डेली कर्रेंट अफेयर्स
19वें एशियाई खेलों के अधिकारिक शुभंकर का अनावरण किया गया
ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया ने 4 अप्रैल को 19वें एशियाई खेल (19th Asian Games) 2022 के अधिकारिक शुभंकर (official mascots) का अनावरण किया. इसके लिए ‘तीन रोबोट’ (three robots) को चुना गया है जिसे सामूहिक रूप से ‘स्मार्ट ट्रिपल’ (smart triplets) के नाम से जाना जाता है.
स्मार्ट ट्रिपल, यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थलों का प्रतिनिधित्व करता है. इन तीन रोबोट (smart triplets) को कांग्कोंग (Congcong), लियानलियन (Lianlian) और चेनचेन (Chenchen) नाम दिया गया. ये तीनों रोबोट हांग्जो शहर और झेजियांग प्रांत की इंटरनेट प्रगति को दर्शाते हैं.
19वें एशियाई खेल 2022: एक दृष्टि
- 19वें एशियाई खेलों का आयोजन 2022 में चीन के हांग्जो शहर (झेजियांग प्रांत) में किया जायेगा. ये खेल 10 से 25 सितंबर 2022 तक खेला जाएगा.
- चीन में आयोजित होने वाला यह तीसरा एशियाई खेल होगा. इससे पहले 1990 में बीजिंग और 2010 में ग्वांझोउ में इन खेलों का आयेाजन हो चुका है.
- इस टूर्नामेंट में 45 देशों के प्रतिभागी 42 खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे.
IWF ने थाईलैंड और मलेशिया के भारोत्तोलन संघ पर प्रतिबंध लगाया
अंतरराष्ट्रीय भारोत्तोलन फेडरेशन (International Weightlifting Federation- IWF) ने थाईलैंड और मलेशिया के भारोत्तोलन संघ पर प्रतिबंध लगा दिया है. IWF ने 5 अप्रैल को लिए अपने फैसले में थाई एमेच्योर भारोत्तोलन संघ पर 3 साल का और मलेशियन भारोत्तोलन संघ पर 1 साल का प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया.
इस प्रतिबंध के बाद थाईलैंड और मलेशिया के भारोत्तोलक टोक्यो ओलिंपिक खेलों में हिस्सा नहीं ले सकेंगे. IWF के मुताबिक, ओलंपिक आयोजन जब भी हो, लेकिन इन देशों का कोई खिलाड़ी हिस्सा नहीं ले सकेगा. थाईलैंड ने 2018 में 9 भारोत्तोलकोंं के डोपिंग में फंसने पर ओलंपिक से खुद नाम वापस लिया था.
IWF ने यह फैसला इन दोनों देशों में काफी संख्या में डोपिंग के मामले सामने के कारण लिया है. थाईलैंड और मलेशिया के पास IWF के इस फैसले के खिलाफ अपील करने के लिए 21 दिन का समय है.
भारतीय मूल की मशहूर वायरोलॉजिस्ट गीता रामजी की कोरोनावायरस के संक्रमण से मौत
दक्षिण अफ्रीका में रहने वाली भारतीय मूल की मशहूर वायरोलॉजिस्ट गीता रामजी की कोरोनावायरस के संक्रमण से मौत हो गई. गीता कुछ दिन पहले ही लंदन से लौटी थीं. साउथ अफ्रीकन मेडिकल रिसर्च काउंसिल (SAMRC) की अध्यक्ष ने गीता के संक्रमित होने का दावा किया है.
अफ्रीका के क्वाजुलु नताल में रहने वाली 64 वर्षीय गीता साउथ अफ्रीकन मेडिकल रिसर्च काउंसिल में HIV प्रिवेंशन रिसर्च यूनिट की डायेरक्टर थीं. वैक्सीन साइंटिस्ट गीता को 2018 में यूरोपियन डेवलपमेंट क्लीनिकल ट्रायल्स पार्टनरशिप्स की तरफ से आउटस्टैंडिंग फीमेल साइंटिस्ट का अवॉर्ड दिया गया था.
