रीय संस्था है. इसका मुख्य उद्देश्य सदस्य राष्ट्रों को पुनर्निमाण और विकास के कार्यों में आर्थिक सहायता देना है. इसकी स्थापना 1945 में हुई थी. इसका मुख्यालय वॉशिंगटन डीसी में है. विश्व बैंक का आदर्श वाक्य ‘निर्धनता मुक्त विश्व के लिए कार्य करना’ है.
- विश्व बैंक दो अनूठी विकास संस्थाओं- अन्तर्राष्ट्रीय पुनर्निर्माण एवं विकास बैंक (IBRD) और अन्तर्राष्ट्रीय विकास एसोसिएशन (IDA) का संगम है. इन दोनों संस्थाओं पर 188 सदस्य देशों का स्वामित्व है.
नौसेना द्वारा बनाये गये PPE किट को पेटेंट कराने के लिए आवेदन किया गया
भारतीय नौसेना द्वारा बनाये गये PPE किट को पेटेंट कराने के लिए रक्षा मंत्रालय की बौद्धिक सम्पदा सुविधा केन्द्र द्वारा राष्ट्रीय शोध विकास निगम के सहयोग से आवेदन किया गया है. मुंबई के नौसेना औषधि संस्थान में गठित नवाचार प्रकोष्ठ में तैनात भारतीय नौसेना के एक डॉक्टर ने यह किफायती PPE विकसित किया है.
यह PPE किट एक विशेष कपड़े से बनाया गया है, जो बाज़ार में उपलब्ध अन्य PPE किट की तुलना में सांस लेने में अधिक बेहतर है. साथ ही यह बेहतरीन सुरक्षा भी प्रदान करता है. यह PPE भारत के गर्म और आर्द्र मौसम में इस्तेमाल करने के लिए भी काफी उपयुक्त है.
गौरतलब है की इस किफायती PPE किट का बड़ी संख्या में उत्पादन शुरू करने के लिए अब नौसेना, IPFC और NRDC की एक कोर टीम द्वारा प्रयास जारी हैं.
PPE Kit क्या है?
- PPE, Personal Protective Equipment का संक्षिप्त रूप है. यह संक्रमण से खुद को बचाने में मदद करती है. हाल के दिनों में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण यह काफी चर्चा में रहा है.
- कोरोना वायरस चूंकि संक्रामक बीमारी है इसलिए इसके इलाज में लगे डॉक्टर, नर्स, कंपाउंडर और मेडिकल स्टाफ को सिर से पांव तक वायरस संक्रमण से बचाव के लिए कई तरह की चीजें पहननी होती हैं और ये सारी चीजें PPE किट्स हैं.
- कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए बने PPE किट्स में आम तौर पर मास्क, ग्लोव्स, गाउन, एप्रन, फेस प्रोटेक्टर, फेस शील्ड, स्पेशल हेलमेट, रेस्पिरेटर्स, आई प्रोटेक्टर, गोगल्स, हेड कवर, शू कवर, रबर बूट्स आदि होते हैं.
15 मई 2020: 25वां अन्तर्राष्ट्रीय परिवार दिवस मनाया गया
प्रत्येक वर्ष 15 मई को संपूर्ण विश्व में ‘अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस’ (International Day of Families) मनाया जाता है. इस दिवस को मनाने का उद्देश्य बच्चों और युवाओं में परिवार की भूमिका के बारे में जागरूकता बढ़ाना है. इस वर्ष 15 मई 2020 को 25वां अन्तर्राष्ट्रीय परिवार दिवस मनाया गया.
अन्तर्राष्ट्रीय परिवार दिवस के प्रतीक चिन्ह एक हरे रंगा का एक गोल घेरा है जिसके अंदर घर बना हुआ है, जिसमें एक दिल बना हुआ है. जो समाज का केंद्र यानि परिवार को दर्शाता है. मतलब परिवार के बिना समाज अधूरा है.
अन्तर्राष्ट्रीय परिवार दिवस 2020 की थीम
इस वर्ष यानी 2020 में इस दिवस का मुख्य विषय (Theme)- ‘Families in Development: Copenhagen & Beijing + 25’ है.
