डेली कर्रेंट अफेयर्स
20 लाख करोड़ रुपये के आत्मनिर्भर भारत राहत पैकेज की घोषणा की गयी
वित्तमंत्री निर्मला सीतारामन ने 13 मई को 20 लाख करोड़ रुपये के आत्मनिर्भर भारत पैकेज (Atmanirbhar Bharat Package) का ब्यौरा दिया. यह राहत पैकेज देश के सकल घरेलू उत्पाद का 10 प्रतिशत है. इससे कुटीर उद्योग, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम, मध्य वर्ग तथा उद्य़ोग जगत सहित विभिन्न वर्गों को लाभ मिलने की उम्मीद है.
प्रधानमंत्री का राष्ट्र को संबोधन
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए ‘आत्मनिर्भर भारत पैकेज’ की घोषणा की थी. इसकी घोषणा कोरोना वॉयरस महामारी को देखते हुए किया गया है.
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कोविड-19 के बाद आत्म निर्भर भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने की बात कही थी. उन्होंने देशवासियों से लोकल Products खरीदने और उनके प्रचार करने का भी अनुरोध किया था. उन्होंने ज़ोर दिया कि भारत की आत्मनिर्भरता इन पांच स्तंभों पर खड़ा होगा:
- अर्थव्यवस्था, जो वृद्धिशील परिवर्तन नहीं, बल्कि लंबी छलांग सुनिश्चित करती है.
- बुनियादी ढांचा, जिसे भारत की पहचान बन जाना चाहिए.
- प्रणाली (सिस्टम), जो 21वीं सदी की प्रौद्योगिकी संचालित व्यवस्थाओं पर आधारित हो.
- उत्साहशील आबादी, जो आत्मनिर्भर भारत के लिए हमारी ऊर्जा का स्रोत है.
- मांग, जिसके तहत हमारी मांग एवं आपूर्ति श्रृंखला (सप्लाई-चेन) की ताकत का उपयोग पूरी क्षमता से किया जाना चाहिए.
आत्मनिर्भर भारत पैकेज के मुख्य बिंदु
- यह राहत पैकेज 20 लाख करोड़ रुपये का है जो देश के सकल घरेलू उत्पाद (GDP) का 10 प्रतिशत है. GDP के अनुपात में यह दुनिया का पांचवां बड़ा आर्थिक पैकेज है.
- पैकेज में MSME (Micro, Small and Medium Enterprises) और बिजनस के लिए 3 लाख करोड़ रुपये के कोलैटरल फ्री 100% ऑटोमैटिक लोन की घोषणा. दबाव वाले MSME को 20,000 करोड़ रुपये का (बिना गारंटी के) कर्ज दिया जाएगा. इससे 2 लाख MSME लाभान्वित होंगे.
- एंप्लॉयी प्रविडेंट फंड (EPF) में योगदान की राशि को कम करने की घोषणा की गयी. अब तक बेसिक पे का 12 प्रतिशत एंप्लॉयर और 12 प्रतिशत एंप्लॉयी पीएफ फंड में जमा करता रहा है. अगले तीन महीने के लिए इसे घटाकर 10 फीसदी कर दिया गया है. इससे 6750 करोड़ रुपये का लिक्विडिटी सपॉर्ट मिलेगा.
- NBFC (नॉन बैंकिंग फाइनैंशल कंपनीज) को आंशिक क्रेडिट गारंटी योजना के जरिये 45,000 करोड़ रुपये की नकदी उपलब्ध करायी जाएगी.
सानिया मिर्जा को फेड कप हार्ट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया
भारतीय टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा को 12 मई को ‘फेड कप हार्ट अवॉर्ड’ (Fed Cup Heart Award) से सम्मानित किया गया. वह यह अवार्ड जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी हैं.