5 अप्रैल: बाबू जगजीवन राम की जयंती
प्रत्येक वर्ष 5 अप्रैल को बाबू जगजीवन राम की जयंती पर उन्हें याद किया जाता है. इस वर्ष (2020) में उनकी 112वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी गयी. जगजीवन राम को आम तौर पर बाबूजी के नाम से जाना जाता है.
बाबू जगजीवन का जन्म शोभी राम और वसंती देवी के यहां 5 अप्रैल, 1908 को बिहार के भोजपुर के चंदवा गांव में हुआ था. बाबू जगजीवन राम ने स्वतंत्रता संग्राम में अत्यंत सक्रिय और महत्वपूर्ण भूमिका अदा की थी.
5 अप्रैल: राष्ट्रीय समुद्री दिवस
प्रत्येक वर्ष 5 अप्रैल को देशभर में ‘राष्ट्रीय समुद्री दिवस’ (National Maritime Day) मनाया जाता है. इस वर्ष (5 अप्रैल 2020 को) राष्ट्रीय समुद्री दिवस का 57वां संस्करण मनाया गया. इस दिवस को मनाने का उद्देश्य लोगों को भारतीय जहाजरानी उद्योग की गतिविधियों और देश की अर्थव्यवस्था में इसकी भूमिका से अवगत कराना है.
राष्ट्रीय समुद्री दिवस-2019 का विषय (थीम)
राष्ट्रीय समुद्री दिवस के 57वें संस्करण का विषय ‘Sustainable shipping for a sustainable planet’ है.
राष्ट्रीय समुद्री दिवस का इतिहास
5 अप्रैल, 1919 को पहला भारतीय जहाज मुंबई से ब्रिटेन की यात्रा पर निकला था. सिंधिया स्टीम नेवीगेशन कंपनी लिमिटेड का पहला स्टीम शिप एसएस लॉयल्टी (SS Loyalty) मुंबई से लंदन की पहली समुद्री यात्रा पर रवाना हुआ था. इसकी याद में 1964 से हर साल 5 अप्रैल को राष्ट्रीय समुद्री दिवस मनाया जाने लगा.
देश-दुनिया: एक दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र डेलीडोज
कोरोना वायरस के खिलाफ राष्ट्र का सामूहिक संकल्प: कोरोनावायरस को पराजित करने की देश की सामुहिक संकल्प का परिचय देने के लिए देशवासियों ने 5 अप्रैल को 9 बजे 9 मिनट के लिए अपने घरों की बत्तियां बंदकर दीये और मोमबत्ती जलाये. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक वीडियो संदेश में इसका आह्वान किया था. उन्होंने कहा था कि इससे देश में एकजुटता की भावना प्रबल होगी.
कोरोना वायरस का वैक्सीन ‘कोरोफ्लू’ तैयार की जा रही है: हैदराबाद स्थित भारत बायोटेक कंपनी कोरोना वायरस से पीड़ितों के लिए नाक के जरिए ली जाने वाली एक विशेष वैक्सीन तैयार कर रही है. यूनिवर्सिटी ऑफ विस्कांसिन मैडीसन और वैक्सान निर्माता कंपनी फ्लूजेन के वायरोलॉजिस्ट ने भारत बायोटेक के साथ मिलकर इस जानलेवा वायरस से लड़ने के लिए वैक्सीन बनाने का काम कर रही है. इस वैक्सीन को कोरोफ्लू नाम दिया गया है. इसके विभिन्न परीक्षणों में तीन से छह माह का वक्त लग सकता है.
मालदीव की मदद के लिए ‘ऑपरेशन संजीवनी’: मालदीव की मदद के लिए भारतीय वायुसेना ने हाल ही में ‘ऑपरेशन संजीवनी’ (Operation Sanjeevani) चलाया था. इस ऑपरेशन के द्वारा इंडियन एयर फोर्स और इंडियन आर्मी ने मिलकर मालदीव का भारत में फंसा 6.2 टन का सामान उन तक पहुंचाया. दरअसल भारत के अलग-अलग सप्लायर्स से ये सामान मालदीव जाना था लेकिन 21 दिन के लॉकडाउन की वजह से यह दवाई और सामान किसी और तरीके से मालदीव नहीं भेजे जा सके थे.
