डेली कर्रेंट अफेयर्स
महाराष्ट्र विधान परिषद के लिए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे सहित 9 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए
महाराष्ट्र में 14 मई को राज्य विधान परिषद सदस्य के रूप में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे सहित 9 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। विधान परिषद के 9 सदस्य के चुनाव के लिए कांग्रेस के 1, भाजपा के 4, राकांपा के 2 और शिवसेना के 2 उम्मीदवारों ने नामांकन किया था।
निर्वाचन आयोग ने महाराष्ट्र विधान परिषद की 9 सीटों के लिए चुनाव 21 मई को करने की घोषणा की थी. इस चुनाव के लिए 9 योग्य उम्मीदवारों ने ही नामांकन किया था. ऐसे में बिना चुनाव हुए ही सभी निर्वाचित हो गए।
इससे पहले, कोरोना संक्रमण के फैलाव को देखते हुए चुनाव स्थगित कर दिए गए थे. महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने 30 अप्रैल को निर्वाचन आयोग को पत्र लिख कर महाराष्ट्र विधान परिषद की रिक्त 9 सीटों के लिए चुनाव कराने का अनुरोध किया था.
मुख्यमंत्री बने रहने के लिए राज्य विधानमंडल का सदस्य होना अनिवार्य
किसी भी राज्य का मुख्यमंत्री के लिए शपथ लेने के छह महीने के भीतर राज्य विधानमंडल के किसी एक सदन (विधानसभा या विधानपरिषद) का सदस्य होना संवैधानिक रूप से अनिवार्य है.
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ऊद्धव ठाकरे को 28 नवम्बर 2019 को राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई थी. वे राज्य विधानमंडल के किसी भी सदन के सदस्य नहीं थे.
भारतीय संविधान के अनुसार मुख्यमंत्री ठाकरे को पद पर बने रहने के लिए मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के छह महीने के भीतर यानी 28 मई तक उन्हें किसी एक सदन का सदस्य होना अनिवार्य था. पढ़ें पूरा आलेख…»
WEF ने वैश्विक ऊर्जा संक्रमण सूचकांक जारी किया, भारत 74वें और स्वीडन पहले स्थान पर
विश्व आर्थिक मंच (World Economic Forum- WEF) ने हाल ही में वैश्विक ऊर्जा संक्रमण सूचकांक (Energy Transition Index- ETI) 2020 जारी किया है. इस सूचकांक में दुनिया के 115 देशों को शामिल किया गया है. यह सूचकांक इन देशों में उपयोग हो रहे ऊर्जा प्रणाली पर सर्वेक्षण किया गया है.
सूचकांक में स्वीडन अपनी पिछले साल की रैंकिंग को बरकरार रखते हुए प्रथम स्थान पर है, जबकि स्विट्जरलैंड और फिनलैंड क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहा है. हैती को सबसे आख़िरी स्थान प्राप्त हुआ है. इस सूचकांक में संयुक्त राज्य अमेरिका 32वें, कनाडा 28वें, ब्राजील 47वें और ऑस्ट्रेलिया 36वें स्थान पर है.
वैश्विक ऊर्जा संक्रमण सूचकांक (ETI) 2020 में भारत का प्रदर्शन
इस सूचकांक में भारत 74वें स्थान पर है. भारत ने पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष 2 स्थान का सुधार किया है और यह दुनिया के उन चुनिन्दा देशों में से एक है जिसने साल 2015 से लगातार प्रगति की है.
भारत ने अपने ऊर्जा कार्यक्रम में महत्वपूर्ण सुधार किए हैं. ये सुधार LED बल्ब और स्मार्ट मीटर के उपयोग और उपकरणों की ऊर्जा लेबलिंग करके प्राप्त किया है.
वैश्विक ऊर्जा संक्रमण सूचकांक (ETI): एक दृष्टि
- वैश्विक ऊर्जा संक्रमण सूचकांक (ETI) को प्रत्येक वर्ष विश्व आर्थिक मंच (WEF) द्वारा जारी किया जाता है. इसके अंतर्गत दुनिया के देशों द्वारा ऊर्जा सुरक्षा, प्रदूषण स्तर और सतत पर्यावरण को बनाए रखने का आकलन किया जाता है.