एशिया-ओसिनिया जोन प्रिस्का को पराजित किया
सानिया को इंडोनेशिया की प्रिस्का मेडेलिन नयुग्रोहो के साथ एशिया-ओसिनिया जोन से नामित किया गया था. 1 से 8 मई तक चली ऑनलाइन वोटिंग के आधार पर सानिया ने प्रिस्का को पीछे छोड़ते हुए यह अवार्ड जीता.
सानिया 6 बार की ग्रैंड स्लैम विजेता हैं. सानिया 2016 के बाद पहली बार इस साल के लिए फेड कप टीम में शामिल हुईं थीं. उन्होंने अंकिता रैना से साथ मिलकर बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए भारत को फेड कप के प्लेऑफ में पहुंचाया था.
फेड कप हार्ट अवॉर्ड: एक दृष्टि
अन्तर्राष्ट्रीय टेनिस महासंघ (ITF) ने फेड कप हार्ट अवॉर्ड (Fed Cup Heart Award) की शुरुआत 2009 में की थी.
देश-दुनिया: एक दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र डेलीडोज
CO2 उत्सर्जन में 15 फीसदी की कमी: सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर (CREA) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 1982 के बाद भारत में पहली बार वातावरण में कार्बन डाई ऑक्साइड (CO2) के उत्सर्जन में कमी दर्ज की गई है. रिपोर्ट के अनुसार इस साल मार्च के महीने में CO2 के उत्सर्जन में 15 फीसदी की कमी आई है. देश में CO2 से होने वाले प्रदूषण के लिए ऊर्जा और परिवहन के क्षेत्र सबसे ज्यादा जिम्मेदार हैं.
CAPF की कैंटीनों पर स्वदेशी उत्पादों की ही बिक्री: केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सभी केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) की कैंटीनों और स्टोरों पर अब सिर्फ स्वदेशी उत्पादों की ही बिक्री करने का निर्णय लिया है. 01 जून 2020 से देशभर की सभी CAPF कैंटीनों पर यह लागू होगा. CAPF कैंटीनों की कुल खरीद लगभग 2800 करोड़ रुपए के करीब है.
जर्मन कप फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल 4 जुलाई को: जर्मन कप फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल अब 4 जुलाई को खाली स्टेडियम में खेला जाएगा. पहले यह मैच 23 मई को होना था. जर्मन फुटबाल संघ ने बताया कि सेमीफाइनल 9 और 10 जून को होंगे. यह कोरोना वायरस महामारी के बावजूद वापसी करने वाली पहली शीर्ष यूरोपीय लीग होगी.
रेमी डि ग्रेगोरियो पर चार साल का प्रतिबंध: अंतरराष्ट्रीय साइकिलिंग संघ (UCI) ने फ्रांस के साइकिलिस्ट रेमी डि ग्रेगोरियो को 2018 के डोपिंग मामले में चार साल का प्रतिबंध लगाया गया है. डि ग्रेगोरियो को इससे पहले भी 2012 में डोपिंग का संदिग्ध पाये जाने पर टूर डि फ्रांस से बाहर कर दिया गया था.
अमेरिकी कमीडियन जेरी स्टिलर का निधन: अमेरिका के कमीडियन जेरी स्टिलर का 11 मई को निधन हो गया. वे 92 साल के थे. जेरी फेमस कॉमिडी टेलिविजन सीरीज ‘साइनफेल्ड’ और ‘द किंग ऑफ क्वीन्स’ में झगड़ालू पिताओं का रोल कर मशहूर हुए थे. जेरी स्टिलर की पत्नी ऐन मायरा भी कमीडियन थी और इनकी जोड़ी 60 के दशक में काफी मशहूर थी.
फिल्म और TV कलाकार शफीक अंसारी का निधन: फिल्म और टेलीविजन कलाकार शफीक अंसारी का 10 मई 2020 को निधन हो गया. वह कैंसर से पीड़ित थे. शफीक जून 2008 से CINTAA (सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन) के मेंबर भी थे.
