डेली कर्रेंट अफेयर्स
जाने-माने फिल्म अभिनेता इरफ़ान खान का निधन
जाने-माने अभिनेता इरफ़ान खान का 29 अप्रैल को मुंबई में निधन हो गया. 54 वर्षीय इरफान, कैंसर से पीडि़त थे. 2018 में उनमें न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर का पता चला था. इरफान खान पेट की समस्या से जूझ रहे थे, उन्हें कोलोन इंफेक्शन हुआ था. इरफान को उनके बेहतरीन अभिनय के लिए याद किया जाएगा.
- इरफान ने National School of Drama से 1984 में अभिनय (एक्टिंग) की पढ़ाई की थी. उन्होंने ‘चाणक्य’, ‘भारत एक खोज’, ‘सारा जहां हमारा’, ‘बनेगी अपनी बात’, ‘चंद्रकांता’ और ‘श्रीकांत’ जैसे सीरियल में काम किया.
- इरफ़ान खान का बॉलीवुड में सफर 1988 में मीरा नायर की फिल्म सलाम बॉम्बे से शुरू हुआ था. उन्होंने पहली बार 2005 की फिल्म ‘रोग’ में लीड रोल किया था. इसके बाद उन्होंने कई फिल्मों में काम किया, लेकिन मकबूल, लाइफ इन ए मेट्रो, पान सिंह तोमर और पीकू, हिंदी मीडियम, अंग्रेगी मीडियम जैसी फिल्मों से उन्हें खास पहचान मिली.
- इरफ़ान खान ने स्लम डॉग मिलेनियर, अ माइटी हार्ट, जुरासिक वर्ल्ड और द अमेजिंग स्पाइडर मैन जैसी अनेक अन्तर्राष्ट्रीय फिल्मों में भी काम किया. उनकी फिल्म लाइफ ऑफ पाय ने बड़े पैमाने पर सफलता हासिल की.
- फिल्म ‘पान सिंह तोमर’ के लिए उन्हें नेशनल अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था. उन्हें कला और सिनेमा में दिए उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए भारत सरकार ने 2011 में पद्मश्री सम्मान से सम्मानित किया था.
वैज्ञानिकों ने ओजोन परत के सबसे बड़ा छेद के बंद हो जाने की पुष्टि की
यूरोपियन संघ के कोपर्निकस एटमॉस्फियर मॉनिटरिंग सर्विस (CAMS) के वैज्ञानिकों ने ओजोन लेयर के सबसे बड़ा छेद (Largest Hole on the Ozone Layer) के भर जाने की पुष्टि की है. यह ओजोन लेयर यह छेद उत्तरी ध्रुव (धरती का आर्कटिक वाला क्षेत्र) के ऊपर लगभग 10 लाख वर्ग किमी तक फैला था. यह ओजोन परत के इतिहास में पाया गया सबसे बड़ा छेद था. इस छेद की वजह से धरती पर बड़ा खतरा मंडरा रहा था.
CAMS के वैज्ञानिकों के अनुसार, इस छेद के बंद होने का मुख्य कारण ध्रुवीय भंवर है. ध्रुवीय भंवर चक्रवाती हवाएँ हैं जो ध्रुवीय क्षेत्रों में ठंडी हवाएं लाती हैं. CAMS ने कहा कि, इस साल ध्रुवीय भंवरें बहुत ज्यादा मजबूत हैं और इसके अंदर का तापमान बहुत ठंडा है.
ओजोन लेयर: एक दृष्टि
- पृथ्वी की सतह से 20 से 30 किलोमीटर की ऊंचाई (समताप मंडल में) पर ओजोन गैस की एक परत पाई जाती है. इसे ही ओजोन लेयर कहा जाता है.
- ओजोन लेयर सूर्य से आने वाली हानिकारक अल्ट्रावॉयलेट रेडिएशन (पराबैगनी विकिरणों) को पृथ्वी पर आने से रोकती है. इसीलिए पृथ्वी पर जीवन के लिए ओजोन परत बहुत महत्वपूर्ण है.
- ओजोन लेयर में छेद का मुख्य कारण क्लोरोफ्लोरोकार्बन्स और हाइड्रोक्लोरोफ्लोरोकार्बन्स होते है. स्ट्रेटोस्फेयर में इनकी मात्रा बढ़ने से ओजोन लेयर नुकसान पहुँचता है.
- ओज़ोन ऑक्सीजन का ही एक प्रकार है और इसे O3 के संकेत से प्रदर्शित करते हैं. ऑक्सीजन के जब तीन परमाणु आपस में जुड़ते है तो ओज़ोन परत बनाते हैं.
- ओजोन परत का निर्माण सूर्य से आने वाली अल्ट्रावायलेट रेडिएशन की वजह से होता है. जब यह अल्ट्रावायलेट किरणें सामान्य ऑक्सीजन (O2) के अणुओं पर गिरती हैं तो यह अक्सीजन के दोनों परमाणुओं को अलग-अलग कर देती है. मुक्त हुए यह दोनों ऑक्सीजन परमाणु, ऑक्सीजन के दूसरे अणु से मिलकर ओजोन (O3) का निर्माण करते हैं.