- वैश्विक ऊर्जा संक्रमण सूचकांक (ETI) में आर्थिक विकास, पर्यावरण स्थिरता, ऊर्जा सुरक्षा, सुरक्षित, टिकाऊ, सस्ती और समावेशी ऊर्जा प्रणालियों के मानकों पर सर्वेक्षण किया जाता है.
विश्व आर्थिक मंच (WEF)
- विश्व आर्थिक मंच एक गैर-लाभकारी अन्तर्राष्ट्रीय संस्था है. इसका उद्देश्य विश्व के प्रमुख व्यावसायिक, अन्तर्राष्ट्रीय राजनीति, शिक्षाविदों, बुद्धिजीवियों तथा अन्य प्रमुख क्षेत्रों के अग्रणी लोगों के लिये एक मंच प्रदान करना है.
- WEF की स्थापना 1971 में यूरोपियन प्रबंधन के नाम से जिनेवा विश्वविद्यालय में कार्यरत प्रोफेसर क्लॉस एम श्वाब ने की थी. इसका मुख्यालय स्विट्ज़रलैंड के जिनेवा में है.
- WEF की बैठक प्रत्येक वर्ष दावोस में आयोजित की जाती है. इस बैठक में परस्पर बातचीत में अनेक समस्याओं का समाधान निकला जाता है.
न्यू डेवलपमेंट बैंक ने भारत के लिए एक अरब डॉलर के ऋण को मंजूरी दी
न्यू डेवलपमेंट बैंक (NDB) ने कोरोना वायरस (COVID-19) महामारी से लड़ने के लिए भारत को एक अरब (बिलियन) डॉलर ऋण देने की मंजूरी दी है. इस राशि का उपयोग इस महामारी से होने वाले मानवीय, सामाजिक और आर्थिक नुकसान को कम करने के लिए किया जाएगा.
न्यू डेवलपमेंट बैंक (NDB): एक दृष्टि
- न्यू डेवलपमेंट बैंक (NDB), BRICS समूह के देशों (ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका) द्वारा स्थापित किया गया बैंक है. NDB का मुख्यालय शंघाई, चीन में है.
- ब्राज़ील के फ़ोर्टालेज़ा में आयोजित छठे BRICS शिखर सम्मेलन, 2014 में 100 अरब डॉलर की शुरुआती अधिकृत पूंजी के साथ NDB की स्थापना का निर्णय किया गया था. इस धनराशि में सभी सदस्य देशों की बराबर-बराबर हिस्सेदारी है. भारत के केवी कामत NDB के पहले और वर्तमान अध्यक्ष हैं.
अखिल कुमार को फिर से NADA अनुशासन पैनल में शामिल किया गया
अखिल कुमार को राष्ट्रीय डोपिंगरोधी एजेंसी (NADA) के अनुशासन पैनल में फिर से शामिल किया गया है. इससे पहले वह 2017 से 2019 तक इस पैनल के सदस्य थे.
अर्जुन पुरस्कार विजेता अखिल कुमार राष्ट्रमंडल खेलों के पूर्व स्वर्ण पदक विजेता हैं. उन्होंने मुक्केबाजी में यह पदक जीता था. वह 2017 से 2019 तक मुक्केबाजी के सरकारी पर्यवेक्षक भी रहे थे.
इससे पहले इस मुक्केबाज ने डोपिंग को अपराध घोषित करने की वकालत की थी. NADA अनुशासन पैनल में ट्रैक एवं फील्ड की एथलीट और अर्जुन पुरस्कार विजेता अश्विनी नचप्पा भी शामिल हैं.
देश-दुनिया: एक दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र डेलीडोज
CDC ने भारत को 3.6 मिलियन डालर वित्तीय सहायता देगी: अमेरिका के ‘सेंटर फॉर डिसीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन’ (CDC) ने COVID19 महामारी के खिलाफ अपनी लड़ाई को और मजबूती से जारी रखने के लिए भारत सरकार को 3.6 मिलियन अमरीकी डालर की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की है.
‘सुंदरम वेंटागो’ श्वसन सहायता उपकरण: TVS समूह और IIT-मद्रास ने संयुक्त तौर पर श्वसन प्रक्रिया में सहायता देने वाला एक स्वचालित उपकरण ‘सुंदरम वेंटागो’ विकसित किया है. कोरोना वायरस संकट में यह यंत्र देश के ऐसे सुदूर और ग्रामीण इलाकों में काफी कारगर हो सकता है जहां पर वेंटिलेटर की सुविधा उपलब्ध नहीं है.
