डेली कर्रेंट अफेयर्स
भारतीय कंपनियों के अधिग्रहण की संभावनाओं को रोकने के लिए FDI नीति की समीक्षा
सरकार ने प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) नीति की 18 अप्रैल को समीक्षा की. इस समीक्षा में देश के वर्तमान FDI नीति में कई नए प्रावधान किये गये हैं. नीति के नए प्रावधानों का उद्देश्य कोविड-19 महामारी के बीच अनुकूल मौका देखते हुए भारतीय कंपनियों के विलय और अधिग्रहण की संभावनाओं को रोकना है.
FDI नीति के कई नए प्रावधान
- नई नीति में यह स्पष्ट किया गया है कि भारत के साथ जमीनी सीमा साझा करने वाले देशों से आने वाली FDI के कारण भारतीय कंपनियों के स्वामित्व के हस्तांतरण और किसी परिवर्तन के लिए भी सरकार का अनुमोदन आवश्यक होगा. यह नीति उन कंपनियों पर भी लागू होगी जिनके मालिक इन देशों के नागरिक हैं या ये कंपनियां इन देशों में स्थित हैं.
- भारत के साथ जमीनी सीमाएं साझा करने वाले देशों में चीन, बांग्लादेश, पाकिस्तान, भूटान, नेपाल, म्यांमा और अफगानिस्तान शामिल हैं. सरकार के इस निर्णय से इन देशों से आने वाले विदेशी निवेश पर प्रभाव पड़ सकता है.
- पाकिस्तान के निवेशकों पर इस तरह की शर्त पहले से लागू है. पाकिस्तान का कोई नागरिक अथवा पाकिस्तान में बनी कोई भी कंपनी केवल सरकारी मंजूरी के जरिये ही प्रतिबंधित क्षेत्रों को छोड़कर अन्य क्षेत्रों में निवेश कर सकते हैं. रक्षा, अंतरिक्ष, परमाणु ऊर्जा, ऊर्जा और कुछ अन्य क्षेत्रों में विदेशी निवेश प्रतिबंधित है.
टाटा पावर को ग्लोबल एडिसन अवार्ड से सम्मानित किया गया
टाटा पावर को ग्लोबल एडिसन अवार्ड से सम्मानित किया गया है. उसे यह पुरस्कार सामाजिक नवाचार श्रेणी और सामाजिक ऊर्जा समाधान उपश्रेणी के तहत क्लब एनर्जी स्विच ऑफ टू स्विच ऑन (Club Enerji #Switchoff2SwitchOn) अभियान के लिए दिया गया है.
एडिसन अवार्ड: एक दृष्टि
एडिसन अवार्ड्स की शुरुआत 1987 में थॉमस अल्वा एडिसन की स्मृति में की गई थी. यह दुनिया के सर्वश्रेष्ठ नवाचारों और इनोवेटर्स को मान्यता और सम्मान देता है. यह अवार्ड्स नए उत्पाद और सेवा विकास, विपणन, मानव केंद्रित डिजाइन और नवाचार में उत्कृष्टता के लिए दिया जाता है.
स्विट्जरलैंड ने अपने सबसे ऊंचे पर्वत माउंट मैटरहॉर्न पर तिरंगा बनाया
स्विट्जरलैंड ने 18 अप्रैल को अपने सबसे ऊंचे पर्वत माउंट मैटरहॉर्न पर रोशनी से तिरंगा बनाया. कोरोना से जंग के लिए भारत की कोशिशों के प्रति सम्मान दर्शाने के लिए यह तिरंगा बनाया गया था. स्विट्जरलैंड के मशहूर लाइट आर्टिस्ट गेरी हॉफस्टेटर ने लाइट प्रोजेक्शन के जरिए करीब 1000 मीटर से बड़े आकार के तिरंगे के आकार में रोशनी की थी.
माउंट मैटरहॉर्न आल्प्स पर्वत श्रृंखला का सबसे ऊंचा बिंदु है. इसकी ऊँचाई 14690 फीट है. स्विट्जरलैंड के लैंडमार्क पर भारतीय तिरंगे का अर्थ है, कोरोनावायरस के खिलाफ जंग में भारतीयों को उम्मीद और ताकत देना.
