डेली कर्रेंट अफेयर्स
संजय कोठारी ने मुख्य सतर्कता आयुक्त के रूप में शपथ ली
संजय कोठारी ने 25 अप्रैल को मुख्य सतर्कता आयुक्त (CVC) के रूप में शपथ ली. राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने राष्ट्रपति भवन में उन्हें पद की शपथ दिलाई. कोठारी का कार्यकाल जून 2021 तक होगा. CVC का पद जून 2019 में केवी चौधरी के सेवानिवृति के बाद से खाली था. कोठारी के नाम की सिफारिश प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने की थी.
संजय कोठारी हरियाणा कैडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के वरिष्ठ अधिकारी थे. 2016 में वे डिपार्टमेंट ऑफ पर्सनल एंड ट्रेनिंग के सचिव पद से सेवानिवृत हुए थे. जुलाई 2017 में उन्हें राष्ट्रपति का सचिव बनाया गया था.
केंद्रीय सतर्कता आयोग (CVC)
- केन्द्रीय सतर्कता आयोग (Central Vigilance Commission) भारत सरकार के विभिन्न विभागों के अधिकारियों/कर्मचारियों से सम्बन्धित भ्रष्टाचार नियंत्रण की सर्वोच्च संस्था है. यह सांविधिक दर्जा (statutory status) प्राप्त एक बहु-सदस्यीय संस्था है.
- इस आयोग की स्थापना सन् 1964 में की गयी थी. इसका गठन संथानम समिति की सिफारिश पर की गयी थी, जिसे भ्रष्टाचार रोकने से सम्बन्धित सुझाव देने के लिए गठित किया गया था.
- संसद ने 2003 में केन्द्रीय सतर्कता आयोग विधेयक पारित किया था. इस विधेयक में आयोग को वैधानिक दर्जा देने वाला कानून (सतर्कता आयोग अधिनियम) बनाया गया था. इस अधिनियम में आयोग के अधिकार एवं कार्य का विस्तार से उल्लेख किया गया है.
केंद्रीय सतर्कता आयोग के आयुक्त
- केंद्रीय सतर्कता आयोग में एक केन्द्रीय सतर्कता आयुक्त (Chief Vigilance Commissioner- CVC) जो कि अध्यक्ष होता है तथा दो अन्य सतर्कता आयुक्त होते हैं.
- इनकी नियुक्ति राष्ट्रपति द्वारा एक तीन सदस्यीय समिति की सिफारिश पर होती है. इस समिति में प्रधानमंत्री, लोकसभा में विपक्ष के नेता व केन्द्रीय गृहमंत्री होते हैं.
- इनका कार्यकाल 4 वर्ष अथवा 65 वर्ष की आयु तक (जो भी पहले हो), तक होता है. अवकाश प्राप्ति के बाद आयोग के ये पदाधिकारी केन्द्र अथवा राज्य सरकार के किसी भी पद के योग्य नहीं होते हैं.
ईरान ने सैन्य उपग्रह ‘नूर’ के प्रक्षेपण किये जाने की पुष्टि की
ईरान ने हाल ही में एक सैन्य उपग्रह (military satellite) के प्रक्षेपण किये जाने की पुष्टि की है. इस उपग्रह को ‘नूर’ नाम दिया गया है. यह उपग्रह पृथ्वी की सतह से 425 किलोमीटर ऊपर कक्षा में सफलतापूवर्क स्थापित किया गया है.
यह प्रक्षेपण ऐसे समय में किया गया है जब ईरान और अमेरिका के बीच खत्म हुए परमाणु समझौते तथा जनवरी में अमेरिकी ड्रोन हमले में ईरान के जनरल कासिम सुलेमानी के मारे जाने को लेकर दोनों देशों के संबंधों में तनाव चल रहा है.