11वां पीटरबर्ग जलवायु संवाद जर्मनी की मेजबानी में आयोजित किया गया
11वां पीटरबर्ग जलवायु संवाद (11th Petersberg Climate Dialogue) 27-28 अप्रैल को विडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित किया गया. इस संवाद की मेजबानी जर्मनी सह-अध्यक्षता यूनाइटेड किंगडम (UK) ने की जिसमें 30 से अधिक देशों ने भाग लिया. केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री प्रकाश जावड़ेकर ने इस संवाद में भारत का प्रतिनिधित्व किया.
पीटरबर्ग जलवायु संवाद: एक दृष्टि
‘पीटर्सबर्ग जलवायु संवाद’ (PCD) को जर्मनी की चांसलर एंजेला मर्केल की पहल पर 2010 में शुरू किया गया था. वर्ष 2009 में कोपेनहेगन जलवायु वार्ता के प्रभावी निष्कर्ष पर नहीं पहुँचने के कारण इसे शुरू किया गया था. PCD का लक्ष्य जलवायु के संबंध में अंतरराष्ट्रीय विचार-विमर्श हेतु एक मंच प्रदान करना है.
AIBA ने भारत को दिए ‘विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप’ की मेजबानी को रद्द कर सर्बिया को दिया
अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी महासंघ (AIBA) ने भारत को दिए पुरुषों की ‘विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप’ (Men’s World Boxing Championship) 2021 की मेजबानी को रद्द कर दिया है. AIBA ने 2017 में इससे संबंधित किये गये करार को 28 अप्रैल को रद्द कर अब सर्बिया को मेजबानी सौंपी है.
भारतीय मुक्केबाजी संघ (BFI) द्वारा मेजबानी की फीस नहीं देने के कारण भारत के मेजवानी के अधिकार को रद्द किया गया है. आयोजन के लिए लगभग 4 मिलियन डालर का भुगतान 2 दिसंबर 2019 तक किया जाना था. भारत को अब करार रद होने के कारण 500 डॉलर का जुर्माना देना होगा. भारत में यह टूर्नामेंट पहली बार होने वाला था. अब ये टूर्नामेंट सर्बिया में 2021 में आयोजित होगा.
29 अप्रैल: अन्तर्राष्ट्रीय नृत्य दिवस
प्रत्येक वर्ष 29 अप्रैल को पूरे विश्व में ‘अन्तर्राष्ट्रीय नृत्य दिवस’ (International Dance Day) मनाया जाता है. इस दिवस को मनाने का उद्देश्य जनसाधारण के बीच नृत्य के प्रति जागरुकता को बढाना है.
अन्तर्राष्ट्रीय नृत्य दिवस का इतिहास
अन्तर्राष्ट्रीय नृत्य दिवस की शुरुआत 29 अप्रैल 1982 से हुई थी. UNESCO (United Nations Educational Scientific and Cultural Organization) के अन्तर्राष्ट्रीय थिएटर इंस्टिट्यूट की अन्तर्राष्ट्रीय डांस कमेटी ने 29 अप्रैल को नृत्य दिवस के रूप में मनाने को समर्पित किया था.
आधुनिक बैले के निर्माता जीन जार्ज नावेरे के जन्म की स्मृति में यह दिन अन्तर्राष्ट्रीय नृत्य दिवस के रूप में मनाया जाता है.
देश-दुनिया: एक दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र डेलीडोज
- त्रिपुरा में अगरतला नगर निगम ने अगरतला स्मार्ट सिटी के साथ सहयोग से एक ऐसा तिपहिया आटोरिक्शा डिजाइन किया है जो जगह-जगह जाकर कोविड-19 के नमूनों का संग्रह करेगा. इस ऑटोरिक्शा में बनाया गया क्योस्क चारों ओर शीशे से घिरा होगा और स्वास्थ्य कर्मियों को नमूना लेने के लिए व्यक्तिगत रक्षा उपकरण पहनने की जरूरत नहीं होगी.
- कोविड-19 महामारी से लड़ाई में मदद के लिए लाइफलाइन उड़ान के जरिए देश के दूर दराज के क्षेत्रों में आवश्यक दवाएं और चिकित्सा उपकरण पहुंचाएं जा रहे हैं.
- सरकार ने कोविड-19 से लड़ने के लिए लगाए गए लॉकडाउन प्रतिबंध के परिणामस्वरूप, देश में विभिन्न स्थानों पर फंसे प्रवासी मज़दूर, तीर्थयात्री, पर्यटक, छात्र और अन्य लोगों के स्थानांतरण की अनुमति दी है. स्वास्थ्य मूल्यांकन के बाद उनके स्थानांतरण को मंजूरी मिलेगी.