अन्तर्राष्ट्रीय परिवार दिवस की अधिकांश थीम बच्चों की शिक्षा, गरीबी, पारिवारिक संतुलन और सामाजिक मुद्दों को दुनिया भर के परिवारों की भलाई के बारे में जागरुकता फैलाने में मदद करती हैं.
अन्तर्राष्ट्रीय परिवार दिवस का इतिहास
वर्ष 1993 में संयुक्त राष्ट्र संघ के एक प्रस्ताव के द्वारा प्रतिवर्ष 15 मई को इस दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया था. साल 1996 में पहली बार अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस मनाया गया था. उसस वर्ष इस दिवस की थीम ‘परिवारः गरीबी और बेघरता के पहले पीड़ित’ था.
देश-दुनिया: एक दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र डेलीडोज
तटरक्षक के पोत ICGS सचेत का जलावतरण: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिल्ली से वीडियो कान्फ्रेंस के जरिये गोवा में भारतीय तटरक्षक के पोत ICGS ‘सचेत’ तथा इंटरसेप्टर नौकाएं C-450 और C-451 का जलावतरण किया. इस पोत का निर्माण गोवा शिपयार्ड लिमिटेड (GSL) और इंटरसेप्टर नौका लार्सन एंड टुब्रो शिपयार्ड द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मेक इन इंडिया पहल के अनुरूप स्वदेश में ही किया गया है.
सोहराई खोवर पेंटिंग को GI टैग: झारखंड की ‘सोहराई खोवर पेंटिंग’ और तेलंगाना के ‘तेलिया रुमाल’ को भौगोलिक संकेतक (GI टैग) दिया गया है. GI टैग Geographical Indications Registry द्वारा प्रदान किया जाता है.
जी-20 देशों के व्यापार मंत्रियों की दूसरी बैठक: कोरोना संकट पर जी-20 देशों के व्यापार मंत्रियों की दूसरी बैठक में भारत ने आवश्यक दवाएं, उपचार किफायती दरों पर उपलब्ध कराने को कहा. केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल भारत की तरफ से बैठक में शामिल हुए.
कोरोना वायरस जांच के लिए मशीन COBAS 6800: देश में कोरोना वायरस (Coronavirus) की ज्यादा से ज्यादा जांच के लिए एक खास मशीन COBAS 6800 लाई गई है. इस मशीन को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने NCDC यानी नेशनल सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल को सौंप दिया है. इस मशीन की मदद से हर दिन 1200 सैंपल टेस्ट हो सकेंगे. यह मशीन रोबोटिक्स है. ऐसे में स्वास्थ्यकर्मियों को इंफेक्शन का खतरा नहीं होगा.
SCO के विदेश मंत्रियों की बैठक: विदेश मंत्री जयशंकर ने शंघाई सहयोग संगठन (Shanghai Cooperation Organisation- SCO) के साथ बैठक में हिस्सा लिया. वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए यह बैठक पर आयोजित की गई थी. इस बैठक में सभी SCO के सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों ने हिस्सा लिया.
एलिसा किट्स को मंजूरी: पुणे स्थित राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान (NIV) ने एक निजी कंपनी ‘जायडस कैडिला’ द्वारा बनाये गए ‘एलिसा किट्स’ की पहली खेप को मंजूरी दे दी है. भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) और NIV ने कोरोना वायरस से संक्रमित रोगियों में एंटीबॉडी का पता लगाने के परीक्षण के लिए पूर्णत: स्वदेशी टैक्नलॉजी से विकसित इस एलिसा टेस्ट किट को स्वीकृति दी. ICMR ने कहा है कि इस किट की संवेदनशीलता 98.7 प्रतिशत है.
विजय माल्या की याचिका खारिज: लंदन उच्च न्यायालय ने भारतीय उद्योगपति विजय माल्या की उस याचिका को खारिज कर दिया है जिसमें उसने भारत प्रत्यर्पण के आदेश को सर्वोच्च न्यायालय में चुनौती देने की अनुमति मांगी थी. इस याचिका के खारिज होने के बाद अब माल्या के लिए ब्रिटेन में कोई कानूनी विकल्प नहीं बचा है और उसे भारत को सौंपा जा सकता है.