उल्लेखनीय है कि 3 जनवरी को अमेरिका द्वारा बगदाद एयरपोर्ट पर एक एयर स्ट्राइक की गई, जिसमें ईरानी जनरल कासिम सुलेमानी की मौत हो गई थी. तब से अमेरिका-ईरान के बीच तनाव और अधिक बढ़ गया है.
यूरोपीय संघ ने अर्थव्यवस्था के लिए एक रिकवरी फंड का अनुमोदन किया
यूरोपीय संघ (EU) के नेताओं ने 23 अप्रैल को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से एक शिखर सम्मेलन आयोजित किया. इस सम्मलेन में नेताओं ने कोरोनोवायरस महामारी के खिलाफ संयुक्त मोर्चा खोलने और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था के लिए एक रिकवरी फंड की व्यवस्था करने पर जोर दिया. इसे संघ के शुरू होने वाले बजट से लिंक करने की भी मांग की.
सम्मेलन में यूरोपीय संघ के नेताओं ने एक 540 बिलियन-यूरो (587 बिलियन डॉलर) पैकेज का अनुमोदन किया है. यह पैकेज 1 जून 2020 से प्रभावी होगा. इसके अलावा, यूरोपीय संघ के नेता एक तत्कालिक रिकवरी फंड पर जोर दे रहे हैं ताकि महामारी के तुरंत बाद यूरोपीय अर्थव्यवस्था को फिर से सामान्य बनाया जा सके.
कोरोना वायरस महामारी के कारण ‘यूरोपीय एथलेटिक्स चैम्पियनशिप’ को रद्द किया गया
कोरोना वायरस महामारी के कारण ‘यूरोपीय एथलेटिक्स चैम्पियनशिप’ को रद्द कर दिया गया है. यूरोपीय एथलेटिक्स आयोजन समिति और FFAA के बीच हुई बैठक के बाद यह फैसला लिया गया. इस खेल प्रतियोगिता का आयोजन 25 से 30 अगस्त 2020 तक होना था.
इससे पहले तोक्यो ओलंपिक 2020 खेलों को एक साल के लिए स्थगित किया जा चुका है, जबकि डायमंड लीग के यूजीनी, ओरिगोन और पेरिस चरण स्थगित किये जा चुके हैं.
25 अप्रैल: विश्व मलेरिया दिवस
मलेरिया के विषय में जागरूकता लाने के लिए प्रत्येक वर्ष 25 अप्रैल को विश्व मलेरिया दिवस (World Malaria Day) के रूप में मनाया जाता है. इस दिवस के तहत विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) मलेरिया से बचाव, इससे मुक़ाबले के लिए प्रभावी रणनीति और इससे होने वाली मौतों में कमी लाने के उपायों पर ज़ोर देता है.
विश्व मलेरिया दिवस 2020 का विषय
इस वर्ष यानी 2020 में विश्व मलेरिया दिवस का विषय (थीम)- ‘जीरो मलेरिया की शुरुआत मेरे साथ’ (Zero malaria starts with me) है.
मलेरिया क्या है?
मलेरिया एक प्रकार के परजीवी प्लाजमोडियम से फैलने वाला रोग है. जिसका वाहक मादा एनाफिलीज मच्छर होता है. जब संक्रमित मादा एनाफिलीज मच्छर किसी व्यक्ति को काटता है तो संक्रमण फैलने से उसमें मलेरिया के लक्षण दिखाई देने लगते हैं.
मलेरिया परजीवी विशेष रूप से लाल रक्त कणिकाओं (RBC) को प्रभावित करता है जिससे शरीर में रक्त की कमी हो जाती है और मरीज कमजोर होता जाता है.
वर्ष 2030 मलेरिया के उन्मूलन का लक्ष्य
भारत ने वर्ष 2030 तक मलेरिया के उन्मूलन का लक्ष्य रखा है. जबकि साल 2027 तक पूरे देश को मलेरिया मुक्त बनाया जाएगा. इसके लिए राष्ट्रीय स्तर पर कई परियोजनाएं चलाई जा रही हैं.
विश्व मलेरिया दिवस का इतिहास
विश्व मलेरिया दिवस वर्ष 2007 में विश्व स्वास्थ्य सभा के दौरान विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के सदस्य राष्ट्रों द्वारा शुरू किया गया था. पहली बार विश्व मलेरिया दिवस ’25 अप्रैल, 2008′ को मनाया गया था.
मलेरिया से सबसे ज्यादा प्रभवित देश
विश्व में मलेरिया सबसे ज्यादा प्रभवित देश अफ्रीकी महाद्वीप का नाइजीरिया है. विश्व की 27 फीसदी मलेरिया पीड़ित लोग नाइजीरिया में रहते हैं. इस सूची में दूसरे स्थान पर अफ्रीका का ही कांगो गणराज्य है. यहां 10 फीसदी मलेरिया पीड़ित आबादी है. जबकि तीसरे स्थान पर 6 फीसदी आबादी के साथ भारत है. चौथे स्थान पर 4 फीसदी मरीजों के साथ मोजांबिक और 4 फीसदी के साथ घाना है.
मलेरिया का टीका RTS-S/AS01
मलेरिया के लिए इजाद किए गए वैक्सीन का नाम RTS-S/AS01 है. इस वैक्सीन का ट्रेड नेम मॉसक्यूरिक्स (Mosquirix) है. इस टीके को इंजेक्शन के जरिए दिया जाता है. इसे ब्रिटिश फार्मास्यूटिकल कंपनी ग्लाक्सोस्मिथक्लाइन द्वारा PATH मलेरिया वैक्सीन इनिशिएटिव के साथ मिलकर तैयार किया है. इस टीके की चार डोज़ निश्चित समय अंतरान पर दी जानी होती हैं.
देश-दुनिया: एक दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र डेलीडोज
अन्य वस्तुओं और सेवाओं की दुकानें भी खोलने की अनुमति: देश में लोगों को बड़ी राहत देते हुए सरकार ने 25 अप्रैल से आवश्यक वस्तुओं के अलावा अन्य वस्तुओं और सेवाओं की दुकानें भी खोलने की अनुमति दे दी है. नगर निगम और नगर पालिकाओं के अंतर्गत शॉपिंग कॉम्प्लेकस को खोलने की अनुमति नहीं होगी. नगर पालिका क्षेत्रों के बाजारों में दुकान, मल्टीब्रेंड और सिंगल ब्रेंड मॉल तथा हॉटस्पॉट और कंटेनमेंट जोन में भी दुकानें नहीं खुलेगी.
बारामूला जिले को ग्राम पंचायत विकास योजना पुरस्कार: केन्द्रीय पंचायती राज मंत्रालय ने जम्मू-कश्मीर में बारामूला जिले को सर्वोत्तम योजना निर्माण और निष्पादन के लिए ग्राम पंचायत विकास योजना पुरस्कार प्रदान किया है. जिले को यह पुरस्कार तुज्जर शरीफ पंचायत ब्लॉक की जलूरा ग्राम पंचायत के लिए दिया गया है. पुरस्कार के लिए चयन करते समय इस बात का ध्यान रखा गया कि पंचायती राज संस्थाओं और जिले के संबंधित विभागों के बीच तालमेल कैसा रहा.
विश्व टीकाकरण सप्ताह 2020: प्रत्येक वर्ष अप्रैल माह के आखिरी सप्ताह को ‘विश्व टीकाकरण सप्ताह’ (World Immunization Week) के रूप में मनाया जाता है. इसका उद्देश्य हर व्यक्ति को टीका-निवारणीय रोगों के बारे में जागरुकता फैलाना और इन रोगों से बचाव करना है. पहली बार विश्व टीकाकरण सप्ताह 2012 में मनाया गया था. इस वर्ष यानी 2020 के विश्व टीकाकरण सप्ताह का विषय (थीम) ‘Vaccines work for All’ है.
